मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे।
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-सरकार कृषि क्षेत्र में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।
- दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- अमरीका के शुल्क प्रभावी होने के बाद चीन ने भी अमरीकी वस्तुओं पर टैरिफ की घोषणा की।
- भारत, वर्ष 2025 के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में तीन करोड़ 76 लाख 40 हजार डॉलर का योगदान देकर बकाया राशि का समय पर भुगतान करने वाले सम्मानित देशों की सूची में शामिल हुआ।
- भारत की अंकिता रैना मुंबई ओपन टेनिस के महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। श्री मोदी के शाम पांच बजे सदन में जवाब देने की उम्मीद है। लोकसभा में कल धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई।
———-
चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण के दावों के बावजूद यह सरकार कथित तौर पर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल रही है। सपा नेता ने महाकुंभ की घटना का मुद्दा भी उठाया और प्रयागराज में भीड़ को संभालने में उत्तर प्रदेश सरकार पर चूक का आरोप लगाया।
चर्चा में भाग लेते हुए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के नेता और सांसद सौगत राय ने कहा कि विनिर्माण के मामले में भारत कई देशों से पीछे है और इस कमी को दूर करने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार को मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत पिछले 10 वर्षों में क्या हासिल हुआ है, इस पर तथ्य और आंकड़े पेश करने चाहिए।
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पी.वी. मिधुन रेड्डी ने चर्चा के दौरान पोलावरम सिंचाई परियोजना का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से परियोजना की क्षमता को कम किए बिना निर्माण करने का आग्रह किया।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने अभिभाषण के दौरान जो कहा है, लोगो का ध्यान उस पर केंद्रित होना चाहिए, लेकिन अधिकांश विपक्षी सदस्य विषय से अप्रासंगिक मुद्दों पर बात कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तय समय सीमा के भीतर 3 करोड़ “लखपति दीदी” बनाने का लक्ष्य रखा है। चर्चा अभी जारी है।
———-
राज्यसभा में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा फिर से शुरू हुई। चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बंसीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में भारत विकास और समृद्धि के पथ पर उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रहा है। श्री गुर्जर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से सरकार जिस तरह से काम कर रही है, उससे विकसित भारत का लक्ष्य तय समय में पूरा हो जाएगा। उन्होंने सरकार की कई योजनाओं के बारे में बात की, जिनका लाभ जमीनी स्तर पर लोगों को मिल रहा है।
———-
संसद में चल रही कार्यवाही :-
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। उनकी यह टिप्पणी आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान आई, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र के कृषि विभाग में 5 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सुप्रिया सुले ने कथित घोटाले के बारे में महाराष्ट्र के एक मंत्री और एक विधायक द्वारा दिए गए बयानों का हवाला दिया।
श्री चौहान ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि यह पहली बार है जब वह इसके बारे में सुन रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसके बारे में उन्हें फिल्हाल कोई जानकारी नही है लेकिन अगर कोई अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी जांच अवश्य होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
———-
कृषि मंत्री ने कहा कि यह संतोष की बात है कि भारत दुनिया में खोपरा उत्पादन में प्रथम देश बन गया है और सरकार खोपरा को प्रभावित करने वाली बीमारियों पर नियंत्रण रखने के लिए पर्याप्त उपाय कर रही है।
“आईसीआर ने भी लगातार ये प्रयत्न किए हैं कि जो अलग-अलग प्रकार की बिमारी। नारियल के पाम ट्री के ऊपर जो आती है उस पर शोध किया जाए। केरल विश्वविद्यालय द्वारा, बाईएसआर बागवानी विश्वविद्यालय द्वारा भी नई फसलें विकसित की गई हैं। केरल हो, कर्नाटक हो या तमिलनाडु हो, जब ऐसी बिमारियां आती हैं, तो हम लगातार प्रयत्न करते हैं कि बिमारियों का नियंत्रण भी किया जाए और किसानों को सहायता भी दी जाए।“
———-
सरकार ने कहा है कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत पूरे देश से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। राज्यसभा में आज पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि अब तक सरकार ने देश के लगभग 743 जिलों में विभिन्न पदों पर इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षु के रूप में नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि पायलट योजना की शुरुआत से लेकर अब तक कई भागीदार कंपनियों ने 1 लाख 27 हजार इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए हैं और 28 हजार से अधिक लोगों ने यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है और वर्तमान में इंटर्नशिप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल जनवरी से शुरू हुए दूसरे चरण में 80 कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में इंटर्नशिप के अवसर प्रदान कर रही हैं।
———-
दिल्ली में कल 70 सदस्यों वाली विधानसभा चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
एक करोड़ 56 लाख से अधिक मतदाता 6 सौ 99 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतगणना शनिवार को होगी। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए 1 लाख 80 हजार से अधिक कर्मियों को तैनात किया है। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 220 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, ड्रग्स, मुफ्त उपहार और कीमती धातुओं को जब्त किया गया है। यह वर्ष 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग चार गुना वृद्धि को दर्शाता है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
———-
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान उसकी छवि खराब करने के लिए बार-बार जानबूझकर दबाव की रणनीति अपनाई जा रही है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार पर आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा बार-बार किए गए हमले के बाद आयोग की यह टिप्पणी आई है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में आयोग ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रत्येक मामले में एक लाख 50 हजार से अधिक कर्मियों द्वारा कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी निष्पक्ष तरीके से और निर्धारित मानक प्रक्रिया के भीतर काम कर रहे हैं।
———-
दिल्ली पुलिस ने आज दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी उम्मीदवार आतिशी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के कथित आरोप में मामला दर्ज किया। यह मामला नई दिल्ली के गोविंदपुरी थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस का आरोप है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के सहयोगियों द्वारा मतदाताओं को धमकाने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाके का दौरा किया।
———-
दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी लाइनों पर प्रातः 4 बजे से शुरु हो जाएंगी। सभी लाइनों पर सुबह 6 बजे तक ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी। उसके बाद दिनभर ये सेवाएं नियमित रूप से चलेंगी।
———-
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने दुनिया भर में आतंकवाद और बड़े संघर्षों की चुनिंदा आलोचना की निंदा की है। नई दिल्ली में आज एक कार्यक्रम में डॉ. जयशंकर ने कहा कि दुनिया इस समय दो बड़े संघर्षों का सामना कर रही है। इन संघर्षों को अक्सर सैद्धांतिक मामलों के तौर पर पेश किया जाता है, लेकिन इन सिद्धांतों को चुनिंदा और असमान तरीके से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व और पश्चिम में स्थित पड़ोसी देशों के लिए अलग-अलग मानक लागू किए गये हैं।
———-
चीन ने अपने यहां तैयार उत्पादों पर शुल्क वृद्धि के अमरीकी सरकार के फैसले के खिलाफ अमरीकी उत्पादों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने जवाबी उपायों की घोषणा की है, जिनमें अमरीका से कोयले और तरलीकृत प्राकृतिक गैस के आयात पर 15 प्रतिशत कर शामिल है। कच्चे तेल, कृषि मशीनरी, पिकअप ट्रक और बड़े इंजन वाली कारों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा। इसके अलावा चीन ने अमरीकी टेक कंपनी गूगल के खिलाफ जांच शुरू करने की भी घोषणा की है।
———-
भारत, इस वर्ष के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में तीन करोड़ 76 लाख 40 हजार डॉलर का योगदान देकर समय पर अपने बकाया का पूर्ण भुगतान करने वाले सम्मानित 35 सदस्य देशों में शामिल हो गया है। यह योगदान पिछले महीने की 31 तारीख को किया गया था।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेश के प्रवक्ता श्री स्टीफन दुजारिक ने कल एक दैनिक प्रेस वार्ता के दौरान समय पर किये गए भारत के योगदान को स्वीकार किया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने भी भारत की विश्वसनीयता की प्रशंसा की।
———-
खबरें महाकुंभ से :-
भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने आज प्रयागराज के महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाई। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि महाकुंभ के आध्यात्मिक आयोजन में भारी आस्था देखी जा रही है और देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान कर रहे हैं।
“देश और विदेश की प्रमुख हस्तियां, गंगा, यमुना और सरस्वती नदी के इस पवित्र, त्रिवेणी संगम पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। भूटान नरेश आज सुबह प्रयागराज पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ त्रिवेणी संगम पर आरती की। उन्होंने संगम घाट पर नाव की सवारी की और साइबेरियन पक्षियों को भी दाना डाला। इसके अलावा उन्होने प्रयागराज में अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर का दर्शन किया। वहीं डिजिटल महाकुंभ अनुभूति केंद्र के माध्यम से, आधुनिक तकनीक के जरिए, महाकुंभ की गहराई को भी समक्षा। भूटान नरेश का यह दौरा, भारत-भूटान की मित्रता एवं सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मेले की शुरुआत 13 जनवरी हो हुई थी और अब तक 38 करोड़ से अधिक श्रद्धालु, त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी, समाचार प्रयागराज। “
———-
आज विश्व कैंसर दिवस है। नई दिल्ली स्थित एम्स के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. एम. डी. रे ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि कैंसर एक लाइलाज बीमारी है। उन्होने कहा कि लोगों को अपने स्वास्थ्य की नियमित रूप से जांच करवाते रहना चाहिए और कैंसर से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाने चाहिए।
“आज वर्ल्ड कैंसर डे। मैं यही बोलना चाहता हूं, कैंसर इज अ प्रिवेंटेबल इवेनडिजी। कैंसर का जो मोस्ट कॉमन कॉज है, वो तम्बाकू रिलेटिड प्रोडक्ट होता है, जैसे सिगरेट, स्मॉकिंग, एल्कोहल एंड पॉल्यूशन, बेड लाइफ स्टाइल। कैंसर ठीक भी हो सकता है। कैंसर अगर ठीक टाइम पर डिटेक्ट हो। सो देन कैंसर में कोई डरने की बात नहीं है। वी केन फाइट द कैंसर एंड कैसर शुड बी अंडर आवर कंट्रोल, नोट वी शुड बी अंडर कैंसर कंट्रोल।“
———-
मुंबई ओपन टेनिस 2025 में, भारत की अंकिता रैना हमवतन वैष्णवी अडकर को हराकर महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। प्री-क्वार्टर फाइनल में कल उनका सामना कनाडा की रेबेका मैरिनो से होगा।
———-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे।
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-सरकार कृषि क्षेत्र में अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।
- दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- अमरीका के शुल्क प्रभावी होने के बाद चीन ने भी अमरीकी वस्तुओं पर टैरिफ की घोषणा की।
- भारत, वर्ष 2025 के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में तीन करोड़ 76 लाख 40 हजार डॉलर का योगदान देकर बकाया राशि का समय पर भुगतान करने वाले सम्मानित देशों की सूची में शामिल हुआ।
- भारत की अंकिता रैना मुंबई ओपन टेनिस के महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
———-