मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में चर्चा जारी; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम प्रस्ताव का जवाब देंगे।
- डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने अमरीका से निर्वासित भारतीय नागरिकों पर राज्यसभा में वक्तव्य में कहा – यह एक सामान्य प्रक्रिया है जिसे अंतराष्ट्रीय कानून के तहत किया गया है।
- प्रयागराज में आज आयोजित जनजातीय युवा कुंभ में देशभर से आठ हजार से अधिक जनजातीय युवा हिस्सा ले रहे हैं।
- अमेरिकी डाक सेवा ने चीन और हांगकांग से आने वाले पार्सलों पर रोक लगाने के फैसले को वापस ले लिया।
- और क्रिकेट में, इंग्लैंड ने नागपुर में भारत के खिलाफ पहले वनडे में पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
**********
संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आज राज्यसभा में चर्चा फिर शुरू हुई। भारतीय जनता पार्टी के देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में कई कदम उठाए हैं, जिनमें कृषि उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करना और अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के लोगों की समृद्धि शामिल है।
चर्चा में भाग लेते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने कहा कि गरीबों, महिलाओं और किसानों का कल्याण करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने इस साल के बजट में कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए आवंटित बजट की भी सराहना की।
**********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर आज शाम राज्यसभा में चर्चा का जवाब देंगे। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। दो दिन पहले ही लोकसभा ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया था।
**********
विदेश मंत्री डॉ0 सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने अमरीका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर आज राज्यसभा में बयान दिया।
राज्यसभा में डॉ एस जयशंकर ने कहा कि भारतीयो को अमरीका से भेजे जाने की प्रक्रिया कोई नई बात नही है। इससे पहले भी लोग वापस भेजे जाते रहे हैं। यह एक सामान्य प्रक्रिया है जिसे अंतराष्ट्रीय कानून के अंतर्गत किया गया है। इसे भारत के विरूद्ध कार्रवाई नही समझा जाना चाहिए। डॉ जयशंकर ने कहा कि वर्ष 2009 में 734 लोगों, और 2024 में एक हजार 368 लोगों को वापस भेजा गया था। उन्होंने कहा कि भारत सरकार अमरीकी प्रशासन के सम्पर्क मे है और इसको सुनिश्चित किया जा रहा है भारतीयों नागरिकों के साथ किसी प्रकार का दुव्यवहार न हो। पहले, अमरीका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर विपक्षी दलों के विरोध के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन की कार्यवाही 12 बजे फिर से शुरू होने के बाद विपक्षी दलों ने नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध जारी रखा। ये सदस्य सदन के बीचों-बीच पहुंच गए और इस मुद्दे पर बहस की मांग करने लगे। हंगामा जारी रहने के कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
**********
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने आज अमरीका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि ये प्रदर्शन अमरीका द्वारा भारतीयों को वापस भेजे जाने के तरीके के विरोध में है। उन्होंने कहा कि अमरीका के पास अपने देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वापस भेजने का कानूनी अधिकार है, लेकिन जिस तरह से यह किया गया वह स्वीकार्य नहीं है।
**********
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने आज अमरीका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि ये प्रदर्शन अमरीका द्वारा भारतीयों को वापस भेजे जाने के तरीके के विरोध में है। उन्होंने कहा कि अमरीका के पास अपने देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वापस भेजने का कानूनी अधिकार है, लेकिन जिस तरह से यह किया गया वह स्वीकार्य नहीं है।
**********
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि देश से बाहर पढ रहे भारतीय विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। राज्यसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने युद्ध व त्रस्त क्षेत्रो से स्वदेश लौटे विद्यार्थियों की बेहतरी के लिए कई कदम उठाये हैं, जो युद्धग्रस्त इलाकों से स्वदेश लौटे हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे विद्यार्थियों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और जवाबदेही का रवैया रखती है।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि सरकार संघर्ष वाले देशों से सैकडों छात्र-छात्राओं को स्वदेश लेकर आई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मेडिकल के छात्र और छात्राओे को अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रमों को किसी तीसरे देश में स्थानांतरित करने की अनुमति दे दी है और प्रायोगिक परीक्षाओं की सुविधा भारत में ही उपलब्ध कराई गई है।
**********
सरकार ने कहा है कि डिजिटल भुगतान में धोखाधड़ी के बढ़ते अपराध से निपटने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। राज्यसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई के अनुसार वित्त वर्ष 2022-23 में दो सौ सत्तर करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के 6 हजार 699 मामले और वित्त वर्ष 2023-24 में एक हजार चार सौ सत्तर करोड़ से अधिक राशि के उनतीस हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए। श्री चौधरी ने कहा कि सरकार ने डिजिटल धोखाधड़ी के खतरे से निपटने के लिए कई उपाय किए हैं। इनमें बैंकों को इंटरनेट, मोबाइल बैंकिंग, कार्ड भुगतान आदि जैसे विभिन्न भुगतान चैनलों के लिए सुरक्षा नियंत्रण के एक सामान्य न्यूनतम मानक को लागू करने का निर्देश दिया गया है। श्री चौधरी ने यह भी कहा कि यूपीआई लेनदेन से संबंधित धोखाधड़ी को रोकने के लिए नेशनल पेमेंटस कारर्पोरेशन ऑफ इंडिया मोबाइल नंबरों और उपकरणों के बीच डिवाइस बाइंडिंग, पिन के माध्यम से दो-कारक प्रमाणीकरण, दैनिक लेनदेन की सीमा और उपयोग के मामलों पर सीमाएं निर्धारित की हैं तथा अंकुश लगाया है।
**********
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि सरकार ने देश के जनजातीय गांवों और बस्तियों में संचार के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी प्रमुखता से ध्यान दिया है। वे आज राज्यसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 25 हजार गांवों और बस्तियों में संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
**********
प्रयागराज महाकुंभ में आज जनजातीय सांस्कृतिक समागम 2025 के तहत युवा कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसमें देश भर से आठ हजार से अधिक आदिवासी युवा भाग ले रहे हैं।
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में वर्ष 2025 को जनजातीय गौरव वर्ष घोषित किया गया है। इसी के तहत पांच दिनों तक चलने वाले जनजातीय सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य जनजातीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि दुनिया में जितने भी बदलाव हुए हैं वे युवाओं के कारण हुए हैं। उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि विकसित भारत बनाने की दिशा में काम करें।
ये परदे के पीछे से जो समाज को दिग्भ्रमित करने वाली राष्ट्र, धर्म, संस्कृति विरोधी शक्तियां हैं और उनको पहचानने की आवश्यकता है, पहचान कर हमको सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता, अखंडता के लिए हमको सामूहिक रूप से अपने विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हमें प्रयत्न करने की आवश्यकता है।
इस कार्यक्रम के दौरान सभी जनजातीए युवाओं ने जनजातीए संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में अलग–अलग प्रदेशों के 25 युवाओं को सम्मानित किया जाएगा, जो जनजातीए समाज के लोगों के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। इस जनजातीए सांस्कृतिक समागम के दौरान देशभर के 120 सांस्कृतिक नृत्य दल अपनी प्रस्तुति देंगे। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
**********
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कल हुए शांतिपूर्ण मतदान के बाद सभी ईवीएम को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। निर्वाचन आयोग और पुलिस अधिकारी इनकी निगरानी में तैनात हैं। वोटों की गिनती के लिए 11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। 70 सीटों के लिए छह सौ 99 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला शनिवार को होगा।
**********
परीक्षा पे चर्चा का आठवां संस्करण आठ एपिसोड के एक नए प्रारूप में आयोजित किया जायेगा। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मण्डपम में इस महीने की दस तारीख को आयोजित किया जायेगा। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि कार्यक्रम के नए प्रारूप में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व विद्यार्थियों के साथ बातचीत करेंगे और अपने अनुभव तथा ज्ञान साझा करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 36 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न स्कूलों से किया गया है। परीक्षा पे चर्चा की पहली कड़ी में प्रधानमंत्री विद्यार्थियों के साथ बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, स्वयं, स्वयं प्रभा, प्रधानमंत्री कार्यालय के यूट्यूब चैनल और शिक्षा तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालयों के सोशल मीडिया चैनलों पर किया जायेगा। परीक्षा पे चर्चा एक संवादात्मक कार्यक्रम है जिसमें भारत तथा विदेशों के शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक प्रधानमंत्री के साथ चर्चा करते हैं तथा जीवन को एक उत्सव के रूप में मनाने के लिए परीक्षा के तनावों से उबरने को लेकर सकारात्मक बातचीत करते हैं। इस कार्यक्रम के लिए एक ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा के जरिये छह से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का चयन किया जायेगा। इस वर्ष मंत्रालय को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के साढे तीन करोड़ से अधिक भागीदारों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।
**********
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में एनएच 43 पर आज दो ट्रकों की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन महिलाएं हैं।
**********
मुम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी आज दोपहर में आधे प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। ताजा समाचार मिलने तक 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 410 अंक गिरकर 77 हजार 862 पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी लगभग 50 अंक गिरकर 23 हजार 567 पर आ गया।
**********
अमरीकी डाक सेवा- यूएसपीएस ने बड़े व्यापारिक व्यवधानों की आशंका के बाद चीन और हांगकांग से आने वाले पार्सल को रोकने का निर्णय वापस ले लिया है। मीडिया की खबरों के अनुसार चीन और हांगकांग से आने वाले पैकेज को रोकने का निर्णय अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प द्वारा चीन पर लगाए गए शुल्क का परिणाम था। इन शुल्कों के अलावा ट्रम्प ने कम मूल्य के पैकेज के लिए शुल्क मुक्त छूट में भी कटौती की है। ये पैकेज अधिकतर चीन के ऑनलाइन खुदरा कारोबारियों से आते हैं।
**********
अमरीकी अंतर्राष्ट्रीय विकास एजेंसी – यू.एस.एड. ने घोषणा की है कि प्रत्यक्ष रूप से नियुक्त सभी कर्मचारी विश्वभर में प्रशासनिक अवकाश पर भेजे जाएंगे। इस एजेंसी का विलय विदेश विभाग के साथ करने संबंधी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के आदेशों के बाद यह निर्णय लिया गया है। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि विदेशों में कार्यरत यू.एस.एड. के कर्मचारियों को वापस बुलाने संबंधी इसकी एक संयुक्त योजना है। कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस के आंकडों के अनुसार यूएसएआईडी को दस हजार से अधिक कर्मचारी हैं। इनमें से दो तिहाई हिस्सा साठ से अधिक देशों और क्षेत्रीय मिशनों में विदेशों में कार्यरत हैं।
**********
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला नागपुर में जारी है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक इंग्लैंड ने 11वें ओवर में तीन विकेट पर 77 रन बना लिये हैं। यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा इस मैच से एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे हैं। विराट कोहली को घुटने की चोट के कारण विश्राम दिया गया है।
**********
और अब कुछ अन्य खेल खबरों के साथ हैं निखिल कुमार
विश्व टेबल टेनिस सिंगापुर स्मैश के क्वार्टर फाइनल में आज भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष डबल्स जोड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह का सामना चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी जोड़ी फ्लोरियन बौरासौड और एस्टेबन डॉर से होगा। ये मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शुरू होगा। भारतीय जोड़ी ने कल हांगकांग के वान-चुंग-टिंग और यी-क्वान-टो पर 3-0 की शानदार जीत के बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।
इधर, मुंबई ओपन टेनिस के महिला डबल्स क्वार्टर फाइनल में आज भारत की प्रार्थना थोम्बरे और नीदरलैंड्स की एरियन हार्टोनो की जोड़ी का सामना जापान की नाओ हिबिनो और जॉर्जिया की ओक्साना कलाश्निकोवा की जोड़ी के साथ होगा। महिला सिंगल्स के 16वें दौर में, आज कई अन्य भारतीय खिलाड़ी भी अपनी चुनौती पेश करेंगी। अंकिता रैना का सामना कनाडा की रेबेका मैरिनो से और श्रीवल्ली रश्मिका भामिदिपति का सामना सर्बिया की एलेक्जेंड्रा क्रुनिक से होगा। वहीं, माया राजेश्वरन रेवती कजाकिस्तान की जरीना दियास के साथ खेलेंगी।
और इंडियन सुपर लीग – आईएसएल फुटबॉल में, आज गोवा में एफसी गोवा का सामना ओडिशा एफसी से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से शुरू होगा।
**********
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बंगबंधु स्मारक संग्रहालय को पुलिस की मौजूदगी में कल रात उग्र भीड़ ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह संग्रहालय बांग्लादेश के संस्थापक राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान का निजी आवास था। प्रदर्शनकारी भीड़ ने कल रात साढ़े आठ बजे सबसे पहले संग्रहालय में तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। हमारे संवाददाता ने बताया है तोड़फोड़ और आगजनी घंटों तक जारी रही।
**********
मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। आकाशवाणी समाचार से खास बातचीत में विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने बताया कि अगले 2 दिनों में अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम में गरज के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
**********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में चर्चा जारी; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम प्रस्ताव का जवाब देंगे।
- डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने अमरीका से निर्वासित भारतीय नागरिकों पर राज्यसभा में वक्तव्य में कहा – यह एक सामान्य प्रक्रिया है जिसे अंतराष्ट्रीय कानून के तहत किया गया है।
- प्रयागराज में आज आयोजित जनजातीय युवा कुंभ में देशभर से आठ हजार से अधिक जनजातीय युवा हिस्सा ले रहे हैं।
- अमेरिकी डाक सेवा ने चीन और हांगकांग से आने वाले पार्सलों पर रोक लगाने के फैसले को वापस ले लिया।
- और क्रिकेट में, इंग्लैंड ने नागपुर में भारत के खिलाफ पहले वनडे में पहले एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
**********