Download
Mobile App

android apple
signal

February 5, 2025 3:09 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • दिल्ली की सभी 70 विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत से अधिक मतदान।
  • आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, भाजपा के प्रवेश वर्मा, तथा कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित सहित प्रमुख उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
  • तमिलनाडु के इरोड-पूर्व विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर में भी उपचुनाव जारी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से अमरीका को अलग करने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए।
  • और रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में, मौजूदा चैंपियन मुंबई और हरियाणा के बीच क्वार्टर फाइनल मैच स्‍थल लाहली से कोलकाता स्थानांतरित।

 

*********************

 

दिल्‍ली में सत्‍तर सदस्‍यीय विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। लगभग एक करोड़ 56 लाख से अधिक मतदाता छह सौ 99 उम्‍मीदवारों के चयन के लिए मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और जो शाम छह बजे तक चलेगा।

 

*********************

 

दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत से अधिक मतदान की ख़बर है। सबसे ज्यादा मतदान उत्तर पूर्वी दिल्ली में 39 दशमलव पांच-एक प्रतिशत दर्ज किया गया, शाहदरा में 35 दशमलव आठ-एक प्रतिशत मतदान हुआ। नई दिल्ली जिले में 29 दशमलव आठ-नौ प्रतिशत, उत्तरी दिल्ली में 32 दशमलव चार-चार प्रतिशत और उत्तर पश्चिम में 33 दशमलव एक-सात प्रतिशत मतदान की ख़बर है।

 

*********************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, सर्वोच्‍च न्‍यायालय के मुख्‍य न्‍यायाधीश संजीव खन्‍ना, केंद्रीय मंत्री डॉ० एस जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी सहित कई गणमान्‍य लोगों ने भी मताधिकार का प्रयोग किया। इस चुनाव में कुल छह सौ निन्‍यानवे उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में है। एक रिपोर्ट

 

जिन प्रमुख नेताओं के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा, उनमें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और दिल्ली के मंत्री गोपाल राय, भाजपा के विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी और कैलाश गहलोत शामिल हैं। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, हारून यूसुफ और अलका लांबा भी सियासी रण में हैं। सुचारू मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्‍त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें रैंप, व्हीलचेयर, मेडिकल टीम और क्रेच सेवाएं शामिल हैं। आदर्श की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*********************

 

उधर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के सुचारू संचालन में शामिल मतदान अधिकारियों, सुरक्षा बलों और अन्य के प्रयासों की सराहना की है। आज दिल्ली में वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने कड़े प्रबंध किए हैं। 

 

सारे पोलिंग ऑफिसर्स, सिक्‍योरिटी फोर्स, सारे आरओज, डिप्‍टी कमिश्‍नर और पुलिस सब मेहनत कर रहे हैं। उसी का फल है करीब 12 और 13 हजार से ऊपर रैलीज और सभाएं पिछले एक महीने में दिल्‍ली में हुई, जो छोटी-मोटी घटनाएं हुई, जिनकी शिकायतें हुई उनको इमिजेटली उन पर कार्रवाई हुई। ये निष्‍पक्षता है, हमने उनको हिदायत भी दी हुई है कि सब लोग बिल्‍कुल लेवल प्‍लेइंग फील्‍ड को फेयर प्‍ले को सुनिश्चित करेंगे और सबसे पुन: अपील है कि जरूर-जरूर वोट दें।

 

*********************

 

दिल्‍ली के उपराज्‍यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने राजधानी के मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के महोत्‍सव में भाग लेने के लिए मतदान अवश्‍य करें। श्री सक्‍सेना ने कहा कि वोट उनकी वाणी है। मतदान, दिल्‍लीवासियों को उनकी आशाओं के अनुरूप राजधानी का स्‍वरूप प्रदान करने का अधिकार देता है।

 

ये लोकतंत्र का पर्व है। आप पांच साल के लिए अपनी बागडोर किसी को सौंपते हैं, तो इसलिए जो हर नागरिक जो वोटर हैं वोट करना जरूरी है। मैं समझता हूं दिल्‍ली की जनता बढ़चढ़कर वोट करेगी और अपनी सरकार चुनेगी। आपके वोट से ही निर्धारित होता है कि आप क्‍या चाहते हैं अपनी सिटी में, अपने स्‍टेट में। आज का दिन ड्यूटी का दिन है, छुट्टी का दिन नहीं है।

 

*********************

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का आधार है और यह ऑक्‍सीजन का काम करता है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डालने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि मतदान सभी अधिकारों का मूलमंत्र है और इससे बड़ा कोई अधिकार नहीं है।

 

मतदान सब अधिकारों की जननी है। इससे सर्वोपरि कोई अधिकार नहीं है। प्रजातंत्र का महत्‍व तब है, जब हर व्‍यक्ति अपना मतदान विवेकपूर्ण तरीके से, स्‍वतंत्रता से और देश के लिए करें। इसी से प्रजातंत्र फलता है, विकसित होता है, जो व्‍यवस्‍था की जा रही है चुनाव आयोग के द्वारा सरलता से, विश्‍व इसका कायल है।

 

*********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें।

 

*********************

 

उत्तरप्रदेश की मिल्कीपुर और तमिलनाडू की इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर उप-चुनाव के लिए मतदान जारी है। मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर दोपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत से अधिक वहीं, इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर 42 प्रतिशत से अधिक मतदान की ख़बर है।

 

इन दोनों सीटों पर वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी।

 

*********************

 

अब खबर महाकुंभ से

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रयागराज के महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि संगम पर स्नान करना दिव्य जुड़ाव का क्षण है। उन्होंने कहा कि इसमें भाग लेने वाले करोड़ों अन्य लोगों की तरह वे भी भक्ति की भावना से भर गए। श्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि मां गंगा देशवासियों को शांति, ज्ञान, अच्छे स्वास्थ्य और सद्भाव का आशीर्वाद देंगी। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नाव की सवार होकर त्रिवेणी संगम पहुंचे। मंत्रोच्‍चार के बीच उन्‍होंने त्रिवेणी संगम में आस्‍था की डुबकी लगाई।  इसके बाद गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के संगम त्रिवेणी घाट पर पूजा-अर्चना की। भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और उसे संरक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री ने तीर्थ स्थलों पर बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री पिछले साल दिसंबर में प्रयागराज आए थे और उन्‍होंने साढे पांच हजार करोड़ रुपये की 167 परियोजनाओं की सौगात दी थी। यह मेला 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक चलेगा और अब तक 39 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्‍नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार,  प्रयागराज।    

 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी आज महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाई।  सोशल मीडिया पर पोस्‍ट में श्री रिजिजू ने सभी श्रृद्धालुओं से मेला प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया क्योंकि इसमें आने वालों की कुल संख्या अभूतपूर्व और अकल्पनीय है।

 

*********************

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में आज दूसरे दिन भी जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे हैं। गृह मंत्री की अध्यक्षता में कल शुरू हुई बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 

पिछले महीने हुई समीक्षा बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति अपनाने और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने के लिए समन्वित तरीके से काम करने का निर्देश दिया था।

 

*********************

 

लीबिया स्थित भारतीय दूतावास के प्रयास से कई सप्ताह तक बेनगाजी में फंसे रहने के बाद 18 भारतीय आज स्‍वदेश लौट रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये लोग काम की तलाश में लीबिया गए थे और कई सप्ताह तक वहां फंसे रहे। उन्होंने कहा कि दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर भारतीय श्रमिकों के यात्रा दस्तावेज तैयार कराने में सहायता प्रदान की।

 

*********************

 

महाराष्‍ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने नाइजीरिया के एक नागरिक के पास से 26 लाख 18 हजार रूपए की कीमत के मदाक पदार्थ जब्‍त किए हैं। पुलिस को यह भी खबर मिली है कि वो भारत में अवैध रूप से रह रहा था।

 

*********************

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद- यूएनएचआरसी से अमरीका को अलग करने के कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। इसमें अमरीका द्वारा संयुक्त राष्ट्र के माध्‍यम से फलस्‍तीनी शरणार्थियों को भविष्य में किसी भी तरह के आर्थिक सहयोग पर प्रतिबंध रहेगा। एक रिपोर्ट –

 

राष्ट्रपति ट्रम्प ने अमेरिका को संयुक्त राष्ट्र की शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन- यूनेस्को में भी अपनी भागीदारी की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया, जो राष्ट्रों के बीच संस्कृति और इतिहास को पुल-निर्माण तंत्र के रूप में उपयोग करता है। कार्यकारी आदेश में कहा गया है कि अमरीका ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद संयुक्त राष्ट्र की स्थापना में मदद के लिए भविष्य के वैश्विक संघर्षों को रोकने और अंतर्राष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा को बढ़ावा देने की घोषणा की थी। हालांकि इसमें कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र की कुछ संस्थाएँ और एजेंसियां इस मिशन से भटक गई हैं। कार्यकारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यूएनआरडब्लूए ने अपने को लगातार यहूदी और इजरायल-विरोधी दर्शाया है। श्री ट्रम्प ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान यूएनआरडब्ल्यूए को धन मुहैया कराने पर रोक लगा दी थी। समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।  

 

*********************

 

रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में, मौजूदा चैंपियन मुंबई और हरियाणा के बीच क्वार्टर फाइनल मैच स्‍थल को लाहली से कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया है। यह मैच अब 8 से 12 फरवरी तक ईडन गार्डन्‍स में खेला जाएगा। हालांकि, स्थल परिवर्तन के लिए कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने पुष्टि की है कि उन्हें स्थल परिवर्तन के बारे में बीसीसीआई से सूचना मिली है।

 

*********************

 

सेंसेक्स में आज दोपहर बाद के कारोबार में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स एक सौ 68 अंक गिरकर 78 हजार 4 सौ 16 पर और निफ्टी-50 23 हजार 7 सौ 40 पर था।

 

*********************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • दिल्ली की सभी 70 विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत से अधिक मतदान।
  • आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, भाजपा के प्रवेश वर्मा, तथा कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित सहित प्रमुख उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
  • तमिलनाडु में इरोड-पूर्व विधानसभा सीट और उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से अमरीका को अलग करने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए।
  • और रणजी ट्रॉफी क्रिकेट में, मौजूदा चैंपियन मुंबई और हरियाणा के बीच क्वार्टर फाइनल मैच स्‍थल लाहली से कोलकाता स्थानांतरित।

 

*********************