मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो का उद्घाटन किया। उन्होंने सरकार के समर्थन, हरित प्रौद्योगिकी और ‘मेक इन इंडिया’ पहल पर जोर देते हुए मोबिलिटी क्षेत्र में निवेश स्थल के लिए भारत की संभावनाओं का उल्लेख किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 प्रदान किए।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बेंगलुरू में नए अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के उद्घाटन की सराहना करते हुए कहा – यह अमरीका के साथ संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए आवश्यक।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज शाम समाप्त हो जाएगी।
- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जमीन घोटाला मामले में 14 वर्ष की सजा सुनाई गई।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत के रोहन बोपन्ना तथा चीन की शुआई झांग की जोडी मिक्स्ड डबल्स के दूसरे दौर में पहुंचीं।
***********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश के लोगों की आकांक्षाओं से संचालित भारत का ओटोमोबाईल क्षेत्र अभूतपूर्व कायाकल्प के दौर से गुजर रहा है। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में छह दिन के भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि देश के ओटो उद्योग में पिछले वर्ष बारह प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया पहल की शक्ति से देश के ओटो उद्योग की वृद्धि को समर्थन मिल रहा है।
मोबिलिटी में अपना फ्यूचर देखने वाले हर सेक्टर के लिए भारत एक शानदार इनवेस्टर के लिए भी शानदार डेस्टिनेशन है। मैं आप सभी को फिर विश्वास दिलाता हूं, सरकार हर तरह से आपके साथ है, आप मेक इन इंडिया, मिड फॉर द वर्ल्ड के मंत्र के साथ इसी तरह आगे बढ़ते रहें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत हरित प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिक वाहन, हाइड्रोजन ईंधन और जैव ईंधनों के विकास पर भी ध्यान दे रहा है। देश इस समय मोबिलिटी क्षेत्र में भविष्य को दिशा देने के लिए प्रत्येक निवेशक के लिए उत्कृष्ट गंतव्य स्थल बन गया है।
आज हम एक ऐसे मोबिलिटी सिस्टम के निर्माण में जुटे हैं, जो इकोनॉमी और इकोलॉजी दोनों को सपोर्ट करेगा। एक ऐसा सिस्टम जो फोसिल फ्यूल के हमारे इम्पोर्ट बिल को कम करे। इसलिए आज ग्रीन टेक्नोलॉजी, इविज़, हाइड्रोजन फ्यूल, बायो फ्यूल्स, ऐसी टेक्नोलॉजी के डेवलपमेंट पर हमारा काफी फोकस है।
भारत के ऑटो उद्योग की विकास क्षमता में मेक इन इंडिया पहल की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए श्री मोदी ने कहा कि पीएलआई स्कीम ने मेक इन इंडिया अभियान को नई गति प्रदान की है और दो लाख 25 हजार करोड रुपए से अधिक की बिक्री की है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस योजना ने इस क्षेत्र में डेढ लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। भारत में पिछले कुछ वर्ष में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की तीव्र वृद्धि पर बल देते हुए श्री मोदी ने कहा कि पिछले दशक में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 640 गुणा बढ़ गई है। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्स्पो ओटो मोबाईल और संबंधित व्यापार में विश्व का दूसरा सबसे बडा आयोजन बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत तिपहियों और ट्रैक्टरों का सबसे बडा विनिर्मिता भी है।
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपोर्ट 2025, विश्व का दूसरा सबसे बड़ा आयोजन बन गया है। यहां पूरी वैल्यू चेन एंड टू एंड एकसाथ एकत्रित हुई है। प्रधानमंत्री जी आज आपकी उपस्थिति ने, हम सबका मनोबल बढ़ाया है।
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने कहा कि ग्लोबल एक्सपो भारतीय ओटोमोबाईल उद्योग में नवीनतम प्रगति को दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भारत को ओटो क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो का विषय है- सीमाओं से परे: भावी ओटोमोटिव मूल्य श्रृंखला का सह- सृजन। भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में 19 से 22 जनवरी तक प्रवेश सभी दर्शकों के लिए निशुल्क रहेगा।
***********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में वर्ष 2024 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किये। विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश, पेरिस ओलिंपिक्स में दो पदक विजेता मनु भाकर, पुरूष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पेरिस पैरालिंपिक्स में स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार को प्रतिष्ठित मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार पिछले चार वर्ष में खिलाडियों के शानदार और सर्वाधिक असाधारण खेल प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। पैरा निशानेबाज कोच सुभाष राणा, निशानेबाज कोच दीपाली देशपांडे, हॉकी कोच संदीप सांगवान, बैडमिंटन कोच एस. मुरलीधरन और फुटबॉल कोच अरमान्डो एग्नेलो कोलाको को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया। एथलीट ज्योति यरराजी और अन्नू रानी, मुक्केबाज नीतू और स्वीटी, पैरा तीरंदाज राकेश कुमार सहित 32 खिलाडियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एथलीट सुच्चा सिंह और पैरा तैराक मुरलीकांत पेटकर को लाइफ टाइम अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में समग्र रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने के लिए चण्डीगढ विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी प्रदान की गई। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
***********
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं ने प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित होने पर खुशी व्यक्त की है। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा-शूटर मोना अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान पाकर वह गौरवान्वित हैं।
जो सम्मान दिया है वो बहुत ही अच्छा लग रहा है। बहुत प्राउड फील कर रहे हैं और हमारे साथ-साथ हमारे फैमिली मेम्बर्स, हमारे कोचिस सब साथ में हैं, तो सभी दिल से खुश हैं कि इस बार जितने भी मेडलिस्ट थे, जिनको पहले कभी अर्जुन अवॉर्ड नहीं मिला, उन सभी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए सेलेक्ट किया गया है। तो ये गवर्नमेंट का एक बहुत अच्छा स्टेप है।
अर्जुन पुरस्कार विजेता एक अन्य पैरा-तीरंदाज खिलाड़ी राकेश कुमार ने कहा कि उनकी आठ साल की कड़ी मेहनत सफल हो गई है।
बहुत अच्छा लगा रहा है कि पिछले आठ सालों की मेहनत के बाद आज ये अर्जुन अवॉर्ड मुझे मिलने जा रहा है और हमारे देश के राष्ट्रपति जी के हाथों मिलेगा, तो ये अपने आप में बहुत गर्व की बात है और मुझे खुशी है इस बात की।
***********
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश में तीन नये आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। श्री शाह ने नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की।
***********
विदेश मंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने कहा है कि बैंगलुरू में अमरीका का नया वाणिज्य दूतावास भारत और अमरीका के संबंधों को प्रगाढ करने और विस्तार के लिए आवश्यक है। आज बैंगलुरू में नये वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करते हुए डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों में खासतौर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष क्षेत्र, रक्षा, ड्रोन और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं हैं।
***********
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम दो दिन की ओडिशा यात्रा पर आज भुवनेश्वर पहुंचे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिंगापुर के राष्ट्रपति का स्वागत किया। हमारे संवाददाता ने बताया कि राष्ट्रपति की इस यात्रा का विशेष महत्व है, क्योंकि यह 28 से 29 जनवरी के उत्कर्ष ओडिशा: मेक इन ओडिशा कॉन्कलेव से पहले हो रही है।
आज सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शानमुगरत्नम तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा तथा प्रशिक्षण में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के अवसर पर उपस्थित रहेंगे, ताकि कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र को और बेहतर बनाया जा सके, एक नए शहर के विकास के लिए भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण और सिंगापुर के सुरबाना जुरोंग के बीच एक समझौता किया जाएगा। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में कौशल विकास, हरित हाइड्रोजन कॉरिडोर और पेट्रोकेमिकल और पेट्रोलियम निवेश क्षेत्र के विकास के लिए भी समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।
***********
भारतीय मूल के नेपियन सांसद चंद्र आर्य आधिकारिक रूप से कनाडा के प्रधानमंत्री पद की दौड में शामिल हो गये हैं। इससे पहले उन्होंने नामांकन-पत्र दाखिल किया और सदन को संबोधित किया। आर्य कर्नाटक के तुमकुर जिले के निवासी हैं।
***********
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज शाम समाप्त हो जाएगी। आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस प्रत्याशी समेत कई निर्दलीय और छोटे दलों के उम्मीदवार आज अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। सोमवार को नामांकन वापस लेने की अंतिम दिन है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा आज दोपहर पार्टी का संकल्प पत्र पार्ट-1 जारी करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने संवाददाताओं से बातचीत में आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पर दिल्ली में पहले खत्म की गई आबकारी नीति को फिर से लागू करने की घोषणा को लेकर निशाना साधा है।
दो हजार 26 करोड़, सीएजी की रिपोर्ट बताती है कि पुरानी शराब नीति में कितना घोटाला हुआ है। इनका दिल नहीं भरा घोटाले से अभी भी। अरविंद केजरीवाल जो काम कर गए, दिल्ली को लूटने का। अब यहां कि मुख्यमंत्री आतिशी अगर ये कह रही हैं कि हम उसकी इम्प्लीमेंट करेंगे, इसका मतलब है कि दिल मांगे मोर। तो ये भ्रष्टाचारी पार्टी है, इनको सिर्फ भ्रष्टाचार ही करना है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने में विद्यार्थियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अधिकतर स्टूडेंट्स मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं और मेट्रो बहुत महंगी हो गई है। एक आम स्टूडेंट्स उसे अफॉर्ड करने में बहुत उसे तकलीफ होती है। मेट्रो दिल्ली सरकार और केन्द्र सरकार का 50-50 वेंचर है, तो मैंने आज प्रधानमंत्री जी को चिट्ठी लिखी है कि हमें स्टूडेंट्स को 50 पर्सेंट कनसेंशन देना चाहिए मेट्रो को फेयर में और इसकी वजह से जो खर्चा आएगा उस खर्चे को दिल्ली सरकार और केन्द्र सरकार के बीच में 50-50 के रेशियो में शेयर किया जाएगा।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लिए कोई काम नहीं किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को की जाएगी।
***********
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डा. एल मुरुगन आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
***********
छत्तीसगढ में मुठभेड स्थल से सुरक्षा बलों ने 12 नक्सलियों के शव बरामद किये हैं। यह मुठभेड कल बीजापुर जिले के पामेड और बासागुडा क्षेत्र में हुई थी। मुठभेड के बाद घटनास्थल से नक्सलियों के हथियार भी बरामद किये गये। मारे गये नक्सलियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड में तीन सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल जवान खतरे से बाहर हैं।
***********
सैफ अली खान पर हमला के मामले में मुंबई पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे आगे की जांच के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन ले गई है। लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें गहन चिकित्सा इकाई से बाहर भेज दिया गया है। डॉक्टर नितिन डेंज ने बताया कि सैफ अली खान अब खतरे से बाहर हैं, उन्हें आईसीयू से नॉर्मल वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
***********
महाराष्ट्र में पुणे-नासिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई। घटना सुबह नारायणगांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार चार महिलाएं, चार पुरूष और एक छोटी बच्ची की दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
***********
खबरें महाकुंभ से :-
सरकार ने महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र के परेड ग्राउंड में 100 बिस्तरों वाला केंद्रीय अस्पताल स्थापित किया है।
महाकुंभ 2025 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सरकार ने चिकित्सा सुविधाओं को भी उच्च प्राथमिकता दी है। केंद्रीय अस्पताल के अलावा, संक्रामक रोगों के प्रबंधन के लिए मेला क्षेत्र में दो समर्पित अस्पताल भी स्थापित किए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित की जा सके। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में केन्द्रीय अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉक्टर गौरव दुबे ने बताया कि अस्पताल में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए अलग-अलग वार्ड हैं साथ ही आईसीयू और आपातकालीन सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
ये सौ बेड का केन्द्रीय चिकित्सालय है, इसमें 45 बेड पुरुषों के लिए, 40 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, पांच बेड का हमारा पिडियाट्रिक वॉर्ड है बच्चों के लिए, दस बेड का आईसीयू है। लेबर रूम, माइनर और मेजर ओटी की फैसिलिटी है हमारे पास। इसके अलावा हमारे पा डिफ्रेंट कैटिगीरी के स्पेशलिस्ट हैं और इसमें पीडियाट्रिशन है, गायनोक्लॉजिस्ट हैं, ऑर्थोपेडिशन्स हैं, अच्छे फिजिशियन्स हैं।
मेला क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में 20-20 बेड की क्षमता वाले आठ छोटे अस्पताल भी संचालित हैं। अस्पतालों में दी जाने वाली सभी चिकित्सा सेवाएं निःशुल्क हैं। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
***********
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 190 मिलियन पाउंड के अल-कादिर ट्रस्ट मामले में 14 वर्ष की जेल की सजा सुनाई गई है। इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को 7 वर्ष की सजा सुनाई गई। न्यायाधीश नासिर जावेद राणा ने अदियाला जेल में बनाई गई अस्थायी अदालत में कडी सुरक्षा के बीच यह फैसला सुनाया।
***********
मेलबर्न में भारत के रोहन बोपन्ना और चीन की शुआई झांग की जोडी ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में मिक्स्ड डबल्स के दूसरे दौर में पहुंच गई है।
***********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो का उद्घाटन किया। उन्होंने सरकार के समर्थन, हरित प्रौद्योगिकी और ‘मेक इन इंडिया’ पहल पर जोर देते हुए मोबिलिटी क्षेत्र में निवेश स्थल के लिए भारत की संभावनाओं का उल्लेख किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 प्रदान किए।
- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बेंगलुरू में नए अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के उद्घाटन की सराहना करते हुए कहा – यह अमरीका के साथ संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए आवश्यक है।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज शाम समाप्त हो जाएगी।
- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जमीन घोटाला मामले में 14 वर्ष की सजा सुनाई गई।
- ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत के रोहन बोपन्ना और चीन की शुआई झांग की जोडी मिक्स्ड डबल्स के दूसरे दौर में पहुंचीं।
***********