Download
Mobile App

android apple
signal

January 25, 2025 3:33 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से बातचीत की, कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

     

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गणतंत्र दिवस की पूर्व-संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी।

     

  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा तथा सुधार सेवाओं के 942 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

     

  • देशभर में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।

     

  • अमरीका की सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की मंजूरी दी।

     

  • मेलबर्न में, ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के महिला सिंगल्‍स का खिताबी मुकाबला मौजूदा चैंपियन आर्यना सबालेंका और मैडिसन कीज के बीच अब से कुछ देर बाद।

     

 

*****

 

भारत और इंडोनेशिया ने आज स्‍वास्‍थ्‍य सहयोग, परम्‍परागत चिकित्‍सा, समुद्री सुरक्षा, सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान और डिजिटल विकास के क्षेत्रों में समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए। तीसरे भारत इंडोनेशिया मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी मंच की रिपोर्ट भी प्रस्‍तुत की गई।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबिआंतो के साथ द्विपक्षीय और शिष्‍टमंडल स्तर की वार्ता के बाद अपने प्रेस वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ आपसी सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक चर्चा हुई। श्री मोदी ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत और इंडोनेशिया ने रक्षा विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखला में मिलकर काम करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरता से निपटने में सहयोग पर भी जोर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों ने फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने का फैसला किया है।

 

फिंटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में हमने आपसी सहयोग को और सशक्त करने का निर्णय लिया है। हमने तय किया है कि एनर्जी क्रिटिकल मिनरल साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्पेस ओर स्टेम एजुकेशन के क्षेत्र में भी साथ मिलकर काम किया जाएगा।

 

श्री मोदी ने कहा कि रामायण और महाभारत से प्रेरित कथाएं और ‘बाली यात्रा’ दोनों देशों के लोगों के बीच अनंत सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का जीवंत प्रमाण हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबिआंतो ने भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा में उन्हें दिए गए अपार सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। श्री सुबिआंतो ने कहा कि उन्होंने साझा हितों के कई प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा की, जिसमें दोनों पक्ष सहयोग के स्तर को बढ़ाना चाहेंगे।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर श्री सुबिआंतो ने इस बात पर जोर दिया कि इंडोनेशिया भारत को अपना घनिष्ठ मित्र मानता है और भारत इंडोनेशिया की स्वतंत्रता को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

औपचारिक स्वागत के बाद, श्री सुबिआंतो ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम सात बजे से आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी तथा अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढे नौ बजे से इसका प्रसारण करेगा।

 

*****

 

आकाशवाणी और दूरदर्शन कल कर्तव्य पथ से 76वें गणतंत्र दिवस परेड का सीधा प्रसारण करेंगे। ये प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म – वेव्स पर भी किया जाएगा।

 

 

*****

 

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर प्रत्‍येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आकाशवाणी का प्रतिष्‍ठित और चर्चित कार्यक्रम – सर्वभाषा कवि सम्‍मेलन का प्रसारण आज रात दस बजे से आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क पर किया जाएगा।

 

*****

 

पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा तथा सुधार सेवाओं के कुल नौ सौ 42 कर्मियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

 

इनमें से 95 कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह पदक जीवन, संपत्ति बचाने, अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने में वीरता और विशिष्ट कार्य के आधार पर प्रदान किया जाता है। इसके अलावा, एक सौ एक विशिष्ट कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और सात सौ 46 कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक मिला है। भानू और अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*****

 

केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर समाज के लि अच्छा काम करने वालों को सम्मानित करने के लिए कल गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंजाब समेत देशभर से 10 हजार लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया है।

 

इस सम्मान को पाने वालों में लुधियाना की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता करमजीत कौर, श्री मुक्तसर साहिब की झींगा किसान रूपिंदर कौर और पटियाला के वन्य-जीव संरक्षण अधिकारी अमरजीत सिंह शामिल हैं।

 

भारत सरकार की ओर से इस तरह का सम्‍मान न केवल समाज के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है बल्कि राष्‍ट्र के प्रगति के प्रति उनकी और हमारी जिम्‍मेदारी को भी बढाता है।

 

*****

 

आज 15वां राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस है। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि यह गौरव का विषय है कि भारत विश्‍व का सबसे बड़ा, विविध, युवा, समावेशी और संवेदनशील लोकतंत्र है। नई दिल्‍ली में आज 15वें राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और देश में प्राचीन समय से लोकतांत्रिक प्रक्रिया विद्यमान है। उन्‍होंने कहा कि आधुनिक विश्‍व के लिए भारत का लोकतंत्र अनूठा उदाहरण है।

 

हमारा लोकतंत्र विश्‍व का प्राचीनतम लोकतंत्र होने के साथ-साथ विश्‍व का सबसे विशाल विविधतापूर्ण युवा, समावेशी और संवदेनशील लोकतंत्र भी है। निर्वाचन आयोग के प्रबंधन, मतदाताओं की भागीदारी, सुरक्षाकर्मियों तथा इलेक्‍शन मिशनरी में सहयोग देने वाले नागरिकों के बल पर भारतीय लोकतंत्र द्वारा जिस विशाल पैमाने पर चुनाव आयोजित किये जाते हैं। वो पूरे विश्‍व में अतुलनीय है।

 

विधि और न्‍याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शांतिपूर्ण और निष्‍पक्ष तरीके से चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग के प्रयासों की सराहना की। मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त राजीव कुमार ने कहा कि भारत में अब मतदाताओं की संख्‍या 99 करोड़ से अधिक है।

 

आज जब हम राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस पूरे देश में मना रहे हैं। मुझे ये बताते हुए खुशी है कि जनवरी 2025 में आज देश में वोटर्स की संख्‍या 99 करोड के पार पहु्ंच गई है। (अंग्रेजी) राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस इन्‍हीं 99 करोड मतदाताओं को समर्पित है।

 

कार्यक्रम के दौरान राष्‍ट्रपति मुर्मु ने सुचारू चुनाव सुनिश्चित करने में अनुकरणीय प्रयासों के लिए राज्‍य और जिला अधिकारियों को सर्वश्रेष्‍ठ चुनावी कार्य पद्धति पुरस्‍कार प्रदान किए।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह दिवस भारत के जीवंत लोकतंत्र का जश्न मनाने और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सशक्त बनाने के बारे में है।

 

*****

 

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि इस वर्ष जून तक तीन सौ साठ से अधिक जीवंत गांवों में 4-जी कनेक्टिविटी उपलब्‍ध करा दी जाएगी। श्री शाह ने कल 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्‍या पर आज नई दिल्‍ली में जीवंत गांवों से आए विशेष अतिथियों के साथ बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि छह सौ 62 जीवंत गांवों में से चार सौ 74 गांवों का ऑन-ग्रिड विद्युतीकरण होगा और एक सौ 27 गांवों का ऑफ-ग्रिड विद्युतीकरण किया जाएगा। श्री शाह ने कहा कि विभिन्‍न राष्‍ट्रीय समारोहों में इन लोगों को आमंत्रित करने से सरकार अंतर को पाट रही है और इन्‍हें मुख्‍यधारा में ला रही है। इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, जुएल ओराम, किरेन रिजि‍जू और नित्‍यानन्‍द राय भी उपस्थित थे।

 

*****

 

वैश्विक चुनौतियों और अनिश्चितता के मद्देनजर सहयोग बढ़ाने के आह्वान के साथ दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक सम्‍पन्‍न हो गई है। समापन भाषण में मंच के अध्यक्ष बोर्गे ब्रेंड ने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, कार्बन उत्सर्जन को कम करने और संघर्षों को समाप्त करने के तरीकों को खोजने जैसी महत्वपूर्ण राजनीतिक प्राथमिकताओं पर तत्काल ध्यान देने पर जोर दिया।

 

*****

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के कठुआ जिले में सेना के जवानों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। हमारे जम्‍मू संवाददाता ने खबर दी है कि गोलीबारी के बाद आतंकवादी भाग गए। आतंकियों की तलाश के लिए व्‍यापक अभियान चलाया जा रहा है। कठुआ जिले की बटोड पंचायत में सेना के अस्‍थाई शिविर के पास रात एक बजे के बाद संदिग्‍ध आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चलने पर जवानों ने उन पर गोलियां चलाईं। इसके बाद आतंकवादियों ने भी गोलीबारी की। सेना ने घेराबंदी कर आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। ब्‍यौरे की प्रतीक्षा है।

 

*****

 

अमरीका की सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा की समीक्षा याचिका को खारिज करते हुए उसके भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है।

 

भारत, पाकिस्तानी मूल के कनाडाई व्यवसायी राणा के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा था। उस पर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में मुख्‍य भूमिका निभाने का आरोप है। राणा का कथित तौर पर संबंध हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक पाकिस्तानी-अमरीकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से है। 64 वर्षीय राणा इस समय लॉस एंजेलिस के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में कैद है। समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

 

*****

 

खबरे महाकुंभ से:-

 

प्रयागराज के महाकुंभ में आयुष मंत्रालय श्रद्धालुओं और आगंतुकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि अब तक एक लाख 21 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने आयुष सेवाओं का लाभ उठाया है।

 

आयुष मंत्रालय, महाकुंभ में देश और विदेश से आए श्रद्धालुओं को नि-शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा हैं। 80 डॉक्टरों की टीम, 20 ओपीडी के माध्यम से चौबीस घंटे लगातार स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। विदेशी श्रद्धालु भी ओपीडी परामर्श सहित आयुष सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। वहीं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए, आयुष डॉक्टरों की एक टीम समर्पित है इसके अलावा, संगम क्षेत्र में निर्धारित स्थानों में प्रतिदिन सुबह के समय, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों द्वारा योग सत्र का आयोजन किया जा रहा हैं। इन सत्रों में अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं की भागीदारी, स्थानीय और वैश्विक जनता के बीच आयुष सेवाओं में बढ़ती रुचि और विश्वास को दर्शाती है। आनंद कुमार के साथ, दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज

 

*****

 

वरिष्ठ लेखक और सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र चपलगांवकर का आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

 

*****

 

मौसम विभाग ने आज राजस्थान के अलग-अलग इलाकों और अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश और पंजाब में शीतलहर का अनुमान जताया है। वहीं बिहार में कल तक ठंड बने रहने की संभावना है। इसके अलावा, कल तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रात और सुबह के समय घना कोहरा रहने का अनुमान है।

 

*****

 

भारत और इंग्‍लैंड के बीच पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच आज चेन्‍नई में खेला जाएगा। मैच शाम सात बजे से शुरू होगा।

 

*****

 

मेलबर्न में ऑस्‍ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के फाइनल में आज विश्‍व की नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन बेलारूस की आर्यना सबालेंका का मुकाबला अमरीका की मेडीसन कीज के बीच हो रहा है। पुरूष डबल्‍स के फाइनल में आज ही ब्रिटेन के हेनरी पैटन और फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा की जोड़ी का सामना इटली के साइमोन बोलेली और एन्‍ड्रि‍या वावासोरी की जोड़ी से होगा।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से बातचीत की, कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

     

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गणतंत्र दिवस की पूर्व-संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी।

     

  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा तथा सुधार सेवाओं के 942 कर्मियों को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

     

  • देशभर में आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।

     

  • अमरीका की सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने की मंजूरी दी।

     

  • मेलबर्न में, ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के महिला सिंगल्‍स का खिताबी मुकाबला, मौजूदा चैंपियन आर्यना सबालेंका और मैडिसन कीज के बीच जारी।

     

*****