Download
Mobile App

android apple
signal

January 23, 2025 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पूरे देश में पराक्रम दिवस मनाया जा रहा है; प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- देशवासियों को नेताजी से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करना चाहिए।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा- भारत, संयुक्त राज्य अमरीका सहित विदेशों में अवैध तरीके से रह रहे भारतीयों की विधिवत वापसी के लिए तैयार।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए कई रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
  • रेलवे मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्‍या को देखते हुए महाकुंभ के लिए 150 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।
  • और भारत के लक्ष्य सेन, इंडोनेशिया मास्‍टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर।

 

*******

 

आज पराक्रम दिवस है। यह दिवस नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्‍य में मनाया जाता है।

 

महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी सन 1897 को ओड़िशा के कटक में हुआ। नेताजी का विचार था कि इस नश्वर संसार हर चीज नष्ट होती है और होती रहेगी लेकिन विचार, आदर्श और सपने कभी समाप्त नहीं होते। किसी एक विचार के लिए किसी व्यक्ति को कुर्बनी देनी पड़ सकती है लेकिन उसकी मृत्यु के बाद वह विचार हज़ारों जंदगियों मे खुद को अवतरित कर देता है। नेताजी ने अपने इसी विचार के अनुरूप अंग्रेजों का सामना करने के लिए जापान के सहयोग से आज़ाद हिन्द फ़ौज का गठन किया। और आजा़द भारत का सपना देखने वाले करोड़ो हिंदुस्तानियों के दिलों में देश के प्रति मर मिटने की अलख जगाई। नेता जी द्वारा दिए गए नारों तुम मुझे खून दो मैं तुम्हे आजादी दूंगा और जय हिंद ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में एक नई जान फूंक दी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से अत्याधिक प्रेरित रहे और अंतिम समय तक भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद देखने के अपने सपने को साकार करने के प्रति दृढ़ संकल्पित रहे। आकाशवाणी की ओर से ऐसे महान स्वंतत्रता सेनानी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

 

इस अवसर पर संस्‍कृति मंत्रालय ओडिशा के कटक में तीन दिन का समारोह आयोजित कर रहा है। कटक नेताजी की जन्‍मस्‍थली है।

 

*******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नेताजी सुभाष चन्‍द्र बोस की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति ने कहा कि नेताजी भारत के स्‍वाधीनता संघर्ष में सर्वाधिक दृढ और प्रेरक हस्तियों में शामिल थे। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत की स्‍वतंत्रता और आजाद हिन्‍द फौज के गठन के लिए नेताजी का अनुकरणीय समर्पण उनकी असाधारण दृष्टि और वीरता का प्रमाण है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दोहराया है कि देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरणा लेकर विश्‍व की तीसरी सबसे बडी अर्थव्‍यवस्‍था बनने के लिए प्रतिबद्ध है। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा कि देशवासियों को विकसित भारत का लक्ष्‍य हासिल करने के लिए प्रयास करना चाहिए।

 

आज विश्व मंच पर भारत की भूमिका बढ़ रही है। भारत की आवाज बुलंद हो रही है। वह दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। हमें नेताजी सुभाष की प्रेरणा से एक लक्ष्य एक ध्येय विकसित भारत के लिए निरंतर काम करते रहना है और यही नेताजी को हमारी सच्ची कार्यांजलि होगी।

 

विश्‍व में भारत की बढती हैसियत पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय देश की प्रगति के लिए वातावरण अनुकूल है और विश्‍व भारत की तरफ देख रहा है।

 

आज विश्व में हर तरफ भारत की प्रगति के लिए अनुकूल माहौल है। दुनिया भारत की ओर देख रही है कि कैसे हम इस 21वीं सदी को भारत की शताब्दी बनाते हैं और ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में हमें नेताजी सुभाष की प्रेरणा से भारत की एक जुटता पर बल देना है। हमें उन लोगों से भी सतर्क रहना है जो देश की एकता को तोड़ना चाहते हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सेना को भी अत्‍यधिक मजबूत बनाया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दस वर्ष में 25 करोड भारतीयों को गरीबी से निकाला गया है।

 

*******

 

प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आज नई दिल्‍ली में संविधान सदन के केन्‍द्रीय कक्ष में श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोक सभा अध्‍यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, काग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्‍य नेताओं ने भी नेताजी के चित्र पर पुष्‍पांजलि अर्पित की।

 

*******

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती समारोह में शामिल हुईं।

 

*******

 

त्रिपुरा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती देशभक्ति के उल्‍लास के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर देश के स्‍वाधीनता संघर्ष में नेताजी के योगदान का स्‍मरण किया जा रहा है।

 

*******

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में कर्तव्य पथ पर आज गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई।

 

*******

 

76वीं गणतंत्र दिवस परेड के दौरान देश की विविधता और सांस्कृतिक समावेशिता को दर्शाने वाली विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों की कुल 26 झांकियां तैयार की गई हैं। इस बार झांकियों का विषय है- ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’। परेड में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ 10 मंत्रालयों और विभागों की अनूठी थीम वाली झांकियां शामिल होंगी।

 

*******

 

राष्‍ट्रीय स्‍कूल बैंड स्‍पर्धा 6 प्‍वाइंट ओ का ग्रैंड फिनाले कल से नई दिल्‍ली के मेजर ध्‍यानचंद नेशनल स्‍टेडियम मे होगा। यह प्रतियोगिता 25 जनवरी तक चलेगी। पहली बार तीन सरकारी स्‍कूलों की बैंड टीमों को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिला है।

 

*******

 

विदेश मंत्री डॉ सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि पाकिस्‍तान के साथ व्‍यापार फिर शुरू करने के बारे में कोई बातचीत नही हुई है। कल वाशिंगटन डीसी में संवाददाता सम्‍मेलन में डॉ जयशंकर ने सर्वाधिक वरीय राष्‍ट्र के दर्जे संबंधी भारत की दीर्घकालिक चिंता दोहराई।

 

विदेश मंत्री ने अमरीका सहित विदेश मे अवैध रूप से रह रहे भारतीयो की न्‍याय संगत वापसी पर भारत का रवैया स्‍पष्‍ट किया। उन्‍होंने कहा कि भारत उनकी वापसी का स्‍वागत करता है। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत लीगल मोबिलिटी का पूरा समर्थन करता है और चाहता है कि कुशल और प्रतिभावान भारतीयों को वैश्‍विक स्‍तर पर बडे़ अवसर मिलें।

 

*******

 

निर्वाचन आयोग ने आज नई दिल्ली में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान, चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रमुख और प्रतिनिधि चुनाव प्रबंधन में सामने आने वाले प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन का विषय है “वैश्विक चुनाव वर्ष 2024: लोकतांत्रिक स्थानों की पुनरावृत्ति; निर्वाचन प्रबंधन निकायों के लिए सीख”।

 

*******

 

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए प्रचार जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं।

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी आज दिल्‍ली में कई जनसभाएं करेंगे।

 

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी रोड शो और जनसभाएं करने का कार्यक्रम है।

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पार्टी उम्मीदवार अली मेहदी के पक्ष में मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं ने आज दोपहर दिल्ली चुनाव के लिए पार्टी का थीम सॉन्ग जारी किया।

 

*******

 

महाराष्‍ट्र के उप-मुख्‍यमंत्री अजित पवार ने पुष्टि की है कि जलगांव पुष्‍पक एक्‍सप्रेस दुर्घटना में मृतकों की संख्‍या बढकर 13 हो गई है। अब तक दस शवों की पहचान कर ली गई है। श्री पवार ने कहा कि रेल सेवाएं और यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है।

 

*******

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में राजौरी जिले के बढाल गांव से तीन बहनो सहित चार और मरीजो को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। इस क्षेत्र में पिछले 50 दिन में रहस्‍यमयी बीमारी के कारण 17 लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है। केन्‍द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गठित विभिन्‍न मंत्रालयों की टीम ने कल भी लगातार तीसरे दिन मौत के कारणों की जांच की।

 

*******

 

उत्‍तर प्रदेश में प्रयागराज में चल रहे महाकुम्‍भ के दौरान आवश्‍यक सुविधाओं की उपलब्‍धता जानने के लिए नया चैटबॉट जारी किया गया है। इसमें तीन नई विशेषताएं जोडी गई हैं। इस चैटबॉट का उद्देश्‍य महाकुम्‍भ में श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाना है।

 

*******

 

और अब खबरें महाकुंभ से..

 

प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने मौनी अमावस्‍या के अवसर पर महाकुंभ में श्रृद्धालुओं की संभावित अधिक संख्‍या को देखते हुए 150 स्‍पेशल मेला ट्रेन चलाने की व्‍यापक योजना बनाई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह विशेष रेलगाडियां प्रयागराज के सभी नौ स्‍टेशनों से चलाई जाएंगी ताकि श्रृद्धालु सुगमता से यात्रा कर सकें।

 

मेला प्राधिकरण ने अनुमान लगाया है कि मौनी अमावस्या के अवसर पर लगभग 8 से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने की उम्मीद है। इनमें से लगभग 20 प्रतिशत श्रद्धालुओं के ट्रेन से यात्रा करने की उम्मीद है। विशेष ट्रेन चलाने के अलावा मंडल ने यात्रियों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कलर कोडेड टिकटिंग और अतिरिक्त आश्रय की व्यवस्था भी है। इन तैयारी के साथ प्रयागराज रेल मंडल का लक्ष्य मौनी अमावस्या पर लगभग हर 4 मिनट में एक रेलगाड़ी चलाने की योजना है। वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि प्रयागराज रेल मंडल महाकुंभ 2025 में आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के प्रबंधन के लिए पूरी तरह तैयार है। महाकुंभ के दौरान अब तक नौ करोड़ 73 लाख से अधिक श्रृद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज बालासाहेब ठाकरे को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे को जन कल्याण और महाराष्ट्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए व्यापक रूप से सम्मान दिया जाता है और उन्हें याद किया जाता है।

 

*******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज प्रसिद्ध स्‍वाधीनता सेनानी वीर सुरेंद्र साई की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति ने कहा कि उन्‍होंने जीवनभर विदेशी शासन के खिलाफ लडा़ई के माध्‍यम से असीम साहस, वीरता और त्‍याग का उदाहरण प्रस्‍तुत किया।

 

*******

 

भारत के लक्ष्‍य सेन इंडोनेशिया मास्‍टर्स सुपर 500 बैंडमिंटन टूनामेंट से बाहर हो गए हैं। आज जर्काता में पुरूष सिंगल्‍स के दूसरे दौर में जापान के केन्‍ता निशिमोतो ने लक्ष्‍य सेन को 21-16, 12-21 और 23-21 से हराया। मिक्‍सड डबल्‍स में तनीशा क्रास्‍टो और धुव्र कपिला की भारतीय जोडी को हार का सामना करना पडा।

 

*******

 

खेलो इंडिया सीजन की शुरुआत आज से लद्दाख में खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 के साथ हो रही है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मांडविया मेहोन में नवांग दोरजे स्‍टोबदान स्‍पोर्ट्स कॉम्‍पलेक्‍स में पांच दिन के खेल आयोजन का शुभारंभ कर रहे हैं। इन खेलों में विभिन्‍न राज्‍यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्‍य संस्‍थानों की करीब 19 टीम स्पर्धाएं करेंगे।

 

*******

 

कुआलालंपुर में आईसीसी अंडर-19 महिला क्रिकेट ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप में, भारत ने तीसरे और अंतिम ग्रुप-ए मुकाबले में श्रीलंका को 119 रन का लक्ष्‍य दिया है। ताजा समाचार मिलने तक श्रीलंका ने 5 ओवर में 5 विकेट पर 17 रन बना लिये हैं।

 

*******

 

रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग में, ओडिसा वारियर्स का सामना आज शाम सवा छह बजे दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा। पुरुष वर्ग में, तमिलनाडु ड्रैगन्स का सामना रात सवा आठ बजे राउरकेला में हैदराबाद तूफान्‍स से होगा।

 

*******

 

इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज, हैदराबाद फुटबॉल क्‍लब का मुकाबला जमशेदपुर फुटबॉल क्‍लब से हैदराबाद में होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

 

*******

 

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में कल तक शीतलहर का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिसा में भी कल तक कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है। कोहरे के कारण 25 से अधिक रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।

 

*******

 

और अब अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पूरे देश में पराक्रम दिवस मनाया जा रहा है; प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- देशवासियों को नेताजी से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करना चाहिए।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मयम जयशंकर ने कहा- भारत, संयुक्त राज्य अमरीका सहित विदेशों में अवैध तरीके से रह रहे भारतीयों की विधिवत वापसी के लिए तैयार।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए कई रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
  • रेलवे मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्‍या को देखते हुए महाकुंभ के लिए 150 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।
  • और भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन, इंडोनेशिया मास्‍टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर।

 

*******