मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत 10 राज्यों और 2 केन्द्र शासित प्रदेशों में 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। कहा- योजना का उद्देश्य भूमि प्रबंधन में ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाना है।
- 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल पंद्रह सौ से अधिक नामांकन पत्रों की आज जांच हो रही है।
- कोलकाता की सियालदह अदालत आरजी कर अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले में आज अपना फैसला सुनाएगी।
- गजा़ संघर्ष-विराम और बंधकों की रिहाई के समझौते के पहले चरण में कल से सात सौ 35 फलस्तीनी कैदियों और 33 इस्राइली बंधकों को रिहा किया जाएगा।
- और, बैडमिंटन में, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी आज शाम इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी गोह सेज़ फेई और नूर इज़्ज़ुद्दीन का सामना करेगी।
*********************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत आज संपत्ति स्वामियों को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। दस राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 50 हजार से अधिक गांवों में संपत्ति कार्ड वितरित किए गए हैं।
बीते 5 साल में लगभग डेढ़ करोड़ लोगों को यह स्वामित्व कार्ड दिए गए हैं। अब आज इस कार्यक्रम में 65 लाख से ज्यादा परिवारों को यह स्वामित्व कार्ड मिले है। यानी स्वामित्व योजना के तहत गांव के करीब सवा दो करोड़ लोगों को अपने घर का पक्का कानूनी डॉक्यूमेंट मिला है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना लागू होने के बाद से पिछले पांच वर्षों में दो करोड़ 25 लाख से अधिक संपत्ति के दस्तावेज जारी किए जा चुके हैं। श्री मोदी ने कहा कि संपत्ति के उचित दस्तावेज न होना एक बड़ी समस्या है और इस कारण ही विवाद पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि संपत्ति के उचित प्रलेखन से बैंकों से ऋण मिल पाएगा और अवैध अतिक्रमण से संरक्षण मिलेगा।
स्वामित्व योजना से गांव के विकास की प्लानिंग और उस पर अमल अब काफी बेहतर हो रहे हैं आज हमारे पास स्पष्ट नक्शे होंगे तो विकास के काम की प्लानिंग भी सटीक होगी अब प्रॉपर्टी राइट्स मिलने से ग्राम पंचायत की मुश्किलें भी दूर होगी।
श्री मोदी कहा कि पिछले सात से आठ वर्षों में देश में 98 प्रतिशत जमीन के रिकॉर्ड डिजिटल किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संपत्ति के अधिकार उपलब्ध होने से ग्राम पंचायतों की समस्याओं का समाधान होगा और कहा कि संपत्ति के वैध दस्तावेज होने से आपदा के मामले में उचित दावा भी मिल पाएगा।
स्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी वाले क्षेत्रों में संपत्ति स्वामियों को स्वामित्व का अधिकार प्रदान करना है। सर्वेक्षण के लिए अत्याधुनिक ड्रोन प्रौद्योगिकी के माध्यम से परिवारों को स्वामित्व का अधिकार प्रदान कर ग्रामीण भारत के आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए वर्ष 2020 में स्वामित्व योजना शुरू की गई थी।
स्वामित्व योजना में मैपिंग का काम ड्रोन कर रहे हैं। वहीं नमो ड्रोन दीदी योजना से गांव की बहने ड्रोन पायलट बन रही है वह ड्रोन से खेती में मदद कर रही है इससे उन्हें अतिरिक्त कमाई हो रही है।
यह योजना संपत्ति के मुद्रीकरण की सुविधा प्रदान करती है और बैंक ऋण के माध्यम से संस्थागत ऋण तक पहुंच को सुगम्य बनाने के साथ-साथ संपत्ति से जुडे विवादों को कम करती है।
*********************
प्रवर्तन निदेशालय ने मैसूरू शहरी विकास प्राधिकरण- एम.यू.डी.ए. से जुड़े धन शोधन मामले में तीन सौ करोड़ रुपये की एक सौ 42 अचल संपत्तियां जब्त की हैं। इस मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और अन्य कई व्यक्तियों पर कथित रूप से शामिल होने का आरोप है। निदेशालय ने कहा है कि मामले में यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत की गई। एजेंसी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने एम.यू.डी.ए. द्वारा अधिग्रहित तीन एकड़ से अधिक भूमि के बदले में अपनी पत्नी के नाम पर पॉश इलाके में 14 स्थानों पर जमीन के रूप में मुआवजा पाने के लिए अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया। निदेशालय ने यह भी दावा किया कि इन 14 स्थानों के अलावा एम.यू.डी.ए. ने रियल एस्टेट व्यवसायियों को मुआवजे के रूप में बड़े पैमाने पर जमीन अवैध रूप से आवंटित की।
कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने इस घोटाले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
*********************
संयुक्त संसदीय समिति ने बिहार में वक्फ संशोधन अधिनियम के बारे में पटना में वक्फ बोर्डों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। पटना में संवाददाताओं से बातचीत में समिति के अध्यक्ष जगदम्बिका पाल ने बताया कि समिति वक्फ संपत्तियों, उनके प्रबंधन और विभिन्न अन्य मुद्दों के बारे में बिहार के विभिन्न हितधारकों से चर्चा करेगी। श्री जगदम्बिका पाल ने बताया कि समिति संसद के आगामी बजट सत्र में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
जो पार्लियामेंट के द्वारा जो सरकार के आग्रह पर ज्वाइंट पार्लियामेंट्री कमेटी वर्क्फ के अमेंडमेंट एक्ट को अब उसमें बिहार में भी आकर के और यहां के डेलिगेशन से यहां के ऑफिशियल के साथ, वर्क्फ बोर्ड के साथ, माइनोरिटी कमीशन के साथ, या जो बार काउंसिल के लोग हैं या लायर्स हैं उनके साथ हमारी मीटिंग होगी। क्योंकि रिपोर्ट इसी बजट सेशन में देना है।
*********************
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लोकसभा और राज्य सभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन पहली फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा जबकि दूसरा चरण 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगा।
*********************
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की आज जांच की जा रही है। सोमवार तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 70 सदस्यों की विधानसभा के लिए कुल एक हजार पांच सौ इक्कीस नामांकन पत्र भरे गए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार नामांकन भरने के अंतिम दिन कल छह सौ 80 नामांकन पत्र भरे गए। नई दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से सबसे अधिक 29 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
*********************
पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज मामले में सियालदाह की अदालत आज फैसला सुनाएगी। जांच एजेंसी, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने इस मामले में संजय राय के विरूद्ध आरोप-पत्र दाखिल किया है। दूसरी ओर, पीडिता के माता-पिता, जूनियर डॉक्टरों और समाज के विभिन्न वर्गों ने इस बात पर क्षोभ व्यक्त किया है कि सीबीआई इस मामले में किसी और व्यक्ति के विरूद्ध आरोप-पत्र दाखिल नहीं कर पाई।
*********************
भारत और अमरीका ने साइबर खतरे की खुफिया जानकारी और आपराधिक जांच में डिजिटल फोरेंसिक मामले में सहयोग और सूचना साझा करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की उप सचिव क्रिस्टी कैनेगैलो ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
*********************
प्रयागराज के महाकुंभ नगर में श्रद्धालु और तीर्थयात्री अब आकाशवाणी के कुंभवाणी समाचार बुलेटिन को सार्वजनिक संबोधन प्रणाली से लाइव सुन सकते हैं। आज सुबह 8.30 बजे कुंभवाणी समाचार बुलेटिन महाकुंभ नगर में सार्वजनिक संबोधन प्रणाली के माध्यम से प्रसारित किया गया। दस-दस मिनट का कुंभवाणी समाचार बुलेटिन सुबह साढे आठ बजे, दोपहर ढाई बजे और शाम साढे आठ बजे प्रसारित किया जा रहा है।
इस पहल से श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को मेले से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी कुंभवाणी बुलेटिन 103.5 मेगाहट्स फ्रीक्वेंसी न्यूज ओं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी प्रसारित होते हैं कुछ लोगों ने आकाशवाणी समाचार के साथ अपने विचार भी साझा किए और इसे अच्छी पहल बताया।
मेरा नाम योग राज झाला है मैं एमपी मध्य प्रदेश उज्जैन का निवासी हूं और जब मुझे यह पता चला की आकाशवाणी का कुंभवाणी समाचार का लोगों को सुनने का मौका मिलेगा तो यह बहुत ही अच्छा पहल है क्योंकि इससे लोगों को नई–नई जानकारियां मिलेगी।
मेरा नाम तन्नू शर्मा है और मैं यहां प्रयागराज से ही हूं जब मुझे पता चला यहां कुंभवाणी समाचार प्रसारित होगा तो यह सुनकर मुझे बहुत अच्छा लगा और इससे श्रद्धालुओं को भी बहुत सारी जानकारी मिलेगी। महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ इसी महीने की 10 तारीख को प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। यह चैनल 26 फरवरी तक समाचार और अन्य कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा। आंनद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज
*********************
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर मुंबई के बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में चाकू से हमला करने के मामले में एक व्यक्ति से पूछताछ की है। वारिस अली सलमानी नाम का यह व्यक्ति बढई का काम करता है और उसका हुलिया हमलावर से मिलता जुलता है। इमारत से भागते समय हमलावर की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं।
सैफ अली खान को हमले के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका ऑपरेशन हुआ और अब वे खतरे से बाहर हैं।
उधर, महाराष्ट्र के गृह, राजस्व, ग्रामीण विकास मंत्री योगेश कदम ने कहा कि घटना के पीछे लूटपाट ही एकमात्र मकसद था और हमले में कोई अंडरवर्ल्ड गिरोह शामिल नहीं है।
*********************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 118वीं कडी होगी।
यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, एआईआर न्यूज वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाईल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा।
*********************
गजा़ संघर्ष-विराम और बंधकों के रिहाई के लिए हमास के साथ हुए समझौते के पहले चरण में इस्रायल सात सौ 35 फलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। इस्रायल के न्याय मंत्रालय के अनुसार तीन चरणों वाला यह समझौता कल से लागू होगा। पहले चरण के 42 दिन तक चलने की संभावना है। इस दौरान इस्रायल के 33 बंधकों को रिहा किया जाएगा। मंत्रालय ने रिहा किए जाने वाले सभी कैदियों के नाम जारी कर दिए हैं, लेकिन 16 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के नाम नहीं बताए गए हैं।
*********************
खो खो विश्व कप 2025 में आज भारतीय पुरुष और महिला टीम सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगी। भारतीय महिला टीम आज शाम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में होगी। इसके बाद, भारतीय पुरुष टीम भी दक्षिण अफ्रीका की पुरुष टीम से मुकाबला करेगी जो रात सवा आठ बजे शुरू होगा।
सेमीफाइनल के अन्य मुकाबलों में युगांडा की महिला टीम का मुकाबला नेपाल से होगा, जबकि ईरान की पुरुष टीम का मुकाबला नेपाल की पुरुष टीम से होगा। टूर्नामेंट में भारत, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल की पुरुष और महिला टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारतीय पुरुष टीम ने कल शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 100-40 के स्कोर से हराया। इस बीच, भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश पर 109-16 से बड़ी जीत हासिल की। कप्तान प्रियंका इंगले के नेतृत्व में टीम ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। यह लगातार चौथा मुकाबला था जिसमें भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में 100 अंक से अधिक का स्कोर किया। अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार दिल्ली
*********************
इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमी फाइनल में आज शाम नई दिल्ली में भारत के चिराग शेट्टी और सात्विक साईंराज रंकीरेड्डी की जोड़ी का मुकाबला मलेशिया के गोह स्ज़े फेई (Goh Sze Fei) और नूर ईज्जु़द्दीन (Nur Izzuddin) से होगा। मैच के.डी. जाधव इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा।
*********************
मलेशिया में आज से दूसरा आईसीसी अंडर-19 महिला क्रिकेट ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप शुरू हो गया। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड को नौ विकेट से हरा दिया। वर्तमान चैंपियन भारत का पहला मुकाबला कल वेस्ट इंडीज से होगा। भारत को ग्रुप-ए में मलेशिया, श्रीलंका और वेस्ट इंडीज के साथ रखा गया है। भारत ने 2023 में इंग्लैंड को हराकर पहला विश्व कप जीता था।
*********************
ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में भारत के एन. बालाजी और उनके मैक्सिको के जोड़ीदार मिगुएल एंजेल रेयेस वरेला पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में हार गए हैं। उन्हें पुर्तगाल के बोर्गेस और कैब्रल की जोड़ी ने 7-6, 4-6, 6-3 से हरा दिया।
*********************
हॉकी इंडिया लीग के पुरुष वर्ग में आज दो मुकाबले खेले जायेंगे। पहले मैच में शाम छह बजे हैदराबाद तूफ़ान का सामना तमिलनाडु ड्रैगन्स से होगा। इसके बाद सवा आठ बजे टीम गोनासिका का सामना यूपी रुद्राज से होगा।
*********************
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में सोमवार रात साढे नौ बजे “सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अपर सचिव महमूद अहमद और परिवहन विशेषज्ञ अनिल छिकारा स्टूडियो में मौजूद रहेंगे। आमंत्रित विशेषज्ञ से कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा तथा हितधारकों, नागरिकों और सरकार का सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं। यह सवाल टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर पूछे जा सकते हैं।
*********************
मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में रात के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कल तक तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटे में गुजरात क्षेत्र में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी से सटे इलाकों में कल तक न जाने की सलाह दी है। विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले सप्ताह की शुरुआत में बूँदा-बाँदी होने की संभावना जताई।
*********************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत 10 राज्यों और 2 केन्द्र शासित प्रदेशों में 65 लाख से अधिक संपत्ति कार्ड वितरित किए। कहा- इस योजना का उद्देश्य भूमि प्रबंधन में ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाना है।
- 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल पंद्रह सौ से अधिक नामांकन पत्रों की आज जांच हो रही है।
- कोलकाता की सियालदह अदालत आरजी कर अस्पताल बलात्कार और हत्या मामले में आज अपना फैसला सुनाएगी।
- गजा़ संघर्ष-विराम और बंधकों की रिहाई के समझौते के पहले चरण में कल से सात सौ 35 फलस्तीनी कैदियों और 33 इस्राइली बंधकों को रिहा किया जाएगा।
- और, बैडमिंटन में, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी आज शाम इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में मलेशियाई जोड़ी गोह सेज़ फेई और नूर इज़्ज़ुद्दीन का सामना करेंगे।
*********************