मुख्य समाचार:-
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात हुई भगदड़ की उच्च स्तरीय जांच शुरू; मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हुई।
- सरकार ने मृतकों के परिजनों को दस–दस लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को ढाई–ढाई लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में कपड़ा उद्योग के सबसे बड़े आयोजन भारत टेक्स में शामिल होंगे।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जर्मनी के म्यूनिख में कई देशों के विदेश मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज शाम गुजरात जायंट्स का मुकाबला यूपी वॉरियर्स से होगा।
*****
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात हुई भगदड़ की उच्च- स्तरीय जांच शुरू हो गई है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस भगदड़ में 18 लोगों की मौत हुई है। घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है।
भगदड़ की दुखद घटना में 18 लोगों ने अपनी जान गंवाई और 13 लोग घायल हुए। एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है जिसमें पंकज गंगवार, प्रिंसिपल चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर नॉर्दन रेलवे और नरसिंह दास प्रिंसिपल चीफ कामर्शियल मैनेजर, नॉर्दन रेलवे की अगुवाई में दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
दिल्ली पुलिस भी भगदड़ से पहले के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करेगी।
उत्तर रेलवे ने इस घटना में मारे गये लोगों के परिजनों और गंभीर तथा मामुली रूप से घायलों को मुआवजा देने की घोषणा की है।
रेलवे द्वारा मृतकों के परिजनों को दस लाख रूपए, गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई लाख रूपए और मामूली रूप से घायल लोगों को एक लाख रूपए के मुआवजे का ऐलान किया है और मुआवजा वितरित भी किया जा रहा है और जो मृतक दूर क्षेत्रों के रहने वाले हैं उनको डेड बॉडी भेजने के लिए रेलवे का एक स्टॉफ भी उनको अकंपनी कर रहा है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना में मारे गए बिहारवासियों के निकट संबंधियों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
घायलों को नई दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के हेल्पलाइन नम्बर हैं- 987-361-7028 और 011-2350- 1207.
घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रेलमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने शोक व्यक्त किया है।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में कपड़ा उद्योग के सबसे बड़े आयोजन भारत टेक्स में शामिल होंगे।
श्री मोदी इस अवसर पर लोगों को संबोधित भी करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि 17 फरवरी तक चलने वाला भारत टेक्स एक बड़ा वैश्विक कार्यक्रम है।
भारत टेक्स मंच कपड़ा उद्योग का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक आयोजन है। इसमें दो स्थानों पर आयोजित एक मेगा एक्सपो शामिल है, जिसमें कपड़ा तंत्र को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में विशेष नवाचार और स्टार्टअप मंडप भी होंगे। इसमें हैकाथन आधारित स्टार्टअप पिच फिस्ट और इनोवेशन फेस टेक टैंक और डिजाइन जैसी प्रतिस्पर्धाएं भी शामिल होंगी। जो प्रमुख निवेशकों के माध्यम से स्टार्टअप्स को फंडिंग के अवसर प्रदान करेगी। इस एक्सपो में नीति निर्माताओं और विश्व के शीर्ष कारोबारियों सहित 5000 से अधिक प्रदर्शकों 120 से अधिक देशों के 6000 खरीदारों के अलावा बड़ी संख्या में आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। सुपर्णा के साथ पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत न केवल भविष्य के बारे में वैश्विक विचार विमर्श का केन्द्र है बल्कि इन चर्चाओं का नेतृत्व भी कर रहा है। नई दिल्ली में कल एक मीडिया हाउस में आयोजित बैठक में श्री मोदी ने कहा कि भारत को विश्व में एक ऐसा स्थान मिला हुआ है जो पहले कभी नहीं था। उन्होंने कहा कि देश में और वैश्विक मंच पर लोगों में भारत का विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है।
आज दुनिया के बड़े देश हो, दुनिया के बड़े मंच हो भारत को लेकर जिस विश्वास से भरे हुए हैं, पहले कभी नहीं था। यह पेरिस में ए.आई एक्शन समिट के दौरान हुए डिस्कशन में भी रिफलेक्ट हुआ है। आज भारत ग्लोबल फ्यूचर से जुडे व्यूवर्स के सेंटर में है और कुछ चीजों में उसे लीड भी कर रहा है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली के मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम में आदि महोत्सव-2025 का उद्घाटन करेंगी। यह महोत्सव जनजातीय समुदायों की उद्यमिता, हस्तशिल्प, संस्कृति और खान-पान तथा वाणिज्यिक जनजीवन को लोगों से परिचित कराता है।
नौ दिन का यह आयोजन इस महीने की 24 तारीख तक चलेगा।
*****
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जर्मनी के म्यूनिख में कई देशों के विदेश मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इस्रायल के विदेश मंत्री गाइडियन सार ने एशिया, यूरोप और अमरीका को इस्रायल के रास्ते जोड़ने की अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की योजना पर विचार विमर्श किया। एक रिपोर्ट –
इस्रायल के विदेश मंत्री कार्यालय ने कहा कि डॉक्टर जयशंकर और श्री सार ने कल रात म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के क्रम में मुलाक़ात की। दोनों नेताओं ने हूतियों और ईरान द्वारा व्यापार मार्गों पर किए जा रहे हमलों से उत्पन्न चुनौती पर भी चर्चा की। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के साथ एक साझा संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अमरीका और भारत इतिहास के महानतम व्यापारिक मार्गों में से एक के निर्माण के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं। श्री ट्रम्प के अनुसार, यह मार्ग भारत, इस्रायल, इटली और अमरीका से होकर गुज़रेगा। डॉक्टर जयशंकर ने नॉर्वे के वित्त मंत्री और म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के भावी अध्यक्ष जेन्स स्टॉल्टनबर्ग से भी कल म्यूनिख में मुलाक़ात की। दोनों नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। डॉक्टर जयशंकर ने अर्जेंटीना के विदेश और व्यापार मंत्री गेरार्डो वेर्दिन से भी मुलाक़ात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश के साथ-साथ वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक रैस्मुसेन के साथ यूरोप की सुरक्षा चुनौतियों के बारे में चर्चा की। डॉक्टर जयशंकर ने रोमानिया, ऑस्ट्रिया और मंगोलिया के विदेश मंत्रियों से भी मुलाकात की। समाचार कक्ष से अंजुम आलम।
*****
असम विधानसभा का बजट-सत्र पहली बार गुवाहाटी से बाहर कोकराझार में कल से शुरु हो रहा है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के अनुसार, यह प्रयास राज्य में शांति बहाली और लोगों की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। बजट सत्र की शेष कार्यवाही गुवाहाटी विधानसभा में ही होगी। यह सत्र 25 मार्च तक चलेगा।
*****
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आज नए प्रारूप में चेंज ऑफ गार्ड का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी उपस्थित थीं। आम लोग इसे 22 फरवरी से देख सकेंगे। इसमें संगीत और अन्य कार्यक्रम होंगे। समारोह के दौरान राष्ट्रपति के अंगरक्षकों और ब्रास बैंड द्वारा सैन्य ड्रिल का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस आयोजन में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पास विजिट डॉट राष्ट्रपति भवन डॉट जीओवी डॉट इन से लिए जा सकते हैं।
*****
दिल्ली पुलिस आज अपना 78वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर आज किंग्स्वे कैंप के परेड ग्राउंड में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय और दिल्ली पुलिस के आयुक्त संजय अरोड़ा की उपस्थिति में भव्य परेड का आयोजन किया गया।
इस मौके पर गृह राज्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली पुलिस देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल में से एक है और यह अपराध नियंत्रण में मानदंड कायम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस साइबर अपराधों का सक्रियतापूर्वक समाधान कर रही है। श्री राय ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा में दिल्ली पुलिस की भूमिका की सराहना की।
यह बल संगठित अपराध व साइबर अपराध से निपटने तथा महिलाओं की सुरक्षा को बेहतर बनाने हेतु मजबूत स्तंभ के रूप में कार्य कर रहा है। साइबर क्राइम एक चुनौतियां हैं लेकिन दिल्ली पुलिस बड़ी तत्परता से उसमें काम कर रही है।
*****
उत्तरप्रदेश के बाराबंकी जिले में आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक टेंपो ट्रैवलर और बस की भिंडत में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। दोनों वाहन अयोध्या जा रहे थे। सभी मृतक और घायल टेंपो ट्रैवलर में सवार थे। दो घायलों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य चार घायलों का इलाज़ जिला अस्पताल में चल रहा है।
*****
राजस्थान के गाडेपान में, एक उर्वरक संयंत्र के पास अमोनिया गैस के रिसाव से एक सरकारी स्कूल के 16 बच्चे प्रभावित हुए हैं। यह घटना कल सुबह की प्रार्थना-सभा के दौरान हुई। पांच विद्यार्थियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई और पांच विद्यार्थी अस्पताल में भर्ती हैं। छह विद्यार्थियों को उपचार के लिए कोटा के अस्पताल भेजा गया है। स्कूल के दो सौ अन्य विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई है।
*****
मुंबई में आज सुबह ग्यारह मंज़िला भवन में आग लगने से दम घुटने के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह घटना दक्षिण मुंबई के पन्ना अली मैंशन भवन में हुई। घायलों को राजकीय जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
*****
खबरें महाकुंभ से–
उत्तरप्रदेश में प्रयागराज में, आज कुंभ की आस्था एवम् जलवायु परिवर्तन विषय पर एक सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन करते हुए भारतीय संस्कृति में जलवायु संरक्षण के मूल्य की चर्चा की। उन्होंने कहा कि अथर्ववेद में पृथ्वी को माता और इसपर रहने वालों को उसकी संतान कहा गया है। श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वेद सर्वमंगल की कामना करते हैं लेकिन रोज़मर्रा के जीवन में कई बाधाएं आती हैं। उन्होने कहा कि आज की कई समस्याएं जलवायु परिवर्तन के कारण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां अनंत जीवों का पोषण करती हैं और इसे प्रदूषित होने या सूखने से बचाना हम सब का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कार्बन उत्सर्जन कम करने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में केंद्र सरकार की भूमिका की चर्चा भी की।
कार्बन उत्सर्जन और पर्यावरण के प्रदूषण का कारण भी जलवायु परिवर्तन है और जलवायु परिवर्तन का ही कारण हमारी अविरल इस धरती माता की धमनियों के रूप में जिन नदियों को कार्य करना चाहिए था वो सूखती जा रही हैं। अनुमान करिए अगर शरीर की रक्त धनिया सूख गईं तो शरीर की स्थिति क्या होगी और ऐसे ही धरती माता की स्थिति भी है।
*****
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज ओमान की राजधानी मस्कत में आठवें भारतीय सागर सम्मेलन में कहा कि ये सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब पूरा विश्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में परिवर्तन को नए विचारों और सिद्धांतों के अलावा उभरते परिदृश्य से भी समझा जा सकता है। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारतीय सागर क्षेत्र भी इस नियम से अलग नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय सागर सम्मेलन अनेक भागीदारों को एकजुट कर रहा है।
*****
अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतनयाहू के साथ येरूशलम में, गजा संघर्ष-विराम पर चर्चा करेंगे। श्री रूबियो कल तेल अवीव पहुंचे। इससे कुछ ही घंटे पहले संघर्ष विराम समझौते के तहत तीन सौ 69 फलस्तीनी कैदियों के बदले हमास ने इस्राइल के तीन बंधकों को रिहा किया था।
*****
फेसबुक, इन्स्टाग्राम और व्हाट्सऐप के स्वामित्व वाली कंपनी मेटा ने भारत और अमरीका के बीच डिजिटल संपर्क बढ़ाने के लिए समुद्र में 50 हज़ार किलोमीटर केबल बिछाने की घोषणा की है। इस परियोजना को वॉटरवर्थ नाम दिया गया है। मेटा के अनुसार, दुनिया की इस सबसे लंबी समुद्री केबल परियोजना का लाभ ब्राज़ील, दक्षिण अफ्रीका और कुछ अन्य प्रमुख क्षेत्रों को भी मिलेगा।
*****
महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग के तीसरे मैच में आज गुजरात जाएंट्स का मुकाबला यूपी वारियर्स से होगा। यह मैच वडोडरा में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
गुजरात जाइंट्स को पहले मैच में बेंगलुरू ने छह विकेट से हराया था। यूपी वारियर्स की टीम आज के मैच से अपने अभियान की शुरूआत कर रही है।
*****
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में आज कोलकाता में ईस्ट बंगाल का मुकाबला मोहम्मडेन स्पोर्टिंग से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। ईस्ट बंगाल 11वें और मोहम्मडन स्पोर्टिंग अंतिम स्थान पर है।
प्रतियोगिता का लीग चरण 12 मार्च को समाप्त होगा। इस चरण के बाद शीर्ष दो टीमों को सेमीफाइनल में प्रवेश मिलेगा।
*****
प्रो-लीग हॉकी प्रतियोगिता में आज भारत की पुरुष और महिला टीमों के मैच खेले जाने हैं। भुवनेश्वर में महिला टीम का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। भुवनेश्वर में ही भारतीय पुरुष टीम स्पेन से भिड़ेगी। इन मैचों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर भी उपलब्ध होगा।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल रात हुई भगदड़ की उच्च स्तरीय जांच शुरू; मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हुई।
- सरकार ने मृतकों के परिजनों को दस–दस लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को ढाई–ढाई लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में कपड़ा उद्योग के सबसे बड़े आयोजन भारत टेक्स में शामिल होंगे।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जर्मनी के म्यूनिख में कई देशों के विदेश मंत्रियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज शाम गुजरात जायंट्स का मुकाबला यूपी वॉरियर्स से होगा।
*****