Download
Mobile App

android apple
signal

February 3, 2025 3:38 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। विपक्षी सांसदों ने महाकुंभ घटना पर चर्चा की मांग करते हुए संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को लुभाने के प्रयास में जुटे हैं।
  • चुनाव आयोग ने मतदान के दिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल पर रोक लगाई।
  • इसरो ने कहा- नेविगेशन सैटेलाइट एनवीएस 02 में तकनीकी खराबी। सैटेलाइट को फिर से चालू करने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
  • भारतीय-अमेरिकी गायिका चंद्रिका टंडन ने एल्बम ‘त्रिवेणी’ के लिए बेस्ट न्यू एज, एम्बिएंट श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार जीता। गायिका बेयोंसे को काउ बॉय कार्टर के लिए सर्वश्रेष्ठ कंट्री एल्बम का पुरस्कार मिला।
  • और उत्‍तराखण्‍ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में कर्नाटक के 15 वर्षीय जोनाथन गेविन एंटनी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। 

 

*******************

 

लोकसभा में संसद के संयुक्त सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा शुरू हो गई। भारतीय जनता पार्टी के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने धन्‍यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं को सूचीबद्ध किया।

 

श्री बिधूडी ने कथित रूप से राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी विभिन्न केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं करने के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार की आलोचना की। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली सरकार लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य देखभाल, आवास और अन्य सुविधाओं से वंचित कर रही है।

 

*******************

 

राज्यसभा में भी संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है।

 

भारतीय जनता पार्टी की किरण चौधरी ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। भाजपा सदस्य ने कहा कि विपक्ष सरकार के खिलाफ कृषि क्षेत्र के लिए किए गए कार्यों को लेकर गलत अभियान चला रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों को उनकी उपज के लिए अधिक आय सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश इस समय सही मायनों में विकसित भारत बनने की ओर बढ़ रहा है। राज्‍यसभा में चर्चा जारी है।

 

*******************

 

इससे पहले, संसद के दोनों सदनों में महाकुंभ भगदड की घटना पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी प‍ार्टियों ने सदन से आज वॉकआउट किया।   

 

आज सुबह जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्षी पार्टियों ने प्रयागराज के महाकुंभ में खराब प्रबंधन को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकसभा और राज्‍यसभा की संयुक्‍त बैठक के अपने अभिभाषण में राष्‍ट्रपति ने महाकुंभ के बारे में बताया। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव की चर्चा के दौरान सदस्‍य अपने विचार रख सकते हैं।

 

महामहिम राष्‍ट्रपति जी ने कुंभ के बारे में भी चर्चा की है। इसलिए आप जब महामहिम राष्‍ट्रपति जी के अभिभाषण के अंदर जब अपने विषय को रखे तो वो विषय भी आप रख सकते हैं। प्रश्‍नकाल सबसे महत्‍वपूर्ण समय होता है और बहुत प्रयास करने के बाद माननीय सदस्‍यों का प्रश्‍न आता है। सरकार की जवाबदेही भी तय होती है और मैं आपसे कई बार आग्रह कर चुका हूं एक व्‍यवस्‍था बनाने की प्रश्‍नकाल के अंदर कभी भी विषय को उठाने नहीं दिया जाएगा।  

 

श्री बिरला ने सदस्‍यों से सदन की गरिमा बनाये रखने और सदन की कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया। कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और अन्‍य पार्टियों के सदस्‍यों ने अपना विरोध जारी रखा। इस बीच सदन ने अपना प्रश्‍नकाल चलाया। इसके बाद विपक्षी सदस्‍यों ने सदन से एक संक्षिप्‍त वॉकआउट किया।

 

राज्‍यसभा की कार्यवाही जब आज शुरू हुई तो इस मुद्दे को लेकर विपक्षी पार्टियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति जगदीप धनखड ने महाकुंभ घटना और अन्‍य मुद्दों पर विपक्षी पार्टियों द्वारा दिये गए स्‍थगन प्रस्‍ताव को अस्‍वीकार कर दिया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना-यूबीटी, राष्‍ट्रीय जनता दल और अन्‍य पार्टियों सहित विपक्षी पार्टियों ने सदन से वॉकआउट किया।

 

*******************

 

नागर विमानन मंत्री के.राममोहन नायडू ने आज बताया कि नोएडा में एशिया के सबसे बडे जेवर अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से नियमित उडान सेवा इस वर्ष अप्रैल से शुरू होगी।

 

राज्‍यसभा में आज पूरक प्रश्‍नों का उत्‍तर देते हुए श्री नायडू ने कहा कि सब कुछ समयबद्ध तरीके से हो रहा है। इस हवाई अड्डे से सत्‍यापन उडान पिछले वर्ष दिसम्‍बर में परिचालित की गई थी।

 

*******************

 

लोकसभा में आज त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक 2025 पेश किया गया। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विधेयक पेश किया। विधेयक में गुजरात के आणंद में‍ स्थित ग्रामीण प्रबंधन संस्थान को विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने का प्रावधान है। इसे त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा और इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया जाएगा। संस्था सहकारी क्षेत्र में तकनीकी और प्रबंधन शिक्षा तथा प्रशिक्षण प्रदान करेगी।

 

*******************

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है। प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार, वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।  प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता रोड शो, घर-घर जाकर प्रचार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाएं कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज जंगपुरा में एक जनसभा की। श्री शाह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है।

 

दस साल तक अनेक वायदा कर कर केजरीवाल और उनके चट्टे-पट्टों ने दिल्‍ली को क्‍या दिया, भ्रष्‍टाचार दिया, कूड़ा-कचरा दिया, जहरीला पानी दिया और तुष्‍टीकरण का व्‍यवहार भी दिया। ये दिल्‍ली को धोखा देने का काम केजरीवाल जी ने करा है।

 

पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी करोल बाग निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो किया।

 

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल भी आज दोपहर एक जनसभा और रोड शो करेंगे।

 

वहीं दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने चुनाव जीतने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन के दौरान लोगों के कल्याण के लिए काम किया है।

 

जहां हमारी इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर को डेवलेपमेंट की योजना रहती थी वहीं हमारी यह कोशिश रहती थी कि कैसे पॉल्‍यूशन को कंट्रोल करें, कैसे सोशल सिक्‍युरिटीज़ को मजबूती के साथ आगे बढा सकें। एससी, एसटीज़, ओबीसीज़ के लिए विशेष योजनाएं लाकर उनके स्‍कलरशिप बच्‍चों की हो, वो सारी चीजें दस साल में निश्चित थीं। ये सारी समस्‍याएं हमारे सामने आई हैं और आज कहीं न कहीं जनता का प्‍यार मिल रहा है। जनता ने यह ठाना है कि यह चुनाव वो खुद कांग्रेस के वापस स्‍थापित लाने के लिए लडेंगे। तो उससे हमारे सभी के हौंसले भी बढे हैं।

 

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के चुनाव के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान बुधवार को होगा और वोटों की गिनती शनिवार को होगी।

 

*******************

 

निर्वाचन आयोग ने मतदान के दिन सुबह सात बजे से शाम साढे छह बजे तक उत्‍तर प्रदेश और तमिलनाडु की एक-एक सीट के लिए होने वाले उपचुचनाव और दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक अधिसूचना में आयोग ने टेलीविजन चैनलों, रेडियो केन्‍द्रों तथा समाचार एजेंसियों सहित सभी मीडिया कंपनियों को इस निर्देश का सख्‍ती से पालन करने को कहा है। यह प्रतिबंध मतदान के समापन तक 48 घंटे की अवधि के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित कोई भी जनमत सर्वेक्षण या सर्वेक्षण परिणाम पर भी लागू रहेगा।

 

*******************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में छात्रों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने सुना है कि कक्षा नौंवी में जिन छात्रों का परिणाम खराब होता है उसे आम आदमी पार्टी सरकार आगे बढने से रोकती है।

 

मैंने सुना है कि दिल्‍ली में नौंवी कक्षा के बाद बव्‍चों को आगे जाने ही नहीं देते। जो बच्‍चे गारंटी है पास होंगे उन्‍हीं को जाने देते हैं। क्‍यों, कहीं उनका रिजल्‍ट खराब हो जाएगा तो मेरी सरकार की इज्‍जत खराब हो जाएगी। इसलिए बड़ा बेइमानी का काम होता है।

 

*******************

 

वित्‍त सचिव और वित्‍त मंत्रालय के राजस्व विभाग के सचिव तुहिन कांता पांडेय ने कहा कि भारत तेजी से बढती प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍थाओं में लगातार अपना स्‍थान बनाये हुए है। उन्‍होंने कहा कि लगातार प्रतिकूल परिस्थितियां और बढ़ती आकांक्षाओं के बीच यह गति बनाये रखने की आवश्‍यकता है। श्री पांडेय ने यह बात आज नई दिल्‍ली में केन्‍द्रीय बजट 2025-26 पर आयोजित फिक्‍की सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए कही।

 

*******************

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने बताया है कि एनवीएस 02 अंतरिक्ष यान को कक्षा में स्‍थापित करने के दौरान कल एक तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। अंतरिक्ष एजेंसी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उपग्रह को निर्धारित कक्षा में स्थापित नहीं किया जा सका क्योंकि उपग्रह के थ्रस्‍टर में ऑक्सीडाइज़र पहुंचाने वाले वाल्व खुल नहीं पाए। एक रिपोर्ट-

 

इसरो ने बताया है कि मास्टर कंट्रोल फैसिलिटी कर्नाटक के हासन में उपग्रह की निगरानी कर रही है। इसरो ने कहा कि उपग्रह प्रणाली ठीक है और उपग्रह वर्तमान में अण्डाकार कक्षा में पृथ्‍वी की परिक्रमा कर रहा है। अण्डाकार कक्षा में नेविगेशन के लिए उपग्रह का उपयोग करने के लिए वैकल्पिक मिशन रणनीतियों पर काम किया जा रहा है। उपग्रह पर लगे सौर पैनल सफलतापूर्वक तैनात किए गए लेकिन बिजली उत्पादन नाम मात्र का ही रहा। एनवीएस 02 अंतरिक्ष यान को जीएसएलवी F15th रॉकेट से 29 जनवरी को जीटीओ में स्‍थापित किया गया था। सुधीन्‍द्रा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।

 

*******************

 

और अब खबरें महाकुंभ से।

प्रयागराज के महाकुंभ में आज बसंत पंचमी के अवसर पर दोपहर 12 बजे तक एक करोड़ 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान जारी है और लाखों श्रद्धालु अभी भी संगम में पवित्र डुबकी लगाने आ रहे हैं। आज सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा आरती में भी हिस्सा लिया।

 

*******************

 

भारतीय अमरीकी गायिका और उद्यमी चंद्रिका टंडन ने बेस्ट न्यू एज, एम्बिएंट या चैंट एल्बम श्रेणी में त्रिवेणी एल्बम के लिए ग्रैमी पुरस्‍कार जीता है। लॉस एंजिल्स के क्रिप्‍टो डॉट कॉम एरिना में 67वां वार्षिक ग्रैमी पुरस्‍कार प्रदान किया गया।

 

बियोंस ने सर्वाधिक 11 नामांकन के साथ काउ बॉय कार्टर के लिए बेस्‍ट कंट्री एल्‍बम का पुरस्‍कार जीता। इन नामांकनों के साथ बियोंस ग्रैमी इतिहास में सबसे अधिक नामांकन प्राप्‍त करने वाली कलाकार बन गई हैं। सबरीना कारपेंटर ने अपनी एल्‍बम शॉर्ट एंड स्‍वीट के लिए पहला ग्रैमी पुरस्‍कार जीता। केंड्रिक लैमर ने अपने डिस ट्रैक नॉट लाइक अस के लिए कई पुरस्‍कार जीते। बीटल्‍स ने अपने ट्रैक नाउ एंड देन के लिए बेस्‍ट रॉक परफोर्मेंस का पुरस्‍कार जीता। डोएची ने बेस्‍ट रैप एल्‍बम जीतने वाली तीसरी महिला के रूप में इतिहास रचा।      बिली इलिश, टेलर स्विफ्ट, माइली साइरस, ओलिविया रोड्रिगो और चार्ली एक्ससीएक्स जैसे अन्‍य सितारों ने भी रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरा। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*******************

 

उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में, कर्नाटक के 15 वर्षीय जोनाथन गेविन एंटनी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। सर्विसेस के एक अन्य निशानेबाज गुरप्रीत सिंह ने 220 दशमलव एक अंक के साथ कांस्य पदक जीता। ओलंपिक पदक विजेता सरबजोत सिंह चौथे स्थान पर रहे।

 

*******************

 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड -बीसीसीआई ने अंडर 19 आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने पर टीम को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्‍कार देने की घोषणा की है।

 

*******************

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने द्विभाषी लाइव फोन-इन साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे नौ बजे “कैंसर जागरूकता: रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में सफदरजंग अस्‍पताल में स्‍त्री रोग की विभागाध्‍यक्ष डॉ. सरिता शमसुंदर, और कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्‍टर डोडुल मंडल भाग लेंगे।

 

*******************

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। विपक्षी सांसदों ने महाकुंभ घटना पर चर्चा की मांग करते हुए संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन। विभिन्‍न पार्टियों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को लुभाने के प्रयास में जुटे हैं।
  • चुनाव आयोग ने मतदान के दिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल पर रोक लगाई।
  • इसरो ने कहा- नेविगेशन सैटेलाइट एनवीएस 02 में तकनीकी खराबी। सैटेलाइट को फिर से चालू करने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
  • भारतीय-अमेरिकी गायिका चंद्रिका टंडन ने एल्बम ‘त्रिवेणी’ के लिए बेस्ट न्यू एज, एम्बिएंट श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार जीता। गायिका बेयोंसे को काउ बॉय कार्टर के लिए सर्वश्रेष्ठ कंट्री एल्बम का पुरस्कार मिला।
  • और उत्‍तराखण्‍ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में कर्नाटक के 15 वर्षीय जोनाथन गेविन एंटनी ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। 

 

*******************