मुख्य समाचार:-
- केंद्र ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पांच राज्यों को एक हजार 554 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त धनराशि को मंजूरी दी।
- ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा–सरकार ने ग्रामीण सशक्तिकरण के लिए कई क्रांतिकारी योजनाएं शुरू कीं।
- दिल्ली के नये मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए आज शाम भाजपा विधायक दल की बैठक। विधायक दल का नेता चुनने के लिए रविशंकर प्रसाद और ओमप्रकाश धनखड पर्यवेक्षक नियुक्त।
- श्री ज्ञानेश कुमार ने नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला।
- क्रिकेट में, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के नौवें संस्करण का पहला मैच कराची में पाकिस्तान तथा न्यूजीलैंड के बीच अब से कुछ देर में।
- और, महिला प्रीमियर लीग में, यूपी वॉरियर्स आज शाम वडोदरा में दिल्ली कैपिटल्स से खेलेगी।
——————————————
गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति ने पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पांच राज्यों को एक हजार 554 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। यह राशि राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष से जारी की जाएगी। एक रिपोर्ट :
गृह मंत्रालय के अनुसार आंध्रप्रदेश के लिए 608 करोड़ रुपये, नागालैंड के लिए 170 करोड़, ओडिशा के लिए 255 करोड़, तेलंगाना के लिए 231 करोड़ और त्रिपुरा के लिए 288 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित की गई है। गृह मंत्रालय ने कहा कि यह सहायता राज्य आपदा मोचन कोष के तहत केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को पहले से आवंटित धन से अलग है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान केंद्र सरकार ने एसडीआरएफ के तहत 27 राज्यों को 18 हजार 322 करोड़ रुपये से अधिक और एनडीआरएफ से 18 राज्यों को चार हजार 808 करोड़ रुपये से अधिक जारी किए हैं। भूपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं प्रशांत कुमार।
——————————————
ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार ने ग्रामीण नागरिकों के जीवन को अधिक आरामदायक बनाने के लिए कई क्रांतिकारी योजनाए शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान की है। श्री सिंह ने नई दिल्ली में अफ्रीकी-एशियाई ग्रामीण विकास संगठन – एएआरडीओ के एक कार्यक्रम में कहा कि भारत एएआरडीओ को अपने समर्थन के साथ ग्रामीण समुदाय को सशक्त बनाएगा।
मैं आर्डो को धन्यवाद देना चाहता हूं कि हमारे क्षेत्र में ग्रामीण समुदायों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए सामूहिक समर्पण को दर्शाता है। परिवर्तनकारी समाधान तलाशने और मजबूत साझेदारी को बढ़ावा देने के प्रति आर्डो की प्रतिबद्धता, एकता और प्रगति के लिए दक्षिण–दक्षिण और त्रिकोणीय सहयोग की भावना का प्रमाण है जो आर्डो को परिभाषित करता है और जो भारत के लिए भी एक मंत्र है।
इस दौरान श्री सिंह ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, एक पेड़ मां के नाम अभियान और लखपति दीदी जैसी योजनाओं पर बल दिया।
——————————————
दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक आज शाम नई दिल्ली में होगी। इस बैठक में भाजपा के सभी नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। बैठक में दिल्ली के नये मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। इस बीच, पार्टी ने आज दिल्ली में विधायक दल की बैठक के लिए दो केंद्रीय पर्यवेक्षक सांसद रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को नियुक्त किया है। अगले मुख्यमंत्री के लिए शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं।
——————————————
श्री ज्ञानेश कुमार ने आज नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने श्री राजीव कुमार का स्थान लिया है। कार्यभार संभालने के बाद अपने संदेश में श्री कुमार ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए पहला कदम मतदान है।
राष्ट्र सेवा के लिए पहला कदम है मतदान। इसलिए भारत का हर नागरिक, जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हो उन्हें मतदाता जरूर बनना चाहिए और मतदान अवश्य करना चाहिए। भारत के संविधान लोक प्रतिनिधित्व कानूनो, नियमों और उनके अंतर्गत जारी निर्देशों के अनुरूप चुनाव आयोग हमेशा मतदाताओं के साथ था, है और रहेगा।
केरल कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, ज्ञानेश कुमार के पास केंद्र और राज्य दोनों सरकारों में काम करने का अनुभव है। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव के रूप में भी कार्य किया है।
——————————————
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने कहा है कि सरकार राज्य को 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उसने पिछली बजट घोषणाओं में से 73 प्रतिशत को पूरा कर लिया है। उन्होंने आज राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पहला हरित बजट पेश करते हुए आगामी वर्ष में सवा लाख सरकारी पदों और डेढ़ लाख निजी क्षेत्र की नौकरियों के लिए भर्ती की घोषणा की।
——————————————
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य ने युवाओं से आदिवासी समुदाय की परंपरा, संस्कृति और भाषा की रक्षा करने का आह्वान किया है। आयोग के 22वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि युवाओं को जन जागरण जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से इस प्रयास में शामिल किया जा रहा है। श्री आर्य ने कहा कि आयोग ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को पूरी लगन से क्रियान्वित कर रहा है।
——————————————
भारतीय रिजर्व बैंक ने ‘आरबीआईडेटा’ नाम से एक मोबाइल ऐप शुरू किया है, जो लोगों को भारतीय अर्थव्यवस्था से संबंधित व्यापक आर्थिक और वित्तीय आंकड़े उपलब्ध कराएगा। बैंक के एक बयान में कहा गया है कि यह ऐप भारतीय अर्थव्यवस्था से संबंधित आर्थिक डेटा की 11 हजार से अधिक विभिन्न श्रृंखलाएं उपलब्ध कराएगा। उपयोगकर्ता डेटा डाउनलोड भी कर सकते हैं। ऐप में डेटा के स्रोत का विवरण भी शामिल है।
——————————————
महान मराठा योद्धा, राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की आज 395वीं जयंती मनाई जा रही है। आज ही के दिन सन् 1630 में महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिवनेरी किले में जन्मे छत्रपति शिवाजी ने मराठा साम्राज्य की नींव रखी और मुगल शासन को चुनौती दी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्रपति शिवाजी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज नागरिकों को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता, विचारधारा और न्याय प्रियता ने कई–कई पीढियों को प्रेरित किया है। उनकी साहसिक कार्यशैली, सामरिक कौशल और शांतिपूर्ण राजनीतिक प्रणाली आज भी हमारे लिए प्रेरणा को इतने वर्ष बाद भी उनके द्वारा स्थापित किए गए मूल्य हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखा रहे हैं। इन्हीं मूल्यों के आधार पर हमें अमृत काल की 25 वर्षों की यात्रा पूरी करनी है।
——————————————
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे में पदयात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री मांडविया ने कहा कि जिस तरह छत्रपति शिवाजी महाराज ने आदर्श शासन से हिंदवी स्वराज्य की नींव रखी, उसी तरह नरेंद्र मोदी सरकार उनके सिद्धांतों से प्रेरित होकर विकसित भारत के निर्माण के लिए काम कर रही है।
जैसे हमारे छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपने कर्तव्य का निर्वाहन करने के लिए अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए लडाई लडी थी आज उन्होंने हिन्द स्वराज की स्थापना की थी। हमें विकसित भारत बनाना है, लेकिन विकसित भारत बनाने के लिए हमे हमारे कर्तव्य का निर्वहन करना होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने शिवाजी महाराज के बारह किलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर का दर्जा देने के लिए नामित किया है।
——————————————
हमारे संवाददाता ने बताया है कि छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती पर आज महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा हैं।
नागपुर में आज सुबह जय शिवाजी, जय भारत रैली निकाली गई। जिसमें पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकूले और जिला अधिकारी शामिल हुए। इस रैली के दौरान छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा महान मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत को चिन्हित करने के लिए मल्लखाम दंड पट्टा जैसे युद्ध क्रीडा प्रकारों का प्रदर्शन किया गया। अमरावती, अकोला, वर्धा जैसे अन्य शहरों में मराठा साम्राज्य के युद्ध कौशल और ऐतिहासिक क्षणों को दर्शाते हुए जुलूस निकाले गए। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरक वीरता और इतिहास के बारे में आधुनिक पीढ़ी को जागरूक करने के लिए विभिन्न व्याख्यान नाटक भी आयोजित किए जा रहे हैं। धनंजय वानखेड़े आकाशवाणी समाचार नागपुर।
——————————————
पिछले 10 दिन में अमरीका से निर्वासित किए गए अवैध भारतीय अप्रवासी बहुत निराश हैं। उनमें से कुछ बेईमान ट्रैवल एजेंटों के शिकार हुए, जिन्होंने पहले उन्हें विदेश में रोजगार के सब्जबाग दिखाकर ठगा और फिर उन्हें अवैध तरीकों से विेदेश भेजा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उनमें से अधिकांश छोटे शहरों और गांवों में बसे मध्यम वर्गीय परिवारों से हैं जहां रोजगार के अवसर कम हैं।
कैबिनेट मंत्री धालीवाल ने कहा कि लोगों को खासकर युवाओं को, पंजाब में रहकर अपनी आजीविका कमाने के लिए प्रशिक्षित करने के लिए विशेष कौशल विकास पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इस बीच पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रवीण सिन्हा की अध्यक्षता वाली विशेष जांच टीम ने अमेरिका से निर्वासित पंजाबियों की शिकायत पर ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में 10 प्राथमिकी दर्ज की है। आगे की जांच जारी है। राजेश बाली आकाशवाणी समाचार जालंधर।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के युवाओं से अपील की है कि वे गलत तरीकों से विदेश जाने का विचार त्याग कर अपने राज्य को देश में अग्रणी बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें।
——————————————
और अब खबरे महाकुंभ से
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में लाखों श्रद्धालुओं का आना जारी है, आज दोपहर 12 बजे तक 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। महाकुंभ में अब तक 56 करोड़ 12 लाख श्रद्धालु पवित्र जल में डुबकी लगा चुके हैं। इस आयोजन के मुख्य आकर्षणों में संगम के पास प्रतिष्ठित बड़े हनुमान मंदिर भी शामिल है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस मंदिर का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व बहुत अधिक है, पवित्र स्नान के बाद यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
प्रयागराज में संगम किनारे स्थित यह मंदिर बेहद प्रसिद्ध है और यहां हनुमान जी की प्रतिमा लेटी हुई मुद्रा में हैं। जहां केवल मंगलवार और शनिवार के दिन इस मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती थी, वहां अब हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि संगम में स्नान के बाद दर्शन करने से बड़ा फल मिलता है। पश्चिम बंगाल से आई अदिती ने अपनी माता के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने आकाशवाणी समाचार से कहा कि आस्था की डुबकी लगाने के बाद हनुमान जी के दर्शन करना एक अलग तरह का अनुभव है।
महाराष्ट्र से योगीराज ने व्यवस्थाओं की खूब प्रशंसा की और कहा कि यह अनुभव जिंदगी भर याद रहेगा। उन्होंने कहा कि स्नान के बाद हनुमान जी के दर्शनों से एक अलग ऊर्जा प्राप्त हुई।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, संगम में जलस्तर बढ़ने के बाद इस मंदिर में जल भर जाता है और हनुमान जी की प्रतिमा डूब जाती है। इस घटना को लेकर कहा जाता है कि हनुमान जी की प्रतिमा पवित्र जल में स्नान कर रहे हैं। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार प्रयागराज
——————————————
विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित जी-20 देशों के समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए कल से दक्षिण अफ्रीका की दो दिवसीय यात्रा पर होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि श्री जयशंकर की भागीदारी से जी-20 देशों के समूह के साथ भारत का जुड़ाव मजबूत होगा और इस महत्वपूर्ण मंच पर ग्लोबल साउथ की आवाज को बल मिलेगा।
——————————————
मलेशिया-भारत रक्षा सहयोग समिति की 13वीं बैठक आज कुआलालंपुर में हुई। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और मलेशिया के रक्षा मंत्रालय में महासचिव लोकमान हकीम बिन अली ने इसकी सह-अध्यक्षता की। दोनों देशों ने हाल के वर्षों में सशस्त्र बलों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त की।
——————————————
आईसीसी चैंपियन्स ट्राफी क्रिकेट टूर्नामेंट आज से शुरू हो रहा है। पहले मैच में आज कराची में पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। ये मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर ढाई बजे से खेला जाएगा।
——————————————
महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, आज शाम वडोदरा में यूपी वॉरियर्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा।
——————————————
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। पश्चिमी राजस्थान, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज तेज हवाएं और बिजली चमकने के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है।
——————————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्र ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित पांच राज्यों के लिए एक हजार 554 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त धनराशि मंजूर की है।
- ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा–सरकार ने ग्रामीण सशक्तिकरण के लिए कई क्रांतिकारी योजनाएं शुरू कीं।
- दिल्ली के नये मुख्यमंत्री के नाम को अंतिम रूप देने के लिए आज शाम भाजपा विधायक दल की बैठक। विधायक दल का नेता चुनने के लिए रविशंकर प्रसाद और ओमप्रकाश धनखड पर्यवेक्षक नियुक्त।
- श्री ज्ञानेश कुमार ने नए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभाला।
- क्रिकेट में, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के नौवें संस्करण का पहला मैच कराची में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच अब से कुछ देर में।
- और, महिला प्रीमियर लीग में, यूपी वॉरियर्स आज शाम वडोदरा में दिल्ली कैपिटल्स से खेलेगी।
——————————————