मुख्य समाचार:-
- रेलवे देशभर में 60 रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए स्थायी होल्डिंग क्षेत्र बनाएगा।
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने कहा – भारत ने ठोस रॉकेट मोटर्स के लिए दुनिया का सबसे बड़ा 10 टन का प्रोपेलेंट मिक्सर विकसित किया है।
- पिछले वर्ष जनवरी की तुलना में इस वर्ष जनवरी में भारत के स्मार्टफोन निर्यात में 140 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
- यूरोपीय नेता यूक्रेन संकट को लेकर आपातकालीन बैठक करेंगे।
- और, महिला प्रीमियर लीग में, वडोदरा में आज शाम दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
————————————-
रेलवे ने देशभर के 60 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्थायी होल्डिंग एरिया बनाने की योजना बनाई है। इसके अंतर्गत रेलवे अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए विशेष मौकों पर भीड़ नियंत्रण के लिए कार्य करेगा। एक रिपोर्ट-
मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय पीक सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए लिया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके सुचारू आवागमन की निगरानी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस बीच, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अगले एक सप्ताह तक, शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक, प्लेटफार्म टिकट जारी नहीं किए जाएंगे। यह निर्णय यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। वहीं, प्रयागराज से पवित्र संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी के लिए कल प्रयागराज के विभिन्न स्टेशनों से तीन सौ अडतीस विशेष रेलगाडियां संचालित की गईं। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मुकेश कुमार बल।
————————————-
भारत ने ठोस रॉकेट मोटर के लिए दुनिया का सबसे बड़ा दस टन प्रोपेलेंट मिक्सर विकसित किया है। इस उन्नत प्रणाली का डिजाइन और निर्माण करके इसरो न केवल अपनी तकनीकी विशेषज्ञता को प्रदर्शित करता है, बल्कि “आत्मनिर्भर भारत स्पेस” पहल के तहत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करता है। इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र ने बेंगलुरु में केंद्रीय विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान के सहयोग से तैयार किया है। एक रिपोर्ट-
इसरो ने फिर एक बार हमारे देश का सम्मान बढाने का काम किया है। राकेट से लेकर उपग्रह तक और लॉन्च पैड से लेकर नौका मरूक प्रवेश अनुसंधान तक, इसरो ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। 10 टन सामर्थय वाला वर्टिकल मिक्सर का उत्पादन देश में ही बनाकर उन्होंने दिखा दिया है। इस यंत्र को रिमोट द्वारा चलाया जा सकेगा। रॉकेट ईंधन बनाना इससे काफी आसान सम्भव हो पाएगा। इसके विशालकाया की वजह से रॉकेट ईंधन बनने में भी तेजी आएगी और जितने प्रमाण में मिक्सिंग की जरूरत है, उसी प्रमाण में प्रोपेलेंट उपलब्ध हो पाएगा। सुधींद्रा आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।
————————————-
भारत के स्मार्टफोन निर्यात में पिछले साल जनवरी के मुकाबले 140 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह रिकॉर्ड 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। एक रिपोर्ट-
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में टेक कम्पनियों एप्पल और सैमसंग का महत्वपूर्ण योगदान है। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से जनवरी तक, स्मार्टफोन का कुल निर्यात 1 दशमलव 55 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले साल की इस अवधि से 56 प्रतिशत अधिक है। भारत के बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात को विशेष रूप से स्मार्टफोन क्षेत्र में, सरकार की उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना द्वारा बढ़ावा दिया गया है। यह योजना वैश्विक टेक कम्पनियों को आकर्षित कर रही है। समाचार कक्ष से, आनंद पाठक।
————————————-
कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी आज दो दिन की राजकीय यात्रा पर भारत आ रहे हैं। कतर के शेख प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत करेंगे। उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है, जिसमें मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कतर के अमीर की यात्रा बढ़ती बहुमुखी साझेदारी को और गति प्रदान करेगी।
————————————-
नई दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए। रिक्टर पैमाने पर भूकम्प की तीव्रता चार मापी गई। राष्ट्रीय भूकम्प विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप सुबह पांच बजकर 36 मिनट पर आया, जिसका केंद्र दिल्ली के पास पांच किलोमीटर की गहराई पर था। इससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूकंप के बाद सभी से सुरक्षा सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में नागरिकों को संभावित भूकम्प से सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा कि संबंधित अधिकारी स्थिति पर कड़ी नज़र बनाए हुए हैं।
————————————-
पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लोगों से शांति बनाये रखने, सुरक्षा संबंधी सावधानी बरतने और संभावित झटकों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संचार चैनलों और सोशल मीडिया हैंडल के ज़रिए नियमित अपडेट भी साझा किये जा रहे हैं।
————————————-
उधर, बिहार के सीवान जिले और इसके आसपास के इलाकों में भी आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों के बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4 मापी गई। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
————————————-
असम विधान सभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। यह राज्य की राजधानी दिसपुर के बाहर कोकराझार में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (BTC) विधान सभा कक्ष में हो रहा है। यह पहली बार है जब सत्र राज्य की राजधानी दिसपुर के बाहर हो रहा है। पहले दिन की कार्यवाही दोपहर 12:00 बजे से शुरू हुई। शेष सत्र असम विधान सभा कक्ष दिसपुर में आयोजित किया जाएगा।
बजट 10 मार्च को सदन में पेश किया जाएगा। यह वर्तमान हिमंता बिस्व सरमा-नेतृत्व वाली सरकार का अंतिम पूर्ण बजट सत्र होगा। अगले साल मार्च या अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
————————————-
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और भाजपा के तीन अन्य विधायकों को तीस दिन की अवधि या सत्र जारी रहने तक विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है। आज जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में सरस्वती पूजा के कथित प्रतिरोध के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बयान की मांग की। अग्निमित्रा पॉल के नेतृत्व में भाजपा की महिला सदस्यों ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया। अध्यक्ष बिमान बंदोपाध्याय ने प्रस्ताव को अनुमति दी, लेकिन इस पर चर्चा कराने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सदस्य सदन के बीचोबीच चले गए। इन विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया और विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।
————————————-
भाजपा ने कहा कि इंडियन ओवरसीज कांगेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की चीन को लेकर की गई टिप्पणी भारत की पहचान, कूटनीति और सम्प्रभुता के लिए एक गहरा झटका है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इसी तरह का बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई झड़प के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सैनिकों के लिए अपमानजनक है।
————————————-
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैंक्रो आज यूक्रेन संघर्ष पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, कीर स्टारमर सहित यूरोपीय नेताओं के साथ एक आपातकालीन सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। ऐसा अमरीकी अधिकारियों के सुझाव के बाद हुआ है जिसमें उन्होंने संघर्ष समाप्त करने से संबंधित किसी भी वार्ता में यूरोप की कोई भूमिका न होने की बात की थी। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि राष्ट्रपति मैक्रॉ ने “परामर्श-वार्ता” का आह्वान किया था और वे यूक्रेन के लिए अमरीकी दृष्टिकोण में परिवर्तन और यूरोपीय महाद्वीप की सुरक्षा के लिए संबंधित जोखिमों को संबोधित करेंगे। शिखर सम्मेलन में जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, पोलेंड के प्रधान मंत्री डोनाल्ड टस्क, नाटो महासचिव मार्क रुटे, इटली के प्रधान मंत्री जार्जिया मिलोनी और यूरोपीय संघ के उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा के शामिल होने की संभावना है।
————————————-
इस बीच, यूक्रेन की सेना ने कहा है कि रूस की सेनाओं ने रात भर एक सौ सनतालिस ड्रोन से हमले किए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की वायुसेना ने एक सौ सनतालिस ड्रोन में से 83 को नष्ट कर दिया, जबकि 59 ड्रोन अपने लक्ष्यों तक नहीं पहुंचे। वहीं, रूस की सेना ने कहा कि रूसी सेनाओं ने 90 यूक्रेनी ड्रोन और एक नेपच्यून एंटी-शिप मिसाइल को नष्ट कर दिया। हालांकि, इससे किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
————————————-
चीन ने ताइवान जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले एक युद्ध बेड़े को लेकर कनाडा की आलोचना की है। चीन के सैन्य प्रवक्ता ने शांति की अवहेलना करने और संकट को बढ़ाने का आरोप कनाडा पर लगाया है। उन्होंने आगाह किया कि इस क्षेत्र में किसी प्रकार के खतरे का चीन जवाब देगा। प्रतिक्रिया स्वरूप पेइचिंग ने वायु और नौसैनिक बल तैनात किए हैं।
————————————-
अब खबरें महाकुंभ से।
महाकुंभ देशभर के कारीगरों के लिए एक सुनहरे अवसर के रूप में देखा जा रहा है। पवित्र संगम पर आयोजित इस भव्य आयोजन में छह हजार वर्ग मीटर में फैली एक जिला, एक उत्पाद- ओडीओपी की प्रदर्शनी लगाई गई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि यह प्रदर्शनी स्थानीय लोगों और आने वाले श्रद्धालुओं दोनों के बीच काफी लोकप्रिय रही है।
एक जिला एक उत्पाद पवेलियन में लखनऊ की चिकनकारी, कन्नौज का इत्र, फिरोजाबाद के कांच के खिलौने, रायबरेली के लकड़ी से बने सामान और अन्य हस्तशिल्प उत्पाद प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हमीरपुर के एक दुकानदार मोंटी ने आकाशवाणी समाचार को हस्तनिर्मित सैंडलों की खासियत बताई।
हमारे पास यह सब हेंडी क्राफ्ट होता है और पहनने में बहुत कंफर्टेबल होता है और रेंज बहुत अच्छी होती हैं। बहुत अच्छा अनुभव रहा है, सेल बहुत अच्छा हुआ है यहां पर, लोगों को जानकारी हो रही है हस्तशिल्प की।
वहीं, मथुरा से उर्मिला शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में बेचे जा रहे श्रीकृष्ण के आभूषण और वस्त्र उनके शहर की संस्कृति को दर्शाते हैं।
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट लेकर आई हुई हूं, ओडीओपी में। मेरे प्रोजेक्ट में भगवान के ही सम्बंधित सारे समान है और मेरी सेल भी अच्छी है।
आगंतुक भी पवेलियन में यादगार समय बिता रहे हैं। इस कड़ी में अनुग्रह सिंह ने कहा कि इस प्रदर्शनी से उनका महाकुंभ का अनुभव अधिक आनंदमय हो गया है।
ओडीओपी इसकी सजावट, साज-सजा काफी ठीक-ठाक है, दुकानें यहां पे अच्छी स्टाल लगी हुई है। काफी दूर-दूर से आए हुए हैं ये सब।
‘एक जिला, एक उत्पाद‘ पहल हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने का एक अभूतपूर्व प्रयास है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
————————————-
परीक्षा पे चर्चा 2025 के सातवें एपिसोड में मुक्केबाज और ओलम्पिक पदक विजेता मैरी कॉम, पैरालम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अवनि लेखरा और भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास लालिनाकेरे यथिराज ने परीक्षा के तनाव से निपटने संबंधी उपाय साझा किए। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास लालिनाकेरे यथिराज ने मनोरंजक गतिविधियां की और जीवन की नकारात्मकता से उबरने के लिए एक उपाय साझा किया।
भारतीय निशानेबाज अवनि लेखरा ने विद्यार्थियों से कहा कि अगर वे प्रतिदिन अपना अध्ययन पूरी एकाग्रता से करेंगे तभी वे जानकारी को बनाए रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि श्वांस संबंधी व्यायाम परीक्षा के दौरान हृदय की धड़कन को शांत रखने में मददगार हो सकते हैं।
अगर आज रोज आधा घंटा, एक घंटा पढाई कर रहे हो, एक घंटा पूरा फोकस के साथ करोगे तो आई थिंक आपको वो ज्यादा दिमाग में रहेगा। ब्रीदिंग एक्सरसाइज होती हैं। अगर आप वो करते हो तो आपका जो हार्ट रेट है वो भी थोडी कम होती है और आप एक चीज पर ध्यान दे पाते हो।
परीक्षा पे चर्चा एपिसोड का वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश के खिलाड़ी अपने लचीलेपन, एकाग्रता और जीतने की मानसिकता से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं।
————————————-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “स्ट्रोक की रोकथाम और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. पी शरत चंद्र और न्यूरोलॉजी विभाग, एम्स की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. दीप्ति विभा के साथ संवाद किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
इसके अलावा, श्रोता व्हाट्सएप नंबर 9289094044 पर भी अपने प्रश्न भेज सकते हैं। हैशटैग ऑनएआईआर और एक्स पर भी प्रश्न भेज सकते हैं।
————————————-
महिला प्रीमियर लीग 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।
————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- रेलवे देशभर में 60 रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए स्थायी होल्डिंग क्षेत्र बनाएगा।
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने कहा – भारत ने ठोस रॉकेट मोटर्स के लिए दुनिया का सबसे बड़ा 10 टन का प्रोपेलेंट मिक्सर विकसित किया है।
- पिछले वर्ष जनवरी की तुलना में इस वर्ष जनवरी में भारत के स्मार्टफोन निर्यात में 140 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
- यूरोपीय नेता यूक्रेन संकट को लेकर आपातकालीन बैठक करेंगे।
- और, महिला प्रीमियर लीग में, वडोदरा में आज शाम दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से।
————————————-