Download
Mobile App

android apple
signal

February 15, 2025 3:17 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- केंद्र उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को शामिल करने के लिए सक्रिय कदम उठा रहा है।
  • विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रहृमण्‍यम जयशंकर ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान पर यूक्रेन के विदेश मंत्री से चर्चा की; यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने सार्थक बैठक के लिए आभार व्यक्त किया।
  • केंद्रीय सतर्कता आयोग ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए।
  • उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर दुख व्‍यक्‍त किया।
  • एथलेटिक्स में, गुलवीर सिंह ने बोस्टन में डेविड हेमरी इंविटेशनल मीट में तीन हजार मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए रजत पदक जीता।
  • और, महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज मुंबई इंडियंस का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से वडोदरा में होगा।

 

*************************

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि केन्‍द्र सरकार आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को उच्‍च शिक्षा में शामिल करने के लिए कदम उठा रही है। रांची के मेसरा में आज बिरला इंस्‍टीट्यूट ऑफ टैक्‍नोलॉजी के प्‍लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि भविष्‍य में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस में होने वाली प्रगति और मशीन द्वारा सीखने के कारण बड़े बदलाव नजर आएंगे।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं का जोश और प्रतिबद्धता महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि अन्‍वेषकों और उद्यमियों को परम्‍परागत समुदायों के ज्ञान की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

 

महिलाओं के सशक्तिकरण के बारे में राष्‍ट्रपति ने कहा कि लड़कियां विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित जैसे क्षेत्रों में किसी से पीछे नहीं हैं। राज्‍यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि नये भारत में शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर है।

राष्‍ट्रपति महोदया नारी शिक्षा की प्रेरणा-स्‍त्रोत है। उन्‍होंने विषम परिस्थिति में भी उच्‍शिक्षा ग्रहण की। अपने कार्यकाल के दौरान बालिका शिक्षा और शक्तिकरण हेतु उन्‍होंने राज्‍में स्थित विभिन्‍कस्‍तूरबा गांधी बालिका आभासी विद्यालयों का भ्रमण भी किया। उनकी प्रेरणा से देश की लाखों बेटियां पढ़ने हेतु आगे बढ़ रही है विभिन्‍दीक्षांत समारोह में देखा जा रहा है कि हमारी छात्राएं छात्रों की तुलना में अधिक स्‍वर्ण पदक प्राप्‍कर रही हैं। यह नए भारत की तस्‍वीर है।


हमारी संवाददाता ने बताया है कि इंजीनियरिंग संस्‍थान के छह महीने तक चलने वाले समारोह इस वर्ष 15 जुलाई तक जारी रहेंगे। राष्‍ट्रपति दो दिन के दौरे पर कल रांची पहुंची थीं।

बीआईटी मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिला शिक्षा पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अनुसंधान एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसमें संस्थान के संकाय और छात्रों द्वारा अत्याधुनिक अनुसंधान और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया था। बीआईटी मेसरा के 70वें स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित पूर्वती छात्रों और प्रतिष्ठित पूर्वती शिक्षकों को भी पुरस्‍कारित भी किया गया। इसके साथ ही संस्थान के समृद्ध इतिहास को रेखांकित करती स्थापना दिवस स्मारिका जारी की गई। राष्ट्रपति ने इस दौरान संस्थान का स्मारक पदक भी जारी किया। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची

 

*************************

 

विदेश मंत्री डॉ सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने कल देर रात जर्मनी में म्‍यूनिख सुरक्षा सम्‍मेलन से अलग यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष समाप्‍त करने की दिशा में जारी प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। सोशल मीडिया पोस्‍ट में डॉक्‍टर जयशंकर ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत यूक्रेन में शांति स्‍थापित करने पर केन्द्रित रही। दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने पर भी चर्चा की। यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने सार्थक बैठक के लिए डॉ. जयशंकर का आभार दिया। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री सिबिहा ने कहा कि यूक्रेन शांति स्‍थापित करने में भारत के मजबूत प्रयासों पर विश्‍वास व्‍यक्‍त करता है। उन्‍होंने भारत के साथ व्‍यापार, प्रौद्योगिकी, कृषि और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्‍छा व्‍यक्‍त की।

 

*************************

 

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की का कहना है कि रूस के एक ड्रोन ने बंद पडे चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र के विकिरण रोकथाम केन्‍द्र को काफी क्षति पहुंचाई है। हालांकि, जेलेंस्‍की और संयुक्‍त राष्‍ट्र परमाणु ऊर्जा निगरानी संस्‍था ने पुष्टि की है कि इस घटना के बाद विकिरण का स्‍तर सामान्‍य है। यह हमला ऐसे समय किया गया है जब अमरीका, यूक्रेन और यूरोप के अधिकारी यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बारे में चर्चा के लिए म्‍यूनिख पहुंचे हैं।

 

*************************

 

गजापट्टी में फिलिस्‍तीनी गुट हमास ने पिछले महीने लागू हुए संघर्ष विराम समझौते के तहत आज दोपहर इस्राइल के तीन और बंधकों को रिहा किया । समझौता लागू होने के बाद से छठी बार बंधकों और कैदियों का आदान-प्रदान किया जा रहा है। हमास ने सात अक्‍टूबर 2023 के हमले में इन लोगों को बंधक बनाया था।

 

*************************

 

केन्‍द्रीय सतर्कता आयोग ने 6, फ्लैगस्‍टाफ बंगले के निर्माण और नवीनीकरण में अनियमितता के  आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री के तौर पर इसी बंगले में रहे थे। आयोग ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और रोहिणी से विधायक विजेन्‍द्र गुप्‍ता की शिकायत पर केन्‍द्रीय लोक निर्माण विभाग को जांच के आदे‍श दिए हैं। मीडिया से बातचीत में श्री गुप्‍ता ने कहा कि आयोग ने तथ्‍यों के आधार पर शिकायत का संज्ञान लिया है। उन्‍होंने कहा कि बंगले का वास्‍तविक क्षेत्रफल दो एकड़ से भी कम था, लेकिन साथ लगे बंगलों और टाइप पांच के आठ फ्लैट को खाली कराकर इस बंगले में मिला दिया गया। इसके बाद इस बंगले का क्षेत्रफल बढकर लगभग आठ एकड़ हो गया। उन्‍होंने कहा कि यह पूरा ढांचा ही अवैध है।

जो शीषमहल दिखाई दे रहा है खाली इतना नहीं है, वो उसके साथ वहां पर कहीं टावर बना रहे हैं जो अधूरे पड़े हैं उन पर भी करोड़ों रुपए खर्च हुए हैं। वह टावर जो बन रहे हैं नये उनमें क्‍या होना था, क्‍या बनाया जा रहा था उसकी पूरी जांच होनी चाहिए और इस पर सेंट्रल विजिलेंस कमिश्‍नर ने आदेश दिए हैं सीपीडब्‍ल्‍यूडी को। मैं सीबीसी के इस कदम का स्‍वागत करता हूं। सेंट्रल विजिलेंस कमिश्‍ने इस पर कॉग्निजेंस लिया है इनके खिलाफ सख्‍से सख्‍कार्रवाई होनी चाहिए।

 

*************************

 

केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सी.बी.आई. ने साइबर अपराध से जुड़े एक मामले के सिलसिले में दिल्‍ली और हरियाणा में 11 स्‍थानों पर छापे मारे हैं। छापों में एक करोड़ रूपये की नकदी, एक हजार डॉलर की विदेशी मुद्रा और सोना बरामद हुआ है। सी.बी.आई. का कहना है कि आरोपी, सरकारी अधिकारी बनकर अवैध गतिविधियों और क्रिप्‍टो की धोखाधड़ी में संलिप्‍त थे। ये लोग फर्जी तकनीकी सहायता परामर्श का झांसा देकर देश और विदेश में लोगों को ठगते थे और उनसे क्रिप्‍टोकरंसी के रूप में धनराशि अंतरित करने को कहते थे।

 

*************************

 

केन्‍द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के नेतृत्‍व में केन्‍द्र के एक दल ने कल चंड़ीगढ़ में किसानों की मांगों पर विचार-विमर्श के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। दोनों पक्ष 22 फरवरी को अगले दौर की बात करने पर सहमत हुए।

 

बैठक के बाद श्री जोशी ने मीडिया को बताया कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अगली बैठक में शामिल होंगे।

 

*************************

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नए आयकर विधेयक की जांच के लिए 31 सदस्‍यों की प्रवर समिति का गठन किया है। समिति के सभापति भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा होंगे। समिति अगले सत्र के पहले दिन अपनी रिपोर्ट प्रस्‍तुत करेगी। आयकर विधेयक-2025 बृहस्‍पतिवार को लोकसभा में पेश किया गया था।

 

*************************

 

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में कार और बस की टक्‍कर में दस लोगों की मौत हो गई और 19 अन्‍य घायल हो गए। प्रयागराज के पुलिस आयुक्‍त तरुण गाबा ने बताया कि कार छत्‍तीसगढ़ के कोरबा से प्रयागराज आ रही थी, जबकि यात्रियों से भरी बस प्रयागजराज से वाराणसी जा रही थी।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति दुख व्‍यक्‍त किया है और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की है। राज्‍य के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की है। मुख्‍यमंत्री ने जिला प्रशासन को, घायलों का उचित इलाज कराने का आदेश दिया है।  

 

*************************

 

गुजरात के दाहोद में इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर कल रात एक सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई और छह घायल हो गये। घायलों को निकट के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। प्रयागराज के महाकुंभ से दस श्रद्धालुओं को ला रही एक वैन के लिमखेड़ा के निकट राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकराने से यह दुर्घटना हुई।  

 

*************************

 

जम्‍मू कश्‍मीर में सरकार ने सेवानिवृत न्‍यायाधीश जनक राज कोतवाल के नेतृत्‍व में स्‍थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का कार्यकाल 28 फरवरी तक बढ़ा दिया है। पंचायतों और शहरी स्‍थानीय निकायों में अन्‍य पिछड़ा वर्गों के लिए आरक्षण तय करने के उद्देश्‍य से पिछले वर्ष इस आयोग का गठन किया गया था। आयोग का कार्यकाल 31 दिसम्‍बर 2024 को समाप्‍त हो गया था। आयोग द्वारा इस महीने के अंत तक‍ रिपोर्ट सौंपने की संभावना है। रिपोर्ट सौंपने के बाद जम्‍मू कश्‍मीर में पंचायतों और नगर निगम के लिए चुनाव कराने का रास्‍ता साफ हो जाएगा।

 

*************************

 

भारत के गुलवीर सिंह ने बोस्‍टन में डेविड हेमेरी इंविटेशनल मीट में पुरूषों की तीन हजार मीटर इंडोर दौड में 17 वर्ष पुराना राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड तोडकर इतिहास रच दिया है। सात मिनट अडतीस सैकेण्‍ड में दौड पूरी कर गुलवीर ने न केवल रजत पदक जीता बल्कि उन्‍होंने सुरेन्द्र सिंह के पिछले राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड को तोड दिया। रोमेन लेगेंड्रे ने स्‍वर्ण जबकि मोर्गन बीडलस्‍कॉम्ब ने कांस्‍य पदक जीता। पांच हजार मीटर आउटडोर, दस हजार मीटर आउटडोर और तीन हजार मीटर इंडोर में गुलवीर सिंह के नाम तीन राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड हैं।

 

*************************

 

महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे बडोदरा में मुंबई इंडियंस का मुकाबला दिल्‍ली कैपिटल्‍स से होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में कल रात वडोदरा में ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया था।

 

*************************

 

हॉकी में, एफ.आई.एच. प्रो-लीग के 2024-25वें सीजन में आज भारतीय पुरुष और महिला टीम अपने-अपने मुकाबले खेलेंगी। भुवनेश्‍वर के कलिंग हॉकी स्‍टेडियम में शाम सवा पांच बजे भारतीय महिला टीम का सामना इग्‍लैंड से होगा, जबकि इसी मैदान में शाम साढे सात बजे पुरुष टीम स्‍पेन से खेलेगी।

 

*************************

 

चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथेलेटिक्‍स चैंपियनशिप रांची के बिरसा मुंडा एथेलेटिक्‍स स्‍टेडियम में तीन से पांच मई तक आयोजित की जाएगी। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्रीलंका एथे‍लेटिक्‍स फेडरेशन ने कल यह जानकारी दी। फेडरेशन ने बताया कि चैंपियनशिप में भारत, श्रीलंका, पाकिस्‍तान, बांग्‍लादेश, नेपाल, भूटान और मॉलदीव के खिलाड़ी भाग लेंगे। दक्षिण एशियाई सीनियर एथेलेटिक्‍स चैंपियनशिप की 17 साल बाद वापसी हो रही है।  2008 में अंतिम बार यह टूर्नामेंट आयोजित किया गया था।

 

*************************

 

और अब खबरें महाकुंभ से…..


प्रयागराज में महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को लेकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अगले तीन दिन के दौरान दो हजार दो सौ पचास अतिरिक्त बसें चलाने की घोषणा की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज दोपहर 12 बजे तक 73 लाख से अधिक लोगों ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई है।

महाकुंभ के लिए आज और कल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। इसी क्रम में परिवहन निगम ने यात्रियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि प्रयागराज के विभिन्न अस्थाई बस स्टेशनों पर अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित होगी ताकि बसों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। परिवहन मंत्री ने नोडल अधिकारियों को महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। इस बीच, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन आज और कल बंद रहेगा। आदर्श के साथ अभिषेक कपील आकाशवाणी समाचार प्रयागराज

 

*************************

 

तमिलनाडु और काशी के बीच सांस्‍कृतिक और बौद्धिक संबंधों को प्रोत्‍साहित करने की पहल- काशी तमिल संगमम का तीसरा संस्करण आज से उत्‍तर प्रदेश के वाराणसी में शुरू हो रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री डॉ एल. मुरूगन और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह का उद्धाटन करेंगे।

 

*************************

 

परीक्षा पे चर्चा 2025 की पांचवी कड़ी में विद्यार्थियों को मस्तिष्‍क के चमत्कार के बारे में बताया गया है। प्रसिद्ध आध्यात्मिक नेता सद्गुरु ने सीखने को मनोरंजक बनाने और संतुलित, जीवंत मस्तिष्‍क विकसित करने के बारे में अंतर्दृष्टि साझा की। सद्गुरु ने परीक्षा में ध्‍यान बढ़ाने और उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए एक मजबूत सचेतनता तकनीक की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा के बारे में नहीं है।

 

*************************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- केंद्र उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को शामिल करने के लिए सक्रिय कदम उठा रहा है।
  • विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रहृमण्‍यम जयशंकर ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान पर यूक्रेन के विदेश मंत्री से चर्चा की; यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा ने सार्थक बैठक के लिए आभार व्यक्त किया।
  • केंद्रीय सतर्कता आयोग ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए।
  • उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर दुख व्‍यक्‍त किया।
  • एथलेटिक्स में, गुलवीर सिंह ने बोस्टन में डेविड हेमरी इंविटेशनल मीट में तीन हजार मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए रजत पदक जीता।
  • और, महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज मुंबई इंडियंस का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से वडोदरा में होगा।  

 

*************************