मुख्य समाचार:-
- संसद का बजट सत्र दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ शुरू, राष्ट्रपति ने कहा- वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्थिरता के स्तंभ के रूप में उभरकर उदाहरण स्थापित कर रहा है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि बजट सत्र 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में नया आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार करेगा।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। केंद्रीय बजट कल पेश किया जाएगा।
- जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए।
- भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच आज शाम पुणे में खेला जाएगा।
*****************
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि विश्वभर में अस्थिरता के बीच भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्थिरता के एक स्तंभ के रूप में दुनिया के सामने उदाहरण पेश कर रहा है। राष्ट्रपति ने यह बात आज संसद भवन में लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 तक देश की भावी पीढियां, निश्चित रूप से एक विकसित, सुदृढ, सक्षम और समृद्ध भारत बनकर उभरेंगी। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि देशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के विस्तार का फैसला किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का विस्तार करते हुए तीन करोड़ अतिरिक्त परिवारों को नए घर देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पांच लाख 36 हजार करोड़ रूपया खर्च किए जाने की योजना है। जनजातीय समाज के पांच करोड लोगों के लिए जनजाति ग्रामोत्कर्ष अभियान प्रारंभ हुआ है। इसके लिए अस्सी हजार करोड़ रूपया का प्रावधान किया गया।
राष्ट्रपति ने कहा कि धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान पांच करोड़ जनजाति लोगों के लिए शुरू किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा है कि उनकी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा लाभ देने का फैसला किया है।
इन्हें हर वर्ष पांच लाख रूपया तक हेल्थ कवर मिलेगा। छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा ऋण की सीमा दस लाख रूपया से बढ़कर 20 लाख रूपया कर दी गई।
जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे संवाददाता आनंद कुमार से
प्रश्न – जी आनंद राष्ट्रपति के अभिभाषण के क्या मुख्य बिन्दु रहे ?
लाइव
धन्यवाद आनंद इस जानाकारी के लिए।
*****************
संसद के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में दिए गए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण को आज दोपहर बाद लोकसभा और राज्यसभा में रखा गया।
लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने देश के विकास में डॉक्टर मनमोहन सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला। सदन ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के परिवार तक पहुंचाने के लिए सांसदों का एक भावपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया।
बाद में वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने वर्ष 2024-25 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन में प्रस्तुत किया और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी।
राज्यसभा में भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला और तीन अन्य दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। इससे पहले, दोनों सदनों ने अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जेम्स अर्ल कार्टर जूनियर को भी श्रद्धांजलि दी।
*****************
वित्त वर्ष-2025 में देश के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में छह दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा आज संसद के दोनों सदनों में पेश किए गए आर्थिक सर्वेक्षण में यह अनुमान लगाया गया है। आर्थिक सर्वेक्षण में कहा गया है कि देश ने कृषि और सेवा क्षेत्र द्वारा समर्थित स्थिर आर्थिक विकास प्रदर्शित किया है।
भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरण इस समय आर्थिक सर्वेक्षण पर जानकारी दे रहे हैं। आइए सुनते हैं
*****************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि संसद का बजट सत्र 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में नया आत्मविश्वास और ऊर्जा भरेगा। संसद के बजट सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश, विकसित भारत के अपने संकल्प को पूरा करेगा।
मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 जब आजादी के 100 साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, ये बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा, नई ऊर्जा देगा, कि देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा, तब विकसित होकर रहेगा। 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयास से इस संकल्प को परिपूर्ण करेंगे।
प्रधानमंत्री ने संसद के सभी सदस्यों से देश को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने की अपील भी की।
बजट सत्र में सभी सांसद विकसित भारत को मजबूती देने के लिए अपना योगदान देंगे, विशेषकर के जो युवा सांसद हैं, उनके लिए तो सुनहरा अवसर है। मैं आशा करता हूं कि हम देश की आशा, आकांक्षाओं के इस बजट सत्र में खरे उतरेंगे।
*****************
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कल केंद्रीय बजट पेश करेंगी।
लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
*****************
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि महिलाओं के योगदान के बिना देश समृद्ध नहीं हो सकता है। नई दिल्ली में आज राष्ट्रीय महिला आयोग के स्थापना दिवस समारोह में श्री धनखड़ ने कहा कि देश ने पहली बार लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण का संवैधानिक प्रावधान किया है। उपराष्ट्रपति ने कार्यस्थल पर, राजनीति में या अन्य किसी भी स्थान पर महिलाओं के साथ किए जाने वाले भेदभाव पर चिंता जताई। उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस पर मंथन करने को कहा।
*****************
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी में जल की गुणवत्ता पर टिप्पणी को लेकर निर्वाचन आयोग में अपना जवाब दाखिल कर दिया है। आयोग ने इस बारे में नोटिस जारी कर श्री केजरीवाल से जवाब मांगा था।
जवाब में श्री केजरीवाल ने स्पष्ट किया है कि यमुना के पानी में जहर के संबंध में उनका पहले का वक्तव्य उसमें बढ़ते अमोनिया के स्तर के परिप्रेक्ष्य में था और इसका मतलब पर्यावरण से जुडे इस मुद्दे के अलावा कुछ और नहीं था।
*****************
दिल्ली की मुख्य चुनाव अधिकारी आर. एलिस वाज ने बताया है कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग एक करोड़ 56 लाख 14 हजार मतदाता वोट डालेंगे। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा और पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष पहल की गई है।
*****************
70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता, स्टार प्रचारक रोड शो और रैलियां कर रहे हैं।
चुनाव में सभी पार्टियां और उम्मीदवार मतदाताओं को लुभाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर द्वारका इलाके में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य भाजपा नेता शहर में मतदाताओं को संबोधित करेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ पार्टी नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद संजय सिंह समेत अन्य पार्टी नेता भी शहर के अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी मादीपुर इलाके में एक रैली को संबोधित करेंगे, जबकि पार्टी सांसद प्रियंका गांधी नांगलोई और मुस्तफाबाद में एक रोड शो और एक रैली कर पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगी। दिल्ली के मतदाता अगले महीने की पांच तारीख को उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे और मतगणना आठ फरवरी को होगी। सकलेन अखतर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****************
खबरें प्रयागराज महाकुंभ से-
महाकुंभ में हुए हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग आज प्रयागराज पहुंच गया। आयोग के सदस्य संगम घाट का दौरा कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच करेंगे। बुधवार को महाकुंभ के संगम क्षेत्र में हुए हादसे में 30 लोगों की जान चली गई और 60 लोग घायल हो गए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की सिफारिशों के साथ आयोग एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगा।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने भी कल महाकुंभ में संगम घाट का दौरा कर घटना क्षेत्र का निरीक्षण किया।
आगामी बसंत पंचमी को होनेवाले तीसरे अमृत स्नान के लिये उत्तर प्रदेश सरकार ने, मेला प्राधिकरण को निर्देश दिया है कि वे जीरो एरर व्यवस्था सुनिश्चित करे। इसके अलावा सर्वाधिक भीड़ वाले इलाके में, ज्यादा से ज्यादा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा बल के साथ मौजूद रहने को कहा गया है। वहीं बॉर्डर एरिया में पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जायेगी। अमृत स्नान के दौरान संगम नोज पर अत्यधिक भीड़ को रोकने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इसके अलावा कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और डायवर्जन प्लान को लागू किया जाएगा। वहीं अमृत स्नान के दिन कोई भी वीआईपी प्रोटोकॉल लागू नहीं होगा। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
*****************
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए। पुंछ जिले के गुलपुर सेक्टर में खारी करमारा इलाके में नियंत्रण रेखा पर कुछ हथियार बंद आतंकवादियों के घुसपैठ के प्रयासों को सेना ने विफल कर दिया। पूरी रात जारी रहे अभियान में अनेक हथियार बरामद हुए हैं। ब्यौरे की प्रतीक्षा है। समझा जा रहा है कि घुसपैठ का प्रयास करने वाले आतंकवादी पाकिस्तानी थे।
*****************
पंजाब के फिरोजपुर में आज एक सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मृत्यु हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। और ब्यौरे की प्रतीक्षा है।
इस बीच, राज्य सरकार ने दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
*****************
क्वालालंपुर में, आई सी सी अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को एक सौ 14 रन का लक्ष्य दिया है। भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 14वें ओवर में एक विकेट पर 97 रन बना लिये हैं।
*****************
पुरुष क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय मैच आज पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोशिसएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे शुरू होगा।
*****************
घरेलू शेयर बाजारों में आज दोपहर के कारोबार में तेजी का रूख रहा। 30 शेयरों वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 740 अंक बढ़कर 77 हजार 500 पर और निफ्टी 260 अंक बढ़कर 23 हजार 510 पर पहुंच गया।
*****************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद का बजट सत्र दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ शुरू, राष्ट्रपति ने कहा- वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्थिरता के स्तंभ के रूप में उभरकर उदाहरण स्थापित कर रहा है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि बजट सत्र 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में नया आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार करेगा।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। केंद्रीय बजट कल पेश किया जाएगा।
- जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए।
- पुरुष क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच आज शाम पुणे में खेला जाएगा।
*****************