मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-भारत गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता में पेरिस समझौते के लक्ष्यों को पूरे करने वाला पहला जी-20 देश है। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से भारत ऊर्जा सप्ताह का उद्घाटन किया।
- प्रधानमंत्री कुछ ही देर में पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-उभरते सुरक्षा परिदृश्यों के लिए नया दृष्टिकोण और मजबूत भागीदारी की आवश्यकता है।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी स्टील और एल्युमीनियम आयातों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की।
- एशिया मिक्स्ड टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 चीन में शुरू।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले एक दशक में भारत 10वें स्थान से बढ़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री ने आज भारत ऊर्जा सप्ताह का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश की गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता तीन गुना बढ़ी है।
आज भारत की बायोफ्यूल्स इंडस्ट्री तेजी से ग्रो करने के लिए तैयार है। हमारे पास 500 मिलियन मैट्रिक टन का सस्टेंनबल फिडस्टॉक है। इंडिया की जी-20 प्रसिडेंसी के दौरान ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस बना और लगातार एक्सपेंड हो रहा है। इसे 28 नेशन्स और 12 इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन्स जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पेरिस समझौतों के लक्ष्यों को पूरा करने वाला पहला जी-20 देश है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल अपनी बल्कि दुनिया की प्रगति में भी योगदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का ऊर्जा क्षेत्र इस उपलब्धि को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री मोदी ने कहा कि आज भारत का जैव ईंधन उद्योग तेजी से बढ़ने के लिए तैयार है। इससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल रही है।
आज भारत 19 पर्सेंट इथेनॉल ब्लेंडिंग कर रहा है। इसे फोरेन एक्चेंज की सेविंग हुई है और सब्सटेंशियल फार्मर रेवेन्यू जनरेट हुआ है साथ ही सीओटू ऐमिशन्स में सिग्नीफिकेंट कट भी आया है। हम अक्टूबर 2025 से पहले ही 20 पर्सेंट इथेनॉल मेंडेट अचिव करने की राह पर है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कि अगले दो दशक विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण होंगे और अगले पांच वर्षों में देश कई प्रमुख उपलब्धियां हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि भारत के कई ऊर्जा लक्ष्य 2030 की समय सीमा के अनुरूप हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक देश है।
बीते दस साल में भारत 10th लार्जेस्ट से फिफ्थ लार्जेस्ट इकोनॉमी बना है। बीते दस वर्षों में हमने अपनी सोलर एनर्जी जनरेशनल कैपेसिटी को 32 टाइम्स बढाया है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सोलर पावर जनरेटिंग नेशन है।
*****
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई और खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन की मांग विश्व की अर्थव्यवस्था और समाज के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। नई दिल्ली में भारत ऊर्जा सप्ताह 2025 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी ही देर में फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता करेंगे। पेरिस में एआई पर महत्वपूर्ण वैश्विक वार्ता की तैयारी जोरों पर है। शिखर सम्मेलन का पूर्ण सत्र अब से कुछ देर बाद शुरू होने वाला है। हमारे संवाददाता ने बताया कि शिखर सम्मेलन में सौ से अधिक देशों के नेता, सीईओ और नागरिक समाज संगठन भाग ले रहे हैं।
एआई एक्शन शिखर सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री महत्वपूर्ण द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। शाम में वे भारत-फ्रांस संबंधों को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मैक्रों के साथ बातचीत भी करेंगे। इसके अतिरिक्त दोनों नेता भारत-फ्रांस सीईओ फोरम की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। उनके द्वारा 2047 के रोडमैप के अनुरूप रक्षा समझौतों सहित महत्वपूर्ण द्विपक्षीय सौदों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी आज शाम मार्सिले भी जाएंगे, जहां वे राष्ट्रपति मैक्रोन के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। एआई शिखर सम्मेलन-2025 से इतर भारत-फ्रांस एआई नीति गोलमेज सम्मेलन का आयोजन भी किया गया। भारत के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद ने इस दौरान मजबूत तकनीकी-कानूनी ढांचे तथा एआई सुरक्षा, अनुसंधान और नवाचार पर घनिष्ठ सहयोग पर बल दिया। गोलमेज सम्मेलन में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग एक प्रमुख विषय था। इसमें स्वदेशी एआई मॉडल बनाने और कुशल एआई को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। पेरिस से राजादुरई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
*****
राज्यसभा में आम बजट 2025-26 पर चर्चा फिर से शुरू हुई। चर्चा में भाग लेते हुए, भाजपा के भागवत कराड ने कहा कि सरकार द्वारा उठाए गए सक्रिय कदमों के कारण राजकोषीय घाटे में शून्य दशमलव चार प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण से लीकेज रोकने में मदद मिली और सरकारी धन की बचत हुई है।
चर्चा में भाग लेते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आने वाले वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
कांग्रेस के चन्द्रकांत हंडोरे ने कहा कि देश की 70 प्रतिशत आबादी के लिए बनाई गई कल्याण योजनाएं पूरी तरह से जमीन पर कार्यान्वित नहीं हो पाई हैं।
*****
सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अब तक सात लाख 72 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई जा चुकी हैं। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बढ़ा है।
इस योजना के अंतर्गत अब तक सात लाख 72 हजार किलोमीटर की सड़कें बनाई गई हैं और एक लाख 63 हजार बसौटों को इससे जोड़ा गया है। अध्यक्ष महोदय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ये संकल्प लिया है कि जो बची हुई सड़कें छुट गई हैं, चाहे फेज़-1 हो, चाहे फेज़-2,3 के अपडेशन का हो, चाहे फेज़-4 जो हम लोग नया लेकर आए हैं, जिसमें हमने ये संकल्प लिया है कि 25 हजार नई बसौटों को हम नई कनेक्टिविटी देने का काम करेंगे।
*****
सरकार ने कहा है किसानों को दी गई मजबूत वित्तीय और तकनीकी सहायता से भारत मछली उत्पादन में दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने यह बात कही।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जब से सरकार बनी तबसे लगभग 126 प्रतिशत की वृद्धि हुई है मछली के उत्पादन में। देश में, विश्व में मछली उत्पादन में दूसरे स्थान पर खड़ा है। 2013-14 में 95.7 लाख टन मछली का उत्पादन इस देश में होता था और 2023-24 में 184.02 लाख टन मछली का उत्पादन हुआ है।
*****
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने आज सरकार को निर्देश दिया कि वह कम से कम समय में भारतीय संविधान की प्रतियां बाजार और अन्य सभी स्थानों पर मूल चित्रों के साथ उपलब्ध करायें। सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि विपक्षी दल भाजपा सदस्य द्वारा उठाए गए मूल मुद्दे की गलत व्याख्या करके राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि कमजोर रहते हुए अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था और शांति सुनिश्चित नहीं की जा सकती। आज बेंगलुरू में एयरो इंडिया शो के दौरान आयोजित रक्षा मंत्री की संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते संघर्षों से दुनिया में और अधिक अनिश्चितता की स्थिति बन रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि उभरते सुरक्षा परिदृश्यों के लिए नया दृष्टिकोण और मजबूत भागीदारी की आवश्यकता है।
*****
खबरें महाकुंभ से-
कल माघी पूर्णिमा पर होने वाले अमृत स्नान से पहले प्रयागराज महाकुंभ में तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवधि के दौरान कल्पवासी संगम के घाटों के पास अस्थायी आवास में रहते हैं। इस वर्ष महाकुंभ में 10 लाख से अधिक लोगों ने कल्पवास किया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को आवश्यक सेवाएं प्रदान करने और प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
माघ मास के दौरान प्रयागराज के संगम के तट पर कल्पवास करने से सहस्त्र वर्षों के तप का फल मिलता है। परंपरा के अनुसार सभी कल्पवासी विधिपूर्वक पूर्णिमा के दिन संगम में स्नान कर कल्पवास का पारण करेंगे। पूजन और दान के बाद कल्पवासी अपने अस्थायी आवास त्यागकर पुन: अपने घर की ओर लौटेंगे। आज सुबह 4:00 बजे से पूरे मेला क्षेत्र में निजी गाडियों का आना-जाना वर्जित रहेगा। इसके अतिरिक्त आज शाम 5:00 बजे से ‘नो व्हीकल जोन’ निर्देश का पूरे प्रयागराज शहर में लागू होगी। इस अवधि के दौरान केवल आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं को ही आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। यह विशेष यातायात योजना कल माघी पूर्णिमा स्नान के समापन तक प्रभावी रहेगी। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक की थी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूदा व्यवस्थाओं का आंकलन किया। अधिकारियों को अतिरिक्त विशेष मेला ट्रेनों और परिवहन निगम की बसों को तैनात करके प्रयागराज रेलवे स्टेशनों पर भीड़भाड को रोकने की भी निर्देश दिए। आकाशवाणी समाचार के लिए प्रयागराज से आदर्श।
उत्तर रेलवे ने बताया है कि प्रयागराज के महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज 93 से अधिक रेलगाडि़यां चलाई जा रही हैं। कल तीन सौ चौंतीस रेलगाडियां चलाई गईं थी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया है कि प्रयागराज के सभी आठ स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से ट्रेन रद्द होने से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम नई दिल्ली में यूनानी दिवस पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन का विषय है “समेकित स्वास्थ्य समाधान के लिए यूनानी चिकित्सा में नवाचार – आगे की राह”।
*****
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्टील और एल्युमीनियम आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। ये शुल्क अमरीका में स्टील और एल्युमीनियम के सभी आयातों पर लागू होंगे। इसमें शीर्ष आपूर्तिकर्त्ता कनाडा और मैक्सिको से आयात भी शामिल है। ट्रम्प ने संकेत दिया कि वे ऑस्ट्रेलिया के लिए छूट पर विचार कर सकते हैं, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया अमरीका में निर्मित विमानों का आयात करता है।
*****
बैडमिंटन एशिया मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप 2025 आज से चीन के चिन-ताओ में शुरू हो गई है। लक्ष्य सेन और मालविका बंसोड़ प्रतियोगिता में भारत का नेतृत्व कर रहे हैं। लक्ष्य सेन, एच एस प्रणॉय के साथ पुरुष सिंगल्स में जबकि मालविका बंसोड़ महिला सिंगल्स में चुनौती पेश करेंगी। सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी पुरुष डबल्स में खेलेगी।
*****
राष्ट्रीय खेल अपने अंतिम चरण में हैं। खिलाडी लगातार नये रिकॉर्ड बना रहे हैं। पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल में आज 6 एथलीटों ने 14 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। इस स्पर्धा में सर्विसेज के सेविन सेबेस्टियन ने स्वर्ण, उत्तराखंड के ओलंपियन सूरज पंवार ने रजत और पंजाब के अमनजोत सिंह ने कांस्य पदक जीता।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-भारत गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता में पेरिस समझौते के लक्ष्यों को पूरा करने वाला पहला जी-20 देश है। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में वर्चुअल माध्यम से भारत ऊर्जा सप्ताह का उद्घाटन किया।
- प्रधानमंत्री कुछ ही देर में पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एआई एक्शन सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा-उभरते सुरक्षा परिदृश्यों के लिए नया दृष्टिकोण और मजबूत भागीदारी की आवश्यकता है।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सभी स्टील और एल्युमीनियम आयातों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की।
- एशिया मिक्स्ड टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 चीन में शुरू।
*****