Download
Mobile App

android apple
signal

February 26, 2025 3:45 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान के साथ संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान कर रहे हैं।
  • महाशिवरात्रि का त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
  • सीमा सुरक्षा बल ने पठानकोट अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान के एक घुसपैठिए को मार कर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत और जापान अफ्रीकी देशों के लिए लचीली आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए सहयोग कर सकते हैं।
  • और, आईसीसी चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में, लाहौर में इंग्‍लैंड के साथ ग्रुप बी के मैच में अफगानिस्‍तान .ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया।

 

———————————

 

विश्‍व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज प्रयागराज में संपन्न हो रहा है। देशभर से आये श्रद्धालु प्रयाग राज में आज सवेरे से ही संगम और अन्‍य घाटों में डुबकी लगा रहे हैं। तेरह जनवरी को शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 64 करोड़ 60 लाख से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं। 144 वर्षों में केवल एक बार होने वाले दुर्लभ खगोलीय संयोग से इस वर्ष महाकुंभ का महत्‍व और भी बढ़ गया है।

 

———————————

 

इस आयोजन को सुरक्षित और यादगार बनाने के लिए विशेष प्रबंध किये गए हैं। लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि वे भीड भाड से बचने के लिए डुबकी लगाने के बाद रूके नहीं। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्‍य आपदा मोचन बल, होमगार्ड और पुलिस दल, घाटों पर नजर बनाये हुए हैं। मेला स्‍थल की हवाई निगरानी भी की जा रही है। इसके अतिरिक्‍त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साढे चार हजार बसें भी चलाई जा रही हैं

 

———————————

 

रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आज सवेरे नौ बजे तक प्रयागराज के विभिन्‍न स्‍टेशनों से एक सौ पन्‍द्रह रेलगाडियां चलाईं। रेलवे आज प्रयागराज से साढे तीन सौ रेलगाडियां और चलाएगा।

 

रेलमंत्री अश्विनी वैष्‍णव और रेलवे बोर्ड के अध्‍यक्ष सतीश कुमार, संपूर्ण रेल परिचालन की निगरानी कर रहे हैं।

 

———————————

 

महाशिवरात्रि का पर्व आज देशभर में श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के उपलक्ष्‍य में मनाया जाता है!

 

———————————

 

मध्य प्रदेश में महाशिवरात्रि पर सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंगों में आज सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लगी हुई है।

 

उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में रात ढाई बजे मंदिर के पट खोल दिये गए थे। इसके बाद भस्मआरती की शुरूआत हुई। मंदिर के पट 44 घंटे लगातार खुले रहेंगे। इसी तरह खंडवा जिले में स्थित ओम्कारेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी आज प्रातः साढे तीन बजे मन्दिर के द्वार खोल दिये गए। यहां भी चौबीस घंटे तक भगवान ओंकारेश्वर और भगवान ममलेश्वर के दर्शन निरंतर होते रहेंगे। भोपाल के भोजपुर मंदिर और पचमढ़ी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं, उज्जैन में आज से राज्य सरकार द्वारा विक्रम उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 30 मार्च तक चलने वाला विक्रमोत्सव, सम्राट विक्रमादित्य के युग, भारत उत्कर्ष, नवजागरण और भारत ज्ञान परम्‍परा पर केंद्रित रहेगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

 

———————————

 

केन्‍द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में महा शिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों को विभिन्न रंगों और फूलों से सजाया गया है।

 

———————————

 

उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई 2025 को सवेरे 7 बजे खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलेंगे। उत्तराखंड सरकार ने तीर्थयात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

———————————

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ , प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने महाशिवरात्रि पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने भगवान महादेव का आशीर्वाद सभी लोगों पर बने रहने और भारत के प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की कामना की है।

 

उप-राष्‍ट्रपति ने कहा कि यह पर्व आत्‍म-मंथन और आध्‍यात्मिक चेतना का प्रतीक है और यह लोगों को ज्ञान, संयम और करुणा के पथ पर चलने के लिए प्रेरित करता है।

 

प्रधानमंत्री ने भगवान शिव को समर्पित इस पर्व से सभी देशवासियों के लिए समृद्धि और अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य की कामना की।

 

———————————

 

प्रसार भारती बोर्ड के अध्‍यक्ष नवनीत सहगल ने कहा है कि आकाशवाणी ने सदैव लोगों को देश की संस्कृति से जोड़ने में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्‍होंने कहा कि आकाशवाणी लोक प्रसारक के रूप में अपने दायित्‍व गंभीरता से लेता है। महाकुंभ के अंतिम दिन अपने संदेश में श्री सहगल ने कहा कि प्रसारण में आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल ने लोगों को बहुत प्रभावित किया।

 

इस विशेष चैनल कुंभवाणी ने 48 दिनों की एक छोटी सी यात्रा के दौरान बहुत लोगों को छुआ है। आकाशवाणी सभी से जुड़ा रहा है। आम आदमी से लेकर हमारे जो वहां महात्‍मा-गण थे हमारे जो वहां अखाड़े आए हमारे यहां वहां जो संतजन आये हैं, उन सबसे आकाशवाणी जुड़ा रहा है। भारतीय संस्‍कृति को जन-जन पहुंचने में आकाशवाणी की एक प्रमुख भूमिका रही है।

 

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने महाकुंभ के प्रयाागराज में आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने कुंभवाणी की खबरें, साक्षात्कार और विशेष कार्यक्रम प्रदान कर एक लोक सेवा प्रसारक के रूप में  उत्‍कृष्‍ट भूमिका निभाई। श्री द्विवेदी ने कहा कि कुंभवाणी ने लाखों लोगों के दिलों में अद्भुत स्थान बनाया है।

 

प्रसार भारती के सीईओ होने के नाते मैं यह कह सकता हूं, कि महाकुंभ में आकाशवाणी ने कुंभवाणी के माध्‍यम से लोक प्रसारक की अपनी भूमिका बखूबी निभाई। इस अवसर पर मैं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के मंत्री श्री अश्विनी वैष्‍णव जी और राज्‍य मंत्री डॉ एल मुरूगन जी का भी आभार व्‍यक्‍त करता हूं और साथ ही प्रसार भारती के अध्‍यक्ष श्री नवनीत कुमार सहगल जी का भी आभार है। आकाशवाणी के महानिदेशक डॉक्‍टर प्रज्ञा पालीवाल गौड़ और कुंभवाणी की पूरी टीम को मेरी ओर से विशेष धन्‍यवाद।

 

आकाशवाणी की महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने कम समय में बड़ी संख्या में  श्रोताओं तक पहुंचने में कुंभवाणी की सफलता की सराहना की। –

 

इस ऐतिहासिक आयोजन में यह हमारा एक छोटा सा प्रयास था। जिसे आप लोगों के स्‍नेह ने हम सबके लिए अविश्‍वसनीय बना दिया। आकाशवाणी की कुंभवाणी टीम को विशेष साधुवाद जिन्‍होंने पूरी निष्‍ठा और पूरी तनमयता से अपने घर से दूर रहते हुए कुंभवाणी के श्रोताओं को ही अपना परिवार माना और पूर्ण सफलता से कुंभवाणी के प्रसारण को एक नई ऊंचाई दी।

 

———————————

 

सीमा सुरक्षा बल ने आज तड़के पठानकोट में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया और एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। हमारे संवाददाता ने सीमा सुरक्षा बल जम्मू फ्रंटियर जनसंपर्क अधिकारी के हवाले से बताया कि बल के जवानों ने पठानकोट सेक्टर में ताशपतन सीमा चौकी के पास घुसपैठिए को भारतीय सीमा में प्रवेश करने की चेष्‍टा करते हुए मार गिराया।

 

———————————

 

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रहमण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत, अफ्रीका का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। द्विपक्षीय व्यापार लगभग सौ अरब डॉलर तक पहुँच गया है। जापान-भारत-अफ्रीका व्यापार मंच को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए श्री जयंशकर ने कहा कि भारत और जापान, अफ्रीकी देशों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण और उभरते क्षेत्र में लचीली आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए भी सहयोग कर सकते हैं।

 

———————————

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज मध्‍य प्रदेश में छतरपुर जिले के बागेश्‍वर धाम में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुईं। राष्‍ट्रपति ने कहा कि जब महिलाएं अपने जीवन में सफल होंगी, तभी हमारा देश और समाज सफल होगा।

 

———————————

 

केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने मध्यम वर्ग, किसानों और सूक्ष्‍म,लघु और मध्‍यम उद्योगों के लाभ के लिए बजट पेश किया है।

 

———————————

 

गृह मंत्री ने कोयंबटूर में पार्टी के नये भवन का उद्घाटन किया। उन्‍होंने कहा कि किसानों के लिए बजट में कई योजनाएं शामिल की गई हैं।

 

बजट के अंदर कई सारी मध्‍यम वर्ग किसान और एमएसएमई की योजनाओं को देश के सामने रखकर किसानों के कल्‍याण के लिए मध्‍यम वर्ग की भलाई के लिए और एमएसएमई के उनके बिजनेस के विस्‍तार के लिए कई सारी योजनाओं को लेकर मोदी जी हमारे सामने आए।

 

———————————

 

बिहार में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल का आज शाम विस्तार किये जाने की संभावना है। पटना के राजभवन में एक समारोह में कई नए मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई जा सकती है।

 

इससे पहले, आज राजस्व तथा भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अचानक पद से त्‍याग पत्र दे दिया।

 

———————————

 

वर्ल्ड ऑडियो-विजुअल एंटरटेनमेंट समिट-वेव्स 2025 में भाग लेकर ‘रील मेकिंग’ में रचनात्मकता दिखाने का एक अनूठा अवसर है। यह चुनौती क्रिएट इन इंडिया चैलेंजेस का हिस्सा है और वेव्स के अंतर्गत प्रमुख पहल है।

 

———————————

 

लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में इंग्‍लैंड के साथ मैच में अफगानिस्‍तान ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच महत्‍वपूर्ण है। एक रिपोर्ट ….

 

प्रतियोगिता में कल ऑस्‍ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका का मैच वर्षा के कारण रद्द होने से आज का मुकाबला काफी महत्‍वपूर्ण हो गया है। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर दक्षिण अफ्रीका अंक तालिका में सबसे ऊपर है। आज का मैच हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। इंग्लैंड और अफगानिस्तान- दोनों अपने शुरुआती मैच हार कर बिना किसी अंक के ग्रुप-बी में सबसे नीचे हैं। पिछले मुकाबले में इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया से और अफगानिस्तान को दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था। इस बीच शतरंज में भारतीय ग्रैंडमास्टर कोईनेरू हम्पी ने मोनाको महिला ग्रां प्री टूर्नामेंट के छठे राउंड में हार के बाद सातवें राउंड में रोमांचक वापसी की है। हम्पी ने स्पेन की सरसादात खादेम को हराकर टूर्नामेंट में स्थिति मजबूत कर ली है। इस जीत के साथ हम्‍पी कुल चार अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

———————————

 

कोलकाता में इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज ईस्ट बंगाल का मुकाबला हैदराबाद एफसी से होगा। प्रतियोगिता में कल बेंगलुरु एफसी ने चेन्नईयन एफसी को हरा दिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु की टीम 37 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है।

 

———————————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महान क्रांतिकारी और स्‍वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की पुण्‍य तिथि पर श्रद्धाजंलि अर्पित की है। श्री मोदी ने कहा कि राष्‍ट्र स्‍वतंत्रता आंदोलन में वीर सावरकर के बलिदान, साहस और संघर्षपूर्ण बहुमूल्‍य योगदान को कभी नहीं भूलेगा।

 

———————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान के साथ संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान कर रहे हैं।
  • महाशिवरात्रि का त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं
  • सीमा सुरक्षा बल ने पठानकोट अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तान के एक घुसपैठिए को मार कर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत और जापान अफ्रीकी देशों के लिए लचीली आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए सहयोग कर सकते हैं।
  • और, आईसीसी चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में, लाहौर में इंग्‍लैंड के साथ ग्रुप बी के मैच में अफगानिस्‍तान .ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया।

 

———————————