Download
Mobile App

android apple
signal

February 12, 2025 4:20 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो अब से कुछ देर में मार्से में भारत के पहले नए वाणिज्य दूतावास का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे।
  • प्रधानमंत्री का विश्‍व से भारत में निवेश करने और भारत की युवा शक्ति की प्रतिभा पर विश्‍वास करने का आग्रह। पेरिस में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ भारत में डिजिटल प्रणाली पर विस्‍तार से चर्चा की।
  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने संत रविदास जयंती पर शुभकामनाएं दीं।
  • माघ पूर्णिमा के अवसर पर एक करोड़ 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
  • चीन के किंगदाओ में भारत बैडमिंटन एशिया मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा।
  • भारत और इंग्लैंड के बीच तीन एक दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का अंतिम मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ अब से कुछ देर बाद मार्से में भारत के पहले नए वाणिज्य दूतावास का संयुक्‍त रूप से उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि इस यात्रा से भारत और फ्रांस के बीच संबंध और प्रगाढ होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय वाणिज्य दूतावास दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंध और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने 2023 में अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान वाणिज्‍य दूतावास स्‍थापित करने की घोषणा की थी। मुम्‍बई और मार्से इस कॉरिडोर के दो सिरे होंगे और इससे वैश्विक व्‍यापार और सम्‍पर्क में बढ़ोतरी होगी।

फ्रांस में भारतीय राजदूत, संजीव कुमार सिंगला ने मार्से में भारत के नए वाणिज्य दूतावास के उद्घाटन को भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे- की रूपरेखा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री सिंगला ने कहा कि यह दूतावास मार्से में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों के लिए वाणिज्यिदूत संबधी सेवाओं को बढ़ाएगा और क्षेत्र में भारत की रणनीतिक उपस्थिति को मजबूत करेगा।

ये कांसुलेट जो है, दक्षिणी फ्रांस को सर्व करेगा। वहां तकरीबन हमारे 12 हजार लोग हैं, काफी मेजर इंडस्‍ट्रीज़ है वहां, जैसे एयरोस्‍पेस है, कैमिकल्‍स हैं, हैल्‍थ और बायोटैक्‍नोलॉजी के एरियाज़ हैं और इसके अलावा वैसे आप जानते हैं मार्से, फ्रांस का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और मैडिटरेनियन का बड़ा मेजर पोर्ट है।


श्री मोदी और श्री मैक्रों अंतर्राष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टर का भी दौरा करेंगे। यह एक बहुराष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य वैश्विक लाभ के लिए परमाणु ऊर्जा का उपयोग करना है।

दोनों नेता मजारगुएस युद्ध समारक में प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में प्राणों की आहुति देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी पेरिस में उच्च स्तरीय कार्यक्रमों के बाद, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ के साथ मार्से पहुंचे। प्रधानमंत्री के मार्से पहुंचने पर वहां के भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का उत्‍साह और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री से मिलने पर खुशी व्‍यक्‍त की।

मुझे प्रधानमंत्री जी से मिलकर बहुत ही खुशी हुई। यह उनका साउथ ऑफ मार्से का पहला दौरा था। प्रधानमंत्री जी ने हमें धन्‍यवाद भी किया कि हमने इतनी रात तक उनका इंतजार किया। हमारे लिए बहुत ही सुखद अनुभव था। यह मार्से विजिट जो है व्‍यापारिक और ओवरऑल फ्रांस और भारत के रिश्‍ते के लिए बहुत ही अच्‍छा योगदान रहेगा।


अभी मोदी जी से हम मिले, उन्‍होंने बहुत दिल से हमारे सिर पर हाथ रखा, हम उनका वेट कर रहे थे उन्‍होंने बहुत प्‍यार से बोला अभी तक 12 बजे तक हमारा वेट कर रहे हों। मैं गांधीनगर से हूं तो मुझे सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिए। लाइक वो बहुत खुश हो गए और हम भी बहुत खुश हैं उनसे मिलके।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस यात्रा संपन्‍न करने के बाद, राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के निमंत्रण पर अमरीका की दो दिवसीय यात्रा के लिए आज रवाना होंगे।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस-एआई में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। श्री मोदी ने दुनिया से भारत में आकर निवेश करने और भारत की युवा शक्ति पर विश्‍वास करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने पेरिस में एआई एक्शन शिखर सम्‍मेलन में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई से मुलाकात के बाद ये टिप्पणी की।

श्री पिचाई ने इस मुलाकात को आशाजनक बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री पिचाई ने कहा कि एआई द्वारा भारत में लाए जाने वाले अविश्वसनीय अवसरों और उन तरीकों पर चर्चा की गई, जिनसे  भारत के डिजिटल प्रणाली पर मिलकर काम किया जा सकता है।

 

———————————–

 

आज पूरे देश में संत रविदास की जयंती मनाई जा रही है। वे 14वीं सदी के महान संत थे।

राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी से गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को अपनाने और समृद्ध तथा विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि महान संत, कवि और समाज सुधारक गुरु रविदास जी ने जातिविहीन समाज की कल्पना की थी।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द मोदी ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज से भेदभाव उन्‍मूलन के लिए पूरा जीवन लगा दिया था। श्री मोदी ने कहा कि उन्‍होंने सेवा, सहनशीलता और भाइचारे का संदेश दिया।

रविदास जी उस वक्‍त के आंदोलन के महान संत थे, कमजोर और विभाजित हो चुके भारत को नई ऊर्जा दी, रविदास जी ने समाज को आजादी का मकसद भी बताया था और सामाजिक विभाजन को भी पाटने का काम रविदास जी ने समता और समृद्धा की शिक्षा भी दी। मैं देश और दुनियाभर के सभी श्रद्धालुओं को संत रविदास जी की जन्‍म जयंती और माघी पूर्णिमा की हार्दिक बधाई देता हूं। जय गुरू रविदास।

 

———————————–

 

पंजाब में श्री गुरु रविदास जी के 648वें प्रकाशोत्सव पर जालंधर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शहर के सतगुरु रविदास धाम और राज्य के विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धालु मत्था टेकने जा रहे हैं।

इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

 

———————————–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने समाज सुधारक दयानंद सरस्वती की जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने ‘वेदों की ओर लौटो’ का नारा दिया और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को पुनर्जीवित किया।

 

———————————–

 

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा खपत में भारत की हिस्सेदारी 2050 तक लगभग दोगुनी होने की उम्मीद है। इससे ऊर्जा व्यापार में इसका रणनीतिक प्रभाव मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी के साथ, भारत तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता और चौथा सबसे बड़ा ऊर्जा आयातक है।

श्री पुरी ने आज नई दिल्‍ली में आयोजित भारत ऊर्जा सप्ताह के दौरान कई बैठकों में भाग लिया।  इस दौरान ऊर्जा भंडारण और स्मार्ट ग्रिड सहित बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण निवेश की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

 

———————————–

 

आज ग्रेटर नोएडा के भारत एक्‍सपो मार्ट में भारत का सबसे बड़ा वैश्विक टेक्‍सटाइल महोत्‍सव भारत टेक्‍स 2025 शुरू हो गया है। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह को सम्‍बोधित करते हुए कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मादी के नेतृत्‍व में भारत टेक्‍स समारोह में छह हजार से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लिया।

 

———————————–

 

और अब खबरें महाकुंभ से


प्रयागराज के महाकुंभ में आज माघ पूर्णिमा के अवसर पर दोपहर 12 बजे तक एक करोड़ 59 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। इस दिन गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम में स्नान करना शुभ माना जाता है। यह कल्पवास करने के विशेष अनुष्ठान के अंत का भी प्रतीक है। इस भव्य उत्सव में 10 लाख से अधिक कल्पवासी शामिल होंगे। अब तक करीब 47 करोड़ 55 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, और ज्यादा जानकारी के लिए बात करते है हमारे संवाददाता अभिषेक से जो प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर मौजूद हैं।

विश्व के सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन महाकुंभ मेला 13 जनवरी को शुरू हुआ। यहां दुनिया भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

 

———————————–

 

केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज कहा कि भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

अगरतला में केंद्रीय बजट 2025-26 पर एक संवाददाता सम्मेलन में श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों ने देश में लोगों के सामाजिक-आर्थिक स्‍तर को ऊपर उठाया है।

 

———————————–

 

जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास आईईडी विस्फोट में शहीद हुए दो जवानों में सेना का एक कैप्टन भी शामिल था। गश्त के दौरान कल अखनूर सेक्टर के लालेली इलाके में आईईडी विस्फोट में दो जवान शहीद हो गए। घटना के बाद से सेना के जवान तलाशी अभियान में जुटे हैं।

भारतीय सेना ने दोनों वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी वीरता और बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा।

 

———————————–

 

पंजाब पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सीमा सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान में कल अमृतसर के एक सीमावर्ती गांव में नशीले पदार्थों के साथ दो भारतीय तस्करों को पकड़ा है। संदिग्धों की सूचना मिलने पर गांव में नाकाबंदी करके दोनों को गिरफ्तार किया गया।

 

———————————–

 

अयोध्या राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास का आज लखनऊ में निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि प्रभु श्री राम  दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

 

———————————–

 

जानी-मानी फिल्‍म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने आज छात्रों से विफलता के डर की चिंता किए बिना अपनी ताकत पर ध्यान केंद्रित करने और अपनी कमजोरियां दूर करने का आग्रह किया। सुश्री पादुकोण परीक्षा पे चर्चा-2025 के दूसरे भाग के दौरान आज छात्रों के साथ बातचीत कर रही थी।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छात्रों के साथ बातचीत का हवाला देते हुए फिल्म अभिनेत्री ने कहा कि छात्रों को अपनी भावनाओं को व्यक्त करना चाहिए उन्‍हें दबाना नहीं चाहिए।

डिप्रेशन, एन्‍जायटी, स्‍ट्रेस कभी भी किसी को भी हो सकता है। जैसे श्री नरेन्‍द्र मोदी जी ने उनकी किताब एग्‍जाम वॉरियर्स में भी लिखा है एक्‍सप्रेस, नेवर सप्रेस।

 

———————————–

 

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन एक दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का अंतिम मुकाबला आज अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 11  ओवर में 1 विकेट पर 62 रन बनाये।

 

———————————–

 

बैडमिंटन एशिया मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप में भारत ने आज चीन के क़िंगदाओ में मकाउ पर 5-0 से शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

महिला सिंगल्‍स में मालविका बंसोड़ ने हाओ वाई चान पर 21-15, 21-9 से जीत दर्ज कर भारत के लिए बराबरी पक्की कर ली। पुरुष डबल्‍स में एम.आर. अर्जुन और चिराग शेट्टी ने चिन पोन पुई और कोक वेन वोंग को 21-15, 21-19 से हराया। महिला डबल्‍स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने फाइनल में चीन की जोड़ी एनजी वेंग ची और पुई ची वा पर 21-10, 21-5 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के प्रयासों की सराहना की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने पर जोर दिया।

 

———————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो अब से कुछ देर में मार्से में भारत के पहले नए वाणिज्य दूतावास का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे।
  • प्रधानमंत्री का विश्‍व से भारत में निवेश करने और भारत की युवा शक्ति की प्रतिभा पर विश्‍वास करने का आग्रह। पेरिस में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के साथ भारत में डिजिटल प्रणाली पर विस्‍तार से चर्चा की।
  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने संत रविदास जयंती पर शुभकामनाएं दीं।
  • माघ पूर्णिमा के अवसर पर एक करोड़ 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
  • चीन के किंगदाओ में भारत बैडमिंटन एशिया मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा।
  • और भारत और इंग्लैंड के बीच तीन एक दिवसीय अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का अंतिम मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा है।

 

———————————–