मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ को एकता का महायज्ञ बताया। कहा- महाकुंभ ने भारतीय संस्कृति और विरासत को मजबूत तथा समृद्ध बनाए रखने की मजबूत नींव रखी।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा-वैश्विक व्यवस्था विकसित देशों द्वारा निर्धारित नहीं की जाएगी। नई विश्व व्यवस्था में व्यापार और प्रौद्योगिकी के लिए भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
- भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की बैठक में पाकिस्तान की आलोचना की। इसे अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर एक विफल राज्य बताया।
- हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज बर्फबारी। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया।
- और रावलपिंडी में आईसीसी पुरुष चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में पाकिस्तान का मुकाबला अब से कुछ देर बाद बांग्लादेश से।
———————————–
महाकुंभ को एकता का महायज्ञ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि भारत को अपनी विरासत पर गर्व है और वह नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह सफल आयोजन नीति विशेषज्ञों के लिए अध्ययन का विषय है। एक रिपोर्ट…
प्रधानमंत्री ने कहा की भारत के युवाओं का इस तरह महाकुंभ में हिस्सा लेने के लिए आगे आना, एक बहुत बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा की इस महाकुंभ में कुछ ऐसा हुआ है, जो बीते कुछ दशकों में पहले कभी नहीं हुआ, जो आने वाली कई–कई शताब्दियों की एक नींव रख गया है। श्री मोदी के शब्दों में प्रयागराज में जितनी कल्पना की गई थी, उससे कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे और अमेरिका की आबादी के करीब दोगुने लोगों ने एकता के महाकुंभ में हिस्सा लिया और डुबकी लगाई। उन्होंने कहा की आध्यात्मिक क्षेत्र में शोध करने वाले लोग करोड़ों भारतवासियों के इस उत्साह पर अध्ययन करेंगे तो पाएंगे कि अपनी विरासत पर गौरव करने वाला भारत अब एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। इस तरह एकता के महाकुंभ में हर श्रद्धालु, चाहे गरीब या संपन्न, बाल हो या वृद्ध, देश से आया हो या विदेश से आया हो, किसी भी जाति का हो, किसी भी विचारधारा का हो, सब एक महायज्ञ के लिए एकता के महाकुंभ में एक हो गए। श्री मोदी ने कहा की एक भारत–श्रेष्ठ भारत का ये चिर स्मरणीय दृश्य, करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास का साक्षात्कार का महापर्व बन गया। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———————————–
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ के लिए 16 हजार से अधिक ट्रेनें चलाई गईं। प्रयागराज जंक्शन पर संवाददाताओं से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि प्रयागराज से लगभग 4 करोड़ 50 लाख लोगों ने ट्रेनों के माध्यम से यात्रा की। श्री वैष्णव ने कहा कि महाकुंभ के लिए 21 से अधिक फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए। उन्होंने कहा कि इस महाआयोजन में सभी विभागों का पूरा सहयोग रहा।
बहुत ही क्लोज कॉर्डिनेशन रहा राज्य की पुलिस के साथ, आरपीएफ का, जीआरपी का और जो रैपिड एक्शन फोर्स वगैरह जो लगी सबका क्लोज कॉर्डिनेशन रहा। रेलवे के सभी विभागों का बहुत अच्छा क्लोज कॉर्डिनेशन रहा। इस पूरे महाआयोजन 45 दिनों में सब जगह श्रद्धालुओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हमेशा उनको ये मार्ग दर्शन दिया कि इसको आप क्राउड की तरह न समझे, श्रद्धालुओं की श्रद्धा को समझे।
———————————–
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
एक भव्य, दिव्य कुंभ को आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मनसा के कुंभ एक वैश्विक घटना के रूप में परिवर्तित करने के लिए मैं इस पूरे अभियान के साथ जुड़े हुए सभी स्वच्छता कर्मियों को, स्वास्थ्य कर्मियों को, परिवहन विभाग के साथ–साथ, सुरक्षा और जल प्रवाह को निरंतर बनाए रखने के साथ–साथ नाविकों का भी में हृदय से अभिनंदन करता हूं।
प्रयागराज महाकुंभ कल महाशिवरात्रि के पवित्र स्नान के साथ सम्पन्न हो गया। 45 दिन के इस विराट आध्यात्मिक आयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।
———————————–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज गुजरात के केवडि़या में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का एकता नगर में एकता कौशल विकास केंद्र का दौरा करने का कार्यक्रम है।
विश्व की सबसे बड़े स्मारक स्टैचू ऑफ यूनिटी का दौरा करने के बाद राष्ट्रपति ने आज एकता नगर में जंगल सफारी के जरिए वहां की विविधता भरी वन्य जीवन सृष्टि का आनंद लिया। उन्होंने केवड़िया में गुजरात के सबसे बड़े बांध सरदार सरोवर डैम का भी दौरा किया और प्रशिक्षुओं से बातचीत भी की। शाम को राष्ट्रपति अहमदाबाद में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान के 44वें में दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे और उत्तीर्ण छात्रों को संबोधित करेंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान लगभग 430 छात्रों को विभिन्न डिजाइन विषयों में डिग्री प्रदान की जाएगी। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
———————————–
गृहमंत्री अमित शाह आज सतना जिले के चित्रकूट में भारत रत्न नानाजी देशमुख की 15वीं पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होंगे। दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।
———————————–
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि वैश्विक स्तर पर सभी चुनौतियों के बावजूद भारत विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। आज नई दिल्ली में एक मीडिया कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए सुश्री सीतारामन ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के केन्द्रीकरण के कारण अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं। वैश्विक व्यवस्था विकसित देशों द्वारा निर्धारित नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार और प्रौद्योगिकी नई विश्व व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और भारत को इसमें प्रतिस्पर्धा करना होगा। सुश्री सीतारामन ने कहा कि विकसित देशों को भी प्रौद्योगिकी और प्रतिभा की आवश्यकता है।
———————————–
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 58वें सत्र की सातवीं बैठक में भारत ने पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। भारत ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर एक विफल देश बताया है। एक रिपोर्ट…
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन क्षितिज त्यागी ने जिनेवा में, पाकिस्तान के नेताओं पर अपने सैन्य–आतंकवादी परिसर से झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने हाल के वर्षों में क्षेत्र की उल्लेखनीय राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति का हवाला देते हुए कहा कि जम्मू–कश्मीर, लद्दाख के साथ, हमेशा भारत का अभिन्न अंग बना रहेगा। श्री त्यागी ने इस्लामिक सहयोग संगठन को इस्तेमाल करने के लिए पाकिस्तान की निंदा की और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद का समय एक ऐसा देश बर्बाद करता है जो हमेशा अंतरराष्ट्रीय मदद पर निर्भर रहता है। उन्होंने कहा कि भारत का ध्यान लोकतंत्र, प्रगति और अपने लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित करने पर केंद्रित है, इससे पाकिस्तान को सीख लेनी चाहिए। समाचार कक्ष से डेविड शर्मा।
———————————–
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन आज से भारत की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगी। श्रीमती लेयेन की यह तीसरी भारत यात्रा होगी। वे आज शाम विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात करेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
———————————–
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज मुंबई में भारत कॉलिंग सम्मेलन 2025 का उद्घाटन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत समेत सरकार की रणनीतिक पहलें नवाचार और बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले उत्पादों की गुणवत्ता एक बड़ी चिंता का विषय थी लेकिन आज देश गुणवत्ता क्रांति के महत्वपूर्ण पडाव पर है। उन्होंने कहा कि हमें आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता है।
———————————–
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा है कि मुंबई में 1 से 4 मई तक आयोजित होने वाले विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के लोगों को एक मंच प्रदान करेगा। उन्होंने आज बेंगलुरु में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स-एवीजीसी सेक्टर के लिए जीएएफएक्स कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री जाजू ने कहा कि शिखर सम्मेलन कंटेंट क्रिएटर्स और प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों को एक साथ आने और देश में एवीजीसी क्षेत्र के विकास के अवसर सृजित करेगा।
———————————–
दिल्ली विधानसभा में पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार की आबकारी नीति से संबंधित भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक- सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा आज फिर से शुरू हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि आबकारी नीति से सरकारी खजाने को दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व का नुकसान हुआ।
भाजपा की एक अन्य विधायक, शिखा रॉय ने यह मांग की कि सीएजी रिपोर्ट के आधार पर जांच की जानी चाहिए और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
———————————–
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी बारिश और बर्फबारी जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रूक-रूककर बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से भारी बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश के लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले की ऊंची चोटियों में रूक रूक कर बर्फबारी हो रही है जबकि शिमला सहित मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी रूक रूक कर बारिश का क्रम जारी है। प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 211 अन्य सडक मार्ग यातायात के लिए बंद है, जबकि अटल टनल रोहतांग में भी यातायात प्रभावित है। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में एक फीट तक बर्फबारी से जिले के 90 फीसदी गांवों में बिजली ठप है, यहां प्रशासन द्वारा आज सभी शिक्षण संस्थानों और कार्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में आज और कल भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार शिमला।
———————————–
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि के साथ ही पर्वतीय इलाकों में अत्यधिक बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सावधान रहने को कहा है।
———————————–
मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, मौसम विभाग वैज्ञानिक डॉ सोमा सेन ने कहा कि दो दिनों तक देश के उत्तरी हिस्सों में आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
आज भी बारिश पड़ने की संभावना है, खासकर जम्मू–कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जहां अति भारी वर्षा यानी के 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना है और यह तो स्नोफॉल भी होने की संभावना है। इसके लिए यह जगह में आज हमने ऑरेंज अलर्ट किए हैं और उसके आसपास के क्षेत्र यानी की नॉर्थ पंजाब और उत्तराखंड में येलो अलर्ट दिए हैं।
———————————–
रावलपिंडी में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा। दोनों ही टीमें अब तक टूर्नामेंट में जीत का खाता नहीं खोल सकीं हैं।
महिला प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आज शाम साढ़े सात बजे से बंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात जाइंट्स से मुकाबला करेगा।
———————————–
मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर सूचकांक- सेंसेक्स और निफ्टी आज दोपहर बिना किसी बडे उतार चढाव के सपाट कारोबार कर रहे थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 48 अंक की मामूली बढत के साथ 74 हजार छह सौ 51 पर चल रहा था। निफ्टी 6 अंक की मामूली गिरावट के साथ 22 हजार पांच सौ 42 पर कारोबार कर रहा था।
———————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ को एकता का महायज्ञ बताया। कहा- महाकुंभ ने भारतीय संस्कृति और विरासत को मजबूत तथा समृद्ध बनाए रखने की मजबूत नींव रखी।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा-वैश्विक व्यवस्था विकसित देशों द्वारा निर्धारित नहीं की जाएगी। नई विश्व व्यवस्था में व्यापार और प्रौद्योगिकी के लिए भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
- भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की बैठक में पाकिस्तान की आलोचना की। इसे अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर एक विफल राज्य बताया।
- हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज बर्फबारी। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया।
- और रावलपिंडी में आईसीसी पुरुष चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में पाकिस्तान का मुकाबला अब से कुछ देर बाद बांग्लादेश से।
———————————–