मुख्य समाचार:-
- छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी संयुक्त अभियान के दौरान 14 माओवादी मारे गए। इनमें नक्सली सेन्ट्रल कमेटी का सदस्य एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी भी शामिल। गृह मंत्री अमित शाह ने इस बड़ी सफलता पर सुरक्षा बलों की सराहना की।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले में दोषी संजय रॉय को मौत की सजा की मांग करते हुए उच्च न्यायालय में अपील की।
- दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के दूसरे संकल्प पत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को वित्तीय मदद और केजी से पीजी तक के जरूरतमंद छात्रों को मुफ्त शिक्षा का वादा।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने पदभार ग्रहण करने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन और पेरिस जलवायु समझौते से हटने सहित कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए।
- और खेलों में, कुआलालंपुर में अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप में ग्रुप ए के मुकाबले में भारत ने मलेशिया को दस विकेट से हराया।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में, पाउला बडोसा ने तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को हराकर महिला सिंगल्स के पहले सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
—–
छत्तीसगढ़ और ओडिशा सीमा पर कल रात एक संयुक्त अभियान में कम से कम 14 माओवादी मारे गए।इनमें नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का कुख्यात सदस्य जयराम उर्फ चलपती भी मारा गया है। इसपर एक करोड़ रूपए का इनाम घोषित था।
हमारे संवाददाता ने बताया कि कुल्हाड़ीघाट आरक्षित वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद, छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस तथा सीआरपीएफ ने एक संयुक्त अंतर-राज्यीय अभियान शुरू किया था।
यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले और ओडिशा के नुआपाड़ा जिले की सीमावर्ती इलाकों में चलाया गया। पिछले करीब 24 घंटे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। कल शाम दो महिला माओवादियों के शव बरामद किये गये थे। आज सुबह घटनास्थल से 12 और माओवादियों के शव बरामद किये गये हैँ। इस मुठभेड़ में नक्सलियों की केंद्रीय कमेटी का मेंबर जयराम उर्फ चलपती भी मारा गया है। इस पर एक करोड़ रूपए का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने मौके से एक सेल्फ लोडिंग राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी बरामद किये हैं। विकल्प शुक्ला, अकाशवाणी समाचार, रायपुर।
—–
इस संबंध में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि सरकार और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयास से भारत नक्सल मुक्त हो जाएगा।
—–
पश्चिम बंगाल सरकार ने आज कलकत्ता उच्च न्यायालय में आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले में विशेष न्यायालय में अपील दायर की है। सरकार ने उच्च न्यायालय से दोषी संजय रॉय को आजीवन कारावास के बदले मृत्युदंड की मांग की है। संजय रॉय को पिछले साल अगस्त में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या करने का दोषी ठहराया गया था।
राज्य के महाधिवक्ता किशोर दत्ता ने इस संबंध में न्यायमूर्ति देबांग्शु बसाक तथा न्यायमूर्ति शब्बर रशीदी की खंडपीठ में अपील की याचिका दायर की है। खंडपीठ ने याचिका स्वीकार कर ली है।
कल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की कि राज्य सरकार दोषी के लिए “मृत्युदंड” की मांग करने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एक जघन्य अपराध है और इसके लिए मृत्युदंड की सजा मिलनी चाहिए।
—–
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायी निकायों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बहस और चर्चा का स्थान बनाने पर जोर दिया है। पटना में आज अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के 85वें सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए श्री बिरला ने कहा कि सभी प्रतिनिधियों ने संवाद और बहस को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया है।
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने भी प्रतिनिधियों को संबोधित किया।
—-
सरकार ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान पर जिलाधिकारियों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में पीएम जनमन के तहत छह मुख्य क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इनमें आवास, सड़क, आंगनवाड़ी, स्कूल छात्रावास, बहुउद्देश्यीय केंद्र और वन धन विकास केंद्र शामिल हैं। जनजातीय कार्यमंत्री जुएल ओराम ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पीएम जनमन का लाभ सम्मेलन में शामिल सभी 18 राज्यों के हर व्यक्ति तक पहुंचे।
—–
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और स्टार प्रचारक रोड शो, रैलियां, जनसभाएं कर प्रचार कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जरूरतमंद छात्रों को सरकारी शिक्षण संस्थानों में प्रारंभिक शिक्षा से स्नातकोत्तर तक मुफ्त शिक्षा देगी।
दिल्ली के युवाओं के लिए राज्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उनको सक्षम बनाने के लिए एकमुश्त पंद्रह हजार रूपए की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे ताकि वो प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अच्छी तैयारी कर सकें। हमारे दिल्ली के युवा शानदार रिजल्ट दे सकें और परीक्षा केंद्र की यात्रा की लागत भी और आवेदन शुल्क की दो अटेम्पट तक प्रतिपूर्ति हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है, तो अनुसूचित जाति के छात्रों को डॉ. भीमराव आम्बेडकर छात्रवृत्ति योजना के तहत एक हजार रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।
वहीं, भाजपा के संकल्प पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो मुफ्त शिक्षा, इलाज और बिजली बंद कर दी जाएगी।
कि दिल्ली में हम लोगों ने शिक्षा मुफ्त कर दी। अठारह लाख बच्चों के लिए शानदार शिक्षा का इंतजाम किया। अगर ये लोग आ गए तो मुफ्त शिक्षा बंद कर देंगे और आज का इनका ये संकल्प पत्र है इस संकल्प पत्र में ये लिख रहे हैं कि दिल्ली के स्कूलों में मिलने वाली फ्री शिक्षा को बंद कर दिया जाए।
—–
वहीं, कांग्रेस ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर पिछले दस वर्षों में दलित और वाल्मीकि समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर उदित राज ने यह भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दलितों के आरक्षण को कमजोर किया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फऱवरी को और मतगणना 8 फरवरी को होगी।
—–
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस लौटने के कुछ ही घंटों बाद जो बाइडेन की 78 नीतियों को रद्द करते हुए कई प्रशासनिक आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं।
एक प्रमुख आदेश में, राष्ट्रपति ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यू.एच.ओ. से हटने का निर्देश दिया। अपने आदेश में ट्रम्प ने वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी से हटने के लिए कई कारणों का हवाला दिया। जिनमें कोविड-19 महामारी से ठीक से न निपटने और तत्काल आवश्यक उपाय करने में विफलता शामिल है। ट्रम्प ने डब्ल्यू.एच.ओ. पर आरोप लगाया कि वह महामारी के प्रकोप के दौरान दिशा-निर्देश जारी करने में चीन के प्रति पक्षपाती रहा।
श्री ट्रम्प ने पेरिस जलवायु समझौते से हटने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किए। उन्होंने जलवायु संबंधी नीतियों को पलटते हुए तेल, गैस और खनन गतिविधियों को सुविधाजनक बनाकर अमरीकी ऊर्जा उत्पादन का विस्तार करने के लिए आपातकालीन शक्तियों का भी इस्तेमाल किया।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने अमरीका में जन्मे, गैर-नागरिक दम्पत्तियों के बच्चे को स्वत: नागरिकता प्राप्त होने के नियम को आधिकारिक रूप से समाप्त कर दिया।
डॉनल्ड ट्रम्प ने संघीय विभागों को चीन, मैक्सिको और कनाडा के साथ शुल्क और व्यापार संबंधों की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संकेत दिया कि पहली फरवरी से मैक्सिको और कनाडा पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जाएगा।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित वैश्विक नेताओं ने डोनल्ड ट्रंप को अमरीका के 47वें राष्ट्रपति का पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि वे दोनों देशों के हित और विश्व के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए वापस अमरीका के साथ मिलकर काम करने के उत्सुक है।
—–
अमरीकी सीनेट ने ट्रम्प प्रशासन में मैक्रो रूबियो को देश के 72वें विदेश मंत्री नियुक्त किए जाने का अनुमोदन कर दिया है। सीनेट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार संसद के 119वें सत्र में रूबियो ने 99 मतों से चुनाव जीता।
इस बीच, भारतीय मूल के उद्यमी विवेक रामास्वामी अब टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क के साथ सरकारी सक्षमता विभाग के सह अध्यक्ष के पद पर नहीं रहेंगे। ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह के कुछ घंटों के बाद ही कल राष्ट्रपति कार्यालय ने इन खबरों की पुष्टि की।
—–
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज ब्रसेल्स में बेल्जियम के विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने विदेशी व्यापार पर बेल्जियम की महत्वपूर्ण निर्भरता और भारत की गतिशील, बढ़ती अर्थव्यवस्था को पारस्परिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
——
स्विटजरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान और कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने संयुक्त रूप से भारतीय पवेलियन का उद्घाटन किया। श्री पासवान ने इस अवसर पर कहा कि भारत की प्रगति से समूचे विश्व को लाभ होगा।
संवाददाताओं से बातचीत में श्री पासवान ने कहा कि वे वैश्विक स्तर पर बेहतर सहयोग के उत्सुक हैं और नरेन्द्र मोदी सरकार भारत को वैश्विक फूड बास्केट का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहती है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उपस्थित थे।
——
और अब खबरें महाकुंभ से।
प्रयागराज में महाकुंभ में त्रिवेणी मार्ग स्थित सुसज्जित संविधान गैलरी लोगों को आकर्षित कर रही है। इस गैलरी की स्थापना का उद्देश्य लाखों आगंतुकों को संविधान के निर्माण, कार्यान्वयन और अनुच्छेदों के बारे में शिक्षित करना है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से।
संविधान गैलरी की प्रदर्शनी में ऐतिहासिक विवरण, प्रमुख दस्तावेज और भारतीय संविधान के निर्माताओं के योगदान को बखूबी दर्शाया गया है। संविधान सभा की चर्चाओं को ऑडियो के माध्यम से भी प्रस्तुत किया गया है, जिससे आगंतुकों को संविधान के विकास के बारे में गहरी जानकारी मिलती है। वहीं, डिजिटल गैलरी संविधान की यात्रा को जीवंत बनाती है। जब आगंतुक स्क्रीन को छूते हैं, तो संविधान के पन्ने खुल जाते हैं और संवाददाता ग्रुप से संविधान के प्रारूपण, कार्यान्वयन से संबंधित ऐतिहासिक क्षणों की जानकारी मिलती है। डिजिटल स्क्रीन पर एक टाइमलाइन के जरिए दर्शकों को संविधान के इतिहास से जुड़े साल दर साल प्रमुख जानकारियों को तलाशने की भी सुविधा है। प्रवेश द्वार पर एक टच–स्क्रीन सेल्फी पॉइंट आगंतुकों को भी आकर्षित कर रही है। जहां वह केवल एक टैप से राष्ट्रीय प्रतीक, अशोक स्तंभ के साथ तस्वीरें ले सकते हैं। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
—–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के राज्य दिवस पर शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में श्री मोदी ने कहा कि देश के विकास में मणिपुर के लोगों द्वारा निभाई गई भूमिका पर पूरे देश को गर्व है। मेघालय के लिए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य अपनी प्राकृतिक सुंदरता और लोगों की औद्योगिक प्रकृति के लिए प्रशंसनीय है। त्रिपुरा के लिए श्री मोदी ने कहा कि राज्य राष्ट्रीय प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।
——
सरकार कल नई दिल्ली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की 10वीं वर्षगांठ मनाएगी, जो बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे अथक प्रयासों का एक दशक पूरा होने का प्रतीक है।
—–
राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान दो फरवरी से 30 मार्च तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। लोग सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का दौरा कर सकते हैं। राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट से बुकिंग की जा सकती है और उद्यान में बुकिंग और प्रवेश निःशुल्क है।
—–
स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती आज पूरे पश्चिम बंगाल में मनाई जा रही है। कोलकाता के शिमला स्ट्रीट पर स्थित विवेकानंद के जन्म स्थान पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। रामकृष्ण मठ और मिशन अपनी सभी शाखाओं में विवेकानंद की जयंती मना रहा है।
—-
कुआलालंपुर में आईसीसी अंडर 19 महिला क्रिकेट ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप में भारत ने मेजबान मलेशिया को 10 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मलेशिया की टीम सिर्फ 31 रन ही बना सकी। 32 रन का लक्ष्य भारत ने सिर्फ दो ओवर पांच गेंद में हासिल कर लिया। भारत की वैष्णवी शर्मा ने 5 और आयुषी शुक्ला ने 3 विकेट हासिल किये।
——
ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में महिला सिंगल्स क्वार्टरफाइनल में पाउला बडोसा ने आज विश्व की तीसरी वरियता प्राप्त खिलाड़ी कोको गॉफ को 7-5 और 6-4 से हराया। इसके साथ पाउला ने अपने पहले ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में पाउला बडोसा का सामना विश्व की पहली वरियता प्राप्त और दो बार की गत विजेता आर्यना सबालेंका और अनास्तासिया पावलुचेनकोवा के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मैच की विजेता से होगा।
——
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी का अनुमान लगाया है और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।
देश के उत्तरी भागों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी संयुक्त अभियान के दौरान 14 माओवादी मारे गए। इनमें नक्सली सेन्ट्रल कमेटी का सदस्य एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी भी शामिल। गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी सफलता पर सुरक्षा बलों की सराहना की।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने आरजी कर दुष्कर्म और हत्या मामले में दोषी संजय रॉय को मौत की सजा की मांग करते हुए उच्च न्यायालय में अपील की।
- दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के दूसरे संकल्प पत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को वित्तीय मदद और केजी से पीजी तक के जरूरतमंद छात्रों को मुफ्त शिक्षा का वादा।
- अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पदभार ग्रहण करने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन और पेरिस जलवायु समझौते से हटने सहित कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए।
- कुआलालंपुर में अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप में ग्रुप ए के मुकाबले में भारत ने मलेशिया को दस विकेट से हराया।
- और ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में, पाउला बडोसा ने तीसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ को हराकर महिला सिंगल्स के पहले सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
——