मुख्य समाचार:-
- उत्तराखंड अनुसूचित जनजातियों को छोड़कर सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत पर समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड मैदान में राष्ट्रीय केडेट कोर -एनसीसी की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे।
- आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए दिल्ली के लोगों को कई गारंटियां दीं।
- अमरीका ने सभी तरह की विदेशी सहायता पर रोक लगाते हुए अन्य देशों को दी जाने वाली अमरीकी वित्तीय सहायता की समीक्षा का आदेश दिया।
- पुरुष हॉकी इंडिया लीग में, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब का सामना आज शाम ओडिशा के राउरकेला में वेदांत कलिंगा लांसर्स से होगा।
————————————–
उत्तराखंड में आज से समान नागरिक संहिता-यूसीसी लागू हो गई है। इसका लक्ष्य सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत नागरिक कानूनों का मानकीकरण करना है। राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में यूसीसी के कार्यान्वयन के लिए नियमों और विनियमों को मंजूरी दी थी। यूसीसी के अंतर्गत राज्य में धर्म की परवाह किए बिना अनुसूचित जनजातियों को छोडकर सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत पर एक समान नियम होंगे और विवाह तथा लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
देहरादून में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नियमों, यूसीसी पोर्टल के उद्घाटन के साथ ही समान नागरिक संहिता उत्तराखण्ड में लागू हो गई है।
इसी क्षण से आज उत्तराखण्ड में समान नागरिकता संहिता पूर्ण रूप से लागू हो गई है और इसी क्षण से उत्तराखण्ड नागरिकों, समस्त नागरिकों के संवैधानिक और नागरिक अधिकार एक समान हो गए हैं और इसी क्षण से सभी धर्म की महिलाओं को समान अधिकार प्राप्त हुए हैं। इस तरह उत्तराखण्ड राज्य समान नागरिक कानून वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। गौरतलब है कि यूसीसी को चार भागों में बांटा गया है- विवाह और तलाक, उत्तराधिकार, लिव-इन रिलेशनशिप और विविध। यह संहिता पुरुषों और महिलाओं के लिए समान विवाह योग्य आयु, सभी धर्मों में तलाक के आधार, विवाह और लिव-इन का समयबद्ध पंजीकरण अनिवार्य बनाती है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे। एक रिपोर्ट-
नई दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित रैली की इस वर्ष की थीम है- युवा शक्ति, विकसित भारत। आयोजन के दौरान एनसीसी के आठ सौ से अधिक कैडेट सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जिसमें राष्ट्र निर्माण के प्रति एनसीसी की प्रतिबद्धता दर्शायी जाएगी। रैली में 18 मित्र देशों के 144 युवा कैडेट की भी भागीदारी होगी। इसके अलावा, मेरा युवा भारत तथा शिक्षा मंत्रालय और जनजातीय कार्य मंत्रालय से संबद्ध 650 से अधिक स्वयंसेवक भी रैली में विशेष अतिथियों के रूप में शामिल होंगे। भानू की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा रॉय।
————————————–
प्रधानमंत्री मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाओं के लिए विश्व नेताओं को धन्यवाद दिया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में श्री मोदी ने कहा कि पिछले साल 75वें गणतंत्र दिवस पर श्री मैक्रों की उपस्थिति दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और स्थायी मित्रता का महत्वपूर्ण पड़ाव थी। आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन के एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में, श्री मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में साझा विश्वास और भरोसे के आधार पर भारत तथा आयरलैंड के बीच मित्रता आने वाले समय में और मजबूत होगी।
————————————–
विदेश मंत्री डॉ सुब्रमण्यम जयशंकर आज से संयुक्त अरब अमीरात की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे। यात्रा के दौरान डॉ जयशंकर दोनो देशो के बीच घनिष्ठ साझेदारी की समीक्षा और द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि यह यात्रा दोनो देशों के बीच समग्र रणनीतिक साझेदारी को आगे बढाने और संबंधों को नई गति देने का अवसर प्रदान करेगी।
————————————–
विदेश सचिव विक्रम मिसरी दो दिन की चीन यात्रा पर कल पेइचिंग पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि वे भारत और चीन के बीच विदेश सचिव-उप मंत्री तंत्र की बैठक में भाग लेंगे।
————————————–
केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मस्कट में संयुक्त आयोग की 11वीं बैठक में शामिल होने के लिए आज से दो दिन की यात्रा पर ओमान में रहेंगे। इस दौरान वे ओमान के वाणिज्य उद्योग और निवेश प्रोत्साहन मंत्री कैस बिन मोहम्मद बिन मूसा अल युसूफ के साथ बातचीत करेंगे।
————————————–
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पहली फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट पेश करेंगी। आगामी बजट में घरेलू तथा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और राजकोषीय रणनीतियों की झलक देखने को मिलेगी। बजट में मजबूत बुनियादी ढांचे और विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण पर जोर देते हुए आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और राजकोषीय नियंत्रण पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है। आकाशवाणी समाचार बजट पूर्व एक विशेष श्रृंखला में विशेषज्ञों और लोगों की उम्मीदों को सामने ला रहा है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कृषि स्टार्टअप के संस्थापक यूसुफ रफीक ने कहा कि सरकार को जैविक खेती से जुडे उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
————————————–
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें दिल्ली के लोगों के लिए 15 गारंटियों की घोषणा की गई। आज नई दिल्ली में श्री केजरीवाल ने बताया कि इन गारंटियों में रोजगार के अवसर, चिकित्सा उपचार के लिए संजीवनी योजना, हर महिला को प्रतिमाह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता और पानी के बकाया बिल माफ करना शामिल है।
तो अगले पांच साल में, ये तीनों काम हम पूरे करेंगे। हर घर चौबीस घंटे साफ पानी, यमुना को साफ करना और दिल्ली की सड़कों को शानदार बनाना। इसके लिए हमारे पास फंड भी है और इसके लिए हमारे पास पूरा प्लान भी है।
श्री केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर दिल्ली के लोगों से झूठे वादे करने का आरोप भी लगाया। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि पंजाब के अमृतसर में डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह घटना राज्य में मौजूदा कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती है। श्री पात्रा ने अरविंद केजरीवाल से माफी मांगने को भी कहा।
सबसे बड़ा घोषणा बाबा साहेब के प्रति सम्मान होता है। ये बीजेपी की प्रवक्ता के नाते मैं नहीं कह रहा हूं। मैं एक भारतीय के नाते कह रहा हूं। आप बाबा साहेब आम्बेडकर जी की मूर्ति के सामने साष्टांग को हों, मांफी मांगे, इस्तीफा दें।
————————————–
आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता रश्मि मिगलानी ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि लोगों ने आम आदमी पार्टी को पहले ही नकार दिया है, क्योंकि वह पहले किए गए अपने वायदों को पूरा करने में विफल रही है।
पहले इन्होंने पूरानी तो कोई अपनी गारंटी पूरी की नहीं है। उसमें से एक यमुना की सबसे बड़ी गारंटी थी और ऊपर से फिर पानी के बिल की जहां तक ये बात कह रहे हैं, पानी के बिल का इनको अब याद आ रहा है। इलेक्शन के समय, ये कुछ न करने वाले।
————————————–
सीमा सुरक्षा बल- बीएसएफ ने जनवरी 2024 से इस वर्ष 26 जनवरी तक पंजाब सीमा पर पांच पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया और भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने वाले 30 पाकिस्तानी नागरिकों को पकडा है। बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक सतीश खंडारे ने कल अमृतसर में मीडिया को बताया कि बल ने इस अवधि के दौरान एक सौ एक भारतीय तस्करों को भी पकड़ा है।
————————————–
झारखंड के जामताड़ा जिले से झारखंड पुलिस ने 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारीब ने बताया कि इन अपराधियों ने देश भर में एक गिरोह बनाया है। गिरोह ने सरकारी बैंक खातों से डेटा का दुरुपयोग और उल्लंघन करके कुल 10 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी की है।
————————————–
अमरीका ने सभी तरह की विदेशी सहायता पर रोक लगाते हुए अन्य देशों को दी जाने वाली अमरीकी वित्तीय सहायता की समीक्षा का आदेश दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका फर्स्ट एजेंडे के तहत यह कदम उठाया गया है। एक रिपोर्ट-
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बारे में एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि “राष्ट्रपति ट्रम्प ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अमरीका अब अन्य देशों को ऐसी कोई वित्तीय मदद नही देगा जिससे अमरीकी लोगों को लाभ न पहुंचता हो। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने विदेश विभाग और यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट- यूएसएआईडी द्वारा या उसके माध्यम से वित्त पोषित सभी अमेरिकी विदेशी सहायता को रोक दिया है। यूएसएआईडी ने वर्ष 2023 में 58 देशों को लगभग 45 अरब डॉलर की विदेशी सहायता दी थी। समाचार कक्ष से डेविड शर्मा।
————————————–
अमरीका ने कोलंबिया पर लगाये गए सीमा शुल्क और प्रतिबंधों पर रोक लगा दी है। कोलम्बिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने तनाव के बाद अमरीका से कोलम्बिया के अवैध नागरिकों को वापस लाने पर सहमति व्यक्त की है।
राष्ट्रपति पेट्रो ने कल निर्वासित प्रवासियों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, जिसके जवाब में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कोलंबिया के आयात पर 25 प्रतिशत सीमा शुल्क लगा दिया था जिसे 50 प्रतिशत तक करने को कहा था।
————————————–
और अब खबरें महाकुंभ से-
प्रयागराज के महाकुंभ में आज गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिवेणी में पवित्र डुबकी लगाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई संत भी पवित्र स्नान में गृह मंत्री के साथ थे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक महाकुंभ में भारत और दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा कई साधु और संतों से मुलाकात की। मेले में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पूरे महाकुंभ मेला क्षेत्र में नो व्यय के जोन घोषित किया गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि महाकुंभ संपूर्ण विश्व को समानता और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह महाकुंभ केवल तीर्थस्थल नहीं है बल्कि देश की विविधता, आस्था और ज्ञान परंपरा का भी संगम है। केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू भी आज त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे। महाकुंभ के दौरान अब तक 13 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। 13 जनवरी से शुरू हुआ यह महाकुंभ का मेला 26 फरवरी तक चलेगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
————————————–
उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुम्भ क्षेत्र को आज से वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया है। यह फैसला 29 जनवरी को आगामी अमृत स्नान के अवसर पर संभावित भीड़ के सुचारू प्रबंधन के लिए लिया गया है।
————————————–
बम्बई शेयर बाजार में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रूख है। ताजा समाचार मिलने तक सेंसेक्स 760 अंक गिरकर 75 हजार 430 पर आ गया। नेशलन स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 50 अंक गिरकर 22 हजार 858 पर था।
————————————–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे नौ बजे “विद्यार्थियों में परीक्षा संबंधी तनाव से निपटना” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की संयुक्त सचिव डॉक्टर श्वेता अरोड़ा और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में मनो चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर राजेश सागर परिचर्चा के लिये स्टूडियो में मौजूद रहेंगे। श्रोता टेलीफोन नंबर 011–23 42 10 50 पर कॉल कर अपने प्रश्न पूछ सकते हैं।
————————————–
और अब खेल समाचारों के साथ हैं विशाल शर्मा
आईसीसी अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप में भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। कल उसने कुआलालंपुर में बंगलादेश को आठ विकेट से हराया। हॉकी की बात करें तो पुरुष हॉकी इंडिया लीग में आज शाम 6 बजे ओडिशा के राउरकेला में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का सामना दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा। एक अन्य मुकाबले में आज रात आठ बजकर 15 मिनट पर जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और वेदांत कलिंगा लांसर्स आमने-सामने होंगे। वहीं कल महिला हॉकी इंडिया लीग में रांची में ओडिशा वारियर्स ने फाइनल में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 2-1 से हराकर महिला हॉकी इंडिया लीग के पहले संस्करण का खिताब जीता। उधर, नीदरलैंड्स में खेले जा रहे टाटा स्टील शतरंज मास्टर्स 2025 में कल ग्रैंडमास्टर रमेश बाबू प्रज्ञानानंदा और विश्व चैंपियन डी गुकेश के बीच 8वें राउंड की तनावपूर्ण और दिलचस्प बाजी ड्रॉ रही। टेनिस में, ओपन ओसीटानी टेनिस टूर्नामेंट में भारत के युकी भांबरी और क्रोएशिया के इवान डोडिग की जोड़ी आज फ्रांस में पुरुष डबल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में मार्क वॉलनर और जैकब श्नाइटर की जर्मन जोड़ी से मुकाबला करेगी। मैच रात 8 बजकर 40 मिनट पर शुरू होगा। वहीँ, इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज मोहन बागान सुपर जायंट का सामना बेंगलुरु फुटबॉल क्लब से होगा। यह मैच कोलकाता में शाम साढे सात बजे से खेला जाएंगा।
————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- उत्तराखंड अनुसूचित जनजातियों को छोड़कर सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत पर समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड मैदान में राष्ट्रीय केडेट कोर -एनसीसी की वार्षिक रैली को संबोधित करेंगे।
- आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए दिल्ली के लोगों को कई गारंटियां दीं।
- अमरीका ने सभी तरह की विदेशी सहायता पर रोक लगाते हुए अन्य देशों को दी जाने वाली अमरीकी वित्तीय सहायता की समीक्षा का आदेश दिया।
- पुरुष हॉकी इंडिया लीग में, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से जबकि जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब का सामना आज शाम ओडिशा के राउरकेला में वेदांत कलिंगा लांसर्स से होगा।
————————————–