मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के बीच नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता जारी।
- यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा- भारत और यूरोपीय संघ इस साल के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे देंगे।
- स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा – भारत इस वर्ष के अंत तक तपेदिक को समाप्त करने के लिए प्रयासरत।
- हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश और बर्फबारी से सामान्य जनजीवन प्रभावित। जम्मू-कश्मीर में स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां 6 मार्च तक बढ़ाई गईं।
- लाहौर में आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज अफगानिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।
********************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के बीच नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता जारी है। अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन 22 यूरोपीय संघ आयुक्तों के साथ भारत की दो दिवसीय यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचीं। यह ईयू कॉलेज ऑफ कमिश्नर्स की भारत की पहली यात्रा है। इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों के और प्रगाढ़ होने की आशा है।
********************
भारत दौरे पर आई यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि भारत और यूरोपीय संघ इस वर्ष के अंत तक एक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर विचार कर रहे हैं। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वह इस वर्ष इसे पूरा करने पर सहमत हुए हैं। सुश्री लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ और भारत के बीच मुक्त व्यापार समझौता दुनिया में अपनी तरह का सबसे बड़ा व्यापार समझौता होगा।
सुश्री लेयेन ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के पास भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर को जीवंत बनाने का ऐतिहासिक अवसर है।
********************
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में यूरोपीय आयोग के रक्षा और अंतरिक्ष आयुक्त एंड्रियस कुबिलियस के साथ बैठक की। बैठक के दौरान, उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों और सूचना साझा करने पर ध्यान केंद्रित किया तथा द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर व्यापक चर्चा की।
********************
विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ दूसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भाग लिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6जी, इलेक्ट्रिक वाहन, ग्रीन हाइड्रोजन और पारस्परिक रूप से लाभप्रद व्यापार व्यवस्था में नए अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
********************
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज यूरोपीय व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयोग के आयुक्त मारोश सेफचोविच के साथ बातचीत की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री गोयल ने कहा कि बातचीत के दौरान भारत-यूरोपीय संघ, मुक्त व्यापार समझौते, व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की प्रगति पर चर्चा हुई।
********************
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि इस वर्ष के अंत तक भारत से तपेदिक-टीबी को खत्म करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं।
ओडिशा के पुरी में भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली में अच्छी, अनुकरणीय प्रथाओं और नवाचार पर 9वें राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि सरकार द्वारा 2017 में नई स्वास्थ्य नीति अपनाने के बाद बहुत सारे सुधार हुए हैं।
ट्यूबरक्लोसिस में अभी जो डब्ल्यू एच ओ कि ग्लोबल रिपोर्ट आई है उसमें हम ट्यूबरक्लोसिस के बर्डन स्टेट से निकलकर के इरेडिकेटेड स्टेट में हम आकर के खड़े हो रहे हैं और यह जो 100 डेज टीवी मुक्त भारत का जो कैंपेन चल रहा है। वी हैव ऑलरेडी डिटेक्टिड 5 लाख टीबी पेशेंट और अभी 100 डेज होना बाकी है।
श्री नड्डा ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर वैश्विक कमी दर से दोगुनी कम हो गई है, जबकि मलेरिया पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
********************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्याय-आधारित, विकसित भारत को आकार देने में फोरेंसिक सांइस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। राष्ट्रपति ने आज गांधीनगर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने अपराध की लगातार बदलती प्रकृति के मद्देनजर समय पर न्याय देने में फोरेंसिक साइंस के बढ़ते महत्व पर जोर दिया।
फोरेंसिक एग्जामिनेशन को अनिवार्य बनाने तथा एविडेंस को मजबूत बनाने के लिए अनेक बदलाव किये गये हैं। इस बदलाव का उद्देश्य वैज्ञानिक और स्पष्ट साक्ष्यों के आधार पर न्याय प्रक्रिया में आने वाले व्यवधानों पर काम करना उसको कम करना और तेज गति से न्याय सुलभ करवाना है।
********************
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव और इंटेलिजेंस ब्यूरो प्रमुख के साथ गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
********************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में जहान-ए-खुसरो 2025 कार्यक्रम में भाग लेंगे। रूमी फाऊडेंशन द्वारा आयोजित यह समारोह इस वर्ष अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह समारोह अमीर खुसरो की विरासत को मनाने के लिए दुनियाभर के कलाकारों को एक साथ लाएगा।
********************
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी नारायणन ने आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष बातचीत में इसरो की प्रमुख उपलब्धियों पर जानकारी दी है।
********************
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मानव जाति के सर्वांगीण विकास के लिए विज्ञान के अनुप्रयोग पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि विज्ञान में प्रगतिशील विकास, आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। हैदराबाद के गाचीबाउली स्टेडियम में आज युवाओं, मुख्य रूप से विद्यार्थियों की विशाल सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने यह बात कही।
********************
मध्य प्रदेश सरकार आज भोपाल की यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के जहरीले कचरे को जलाने की परीक्षण प्रक्रिया शुरू कर रही है। यूनियन कार्बाइड के कचरे को इंदौर के पास पीथमपुर में एक निजी संयंत्र में ले जाया गया है। 56 दिनों की तैयारी के बाद, कल कचरे वाले पांच कंटेनरों को पीथमपुर साइट पर खोला गया। कचरे को नष्ट करने की परीक्षण प्रक्रिया कई चरणों में सम्पन्न होगी।
********************
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में आज लगातार तीसरे दिन भारी बारिश और बर्फबारी जारी है, जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बर्फबारी और भूस्खलन के कारण कई जगहों पर सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और राज्य के चार जिलों में आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं।
भारी बर्फबारी व बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों लाहौल स्पीति, किन्नौर, पांगी, भरमौर सहित कुल्लू व शिमला जिला के ऊपरी भागों का सड़क सम्पर्क शेष दुनियां से कट गया है। बर्फबारी व भू-स्खलन के कारण तीन राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित सैंकड़ों सड़कें यातायात के लिए बाधित हो गई हैं जिन्हे खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। कुल्लू जिला में मनाली से आगे सोलंगनाला और अटल टनल की ओर जाने वाली सड़क ग्लेशियर आने के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है, वहीं मणिकर्ण घाटी के तोष गांव के समीप जीरा नाला में भू-स्खलन के कारण पानी का बहाव रुक गया है जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने तोष में नाले के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 24 घंटों में भी हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा व बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी, समाचार शिमला।
********************
उत्तराखण्ड में भारी बर्फबारी के बाद आज बद्रीनाथ धाम में हिमस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई श्रमिकों के बर्फ के नीचे दबे होने की आशंका है। यह घटना माणा को घस्तोली से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। अब तक दस श्रमिकों को बचाया जा चुका है और बर्फ के नीचे दबे अन्य लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। ब्यौरे की प्रतीक्षा है।
********************
जम्मू-कश्मीर में, सरकार ने खराब मौसम के कारण प्रदेश के सभी स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियां बढ़ा दी हैं। कश्मीर घाटी में उच्च माध्यमिक स्तर तक के स्कूल अब 7 मार्च को खुलेंगे। जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने सोशल मीडिया पोस्ट में ये जानकारी दी। कश्मीर डिवीजन के उच्च माध्यमिक स्तर तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों और जम्मू डिवीजन के शीतकालीन क्षेत्रों के लिए शीतकालीन छुट्टियां 6 मार्च तक बढ़ा दी गई हैं।
********************
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग, रामसू और काजीगुंड सड़क के बीच बर्फ जमा होने के कारण बंद है।
इसके अलावा, श्रीनगर-कारगिल मार्ग और मुगल रोड भारी बर्फबारी और भूस्खलन के कारण बंद है। अधिकारियों ने यात्रियों और पर्यटकों को सलाह दी है कि वे निकासी अभियान पूरा होने तक इन मार्गों पर यात्रा करने से बचें।
********************
लद्दाख में श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को ज़ोजिला दर्रे पर तीन फीट से अधिक बर्फबारी के कारण बंद कर दिया गया है। भारी बर्फबारी के बाद कारगिल-ज़ांस्कर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
********************
आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जा रहा है। प्रति वर्ष 28 फरवरी को महान भौतिकी विज्ञानी, सर सी. वी. रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज के उपलक्ष्य में यह दिन मनाया जाता है।
********************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जिज्ञासा विज्ञान की जननी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विज्ञान और ज्ञान मिलकर हर समस्या के समाधान का द्वार खोलते हैं।
********************
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में अफगानिस्तान आज ग्रुप बी के मैच में ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलेगा। यह मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर बाद ढाई बजे से होगा। अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि अफगानिस्तान दो अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। अफ़ग़ानिस्तान को क्वालीफाई करने के लिए जीत की ज़रूरत है।
********************
कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में आज दो प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। कुछ देर पहले सेंसेक्स एक हजार चार सौ से ज्यादा अंक गिरकर 73 हजार 209 पर कारोबार कर रहा था।
********************
मुख्य समाचार एक बार फिर: –
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।
- यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा- भारत और यूरोपीय संघ इस साल के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे देंगे।
- स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा – भारत इस वर्ष के अंत तक तपेदिक को समाप्त करने के लिए प्रयासरत।
- हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश और बर्फबारी से सामान्य जनजीवन प्रभावित। जम्मू-कश्मीर में स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां 6 मार्च तक बढ़ाई गई।
- लाहौर में आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज अफगानिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा।
********************