Download
Mobile App

android apple
signal

January 19, 2025 4:00 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-दूरदर्शी वैज्ञानिकों से भविष्य की चुनौतियों का समाधान मिलने से भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में नए मानक स्थापित कर रहा है।
  • प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी से मन की बात में संविधान निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया।  नागरिकों से इन महान नेताओं के विचारों से प्रेरणा लेने का आग्रह।
  • श्री मोदी ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को समानता और सद्भाव का असाधारण संगम बताया, कहा-इसकी वैश्विक लोकप्रियता हर भारतीय के लिए गर्व की बात।
  • उत्तर रेलवे ने महाकुंभ के लिए कटरा और प्रयागराज के बीच तीन विशेष रेलगाड़ियों की घोषणा की।
  • इजराइल और हमास के बीच गजा युद्ध विराम समझौता संकट में, हमास द्वारा रिहा किये जाने वाले बंधकों की सूची मिलने तक इसराइल ने समझौते के अमल को टाला।
  • भारत के रोहन बोपन्‍ना और चीन की सुआई चांग ऑस्‍ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मिक्‍स डबल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत प्रखर वैज्ञानिकों और नवोन्मेषी वैज्ञानिकों की बदौलत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहा है, जिससे भावी चुनौतियों के समाधान उपलब्ध होंगे। आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम की एक सौ 18वीं कड़ी में उन्होंने अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश की हाल की उपलब्धियों की सराहना की। श्री मोदी ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में कार्यरत बैंगलुरू के स्टार्ट-अप पिक्सल की प्रशंसा की।

 

एक भारतीय स्‍पेस-टैक स्‍टार्ट-अप बेंगलुरू के पिक्सेल ने भारत का पहला निजी सैटेलाइट कॉन्स्टेलेशन – फायर-फ्लाई, सफलतापूर्वक लॉन्‍च किया है। यह सैटेलाइट दुनिया का सबसे हाई-रेजोलुशन हाईपरस्‍पेक्‍ट्रल सैटेलाइल कॉन्स्टेलेशन है।

 

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष में उपग्रहों की डॉकिंग में मिली सफलता के संबंध में कहा कि यह तकनीक अंतरिक्ष केंद्रों को सामग्री की आपूर्ति और अंतरिक्ष में यात्रियों को भेजने के लिए महत्वपूर्ण है।

 

हमारे साइंसटिस्‍ट ने सैटेलाइट्स की स्‍पेस डॉकिंग कराई है। यह तकनीक अंतरिक्ष में स्‍पेस स्‍टेशन तक सप्‍लाई भेजने और क्रू मिशन के लिए अहम है। भारत ऐसा चौथा देश बना है, जिसने ये सफलता हासिल की है।

 

श्री मोदी ने अंतरिक्ष में लोबिया के पौधे उगाने में वैज्ञानिकों को मिली सफलता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे अंतरिक्ष में सब्जी उगाना संभव होगा। प्रधानमंत्री ने आईआईटी-मद्रास के एक्स-टेम केंद्र की प्रशंसा की जो अंतरिक्ष में निर्माण के लिए नई तकनीक पर काम कर रहा है। उन्होंने देशवासियों की ओर से वैज्ञानिकों, नवाचार से जुड़े लोगों और युवा उद्यमियों को शुभकामनाएं दीं।

 

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की भी अग्रिम शुभकामना दी।

 

इस बार का ‘गणतंत्र दिवस’ बहुत विशेष है। ये भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगाँठ है। संविधान लागू होने के 75 साल हो रहे हैं। मैं संविधान सभा के उन सभी महान व्यक्तित्वों को नमन करता हूँ, जिन्होंने हमें हमारा पवित्र संविधान दिया।

 

प्रधानमंत्री ने 25 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व की भी चर्चा की। देश में निर्वाचन आयोग की स्थापना इसी दिन हुई थी।

 

25 जनवरी को नेशनल वोटर्स डे है। इस दिन ‘भारतीय निर्वाचन आयोग’ की स्थापना हुई थी। हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान में हमारे चुनाव आयोग को, लोकतंत्र में लोगों की भागीदारी को, बहुत बड़ा स्थान दिया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र से ही देश सशक्त और समृद्ध हुआ है। प्रधानमंत्री ने देश में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग की प्रतिबद्धता और मतदान-प्रक्रिया को आधुनिक बनाने के लिए तकनीक के उपयोग की प्रशंसा की।

 

उत्तरप्रदेश में प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले के संबंध में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समता-समरसता का एक असाधारण संगम है।

 

कुंभ का ये उत्सव विविधता में एकता का उत्सव मनाता है। संगम की रेती पर पूरे भारत के, पूरे विश्व के लोग, जुटते हैं। हजारों वर्षों से चली या रही इस परंपरा में कहीं भी कोई भेदभाव नहीं। सब लोग संगम में डुबकी लगाते हैं, तभी तो ‘कुंभ’ एकता का महाकुंभ है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार प्रयागराज, उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में कुंभ का आयोजन होता है, उसी प्रकार गोदावरी, कृष्णा, नर्मदा और कावेरी नदियों के तट पर पुष्करम का आयोजन होता है। श्री मोदी ने कहा कि कुंभ में युवाओं की व्यापक भागीदारी हो रही है और जब युवा पीढी अपनी सभ्यता के साथ गर्व से जुड़ जाती है, तो उसकी जड़ें और मजबूत होती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार कुंभ में बड़े पैमाने पर डिजिटल तकनीक का उपयोग हो रहा है और कुंभ की ये वैश्विक लोकप्रियता हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

 

प्रधानमंत्री ने अन्य प्राणियों के साथ मनुष्य के जुड़ाव के संबंध में कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत आसपास के पशु-पक्षियों के साथ प्यार से रहना सिखाती है।

 

स्टार्ट-अप इंडिया कार्यक्रम के नौ वर्ष पूरा होने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है।

 

कुछ दिन पहले ही स्‍टार्टअप इंडिया के 9 साल पूरे हुए हैं। हमारे देश में जितने स्‍टार्टअप्स 9 साल में बने हैं उनमें से आधे से ज्यादा टिअर-टू और टिअर-थ्री शहरों से हैं। हमारा स्‍टार्टअप कल्‍चर बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है।  छोटे शहरों के स्‍टार्टअप्स में आधे से ज्यादा का नेतृत्व हमारी बेटियां कर रही हैं।

 

प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के योगदान को याद करते हुए कहा कि 23 जनवरी को नेताजी की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाएगी।

 

23 जनवरी यानी उनकी जन्म-जयंती को अब हम ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाते हैं। सुभाष बाबू एक विजिनरी थे। साहस तो उनके स्वभाव में रचा-बसा था। वे बहुत कुशल प्रशासक भी थे।

 

******

 

खबरें महाकुंभ की:

 

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान लोगों ने आकाशवाणी से प्रसारित प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। यह कार्यक्रम लाउडस्‍पीकर से प्रसारित किया गया। श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में महाकुंभ 2025 के विभिन्‍न पहलुओं की चर्चा की। उन्‍होंने कहा था कि यह आयोजन समानता और सद्भावना का अद्भुत संगम है। एक रिपोर्ट –

 

आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए कुछ श्रद्धालुओं ने मन की बात सुनने के बाद अपने विचार साझा किए।

 

मैं यहां स्‍नान करने आई थी और इसलिए मैंने प्रधानमंत्री की मन की बात सुना, जिसमें उन्‍होंने बहुत सारी अच्‍छी-अच्‍छी बातें बताई, जिसमें उन्‍होंने ये बताया कि महाकुंभ जो है एकता का प्रतीक है।

 

प्रधानमंत्री जी के मन की बात सुनने को मिला, काफी अच्‍छा लगा और वास्‍तविक जो है महाकुंभ एकता का संदेश देता है।

 

महाकुंभ नगर में श्रद्धालु और तीर्थ यात्री पब्लिक एड्रेस सिस्‍टम से आकाशवाणी के कुंभवाणी समाचार बुलेटिन भी सुन रहे है। यह चैनल 26 फरवरी तक समाचार और अन्य कार्यक्रम प्रसारित करता रहेगा । आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, कुंभ नगर।

 

******

 

उत्तर रेलवे ने महाकुंभ मेले के लिए श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन, कटरा और प्रयागराज के बीच तीन विशेष रेलगाडियों की घोषणा की है। पहली रेलगाडी 24 जनवरी को श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से तडके 3 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और 25 जनवरी को शाम 4 बजकर 25 मिनट पर प्रयागराज पहुंचेगी। उसी दिन यह प्रयागराज से कटरा के लिए रवाना होगी। कटरा स्‍टेशन से अगली दो रेलगाडियां 7 और 14 फरवरी को चलेंगी और अगले दिन प्रयागराज पहुंचेंगी। प्रयागराज से ये रेलगाडियां 8 और 15 फरवरी को शाम साढे सात बजे कटरा के लिए रवाना होंगी और अगले दिन रात 10 बजे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी।

 

******

 

जम्मू से प्रयागराज तक विशेष बस सेवा की भी शुरूआत की गई है। यह विशेष बस प्रतिदिन सवेरे पांच बजे जम्मू से चलेगी और रात भर प्रयागराज रुकने के बाद यात्रियों को वापस लाएगी।

 

******

 

फिल्‍म अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में मुम्‍बई पुलिस ने एक व्‍यक्ति को महाराष्‍ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस आरोपी की शरीफुल् इस्‍माल शहजाद के रूप में पहचान की है जो डकैती के इरादे से अभिनेता के घर में घुसा था। मीडिया से बातचीत में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संभवत: बांग्‍लादेशी नागरिक है।

 

यह आरोपी बांग्लादेशी ओरिजिन का है ऐसा हमारा डाउट है इसीलिए इसके इसमें एप्रोपीरिएट सैक्‍शन क्‍यू आर की गई है और उस हिसाब से आगे का इन्वेस्टिगेशन किया जा रहा है। अभी तक ऐसा कुछ इन्वेस्टिगेशन में निष्‍पंद नहीं हुआ है। एक्‍यूज अरेस्ट होने के बाद काफी कम टाइम अभी तक मिला है। ये चीजे इन्वेस्टिगेशन में निष्‍पंद की जाएगी।

 

******

 

इस्राइल ने हमास के साथ हुए युद्धविराम समझौते को फिलहाल टाल दिया है। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्‍याहू ने कहा है कि जब तक हमास पहले रिहा किए जाने वाले लोगों के नाम नहीं बताता तब तक युद्धविराम लागू नहीं होगा। इस्राइली प्रधानमंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि नेतन्‍याहू ने इस्राइली सशस्‍त्र सेनाओं को निर्देश दिया है कि भारतीय समय के अनुसार आज दोपहर बारह बजे से लागू होने वाले युद्धविराम का पालन शुरू नहीं करें। दूसरी ओर, हमास ने कहा है कि तकनीकी कारणों से देरी हो रही है। युद्धविराम समझौते के अनुसार रिहा किए जाने वाले लोगों के नाम नियोजित आदान-प्रदान से 24 घंटे पहले उपलब्‍ध कराने होंगे। इस्राइली प्रधानमंत्री ने कल रात चेतावनी दी कि गाजा में युद्ध रोकने के समझौते के पहले चरण में अस्‍थायी युद्धविराम था और यदि समझौता टूटा तो इस्राइल को फिर से युद्ध में जाने  का अधिकार है।

 

******

 

आंध्र प्रदेश में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज विजयवाडा में राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल -एनडीआरएफ के 20वें स्‍थापना दिवस समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कृष्‍णा विले में कोंडापाउलुरू में राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्‍थान -एनआईडीएम के दक्षिणी परिसर का भी उद्घाटन किया।

 

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश को विकास के लिए हर घर सहायता देगी। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री और नायडू की जोड़ी राज्‍य के विकास को नई रफ्तार देगी।

 

डिजास्टर ईश्वर जब भेजता है तो एनडीआरएफ काम में आता है और मैन मेड डिजास्टर जब होता है तब एनडीए काम में आता है। 2014 से 19 पांच साल अपार संभावनाओं वाले राज्य आंध्र प्रदेश की जिस प्रकार से दुर्गति हुई, वह मैन मेड डिजास्टर था। मैं आज विश्वास दिलाना चाहता हूं कि तीन गुना स्पीड से चंद्रबाबू जी और मोदी जी की जोड़ी आंध्र प्रदेश का विकास करेगी।

 

******

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव स्विट्जरलैंड के दाउस में कल शुरू हो रहे विश्‍व आर्थिक मंच 2025 में भाग लेंगे। श्री वैष्‍णव कार्यक्रम में देश के विकास मॉडल की रूपरेख प्रस्‍तुत करेंगे। श्री वैष्‍णव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों और विशेष रूप से प्रगति में पीछे रह गए वर्गों का विकास सुनिश्चित करने के लिए देश में कई कदम उठाए गए हैं।

 

******

 

भारत के रोहन बोपन्ना और चीन की उनकी जोड़ीदार शुआई झांग (Shuai Zhang) ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में चौथी वरीयता प्राप्त मोनाको के ह्यूगो नाइस (Hugo Nys) और अमरीका के टेलर टाउनसेंड से वाकओवर मिलने के बाद आज मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। बोपन्ना और शुआई का अगला मुकाबला हंगरी के टिमिया बाबोस और अल साल्वाडोर के मार्सेलो अरेवालो तथा ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ओलिविया गैडेकी और जॉन पीयर्स के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

 

******

 

नई दिल्ली में खो-खो विश्व कप के फाइनल में आज भारत की पुरुष और महिला टीमों का मुकाबला नेपाल से होगा। महिला टीम का मैच शाम 6 बजे से जबकि पुरुष टीम का मुकाबला रात सात बजकर 45 मिनट से शुरू होगा।

 

बहुत अच्छा टीमों का प्रदर्शन रहा है। बहुत मेहनत की है टीमों ने, भारत का यह लोकप्रिय खेल अब विश्व भर में फैल रहा है, मैं यह कहना चाहूंगा कि यह भविष्य का खेल है विश्व के लिए।

 

******

 

मलेशिया के कुआलालंपुर में आईसीसी अंडर 19 महिला टी-20 क्रिकेट में भारत ने वेस्ट इंडीज को 9 विकेट से हरा दिया है।

 

आज ग्रुप ए के एक अन्‍य मैच में, श्रीलंका ने मेजबान मलेशिया को 23 रन पर आउट करके 139 रनों से हरा दिया।

 

******

 

टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी गुकेश ने नीदरलैंड के विज्क आन ज़ी में खेले गए एक बेहद करीबी मुकाबले में हॉलैंड के अनीश गिरी को हराकर पहला राउंड जीत लिया है। गुकेश ने गिरी के खिलाफ 42 चालों में जीत हासिल की। आज दूसरा राउंड खेला जा रहा है।

 

******

 

मौसम विभाग के अनुसार उत्‍तराखंड, पश्चिमी राजस्‍थान, मध्‍य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश, पूर्वी राजस्‍थान, बिहार और ओडिशा में भी कोहरा छाये रहने की संभावना है।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-दूरदर्शी वैज्ञानिकों से भविष्य की चुनौतियों का समाधान मिलने से भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में नए मानक स्थापित कर रहा है।
  • प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी से मन की बात में संविधान निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया। नागरिकों से इन महान नेताओं के विचारों से प्रेरणा लेने का आग्रह।
  • श्री मोदी ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को समानता और सद्भाव का असाधारण संगम बताया, कहा-इसकी वैश्विक लोकप्रियता हर भारतीय के लिए गर्व की बात।
  • उत्तर रेलवे ने महाकुंभ के लिए कटरा और प्रयागराज के बीच तीन विशेष रेलगाड़ियों की घोषणा की।
  • इजराइल और हमास के बीच गजा युद्ध विराम समझौता संकट में, हमास द्वारा रिहा किये जाने वाले बंधकों की सूची मिलने तक इसराइल ने समझौते के अमल को टाला।
  • भारत के रोहन बोपन्‍ना और चीन की सुआई चांग ऑस्‍ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मिक्‍स डबल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

******