मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुबनेश्वर में ‘उत्कर्ष ओडिशा, मेक-इन-ओडिशा कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन किया, कहा- पूर्वी भारत देश का विकास इंजन है और ओडिशा इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज किया।
- प्रयागराज में कल मौनी अमावस्या के मद्देनजर महाकुंभ मेले में व्यापक प्रबंध किये गए।
- उत्तर प्रदेश के बागपत में लकडी का अस्थायी मंच गिरने से पांच लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल।
- बांग्लादेश में रेलवे कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित।
- और उत्तराखंड के देहरादून में आज से 38वें राष्ट्रीय खेल शुरू होंगे।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भुबनेश्वर में उत्कर्ष ओडिशा, मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। उत्कर्ष ओडिशा, राज्य सरकार द्वारा आयोजित प्रमुख वैश्विक निवेश सम्मेलन है। इसका लक्ष्य ओडिशा को प्रमुख निवेश लक्ष्य तथा औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना है।
कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वी भारत देश के विकास का इंजन है और इस प्रगति में ओडिशा महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है।
मैं पूर्वी भारत को देश के विकास का ग्रोथ इंजन मानता हूं। इतिहास साक्षी है जब ग्लोबल ग्रोथ में भारत के बड़ी हिस्सेदारी थी। तब पूर्वी भारत का अहम योगदान था पूर्वी भारत में देश के बडे इंडस्ट्रीयल हब थे, पोर्ट्स थे, ट्रेड हब थे, उड़ीसा साउथ ईस्ट एशिया में होने वाले ट्रेड का प्रमुख सेंटर हुआ करता था।
श्री मोदी ने अनुसंधान और नवाचार के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी और उद्योग जगत से अपील की कि वह इस दिशा में सरकार के साथ सहयोग करे।
विकसित भारत के निर्माण में उड़ीसा की बड़ी भूमिका है। उड़ीसा वासियों ने समृद्ध उड़ीसा के निर्माण का संकल्प लिया है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव सहयोग मिल रहा है। मुझे उड़ीसा के सामर्थ पर भरोसा है, मुझे विश्वास है कि आप सभी साथियों का इन्वेस्टमेंट आपके बिजनेस और उड़ीसा के उतकर्ष दोनों को नई ऊंचाई देगा।
दो दिन के इस सम्मेलन के जरिए ओडिशा का लक्ष्य पांच लाख करोड़ रूपए से अधिक का निवेश आकर्षित करना है। इससे रोजगार के साढ़े तीन लाख अवसर सृजित हो सकेंगे।
——
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन अगले महीने की पहली तारीख को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आम बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। विशेषज्ञों और आम लोगों को उम्मीद है कि इस बार आगामी बजट में सरकार देश में सुदृढ़ ढांचा बनाने पर बल देते हुए विकास, रोजगार सृजन और वित्तीय प्रबंधन पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी।
केंद्रीय बजट से पहले, आकाशवाणी समाचार बजट से विशेषज्ञों और लोगों की अपेक्षाओं के बारे में विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है।
आकाशवाणी समाचार के साथ बातचीत में भारतीय वाणिज्य और उद्योग मंडलों के परिसंघ-फिक्की की महानिदेशक ज्योति विज ने कहा कि केंद्रीय बजट को विकास के दीर्घावधि पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने का सिलसिला जारी रखना चाहिए।
बजट में जो लॉन्ग टर्म ग्रोथ लीवर्स है उनको स्ट्रेंथन किया जाए। सो उसमें मेजर जो मैक्रोइकोनॉमिक इश्यूज जो एड्रेस करने वाले हैं वह है कंजप्शन, इन्वेस्टमेंट और एक्सपोर्ट्स का फर्दर ग्रोथ। जो करंट टैक्स स्ट्रक्चर है और रेट्स हैं इस तरह से रैशनलाइज किया जाए ताकि जो डिस्पोजेबल इनकम है वह इंप्रूव हो और डिस्क्रीशनरी स्पेंडिंग जो है वह बढ़ जाए।
भारतीय उद्योग संघ -सीआईआई की आईसीटीई समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार ने उम्मीद जाहिर की कि बजट में विनिर्माण और रोजगार सृजन पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।
उद्योग जगत और सिआईआई में हमारी जो प्राथमिकता है दो चीजों पर है एक जो की इकोनामिक ग्रोथ की रेट है उसको फिर से सात साढ़े सात परसेंट पर लाया जाये। इसमें हम चाहेंगे कि इस बजट में कुछ टैक्सेज में कमी लाई जाए टैक्स लैब को काम किया जाए। इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर जो हमारे निर्यात का दूसरा स्तर पर है। तो हम चाहते हैं कि इसमें हम और योगदान करें।
——
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि 2024 में लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं हुईं और इनमें एक लाख 80 हजार लोगों की मौत हुईं। आज नई दिल्ली में ग्रामीण विकास और प्रौद्योगिकी केंद्र द्वारा आयोजित प्रोजेक्ट अभय के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि 66 प्रतिशत मौतें 18 से 34 वर्ष के आयु वर्ग में हुईं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से देश की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर को प्रतिवर्ष तीन प्रतिशत का नुकसान होता है।
श्री गडकरी ने निर्यात को बढ़ावा देने के लिए माल भाड़े को कम करने पर भी जोर दिया।
——-
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर है। हमारे संवाददाता ने बाताया कि भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बदरपुर और कस्तूरबा नगर निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो करेंगे। श्री शाह कालकाजी क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा ने आज सांसद मनोज तिवारी द्वारा गाया गया एक और चुनाव प्रचार गीत जारी किया, जो पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र के विभिन्न पहलुओं को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज शाम घोंडा और करावल नगर में जनसभाएं करेंगे। वरिष्ठ पार्टी नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शहर के विभिन्न हिस्सों में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। अपनी जनसभाओं से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज गोल मार्केट क्षेत्र में वाल्मिकी मंदिर में पूजा की और हरिजन बस्ती में स्थानीय लोगों से मुलाकात की। वह आज शाम पटपड़गंज और ओखला विधानसभा क्षेत्र में विधानसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी नेता सचिन पायलट पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में लोगों का समर्थन मांगने के लिए बादली क्षेत्र में रोड शो करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होने हैं, और मतगणना 8 फरवरी को होगी। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——
उत्तर प्रदेश के बागपत में आज भगवान आदिनाथ ‘निर्वाण लड्डू महोत्सव’ में लकडी का अस्थायी मंच गिरने के बाद मची भगदड़ में पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए है। श्रद्धालुओं के मंच पर चढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। बागपत की जिला मजिस्ट्रेट अस्मिता लाल ने बताया कि बचाव कार्य जारी है।
आज जैन समाज का एक कार्यक्रम था बड़ोत में सीपीयू स्कूल में जो पिछले 30 सालों से हर साल होता है। यहां पर एक वुडन स्ट्रक्चर था जो कॉलैप्स हो गया और अराउंड 40 लोग जो है वह घायल हुए हैं। उन सभी को 108 एंबुलेंस उस समय वहां पर मौके पर पहुंच गई थी। सबको हॉस्पीटल पहुंचा दिया गया है और 20 लोगों का प्रथम उपचार करके उनको घर भेज दिया गया है, बाकी 20 लोगों का उपचार अभी चल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत प्रयासों में तेजी लाने और घायलों के लिए उचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
——–
अब खबर महाकुंभ से.
मोंटाज
उत्तर प्रदेश सरकार ने मौनी अमावस्या के मद्देनजर कल महाकुंभ, प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था कडी कर दी है। सरकार ने मजबूत सात स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि महाकुंभ क्षेत्र को नो-वीआईपी जोन घोषित किया गया है।
महाकुंभ मेला में सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 50000 से अधिक पुलिसकर्मी और अर्ध सैनिक बलों को तैनात किया गया है। मेला क्षेत्र में और उसके आसपास लगभग 3000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिनमें से 328 एआई सक्षम कैमरे शामिल है। पुलिस महानिरीक्षक पीएसी प्रयागराज के प्रभारी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि संगम के पानी के नीचे होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए पहली बार पानी के नीचे ड्रोन तैनात किए गए हैं।
मौनी मावस्या का पर्व और आगे जितने भी आसन्न पर्व है। उनमें सुरक्षा की पूरे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीएसी बल को बहुत सारे साधन संसाधन प्राप्त हुए हैं। पहली बार हम लोग अगर बात करते हैं तो अंडरवाटर ड्रोन हम लोग प्रयोग कर रहे हैं। साथ ही साथ सोनार सिस्टम में साउंड नेविगेशन और रंगिंग सिस्टम यह भी जल में होने वाली गतिविधियों पर निगाह रखता है, साथ ही साथ कोई व्यक्ति हो कोई वस्तु हो यह दोनों जो उपकरण हैं वह लोकेट करने में मदद करते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार मौनी अमावस्या पर लगभग 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था के डुबकी लगाएंगे। मेला क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर भीड़भाड़ को रोकने के लिए निकासी टीमों और गोताखोरों किया गया है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
——
सिक्किम के मंगन जिले में पिछले दो महीनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिससे पर्यटन में मज़बूती आई है। ग्लेशियल झील के फटने से आई बाढ़ के कारण अक्टूबर 2023 से ही इस क्षेत्र में पर्यटकों का आना बंद हो गया था। उत्तरी सिक्किम को पिछले साल 1 दिसंबर को पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया था।
——-
बांग्लादेश में, सेवानिवृत्ति के बाद विशेष लाभ की मांग को लेकर रेलवे कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसके कारण पूरे देश में रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
रेलवे अधिकारियों, ट्रेन चालकों और सहायक कर्मचारियों के संघ के बीच वार्ता विफल होने के बाद यह हड़ताल कल शुरू हुई थी। ट्रेनें रद्द होने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। देश भर में ट्रेन परिचालन ठप हो गया है। कर्मचारी पेंशन गणना के लिए मूल वेतन में सचल भत्ते को शामिल करने की माँग कर रहे हैं। इस बीच, बांग्लादेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन – बी आर टी सी ने वैध ट्रेन टिकट वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचने में मदद करने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की है। नवल संघ परमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
——
डेल्फ़्ट द्वीप के निकट कल रात श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में पाँच भारतीय मछुआरे घायल हो गए। दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हुए है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं।
यह घटना तब हुई जब कराईकल से 13 भारतीय मछुआरों को लेकर आ रही एक मछली पकड़ने वाली नाव को श्रीलंकाई नौसेना ने श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में रोक लिया।
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने सुबह जाफ़ना शैक्षणिक अस्पताल में घायल मछुआरों से उनकी स्थिति का आकलन करने के लिए मुलाकात की। भारत ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताया है और वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने श्रीलंका के विदेश मंत्रालय के समक्ष आपत्ति दर्ज की है।
——
गणतंत्र दिवस का समापन समारोह – बीटिंग रिट्रीट कल नई दिल्ली में विजय चौक में आयोजित किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस बार सेना, नौसेना, वायु सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंडों की धुन पर थिरकते तीस कलाकार दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहेंगे।
——
राष्ट्र, आज लाला लाजपत राय की 160वीं जयंती पर उनका स्मरण कर रहा है।
मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी की चोट, ब्रिटिश सरकार के ताबूत की कील बनेगी। यह कहना था स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा लाला लाजपत राय का। स्वदेशी आंदोलन के ध्वजवाहक लाला लाजपत राय का जन्म आज ही के दिन 1865 में ब्रिटिश भारत के पंजाब प्रांत के तत्कालीन फरीदकोट जिले के ढुडीके में हुआ था। उनके पिता मुंशी राधा कृष्ण एक सरकारी स्कूल में शिक्षक थे और माता गुलाबी देवी थीं। पंजाब केसरी के रूप में प्रसिद्ध लाला लाजपत राय का अक्टूबर 1928 में पुलिस द्वारा लाठी चार्ज के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से निधन हो गया। पुलिस ने तब लाठीचार्ज किया जब वे साइमन कमीशन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध का नेतृत्व कर रहे थे। लाला लाजपत राय को हिन्दी समाचार कक्ष की तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि। जलंधर से राजेश बाली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
——-
उत्तराखंड में आज से राष्ट्रीय खेल 2025 शुरू हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देहरादून में इस भव्य खेल आयोजन का उद्घाटन करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।
उत्तराखंड में आज से राष्ट्रीय खेलों का शुभारम्भ हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून में इस मेगा इवेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह के लिए केंद्रीय मंत्री, भारतीय ओलंपिक संघ के सदस्य और राष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत विभिन्न अतिथियों का पहुंचना जारी है। इस बार के नेशनल गेम्स में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग दस हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उत्तराखंड के 8 जिलों के 11 शहरों में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेलों के दौरान 35 खेलों की कुल 47 स्पर्धाएं आयोजित की जानी हैं। खिलाड़ियों और स्टाफ को मिलाकर 16 हजार से अधिक लोगों के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। खेल की प्रतियोगिताएं 14 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
——
हॉकी इंडिया लीग में, आज, गोनासिका का सामना हैदराबाद तूफान से होगा। यह मैच रात सवा आठ बजे शुरू होगा।
——
गुजरात में तीसरे टी-ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
——
घरेलू शेयर बाजारों में आज दोपहर के कारोबार में तेजी का रूख रहा। सेंसेक्स 800 अंक बढ़कर 76 हजार को पार कर गया जबकि निफ्टी-फिफ्टी, 205 अंक बढ़कर 23 हजार 34 पर पहुंच गया।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भुबनेश्वर में ‘उत्कर्ष ओडिशा, मेक-इन-ओडिशा कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन किया, कहा- पूर्वी भारत देश का विकास इंजन है और ओडिशा इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज किया।
- प्रयागराज में कल मौनी अमावस्या के मद्देनजर महाकुंभ मेले में व्यापक प्रबंध किये गए।
- उत्तर प्रदेश के बागपत में लकडी का अस्थायी मंच गिरने से पांच लोगों की मौत और 40 से अधिक घायल।
- बांग्लादेश में रेलवे कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित।
- और उत्तराखंड के देहरादून में आज से 38वें राष्ट्रीय खेल शुरू होंगे।
——