Download
Mobile App

android apple
signal

March 1, 2025 3:16 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा-भारत स्‍वयं को कार्यबल से विश्व शक्ति में बदलकर दुनिया का नया विनिर्माण केन्‍द्र बन रहा है।
  • प्रधानमंत्री ने पोस्‍ट बजट वेबिनार को संबोधित किया, कहा-इस वर्ष के आम बजट का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक लचीला और समृद्ध बनाना है।
  • वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा-प्रौद्योगिकी के कुशल उपयोग के कारण आज देश में कर-संग्रह का बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है।
  • उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव में शेष छह लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए बचाव और राहत अभियान जारी, 49 लोगों को बचाया गया।
  • और आई.सी.सी. चैम्पियंस ट्राफी क्रिकेट में, कराची में दक्षिण अफ्रीका के साथ मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया।

 

—————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि विश्‍व 21वीं सदी के भारत की ओर बेहद उत्‍सुकता से देख रहा है। नई दिल्ली में आज भारत मंडपम में एन एक्‍स टी कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को जानने के लिए दुनियाभर से लोग भारत आना चाहते हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि प्रयागराज में एकता के संगम-महाकुंभ का हाल ही में समापन हुआ। महाकुंभ ने पूरे विश्‍व को चकित कर दिया कि कैसे नदी के किनारे एक अस्‍थायी शहर में करोडों लोगों ने पवि‍त्र स्‍नान किया। उन्‍होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल अब वास्‍तविकता में बदल रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, आज विश्‍व का विनिर्माण का नया केन्‍द्र बन रहा है और आज यह केवल कार्यबल नहीं बल्कि विश्‍व शक्ति बन रहा है। श्री मोदी ने कहा कि पहले जिस सामान का आयात किया जाता था अब वो देश में ही निर्मित किया जा रहा है तथा भारत अब इन उत्‍पादों के निर्यात के लिए महत्‍वपूर्ण केन्‍द्र के रूप में उभर रहा है। उन्‍होंने कहा कि अब किसान अपने उत्‍पादों को वैश्विक बाजार बेच रहे हैं। प्रधानमंत्री ने निर्धारित लक्ष्‍यों को प्राप्‍त करने के लिए न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के मंत्र को श्रेय दिया। राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का युवा सरकार की मुख्‍य प्राथमिकता है और शिक्षा नीति ने विद्यार्थियों को पुस्‍तकों से हटकर सोचने का अवसर दिया।

 

—————————————-

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस वर्ष के केन्द्रीय बजट का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक लचीला और समृद्ध बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने आज कृषि और ग्रामीण समृद्धि पर बजट पश्चात वेबिनार को संबोधित करते हुए कहा कि देश का विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ने का संकल्प स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि कृषि को विकास का पहला इंजन मानते हुए सरकार ने किसानों को गौरव का स्थान दिया है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार ने केंद्रीय बजट में ‘पीएम धन धान्य कृषि योजना’ की घोषणा की है, जिसके तहत देश में सबसे कम कृषि उत्पादकता वाले 100 जिलों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि यह ‘बीज से बाजार तक’ कार्यक्रम जैसी सरकार की पहलों के माध्यम से संभव हुआ है।

 

आज भारत का कृषि उत्‍पादन रिकॉर्ड स्‍तर पर है। दस, ग्‍यारह साल पहले जो कृषि उत्‍पादन 265 मिलियन टन के करीब था वो अब बढकर 330 मिलियन टन से ज्‍यादा हो गया है। बागवानी में जुड़ा उत्‍पादन 350 मिलियन टन से ज्‍यादा हो गया है। यह हमारी सरकार के बीज से बाजार तक की अपोर्च का परिणाम है।

 

प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि फलों और सब्जियों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं और बिहार में मखाना बोर्ड के गठन की भी घोषणा की गई है।

 

श्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का भी उल्‍लेख किया और कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत करोड़ों गरीब लोगों को घर दिए जा रहे हैं और स्वामित्व योजना ने संपत्ति मालिकों को अधिकारों का रिकॉर्ड दिया है।

 

—————————————-

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए आज नई दिल्ली में एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। पिछले महीने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद यह पहली ऐसी बैठक है।

 

—————————————-

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि प्रौद्योगिकी के कुशल उपयोग के कारण सरकार द्वारा जनता से संग्रहित कर का आज बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है। वित्‍तमंत्री ने आज नई दिल्ली में 49वें सिविल लेखा दिवस समारोह में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया पहल से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी सेवाएं नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के माध्‍यम से 60 करोड़ लाभार्थियों को पारदर्शिता के साथ सेवा प्रदान की जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में श्रीमती सीतारामन ने कहा कि इस प्रणाली के अंतर्गत एक हजार दो सौ ग्‍यारह योजनाओं का प्रबंधन किया जाता है इनमें से एक हजार एक सौ योजनाएं प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के तहत हैं।

 

—————————————-

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन का दौरा कर पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण किया। संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री वैष्‍णव ने कहा कि लोगों के अनुरोध के बाद विरासत को संजोय रखने के लिए स्टेशन के डिजाइन को संशोधित किया गया है। उन्‍होंने कहा कि अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए अत्‍याधुनिक निर्माण तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है और इसे अगले साढ़े तीन वर्षों के भीतर पूरा करने की योजना है।   

 

आज की मोस्‍ट मॉर्डन डिजाइन टैक्‍नोलॉजी वो सब इसमें अहमदाबाद के स्‍टेशन में यूज की गई है। तो उसमें डिटेल में डिस्‍कशन करके  पूरे डिजाइन को शहर के आर्किटेक्‍चर के हिसाब से रिवाइज किया। गुजरात के कल्‍चर के हिसाब से ये जो टोरंट वॉर है ये शहर के गुजरात के कल्‍चर के हिसाब से है। जो पूरा फ्रंट एलिवेशन का डिजाइन है वो अहमदाबाद के हाई टेज के हिसाब से पूरी तरह से नया डिजाइन किया गया है।

 

श्री वैष्‍णव ने पटरी बिछाने के कार्य का निरीक्षण किया और आणंद हाई स्पीड रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की।

 

—————————————-

 

देशभर में आज से जन औषधि जन चेतना सप्ताह का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम सात मार्च तक चलेगा। इस अवसर पर आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के रथ और दस अन्य वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री नड्डा ने सभी लोगों से प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना को एक जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया।

 

जन चेतना के माध्‍यम से जो हम लोग सात मार्च हम जन औषधि दिवस मना रहे हैं और महत्‍वकांक्षी लक्ष्‍य लेकर प्रधानमंत्री जी के नेतृत्‍व में हम सब लोगों ने तय किया है कि 2027 तक हम 25 हजार केंद्र तक हो जाएंगे। तो एक लंबी यात्रा हम लोग कर पा रहे हैं। जहां हमने 80 केंद्रों से शुरू किया था आज हम 15 हजार केंद्रों तक खडे हैं। हम बीस हजार साल के अंत तक कर लेंगे और 25 हजार अगले साल तक कर लेंगे।

 

इस अवसर पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि औषध विभाग के माध्यम से जन औषधि जन चेतना सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्‍न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जायेगा।

 

इस योजना के माध्‍यम से आज हमने देशभर में पंद्रह हजार के करीब ऐसे स्‍टोर्स खोले हैं जिसमें आज आम नागरिकों को न केवल किफायती बल्कि गुणवत्‍तापूर्ण दवाएं और सर्जिकल इक्विपेंट्स मिल रहे हैं। दो हजार 47 के करीब दवाएं और तीन सौ से अधिक सर्जिकल उत्‍पाद जनता को बहुत ही कम दामों पर बाजार में जो ब्रेंडेड दवाएं मिलती हैं उनसे यदि तुलना करें तो 70, अस्‍सी प्रतिशत कम दामों पर यह सब उपलब्‍ध हो रहा है जिससे जनता की तीस हजार करोड रूपए की बचत हुई है।

 

—————————————-

 

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में सचिव राजेश अग्रवाल ने अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में सुगम्य यात्रा को रवाना किया। इस राष्ट्रव्यापी यात्रा का उद्देश्य समाज में दिव्यांग व्यक्तियों के विकास और उत्थान के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

 

—————————————-

 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अगले तीन महीनों में राज्य को नशा मुक्त बनाने की समय सीमा तय की है। उन्होंने राज्य और जिलों के सभी शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को तय समय में पंजाब को नशा मुक्‍त करने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

 

—————————————-

 

उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव में हिमस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 49 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी छह की तलाश जारी है। और ब्यौरा हमारी संवाददाता से–

 

माणा गांव के समीप हुए हिमस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य का आज दूसरा दिन है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पूरी ताकत से बचाव अभियान चला रही हैं, ताकि शेष श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज माणा क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर राहत अभियान का जायजा लिया। उन्होंने ज्योतिर्मठ में सेना और बचाव कार्य में लगी एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात कर ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सु‍रक्षित निकाले गए श्रमिकों से भी मुलाकात की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने हिमस्खलन के कारण फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की और राज्य में हो रही बारिश और बर्फबारी की स्थिति की भी जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

—————————————-

 

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद आज ज्यादातर इलाकों में हल्के बादलों के बीच धूप निकली हुई है। इस बर्फबारी और बारिश के कारण राज्य के आदिवासी इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि, मौसम साफ होने के साथ ही प्रभावित इलाकों में बिजली, पानी की आपूर्ति बहाल करने और बंद सड़कों को फिर से खोलने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 

प्रदेश में भारी बर्फबारी व वर्षा के बाद अभी भी कई जगहों पर जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। बर्फबारी व भूस्खलन की घटनाओं से राज्य में पांच राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित साढ़े पांच सौ से अधिक सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। इसके अलावा दो हजार 2 सौ 63 बिजली ट्रांसफार्मर व 2 सौ 70 से अधिक पानी की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। लाहौल स्पीति, किन्नौर, पांगी, भरमौर व डोडरा क्वार का संपर्क शेष विश्व से कटा हुआ है। मौसम की स्थिति को देखते हुए किन्नौर व लाहौल स्पीति जिले के अलावा चंबा के पांगी और कुल्लू जिला के मनाली, बंजार सहित कुल्लू उपमंडल में शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि ये हिमपात व वर्षा कृषि व बागवानी के लिए बेहतर मानी जा रही है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम के सामान्य बने रहने के आसार हैं। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

—————————————-

 

मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर में तीन मार्च तक तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा को स्‍थगित कर दें और प्रशासन तथा यातायात सलाह का पालन करें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों को स्थगित कर दें। परामर्श में यह भी कहा गया है कि ऊंचे इलाकों में हिमस्खलन की भी संभावना है।

 

—————————————-

 

अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को ओवल ऑफिस में हुई मौखिक बहस के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प से माफी मांगनी चाहिए। रुबियो की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति वेंस के साथ ज़ेलेंस्की की बहस के बाद आई है। विदेश मंत्री रुबियो ने संवाददाताओं से कहा कि ज़ेलेंस्की को विरोध करने की कोई आवश्‍यकता नहीं थी। उन्होंने कहा कि राष्‍ट्रपति ट्रम्प रूस-यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को बातचीत के माध्‍यम से समाप्‍त करना चाहते हैं।

 

—————————————-

 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष -आई.एम.एफ ने श्रीलंका को 48 महीने के बेलआउट पैकेज की तीसरी बार समीक्षा की और इसके साथ ही श्रीलंका को लगभग 33 करोड 40 लाख अमरीकी डॉलर ऋण तत्काल मुहैया कराने को मंजूरी दे दी।

 

—————————————-

 

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज कराची में ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच अब से कुछ देर में मैच शुरू होगा। इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया है। इस मैच में जीत या बराबरी से दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगा, जबकि इंग्लैंड टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुका है।

 

—————————————-

 

शतरंज में, ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने प्राग मास्टर्स 2025 में तीसरे राउंड में चीनी जीएम वेई यी को हराकर एकल बढ़त हासिल की। यह मुकाबला कल रात चेक गणराज्‍य की राजधानी प्राग में हुआ।

 

—————————————-

 

भारत के यूकी भांबरी और उनके ऑस्‍ट्रेलियाई जोडीदार एलेक्‍सी पोपिरीन दुबई ओपन टेनिस चैंपियनशिप के पुरूष डबल्‍स के फाइनल में पहुंच गए हैं। भांबरी और पोपिरीन की जोडी का मुकाबला आज शाम संयुक्‍त अरब अमीरात के हैनरी पैटन और फिनलैंड के हैरी होलियावारा से होगा।

 

—————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा-भारत स्‍वयं को कार्यबल से विश्व शक्ति में बदलकर दुनिया का नया विनिर्माण केन्‍द्र बन रहा है।
  • प्रधानमंत्री ने पोस्‍ट बजट वेबिनार को संबोधित किया, कहा-इस वर्ष के आम बजट का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को अधिक लचीला और समृद्ध बनाना है।
  • वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा-प्रौद्योगिकी के कुशल उपयोग के कारण आज देश में कर-संग्रह का बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है।
  • उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव में शेष छह लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए बचाव और राहत अभियान जारी, 49 लोगों को बचाया गया।
  • और आई.सी.सी. चैम्पियंस ट्राफी क्रिकेट में, कराची में दक्षिण अफ्रीका के साथ मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया।

 

—————————————-