मुख्य समाचार:-
- डोनाल्ड ट्रंप ने आज रात वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले देश के समक्ष मौजूद हर संकट को दूर करने के लिए ऐतिहासिक गति और शक्ति से कार्य करने का वादा किया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति और क्वाड से संबंधित घटनाक्रम पर चर्चा की।
- उत्तराखंड मंत्रीमंडल ने समान नागरिक संहिता नियमावली को मंजूरी दी।
- कोलकाता की सियालदह अदालत आर जी कर मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में संजय राय को आज सजा सुनाएगी।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने का आज अंतिम दिन।
- और, रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग में, जेएसडब्ल्यू सोरमा हॉकी क्लब का सामना दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा।
*****
डोनाल्ड ट्रंप आज अमरीका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण वाशिंगटन डीसी में अमरीका के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स की उपस्थिति में, भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे होगा। एक रिपोर्ट
श्री ट्रंप सत्ता की आधिकारिक हस्तांतरण के दौरान समारोह को संबोधित भी करेंगे। श्री जे. डी. वैंस को उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। अनेक विदेशी राजनेताओं के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। इनमें अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ, अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नईब बुकेले, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो और पालैंड के पूर्व प्रधानमंत्री मातेज मोराविक शामिल हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
समारोह से पहले, 78 वर्षीय ट्रम्प ने कल रात वाशिंगटन, डीसी में एक विजय रैली को संबोधित किया। श्री ट्रम्प ने संयुक्त राज्य अमेरिका के सामने आने वाले हर संकट को दूर करने के लिए ऐतिहासिक गति से कार्य करने का वादा किया।
श्री ट्रंप ने समर्थकों को आश्वासन दिया कि उनके कार्यकाल की शुरूआत से समाप्ति तक अमेरिकी सीमाओं पर आक्रमण बंद हो जाएगा और सभी अवैध सीमा अतिक्रमणकारियों की वापसी शुरू होनी। किसी न किसी रूप में अपने घर वापस जाने की यात्रा शुरू कर देंगे।
*****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मणयम जयशंकर ने आज अमरीका के वाशिंगटन डीसी में जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति और क्वाड से संबंधित घटनाक्रमों पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी मुलाकात की।
*****
विश्व आर्थिक मंच की 55वीं वार्षिक बैठक आज से स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू हो रही है। पांच दिन के इस आयोजन में समावेशी विकास और डिजिटल क्रांति के भारतीय मॉडल का विशेष रूप से उल्लेख होगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान तथा कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री जयंत चौधरी के साथ भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे।
*****
भारत और श्रीलंका ने दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग और मजबूत करने के लिए सामपुर सौर ऊर्जा संयंत्र से लिए प्रति यूनिट बिजली मूल्य को अंतिम रूप दे दिया है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कल एक बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन और सीलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के बीच संयुक्त उद्यम में 5.97 अमेरिकी सेंट प्रति किलोवाट-घंटा की कीमत को अंतिम रूप दिया गया है।
*****
इस्राइल और हमास के बीच नए युद्ध विराम समझौते के अंतर्गत हमास ने बंधक बनाई गई तीन इस्राइली महिलाओं को कल गजा में रिहा कर दिया। इन महिलाओं को सात अक्टूबर, 2023 में बंधक बनाया गया था। एक रिपोर्ट-
16 महीने की कैद के बाद रेड क्रॉस के माध्यम से तीन इस्राइली महिलाओं को इस्राइल के अधिकारियों को सौंप दिया गया। मेडिकल जाँच के बाद महिलाएं अपने परिवार से मिली। वे इस समझौते के तहत रिहा होने वाली 33 इस्राइली बंधकों में से पहली तीन बंधक हैं, समझौते में 90 फ़लस्तीनी कैदियों की रिहाई भी शामिल है। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि सेना किसी भी युद्धविराम उल्लंघन का जवाब देने के लिए तैयार है। यह इस्राइल और हमास के बीच व्यापक युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते की शुरुआत है जो अगले छह सप्ताह तक जारी रहने वाला है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।
*****
उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने समान नागरिक संहिता- यूसीसी नियमावली को आज मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही प्रदेश में यूसीसी कानून लागू होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड से निकलने वाली गंगोत्री जिस तरह पूरे देश को सिंचित करती है, उसी तरह यूसीसी पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
और आज माननीय मंत्रिमंडल में इस बात पर हमने चर्चा करी, की जल्दी से जल्दी हम डेटों का चुंकी सारी तैयारी होने के बाद क्योंकि भारतवर्ष में सबसे पहले यूसीसी लागू करने वाला राज्य देव भूमि उत्तराखंड बनने जा रहा है। तो सभी चीजों की समीक्षा करने के बाद हम जल्दी ही डेटों का ऐलान करेंगे।
समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और बच्चा गोद लेने आदि विषयों पर एक समान कानून लागू करना है।
*****
आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पीजीटी डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के मामले में संजय राय को सजा सुनाने के लिए आज अदालती कार्यवाही शुरू हो गई। अब से कुछ देर बाद जज सजा की अवधि बताएंगे। संजय राय को पिछले सप्ताह शनिवार को अदालत ने इस मामले में दोषी करार दिया था।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कहा कि सीबीआई जांच से साबित होता है कि संजय राय इस घटना में दोषी है। पीजीटी डॉक्टर का शव पिछले वर्ष 9 अगस्त को आर जी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल से बरामद किया गया था। संजय राय को कोलकाता पुलिस ने 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे सीबीआई को सौंप दिया गया और सीबीआई ने इस मामले में उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
*****
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि भारत ने बहुराष्ट्रीय निगमों से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित कर कारोबार करने की सुगमता में सुधार किया है। डॉ. मांडविया ने नई दिल्ली में अनौपचारिक क्षेत्र में कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवरेज पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन के बाद यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
हमने हमारे लेबर कोर्ट में डीआईजी वर्कर्स की डेफिनेशन भी आईडेंटिफाई करी है और शॉर्ट टाइम में ही हम जिग वर्कर्स को सोशल सिक्योरिटी के अंदर लेकर आएंगे जो देश में आज साथ और एक मिलियन से अबोव उसकी संख्या हो चुकी है जो सेक्टर में नया सेक्टर है राइजिंग सेक्टर है उसको भी आईडेंटिफाई करके इस सेक्टर में काम करने के लिए भी भारत ने ऑलरेडी बाल चालू कर दी है
श्रम और रोजगार सचिव सुमिता डावरा ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि संगोष्ठी में भारत के 60 करोड़ कार्यबल को सामाजिक सुरक्षा के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत लाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
*****
अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन आज से पटना में शुरू हो गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दो दिन के सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री बिडला ने कहा कि 2025 का पीठासीन अधिकारी सम्मेलन देश के लोकतंत्र संस्थाओं को सशक्त करेगा।
2025 का पीठासीन अधिकारी सम्मेलन नए संकल्पों के साथ नए विचारों के साथ देश के लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त मजबूत करते हुए देश के 140 करोड लोगों को इस लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से उनके आकांक्षा पूरी हो यह सारी जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारी के रूप में हमारी है
देश के विभिन्न विधायी निकायों, लोकसभा और राज्यसभा के पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में शामिल हैं। सम्मेलन का विषय है – संविधान की 75वीं वर्षगांठ: संवैधानिक मूल्य सुदृढ़ करने में संसद और राज्य विधानसभाओं का योगदान।
*****
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। 70 सीटों की विधानसभा के लिए 719 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 23 उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से, जबकि सबसे कम 5 उम्मीदवार पटेल नगर और कस्तूरबा नगर सीटों से हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार एक हजार पांच सौ 22 नामांकन पत्रों में से 477 रद्द कर दिए गए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।
*****
दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ दो हफ्ते शेष हैं। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कई मुद्दों पर आरोप प्रत्यारोप की दौड जारी है।
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और संसद हमले के मामले में अफजल गुरु को फांसी दिए जाने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का एक ही पक्ष है।
11 साल अरविंद केजरीवाल जी आप ने और आपकी पार्टी ने सरकार चलाई है। आपने एक सवाल का जवाब आज तक नहीं दिया है। यह आतंकवाद हो, अलगाव हो, अपराधी हो इनको संरक्षण देना, इनका साथ देना यह दिल्ली की जनता जवाब मांगती है। आपको जवाब देना होगा किसकी एनजीओ है, सूत्रधार कौन है इसका। किसके साथ तार जुड़े हुए हैं।
आम आदमी पार्टी पार्टी नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि पारदर्शिता की कमी को दर्शाती है।
प्रवेश साहिब सिंह वर्मा पोस्टर बॉय भारतीय जनता पार्टी 2023-24 की अपनी सालाना आय बताते हैं 19 करोड़ 17 लाख रुपये। पांच साल में इनकी जो सालाना आय है वो 17 लाख से बढ़ के 19 करोड़ 70 लाख हो गई। अब आप सोचिए कि आप क्यों अपने बच्चों को पढ़ा–लिखा रहे हैं।
दूसरी ओर, संवादाताओं से बातचीत करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में जो भी काम हुआ है, वह कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की देन है।
किसी अगर दिल्ली में काम करके दिखाया। आपने देखा होगा शीला दीक्षित सरकार। आज जितने भी फ्लाइओवर हैं, जितना भी सब आप देखते हैं, सब शीला दीक्षित सरकार की देन है कांग्रेस सरकार की देन है।
*****
दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से दिल्ली पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में 397 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने एक बयान में बताया कि 15 करोड़ रुपये मूल्य के 212 गैर-लाइसेंसी हथियार, करीब 36 हजार लीटर शराब और 75 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि युवा देश की संपत्ति हैं, जो राष्ट्र निर्माण और समृद्धि में योगदान देते हैं। दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर- एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2025 को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति 140 करोड़ लोगों की एकता से बंधी हुई है और प्रत्येक व्यक्ति का विकास समाज की प्रगति को दर्शाता है।
*****
भारत के संविधान के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में डाक विभाग ने नई दिल्ली के राष्ट्रीय डाक टिकट संग्रहालय में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया है। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज डाक टिकट संग्रहालय का दौरा किया। पत्रकारों से बातचीत में श्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय संविधान देश को प्रगति और समृद्धि के पथ पर ले जाने के लिए हमारा मार्गदर्शक है।
नौजवान हमारे विद्यार्थियों को हमारे फिलैटली के म्यूजियम में लाकर एक नई जागृति हमारे देश के संविधान के प्रति फिलैटली और डाक सेवा के प्रति उजागर करने की कोशिश की गई। हमारा संविधान हमारा ग्रंथ देश को विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर करने वाला है।
*****
अब खबरें महाकुंभ से- भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 में लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर कड़े कदम उठाए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों, मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं की तैनाती और जागरूकता अभियानों के माध्यम से, प्राधिकरण महाकुंभ मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में सबसे आगे है।
एफएसएसआई ने उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से मेला क्षेत्र के विभिन्न सेक्टर में खाद्य विश्लेषकों सहित 10 मोबाइल खाद्य प्रशिक्षण प्रयोगशालाएं तैनात की है। यह खाद्य प्रशिक्षण प्रयोगशालाएं मिलावटी और खराब होने वाली खाद्य पदार्थों की मौके ही पर जांच कर रही है। साथ ही खाद्य व्यापार संचालकों, स्ट्रीट फुड विक्रेताओं और आम जनता को जागरुक भी किया जा रहा है। मेले के प्रत्येक सेक्टर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी तैनात हैं, जो स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी करते हैं। खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए मेला परिसर में मौजूद होटलों, छोटे खाद्य स्टॉल और ढाबों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। मौके पर मौजूद टीम को खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायतों का समाधान और सामान की गुणवत्ता सहित खाना पकाने के तरीकों की जांच करके तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मेला क्षेत्र में की गई ये सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के प्रति सरकार के प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*****
महिला हॉकी इंडिया लीग में आज रांची में जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे से खेला जाएगा। पुरुष वर्ग में, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का सामना राउरकेला के जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब से होगा। यह मैच रात सवा आठ बजे से शुरू होगा।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- डोनाल्ड ट्रंप ने आज रात वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले देश के समक्ष मौजूद हर संकट को दूर करने के लिए ऐतिहासिक गति और शक्ति से कार्य करने का वादा किया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति और क्वाड से संबंधित घटनाक्रम पर चर्चा की।
- उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने समान नागरिक संहिता नियमावली को मंजूरी दी।
- कोलकाता की सियालदह अदालत आर जी कर मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में संजय राय को सजा सुनाने जा रही है।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने का आज अंतिम दिन।
- और, रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग में, जेएसडब्ल्यू सोरमा हॉकी क्लब का सामना दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा।
*****