मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छात्रों को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। परीक्षा के दौरान दबाव और तनाव से निपटने के उपाय भी बताये।
- ‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान छात्रों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री ने समग्र विकास के लिए समय प्रबंधन और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
- प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और अमरीका यात्रा पर रवाना हुए। वे कल पेरिस में एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रयागराज में महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाई।
- और, रक्षा क्षेत्र में भारत की तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए एशिया का सबसे बड़ा एयर शो ‘एयरो इंडिया’ बेंगलुरु में शुरू।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में परीक्षा पे चर्चा के आठवें संस्करण में विद्यार्थियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने समग्र विकास पर बल देते हुए शिक्षा के महत्व का उल्लेख किया। आज जारी एक वीडियो में प्रधानमंत्री ने परीक्षा के दौरान तनाव और चिंता पर काबू पाने के उपायों के बारे में विद्यार्थियों से बात की।
बैट्समैन उस प्रेशर की परवाह नहीं करता। येस सर। उसका पूरा ध्यान उस बॉल पर होता है। अगर आप भी इस प्रेशर को मन में न लेते हुए, अपना ध्यान, आज मैंने इतना पढ़ना तय किया था, ये अगर कर लेते हैं, आप आराम से उस प्रेशर में से भी अपने आपको निकाल सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने पोषण और आरोग्य के महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ रहने के लिए मोटे अनाज और सब्जियां खाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नींद पोषण पर निर्भर है।
पोषण में शरीर की वेलनेस के लिए, फिटनेस के लिए, नींद का बहुत महत्व है और इन दिनों तो पूरा मेडिकल सांइस इस बात पर केन्द्रित हो रहा है कि जो पेशेंट आता है, उसकी नींद कैसी है, कितने घंटे सोता है, ये सारे सवालों का बहुत गहराई से अध्ययन करना।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को परीक्षा के दबाव से तनाव मुक्त होकर तैयारी करने और खुद को चुनौती देते रहने की सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत की।
सर चाहूंगा कि आप हमारा मार्गदर्शन करें कि हम कैसे टेक्नोलॉजी का सदुपयोग कर सकते हैं। आप उस युग में बड़े हो रहे हैं, जिस युग में इतनी बड़ी मात्रा में टेक्नोलॉजी का फैलाव है, प्रभाव है, हर उपयोग और इसलिए टेक्नोलॉजी से भागने की जरूरत नहीं है, लेकिन आपको तय करना होगा कि क्या मैं रील देखता रहता हूं क्या, उसी में समय जाता है क्या मेरा या मुझे इस चीज में रूचि है, उसकी बारिकियों में जाऊं, उसके एनालिसिज में जाऊं, तो टेक्नोलॉजी एक ताकत बनेगी।
मेरा नाम अकांक्षा है और मैं केरला से आई हूं, इतनी बढिया हिन्दी कैसे बोलती हो, क्योंकि मेरे को हिन्दी बहुत अच्छी लगती है। पहले पोयम सुनानी पड़ेगी। इतना शोर है इन बाजारों में, इतना शोर है इन गलियों में, क्यों तू अपनी कलम लेकर बैठा है फिर एक गजल लिखने, फिर इस किताब के पन्नों पर, तो लिखना क्या चाहता है, ऐसा क्या है तेरे मन में, सवालों भरे तेरे मन में, एक स्याही शायद जवाब लिख रही है, फिर क्यों तू आसमान देखता है, ऐसा क्या है इन सितारों में, ऐसा क्या है तेरे मन में। वाह… वाह…।
———————————
तेलंगाना के एक छात्र अलुवेला सैतेजा ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्द प्रेरणादायक हैं और परीक्षा के दौरान उनके लिए मददगार होंगे।
परीक्षा पे चर्चा के इस संस्करण में प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने के लिए सभी राज्यों और केन्द्र-शासित प्रदेशों के लगभग 36 विद्यार्थियों का चयन किया गया था।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस और अमरीका की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को बढावा देना है। राष्ट्रपति मैक्रों के आमंत्रण पर श्री मोदी आज 10 फरवरी से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा पर रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि उनकी यात्रा का द्विपक्षीय खंड राष्ट्रपति मैक्रों के साथ भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के लिए 2047 की जमीनी रूपरेखा पर प्रगति की समीक्षा करने का एक अवसर प्रदान करेगा।
फ्रांस की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आमंत्रण पर अमरीका के दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे।
जनवरी महीने में राष्ट्रपति ट्रंप की ऐतिहासिक जीत के बाद यह प्रधानमंत्री की अमरीका की यह पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री की यात्रा को कवर करने गए हमारे संवाददाता की रिपोर्ट –
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा से प्रमुख क्षेत्रों में भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूती मिलेगी। एआई एक्शन शिखर सम्मेलन में वे नैतिक एआई पर वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। शिखर सम्मेलन में एआई की नींव पर नेताओं की घोषणा की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी वार्ता में महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। मार्सिले में वे फ्रांस में भारत के पहले महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे, जो इस क्षेत्र में भारत की उपस्थिति को बढ़ाने में एक बड़ा कदम है। आईटीईआर परियोजना के लिए उनकी यात्रा स्वच्छ ऊर्जा समाधानों के लिए भारत के प्रयासों को उजागर करती है। ये मुलाकातें उनकी दो दिवसीय अमरीकी यात्रा का मार्ग प्रशस्त करती हैं, जहां व्यापार, रक्षा और ऊर्जा सहयोग केंद्र में होंगे, जिससे भारत-अमरीका संबंध और गहरे होंगे। राजादुरई, की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
———————————
और अब खबरें महाकुंभ से
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। उन्होंने गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के संगम पर पूजा-अर्चना की। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि महाकुंभ मानवता को एकता और आध्यात्मिकता का संदेश देता है।
दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम में, देश-विदेश की प्रमुख हस्तियां, इस पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु, नाव के द्वारा त्रिवेणी संगम पहुंची और साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया। इसके बाद, राष्ट्रपति ने प्रयागराज में अक्षय बट और बड़े हनुमान मंदिर का दर्शन किया। वहीं डिजिटल महाकुंभ अनुभूति केंद्र के माध्यम से, उन्होंने आधुनिक तकनीक के जरिए, महाकुंभ की गहराई को भी समझा। इससे पहले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई थी। 13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ का मेला 26 फरवरी तक चलेगा और अब तक 44 करोड़ से अधिक श्रद्धालु, त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी, समाचार प्रयागराज।
———————————
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज माघी पूर्णिमा स्नान के पहले प्रयागराज रेलवे स्टेशन के प्रबंधन का निरीक्षण किया। संवाददाताओं से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने महाकुंभ के लिए शहर के आठ रेलवे स्टेशनों पर व्यापक प्रबंध किये हैं।
रेल मंत्रालय ने मीडिया की कुछ खबरों को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रयागराज जंक्शन बंद नहीं किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि जिला प्रशासन के अनुसार प्रयागराज संगम स्टेशन इस महीने की 14 तारीख तक यात्रियों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। मंत्रालय ने कहा कि महाकुंभ मेला क्षेत्र के आसपास अन्य आठ स्टेशनों से नियमित और विशेष रेलगाडियां सुचारू रूप से चल रही हैं।
———————————
सार्वजनिक प्रशासन, शासन और नीति निर्माण में नवाचारों पर चर्चा और अन्वेषण के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान-आई.आई.ए.एस और प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग-डी.ए.आर.पी.जी. का भारत सम्मेलन-2025 आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। पांच दिन के सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह कल करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है-अगली पीढ़ी के प्रशासनिक सुधार- अंतिम लक्ष्य तक पहुंचना।
———————————
संसद के दोनों सदनों में आम बजट 2025 पर चर्चा फिर से शुरू हो गई है।
———————————
सरकार ने कहा है कि किसी भी गैर-निष्पादित परिसंपत्ति के मामले में गोल्ड लोन की नीलामी के लिए कड़ी प्रक्रियाएं निर्धारित की गई हैं।
लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि गोल्ड लोन के पुनर्भुगतान के लिए गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों को समान नियमों का पालन किया जाता है।
———————————
सरकार ने आज कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति और पदोन्नति के लिए न्यूनतम योग्यता से संबंधित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मसौदा यूजीसी नियम शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन लाने का प्रयास है।
लोकसभा में एक लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा के हर पहलू में नवाचार, समावेशिता, लचीलापन और गतिशीलता का संचार करना है।
———————————
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि स्वच्छ भारत ग्रामीण अभियान के तहत 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण के बाद 3 लाख बच्चों की जान बचाई गई है। आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत चलाए गए जागरूकता अभियान के कारण शौचालयों के उपयोग के संबंध में 7 करोड़ लोगों के व्यवहार में बदलाव आया है।
2014 से शुरू हुआ, ये स्वच्छता अभियान उसके अंदर 38 पर्सेंट जब तक का टॉयलेट बने हुए थे। उसके बाद पांच साल के अंदर करीब-करीब 100 पर्सेंट तक वहां पर पहुंचा गया है। अभी तक 100 पर्सेंट जो बना है, मगर लास्टटीयर में हमने जो एक अभियान छेड़ा था, उसके अंदर करीब साढ़े तीन लाख जो नए घर बने थे, उनको देने थे, तो उसको भी सिर्फ बीस दिन के अंदर उनको सेंगशन करके उनका भी टॉयलेट बनाने का काम शुरू हुआ है।
———————————
जम्मू-कश्मीर में सरकार ने पर्यटकों की बढ़ी संख्या के बीच सात नये पर्यटन स्थलों पर स्कीइंग की व्यवहार्यता के मूल्यांकन की पहल की है। इनमें चार पर्यटन स्थल कश्मीर में और तीन जम्मू क्षेत्र में हैं।
———————————
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार की मौजूदगी में आज बेंगलुरु में भव्य मेगा एयरो इंडिया शो का उद्घाटन किया। श्री राजनाथ सिंह ने एयरोस्पेस में एशिया के सबसे बड़े शो को रक्षा उत्पादन में हमारी ताकत और लचीलेपन का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एयरो इंडिया देश की औद्योगिक क्षमता और तकनीकी उन्नति को दुनिया के सामने प्रदर्शित करता है और मित्र देशों के साथ संबंधों को मजबूत करता है। उन्होंने स्वदेशीकरण के महत्व और देश के भीतर डिजाइन और विकास को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
एयरो इंडिया के रूप में, आज से भारत में एक और महाकुंभ का प्रारंभ हो रहा है। जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ, आत्मसंधान का कुंभ है तो वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ अनुसंधान का कुंभ है।
———————————
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे मौजूदा धातु शुल्क के अतिरिक्त अमरीका में सभी इस्पात और एल्युमिनियम आयातों पर 25 प्रतिशत का नया शुल्क लगाएंगे। नये शुल्क की घोषणा आज की जाएगी।
———————————
आकाशवाणी अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने पर चर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम में नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के अपर सचिव सुदीप जैन और राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर मोहम्मद रेहान अतिथि होंगे, जो सौर ऊर्जा, इसके लाभों और इससे संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में श्रोताओं के प्रश्नों का उत्तर देंगे।
———————————
थाईलैंड में चल रहे पैरा-तीरंदाजी एशिया कप के महिला कंपाउंड ओपन वर्ग में भारत की सरिता ने स्वर्ण पदक जीता है। सरिता ने आज सिंगापुर की नूर सियाहिदा अलीम पर करीबी मुकाबले में 143-142 से जीत दर्ज की।
वहीं, पुरुषों की W1 श्रेणी में भारत के आदिल मोहम्मद नजीर अंसारी ने आज कांस्य पदक जीता।
———————————
इंडियन सुपर लीग-आईएसएल फुटबॉल में आज भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में ओडिशा एफसी का मुकाबला पंजाब एफसी से होगा। मैच शाम साढे सात बजे से होगा।
———————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छात्रों को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। परीक्षा के दौरान दबाव और तनाव से निपटने के उपाय भी बताये।
- ‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान छात्रों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री ने समग्र विकास के लिए समय प्रबंधन और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
- प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और अमरीका यात्रा पर रवाना हुए। वे कल पेरिस में एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रयागराज में महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाई।
- और, रक्षा क्षेत्र में भारत की तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए एशिया का सबसे बड़ा एयर शो ‘एयरो इंडिया’ शो बेंगलुरु में शुरू।
———————————