Download
Mobile App

android apple
signal

April 16, 2024 4:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक रैलियां कर रहे हैं।

 

  • प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने बिहार में दो रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के जोरहाट में रोड शो किया।

 

 

  • भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की।

 

  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोगों के आर्थिक उत्‍थान में तेजी लाने में सहायता के लिए आंकड़ों के विश्‍लेषण और साक्ष्‍य आधारित विकास कार्यक्रमों को लागू करने पर जोर दिया।

 

  • संयुक्‍त राष्‍ट्र की परमाणु निगरानी समितिअंतरराष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरान के परमाणु अड्डों पर इस्राइल के हमले की संभावना को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की।

 

  • शतरंज में भारत के डी गुकेश कनाडा के टोरेंटो में फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में रूस के इयान नेपोमनियाची के साथ मैच बराबर करके शीर्ष स्‍थान पर।

 

——–

लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण का प्रचार तेज हो गया है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। पहले चरण में 17 राज्यों की एक सौ दो लोकसभा सीट और सिक्किम विधानसभा की 32 तथा अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीट पर 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

——–

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपने राजनीतिक लाभ के लिए संविधान का हथियार की तरह इस्‍तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। बिहार में गया के गांधी मैदान में आज जनसभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से लोगों को गुमराह करने के लिए यह झूठ गढ़ा जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी संविधान बदल देगी। उन्‍होंने आश्‍वासन दिया कि कोई भी संविधान नहीं बदल सकता। उन्‍होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संविधान की सच्‍ची भावना को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है और इसके लिए देश में राष्‍ट्रीय संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरु की गई है।

 

हमारा देश ऐसा है जो रामायण में आस्‍था रखता है, महाभारत में आस्था रखता है, गीता में आस्‍था रखता है। वह आज के युग में संविधान के प्रति भी उतनी ही आस्था रखता है लेकिन आपने संविधान का राजनीतिकरण करने की कोशिश की। हमने संविधान के प्रति आस्था पैदा करने के लिए लगातार कोशिश की है। जब पार्लियामेंट मैं ये प्रस्ताव लेकर के आया कि हमने देश में संविधान दिवस मनाना चाहिए। तब कांग्रेस पार्टी के नेता श्रीमान खड़गे जी ने पार्लियामेंट में इसका विरोध किया था।

 

बाद में पूर्णिया में एक अन्‍य रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति करने और सीमांचल पूर्णिया क्षेत्र में अवैध घुसपैठ की अनुमति देकर सुरक्षा के साथ समझौता करने का आरोप लगाया।

——–

प्रधानमंत्री आज शाम असम में गुवाहाटी में भी प्रचार करेंगे। श्री मोदी कल नलबाडी की एक रैली को संबोधित करेंगे।

 

इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोरहाट जिले में एक रोड शो किया। मुख्‍यमंत्री और भाजपा के नेता हिमंत बिस्‍व सरमा भी माजुली में एक बैठक कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बैनर्जी कल सिलचर में प्रचार करेंगी। असम में चौदह लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान होगा।

———

प्रधानमंत्री का आज शाम पश्चिम बंगाल में दो जनसभाओं को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। बालुरघाट रेलवे मैदान में विजय संकल्प यात्रा और रायगंज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

——-

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी पर आतंकवाद को बढावा देने और युवाओं के हाथों में बंदूकें थमाने का आरोप लगाया है। जम्‍मू के पालोउरा में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कश्‍मीरी लोगों, विशेषकर युवाओं से ऐसे दलों के पक्ष में मतदान नहीं करने की अपील की। उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू-कश्‍मीर में विधानसभा चुनाव सर्वोच्‍च न्‍यायालय की ओर से घोषित तारीखों पर ही कराये जाएंगे। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा था कि जम्‍मू-कश्‍मीर में सितंबर 2024 में विधानसभा चुनाव कराये जाएंगे।

———

भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष जे पी नड्डा ने आज तमिलनाडु के रामनाथपुरम् में रोड शो किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि मतदाताओं को देश के विकास के बारे में सोचना चाहिए और इस चुनाव में निर्णायक कदम उठाना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व वाली राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार की सर्वोच्‍च प्राथमिकता भारत को और मजबूत बनाना है।

 

वहीं उत्तरी चेन्‍नई में चुनाव प्रचार में डी एम के नेता और मुख्‍यमंत्री एम के स्‍टालिन ने आज कहा कि लोगों को उनके बेहतर भविष्‍य के बारे में सोचना चाहिए और इसीलिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

———

पाकिस्तान की सीमा से सटा और थार रेगिस्तान में फैला, बाड़मेर संसदीय क्षेत्र, क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान की सबसे बड़ी लोकसभा सीट है। इस संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार जोरों पर है। बाड़मेर में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस संसदीय क्षेत्र के चुनावी परिदृश्य की जानकारी दे रहे हैं  

 

बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा जिलों की कुल आठ विधानसभा सीटों से मिलाकर यह लोकसभा क्षेत्र बना है। 22 लाख 6 हजार से ज्यादा मतदाता वाले इस संसदीय सीट से कुल 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। यहां 18 से 40 साल की आयु के मतदाता सबसे अधिक है, पिछले चुनाव के मुकाबले इस बाहरी संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या ढाई लाख से अधिक बढी है। इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इस संसदीय क्षेत्र पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद कैलाश चौधरी पर फिर भरोसा जताया है, जबकि कांग्रेस ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सहाय उम्मीदा राम बेनीवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोकने से मुकाबला रोचक हो गया है। पिछले चुनाव में भाजपा के कैलाश चौधरी ने कांग्रेस के मानवेंद्र सिंह को 3 लाख 20 हजार से अधिक वोटो से हराया था। अब मानवेंद्र सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। जितेंद्र द्विवेदी आकाशवाणी समाचार जयपुर।

——-

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव, ओडिशा विधानसभा तथा तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में विधानसभा उप-चुनाव के लिए प्रत्‍याशियों की सूची जारी की है। ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 21उम्‍मीदवारों के नामों की घोषणा की गई।

 

वहीं, पार्टी ने महाराष्‍ट्र, पंजाब, उत्‍तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के लिए सात     प्रत्‍याशियों की सूची जारी की।

 

तेलंगाना और उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा उप-चुनाव के लिए भी पांच उम्‍मीदवारों की घोषणा की गई है।

———

वहीं, बहुजन समाज पार्टी- बसपा ने लोकसभा चुनाव के लिए ग्यारह और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

——–

उधर, आम आदमी पार्टी ने पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

——–

केरल उच्च न्यायालय ने चुनाव समाप्‍त होने तक दूरदर्शन पर फिल्म केरल स्टोरी के प्रसारण को स्थगित करने की मांग वाली याचिका आज खारिज कर दी। निर्वाचन आयोग ने इस मामले में हस्तक्षेप करने में असमर्थता जताई, क्योंकि फिल्म पिछले साल मई में रिलीज हुई थी और इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। न्यायालय ने इस तथ्य को भी दर्ज किया कि फिल्म का प्रसारण पहले ही दूरदर्शन द्वारा किया जा चुका था।

———

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि आंकड़ों के विश्‍लेषण और साक्ष्‍य आधारित विकास कार्यक्रमों को लागू करने से सरकार को लोगों के आर्थिक उत्‍थान में तेजी लाने में सहायता मिली है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय आर्थिक सेवा के युवा अधिकारियों का यह कर्तव्‍य है कि वे नए विचारों, विधियों और तकनीक के उपयोग से अपनी कार्यक्षमता बढाएं। राष्‍ट्रपति भवन में आज भारतीय आर्थिक सेवा के परीवीक्षाधीन अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि आर्थिक विकास देश के विकास का महत्‍वपूर्ण भाग है। उन्‍होंने युवा अधिकारियों से नीति संबंधी सुझाव देते समय या अपने कार्यस्‍थल पर कोई निर्णय लेते समय देश के गरीब और पिछडे वर्गों के हितों की बात ध्‍यान में रखने की अपील की।

———-

असम में संदिग्‍ध परेश बरूआ के गुट उल्‍फा के बंदूकधारियों ने आज सुबह अरुणाचल प्रदेश की सीमा से लगे मार्गेरिटा के नामदांग क्षेत्र में असम राइफल्स के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि असम राइफल्‍स का एक जवान घायल हो गया और उन्‍हें ईलाज के लिए विमान से जोरहाट ले जाया गया। असम राइफल्‍स ने भी जवाबी कर्रवाई की लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटना स्‍थल पर पहुंच चुके हैं।

———-

संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2023 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस परीक्षा में आदित्‍य श्रीवास्‍तव पहले स्‍थान पर रहे हैं। वे आईआईटी कानपुर से विद्युत अभियंत्रण में स्‍नातक हैं। वहीं अनिमेष प्रधान दूसरे स्‍थान पर रहे हैं और दोनुरू अनन्‍या रेड्डी तीसरे स्‍थान पर हैं। इस परीक्षा में सफलता प्राप्‍त करने वाले पच्‍चीस शीर्ष उम्‍मीदवारों में दस महिलाएं और पंद्रह पुरुष हैं। आयोग ने नियुक्ति के लिए कुल एक हजार सोलह उम्‍मीदवारों के नामों की अनुशंसा की है। इनमें से छह सौ 64 पुरुष और तीन सौ 52 महिलाएं हैं। इस परीक्षा में छह लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था।

———

परमाणु ऊर्जा संबंधी मामलों की निगरानी करने वाली संयुक्‍त राष्‍ट्र की संस्‍था अंतरराष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरान के परमाणु अड्डों पर इस्राइल के हमले की संभावना को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की है। अंतरराष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रोसी ने इस सिलसिले में अधिकतम संयम बरतने की अपील की। उन्‍होंने बताया कि ईरान ने इस्राइल की ओर से बडे पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका के लिहाज से सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए अपने परमाणु अड्डों को अस्‍थाई तौर पर बंद कर दिया है। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्‍याहू ने ईरान के हमले की प्रतिक्रिया में कार्रवाई पर निर्णय के लिए 24 घंटे से भी कम समय में दूसरी बार अपनी युद्ध मंत्रणा परिषद की बैठक बुलाई है। हालांकि उनकी सरकार ने अभी तक इस सिलसिले में किसी निर्णय की घोषणा नहीं की है।

———

शतरंज में भारत के डी गुकेश कनाडा के टोरेंटो में फिडे कैंडिडेट्स 2024 के दसवें दौर में रूस के इयान नेपोमनियाची के साथ मैच बराबर करके शीर्ष स्‍थान पर बने हुए हैं। इस बीच विदित गुजराती भी आर प्रज्ञानानंद के खिलाफ मैच बराबर करने में सफल रहे।

——–

आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडन गार्डन में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। मैच शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। कल बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 25 रन से हरा दिया।

——–

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्रालय का आकलन है कि वित्त वर्ष 2023-24 में भारत का संपूर्ण निर्यात कारोबार विगत वर्ष के उच्‍चतम रिकॉर्ड को पीछे छोडकर सात सौ 76 दशमलव छह आठ अरब डॉलर के पार चला जाएगा। मंत्रालय ने कहा है कि वित्त वर्ष 2022-23 में देश के निर्यात का आंकड़ा सात सौ 76 दशमलव चार शून्‍य अरब डॉलर रहा था। यह भी कहा गया है कि 2023-24 में आयात का आंकड़ा आठ सौ 54 दशमलव आठ शून्‍य अरब डॉलर रहने का अनुमान है।

——–

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने कहा है कि कल तक गोवा, महाराष्‍ट्र और गुजरात के कुछ हिस्‍सों में लू की स्थिति जारी रहेगी। पूर्वी तट के साथ इस महीने की 18 तक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुद्दुचेरी तथा 20 तारीख तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल में लू की स्थिति बनी रहेगी। कल तक कर्नाटक और केरल तथा अगले दो दिनों तक गुजरात तथा अगले पांच दिनों तक पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और आंध्र प्रदेश में उमस भरी गर्मी रहेगी। इस बीच मौसम विभाग ने इस महीने की 21 तारीख तक पूर्वोत्‍तर भारत और पश्चिम बंगाल में बर्फबारी, बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ मध्‍यम वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए विभिन्‍न राजनीतिक दलों के स्‍टार प्रचारक रैलियां कर रहे हैं।

 

  • प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने बिहार में दो रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के जोरहाट में रोड शो किया।

 

 

  • भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की।

 

  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोगों के आर्थिक उत्‍थान में तेजी लाने में सहायता के लिए आंकड़ों के विश्‍लेषण और साक्ष्‍य आधारित विकास कार्यक्रमों को लागू करने पर जोर दिया।

 

  • संयुक्‍त राष्‍ट्र की परमाणु निगरानी समितिअंतरराष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरान के परमाणु अड्डों पर इस्राइल के हमले की संभावना को लेकर चिंता व्‍यक्‍त की।

 

  • शतरंज में भारत के डी गुकेश कनाडा के टोरेंटो में फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में रूस के इयान नेपोमनियाची के साथ मैच बराबर करके शीर्ष स्‍थान पर।

———-