मुख्य समाचार:
- राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्र की अगुआई की और नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर परेड की सलामी ली।
- इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- गणतंत्र दिवस परेड में “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” विषय पर आधारित 31 झांकियों ने हिस्सा लिया।
- इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 प्रतिष्ठित हस्तियों का चयन। इसमें एमटी वासुदेवन नायर, न्यायमूर्ति जेएस खेहर, पंकज उधास, बिबेक देबरॉय और ओसामु सुजुकी प्रमुख है।
- सरकारी कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना अधिसूचित।
- एथलेटिक्स में, भारत की ज्योति याराजी ने फ्रांस में महिलाओं की 60 मीटर इनडोर बाधा दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा और स्वर्ण पदक जीता।
*****
राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज इस अवसर पर नई दिल्ली में कर्तव्य-पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ध्वजारोहण किया।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री के आगमन के साथ ही ये समारोह अपने भव्य प्रारंभ के निकट पहुंचता हुआ और माननीय प्रधानमंत्री, गणमान्य व्यक्तियों, कैबिनेट सहयोगियों से मिलते हुए उनका अभिवादन स्वीकार करते हुए बहुत ही खास अवसर है आज हमारा यह 76वां गणतंत्र दिवस समारोह।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आज की परेड में देश की सभ्यता, संस्कृति और वैज्ञानिक प्रगति को दर्शाने वाली मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। परेड में तीन सौ कलाकारों ने देशभर के वाद्ययंत्रों की धुन पर सारे जहां से अच्छा का प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान हैलिकॉप्टरों ने ध्वज की आकृति में पुष्पवर्षा की। इस वर्ष की परेड में 10 हजार विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किये गए थे। इनमें सरपंच, हथकरघा और हस्तशिल्प कारीगर, स्व-सहायता समूहों के सदस्य, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सड़क निर्माण से जुड़े कामगार शामिल थे।
झांकियां में टी90 टैंक नाग मिसाइल प्रणाली ब्रह्मोस पिनाक रॉकेट सिस्टम अग्निबाण रॉकेट लांचर आकाश शस्त्र प्रणाली युद्ध के क्षेत्र निगरानी प्रणाली बारहमासी वाहन चेतक और हल्के वाहन बजरंग का प्रदर्शन किया गया। परेड में इंडोनेशिया से 60 सदस्यों की मार्चिंग टुकड़ी और 190 सदस्यों वाले बैंड ने भी भागीदारी की। पहली बार परेड़ में सेना के तीनों अंगों से साझा शक्ति का प्रदर्शन किया गया। हरियाणा की झांकी में भागवत गीता और उत्तर प्रदेश की झांकी में महाकुंभ की झलक देखने को मिला। परेड़ का समापन 47 विमानों के शानदार फ्लाईपास्ट से हुआ। इसमें राफेल, सुखोई, जगुआर, डोर्नियर विमानों और अपाचे और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने अपने हैरत अंगेज करतब से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में आज जोश और उत्साह के साथ 76वाँ गणतंत्र दिवस मनाया गया। राज्यों में झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मिजोरम, नागालैंड, वहीं केंद्र शासित प्रदेश में लक्ष्यद्वीप और अंडमान निकोवर शामिल हैं।
मिजोरम राज्य में आज पूरे हर्षोल्लहास के साथ 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। यह समारोह आइजोल शहर के मध्य असम राइफल्स के लामुअल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे लिए उन सभी महान पुरुषों और महिलाओं को याद करने का अवसर है जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के संघर्ष में बलिदान दिया।
श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने हाल ही में राज्य का प्रमुख कार्यक्रम “मिजोरम बना कैह (हैंडहोल्डिंग) योजना” की शुरुआत की है।
नागालैंड ने आज देश के बाकी हिस्सों के साथ मिलकर 76वां गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर राज्यपाल ला. गणेशन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर श्री गणेशन ने मुख्यमंत्री के मोबाइल ऑपरेशन थियेटर को भी हरी झंडी दिखाई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का उद्घाटन किया।
केन्द्रशासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीप समूह में इस अवसर पर उपराज्यपाल एडमिरल डीके जोशी (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
तेलंगाना में राज्य के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया।
मध्य प्रदेश में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर में ध्वजारोहण किया।
ओडिशा में राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने आज सुबह भुवनेश्वर के महात्मा गांधी मार्ग पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
झारखंड में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राज्यपाल ने वीरता और पराक्रम के लिए 44 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पदक से सम्मानित भी किया। इस बीच, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उप-राजधानी दुमका के पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
76वां गणतंत्र दिवस पश्चिम बंगाल में गर्व के साथ मनाया गया। इस मौके पर राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्य राजकीय समारोह कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में मुख्य समारोह राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
अरुणाचल प्रदेश ने आज 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक (सेवानिवृत्त) ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
महाराष्ट्र में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश के साथ मनाया गया।
राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि महाराष्ट्र सभी क्षेत्रों में अग्रणी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महाराष्ट्र विदेशी प्रत्यक्ष निवेश आकर्षित करने में देश में पहले स्थान पर है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने आधिकारिक निवास वर्षा पर राष्ट्रध्वज फहराया। विभिन्न सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और जिला कलेक्टर कार्यालयों में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। प्रार्थना के साथ अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
उन्होंने दोहराया कि त्रिपुरा में 76वां गणतंत्र दिवस पूरे देशभक्ति के जोश, धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू ने असम राइफल्स, परेड ग्राउंड में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय तिरंगा फहराया।
बिहार में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्य राज्य स्तरीय आधिकारिक समारोह पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि अब तक शिक्षा क्षेत्र सहित 9 लाख स्थायी सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 12 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
जम्मू-कश्मीर में, श्रीनगर में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ 76वां गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न हुआ। मुख्य समारोह जम्मू के मौलाना आजद स्टेडियम में हुआ, जहां इसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने तिरंगा फहराया और कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कर्नाटक में 76वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के जोश और सांस्कृतिक भावना के साथ मनाया गया। राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
पंजाब में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम लुधियाना में आयोजित किया गया, जहां पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
राजस्थान में 76वां गणतंत्र दिवस पारंपरिक हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
*****
देश के बाहर भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। श्रीलंका के कोलंबो में भारतीय उच्चायोग और श्रीलंका में अन्य राजनयिक कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस मनाया गया है।
*****
बंगलादेश की राजधानी ढाका में भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्र ध्वज फहराया।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कार प्रदान करने को स्वीकृति दी है। इस सूची में सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। एक रिपोर्ट…
पुरस्कार पाने वालों में 23 महिलाएँ हैं। इस सूची में विदेशी, अप्रवासी भारतीय, भारतीय मूल के लोग और भारत के विदेशी नागरिक श्रेणी की 10 विभूतियां तथा 13 अन्य को मरणोपरांत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारतीय लेखक एमटी वासुदेवन नायर, सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष ओसामु सुजुकी और गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। वहीं गायक पंकज उधास और अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। सेवानिवृत न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर और एल. सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण, हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को पद्म भूषण और क्रिकेट खिलाडी रविचंद्रन अश्विन तथा फुटबॉल खिलाड़ी आईएम विजयन को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।
*****
केंद्र ने एकीकृत पेंशन योजना, यूपीएस के कार्यान्वयन को आधिकारिक तौर पर अधिसूचित कर दिया है। सरकार ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के अंतर्गत एक विकल्प के रूप में पिछले वर्ष अगस्त में एकीकृत पेंशन योजना शुरू की थी। यह योजना इस साल एक अप्रैल से लागू होगी।
*****
खबरें महाकुम्भ से –
प्रयागराज में महाकुंभ का आज 14वां दिन है। श्रद्धालु सभी अनुष्ठानों को पूरा करने के बाद मेला क्षेत्र में आयोजित विभिन्न प्रदर्शनियों और पंडालों का दौरा कर रहे हैं। इनमें नरेन्द्र मोदी ऐप मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इस प्रदर्शनी में नरेन्द्र मोदी ऐप की विभिन्न विशेषताओं और इसे डाउनलोड करने के तरीके के संबंध में जानकारी दी गई है। नरेंद्र मोदी ऐप प्रधानमंत्री का आधिकारिक ऐप है, जो लोगों को सीधे प्रधानमंत्री से जोड़ने क अवसर प्रदान करता है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके यादगार पलों पर आधारित चित्रों की एक फोटो गैलरी लगाई गई है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए नरेन्द्र मोदी ऐप प्रदर्शनी के प्रभारी पुंडरीक मिश्रा ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से आगन्तुक विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
यह ऐप का कैंप सेक्टर-1 त्रिवेणी रोड, उत्तरी पटरी पर लगा हुआ है। इस कैंप में माननीय प्रधानमंत्री जी ऐप से संबंधित सारी जानकारियां उनके द्वारा जो चलाई जा रही योजनाएं हैं, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उनके जीवन में हुए विभिन्न प्रमुख कार्यों से संबंधित ये प्रदर्शनी और उनसे प्रश्न पूछने पर उनके द्वारा दिए जाने वाले जवाब का एक सेक्शन है। यहां पर आप माननीय प्रधानमंत्री जी को पर्सनली मैसेज भी कर सकते हैं। उनको कुछ सुझाव दे सकते हैं और साथ में आप एक सेक्शन है जहां पर कि आप माननीय प्रधानमंत्री जी के साथ बैठकर फोटो ले सकते है।
राजस्थान के कोटा निवासी एक आगंतुक स्वीटी राठौर ने इस प्रदर्शनी के बारे में अपना अनुभव साझा किया।
पीएम नरेन्द्र ऐप का ये जो लगा हुआ है, यहां पर सेल्फी प्वाइंट भी है और बहुत जानकारी भी है मोदी जी के बारे में उनकी सारी प्रश्न लगी हुई है। उन्होंने कब, क्या किया, कैसे किया, यह बहुत अच्छा लगा जानकारी मिली यहां पर सेल्फी पॉइंट में हमने सेल्फी ली।
इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तश्वीर के साथ फोटो लेने के लिए बनाया गया सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*****
खेल खबरों के साथ प्रशांत…
एथलेटिक्स में, भारत की ज्योति याराजी ने कल फ्रांस में मीटिंग डे नैनटेस मेट्रोपोल 2025 प्रतियोगिता में महिलाओं की साठ मीटर इनडोर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। सौ मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय पदक विजेता ज्योति ने पियरे–क्विनोन मेट्रोपॉलिटन स्टेडियम में आठ दशमलव शून्य चार सैकेंड में ही मुकाबला जीत लिया।
शतरंज में, 87वें टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में, 8वां राउंड आज शाम साढे छह बजे नीदरलैंड के विज्क आन ज़ी में शुरू होगा। इस 8वें राउंड में, आर प्रज्ञानंदधा सफ़ेद मोहरों के साथ अपने ही देश के डी गुकेश से भिड़ेंगे, जबकि दूसरी ओर नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव सफ़ेद मोहरों के साथ फेडोसेव का सामना करेंगे।
फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज शाम साढे सात बजे मुम्बई में मोहम्डन एससी का मुकाबला मुम्बई सिटी से होगा। और वर्ल्ड पिकलबॉल लीग में आज शाम पांच बजे चेन्नई सुपर जाइंट्स का मुकाबला दिल्ली दिलवाले से होगा। एक अन्य मैच पुणे युनाइटेड और हैदराबाद सुपरस्टार्स के बीच शाम सवा सात बजे से खेला जाएगा।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्र की अगुआई की और नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर परेड की सलामी ली।
- इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- गणतंत्र दिवस परेड में “स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास” विषय पर आधारित 31 झांकियों ने हिस्सा लिया।
- इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों के लिए 139 प्रतिष्ठित हस्तियों का चयन।
- सरकारी कर्मचारियों के लिए एकीकृत पेंशन योजना अधिसूचित।
- एथलेटिक्स में, भारत की ज्योति याराजी ने फ्रांस में महिलाओं की 60 मीटर इनडोर बाधा दौड़ में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा और स्वर्ण पदक जीता।
*****