मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्द अ-सानी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
- भारत और कतर ने रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
- सरकार ने सरकारी वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकरूपता लाने के लिए डिजिटल ब्रांड पहचान नियमावली जारी की।
- यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से रियाद में अमरीका और रूस के बीच वार्ता जारी।
- वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, गुजरात जायंट्स आज मुंबई इंडियंस से खेलेगी।
- एफआईएच प्रो लीग हॉकी में भारतीय पुरुष टीम आज शाम भुवनेश्वर में जर्मनी से और महिला टीम स्पेन से मुकाबला करेगी।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्द अ–सानी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। भारत और कतर ने दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए, जो दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने और दोहरे करों से बचने और आय पर करों से संबंधित हैं। वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कतर के अमीर तमीम बिन हम्द अ – सानी की उपस्थिति में समझौतों का आदान-प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मंत्रियों और कतर के वरिष्ठ अधिकारी सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
संवाददाताओं से बातचीत में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और कतर के बीच ऐतिहासिक संबंधों और सहयोग की अपार संभावनाओं पर चर्चा की गई।
कतर के अमीर का आज सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में एक औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर उपस्थित थे।
—-
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर नई दिल्ली में आज समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में जम्मू-कश्मीर में पुलिस, जेल, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित विभिन्न नए प्रावधानों के कार्यान्वयन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इन नए कानूनों के बारे में जम्मू-कश्मीर के लोगों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
क्योंकि ये नए कानून हैं और कानून का लागू करना एक तरफ, कानूनी की जानकारी भी लोगों को होनी चाहिए। कानूनी की जानकारी लोगों को ज्यादा हो, उसके लिए इलेक्टिड गवर्नमेंट को जो है थोडी सी एफर्ट और करनी होगी। चाहे यूनिवर्सिटीज के लेवल पर है, हमारे कॉलेजिस के लेवल पर हैं, सोशियल या पोलिटिकली असेम्बली में, तो कभी चर्चा हुई और जो हमें करना होगा हम कर लेंगे।
—-
सरकार ने सरकारी वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकरूपता लाने के लिए डिजिटल ब्रांड पहचान नियमावली जारी की। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने नई दिल्ली में नियमावली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री प्रसाद ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महत्वाकांक्षी पहल देश के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगी और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगी।
—-
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने उत्पादों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया है। श्री यादव ने आज नई दिल्ली में अपशिष्ट पुनर्चक्रण और जलवायु परिवर्तन 2025 पर 18वें सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित देश बनने के लिए संसाधनों की बर्बादी कम करने और संसाधन दक्षता को अधिकतम करने पर ध्यान केंद्रित किया जाये।
प्रधानमंत्री जी का जो सर्कुलर इकोनॉमी का जो विजन, जिसको लेकर भी हम चलते हैं। ये वास्तव में हमकों अगर देश को 2047 के हम एक विकसित भारत की कल्पना करते हैं, उसमें जो अपने रिसोर्सिज़ है, उसको मिनिमाइज वेस्ट करें, मेग्जीमाइज़ रिसोर्स एफिशिएंसी की ओर हम ध्यान दें। एक अनुमान भी किया जाता है कि 2050 तक भारत की जो सर्कुलर इकोनॉमी की जो मार्केट वेल्यू होगी, वो लगभग टू ट्रिलियन डॉलर हो सकती है, जो दस मिलियन जॉब्स को भी क्रिएट कर सकती है।
—-
भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक कल नई दिल्ली में होने की संभावना है। बैठक में पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा।
—-
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988-बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। वे संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव भी रहे हैं। वहीं, डॉ विवेक जोशी को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है।
—-
ओडिशा पुलिस ने भुवनेश्वर के एक निजी विश्वविद्यालय में एक नेपाली छात्रा की कथित आत्महत्या के संबंध में मामला दर्ज किया है। इस मामले में विश्वविद्यालय के एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने कहा है कि उनकी सरकार स्थिति पर राजनयिक चैनलों के माध्यम से सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है। इस बीच, नेपाली दूतावास भारत सरकार और ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय के संपर्क में है।
—-
सर्वोच्च न्यायालय ने यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है, जो इंडियाज़ गॉट लेटेंट शो पर उनकी हालिया अनुचित टिप्पणियों के दौरान भारत भर में उनके खिलाफ दायर कई प्राथमिकी के संबंध में है। न्यायालय का आदेश उनके खिलाफ चल रहे विभिन्न मामलों के संदर्भ में आया है। न्यायालय ने इलाहाबादिया और उनके सहयोगियों को आगे के आदेशों तक शो के किसी भी एपिसोड को प्रसारित करने से रोक दिया है और ठाणे पुलिस स्टेशन में पासपोर्ट जमा करने और बिना पूर्व अनुमति के देश न छोडने का निर्देश दिया है।
—-
पंजाब के फरीदकोट में आज सुबह एक निजी बस के नाले में गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। फरीदकोट पुलिस प्रमुख डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच मृतकों में से तीन की पहचान हो गई है। प्राथमिकी दर्ज करके आगे की जांच की जा रही है।
—-
परीक्षा पे चर्चा 2025 के आठवें एपिसोड में आज संघ लोक सेवा आयोग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, संयुक्त पात्रता परीक्षा, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और भारतीय माध्यमिक शिक्षा प्रमाण पत्र परीक्षा के मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों ने कहा कि विद्यार्थी अपने मस्तिष्क में सभी प्रकार की जानकारियों को नहीं संग्रहित कर सकते हैं। ऐसे में उन्हें ऐसे विषयों पर ध्यान देना चाहिए, जो परीक्षा में अक्सर पूछे जाते है। उन्होंने विद्यार्थियों को पिछले वर्ष के प्रश्न पत्र हल करने का भी सुझाव दिया।
सीबीएसई की वर्ष 2022-23 की बोर्ड परीक्षा में अव्वल रही राधिका सिंघल ने कहा कि पाठ्येतर गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पिछले कुछ वर्षों में परीक्षा पे चर्चा एक ऐसे अवसर के रूप में विकसित हुई है जिसका उद्देश्य परीक्षा से संबंधित तनाव को सकारात्मक ऊर्जा में बदलना है।
जब परीक्षाएं नजदीक आती हैं छात्रों के मन में उनके प्रदर्शन को लेकर कई सवाल उठते हैं, जिससे उन्हें तनाव और चिंता महसूस होती है। परीक्षा के इसी दबाव को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में एक अनूठी पहल ‘परीक्षा पे चर्चा‘ की शुरुआत की थी, जिसने छात्रों को तनाव और चिंता से प्रभावी ढंग से निपटने में काफी मदद की। प्रधानमंत्री के साथ–साथ विशेषज्ञ और टॉपर ने भी छात्रों के सवालों समाधान कर उन्हें दबाव में रह कर भी अच्छा करने के लिए प्रेरित किया। हर गुजरते साल के साथ, परीक्षा पे चर्चा छात्रों को यह संदेश देता है कि परीक्षा अंत नहीं बल्कि शुरुआत है।
—-
और अब खबरें महाकुंभ से–
महाराष्ट्र के नासिक से वरिष्ठ अधिकारियों की 20 सदस्यीय टीम 2027 में होने वाले नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ की तैयारी के लिए प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ का अध्ययन करेगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि अवलोकन के बाद महाकुंभ की व्यवस्थाएं, नासिक कुंभ के आयोजन के लिए भी लागू की जाएंगी।
इस दल का नेतृत्व नासिक के मंडलायुक्त प्रवीण गेडम कर रहे हैं। यह दल आज और कल महाकुम्भ में विभिन्न स्थलों का दौरा करेगा और राज्य सरकार के कार्यों का अवलोकन करेगा। इसमें प्रमुख रूप से भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया, यातायात प्रबंधन, घाट तथा नदी जल प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, टेंट सिटी और आवास प्रबंधन का अध्ययन किया जाएगा। उच्च अधिकारी इसके साथ ही कचरा प्रबंधन, पेयजल एवं शौचालय सुविधाएं, अखाड़ों और महंतों के साथ समन्वय समेत प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था का भी अध्ययन करेंगे। मंडलायुक्त प्रवीण गेडम ने कहा कि महाकुम्भ का प्रबंधन अद्वितीय और अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि अध्ययन में सामने आई जानकारी को 2027 में होने वाले नासिक–त्र्यंबकेश्वर कुंभ में लागू किया जाएगा।
—-
उत्तर प्रदेश की उन्नाव जिला जेल में कैदियों को प्रयागराज के महाकुंभ से जल लाकर जेल परिसर में पवित्र स्नान कराया गया। कैदियों को पवित्र स्नान कराने के लिए जेल में बने जल कुंड में त्रिवेणी संगम का पवित्र जल मिलाया गया। कई कैदियों ने इसे अपने जीवन का यादगार पल बताया और जेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
—-
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के आज नौ वर्ष पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में इस योजना की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली फसल हानि और नुकसान से पीड़ित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। इस योजना ने नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने को बढ़ावा देते हुए किसानों की आय को स्थिर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज स्वामी रामकृष्ण परमहंस को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि स्वामी रामकृष्ण परमहंस की ‘मां काली’ के प्रति गहरी भक्ति ने उनके अनुयायियों को काफी प्रभावित किया।
स्वामी रामकृष्ण परमहंस एक ऐसे संत थे, जिन्होंने मां काली के चरणों में अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। वो कहते थे, ये संपूर्ण जगत, मां की चेतना से व्याप्त है। इसी चेतना और शक्ति के एक पूंज को स्वामी विवेकानंद जैसे युग पुरुषों के रूप में स्वामी रामकृष्ण परम हंस ने प्रदीप्त किया था। मैं गुरुदेव राम कृष्ण परमहंस जी को, उनके श्री चरणों में प्रणाम करता हूं।
—-
सऊदी अरब के रियाद में अमरीका और रूस के बीच वार्ता जारी है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और पुतिन के वरिष्ठ सहयोगी यूरी उशाकोव, अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और पश्चिम एशिया के दूत स्टीव विटकॉफ के साथ चर्चा कर रहे हैं। वार्ता का उद्देश्य यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए संभावित शांति समझौते पर पहली बातचीत का मार्ग प्रशस्त करना है।
—-
महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, आज शाम वडोदरा में गुजरात जाएंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। य़े मैच शाम साढे सात बजे से कोटांबी स्टेडियम में खेला जाएगा।
—-
एफआईएच प्रो हॉकी लीग में, आज शाम ओडिशा के भुवनेश्वर में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला जर्मनी से होगा। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। वहीं, भारतीय महिला टीम का मुकाबला स्पेन से होगा। पहला मैच आज शाम सवा पांच बजे खेला जाएगा।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्द अ-सानी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
- भारत और कतर ने रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
- सरकार ने सरकारी वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकरूपता लाने के लिए डिजिटल ब्रांड पहचान नियमावली जारी की।
- यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से रियाद में अमरीका और रूस के बीच वार्ता जारी।
- वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, गुजरात जायंट्स आज मुंबई इंडियंस से खेलेगी।
- एफआईएच प्रो लीग हॉकी में भारतीय पुरुष टीम आज शाम भुवनेश्वर में जर्मनी से और महिला टीम स्पेन से मुकाबला करेगी।