Download
Mobile App

android apple
signal

January 16, 2025 3:48 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • स्‍पेडेक्‍स मिशन के तहत दो उपग्रहों की डॉकिंग प्रक्रिया के साथ भारत ने इतिहास रचा; यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बना।
  • भारत दौरे पर आए सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने कहा, दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी की नई राह पर हैं।
  • भारत ने इज़राइल-हमास युद्धविराम और बंधक-मुक्ति समझौते का स्वागत किया। कहा, समझौते से गजा में मानवीय सहायता की निरंतर आपूर्ति संभव होगी।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं।  
  • और, ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में, भारत के एन. श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के खिलाड़ी पुरूष डब्‍ल्‍स प्रतियोगिता के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।

 

————————————–

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आज स्‍पेडेक्‍स मिशन के तहत दो उपग्रहों की डॉकिंग प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्‍न किया है। इस उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों और उपग्रहों की अंतरिक्ष डॉकिंग के सफल प्रदर्शन के लिए अंतरिक्ष दल को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मिशन आगामी वर्षों में देश के महत्‍वकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों के लिए महत्‍वपूर्ण कदम साबित होगा।

केंद्रीय विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी राज्‍य मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने इस उपलब्धि को अविश्‍वसनीय बताया है। डॉक्‍टर सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से स्‍वदेशी भारतीय डॉकिंग प्रणाली है। यह प्रणाली भारतीय अंतरिक्ष स्‍टेशन, चंद्रयान-4 और गगनयान सहित भविष्‍य के महत्‍वकांक्षी मिशनों के निर्बाध संचालन का मार्ग प्रशस्‍त करेगी।

संवाददाताओं से बातचीत में इसरो के पूर्व वैज्ञानिक माइलस्वामी अन्नादुरई ने कहा कि डॉकिंग प्रक्रिया चंद्रयान-4 मिशन में काफी मददगार साबित होगी।

इसरो द्वारा स्‍वदेश में विकसित भारतीय डॉकिंग प्रणाली की सफलता के बाद भारत अमरीका, रूस और चीन के बाद इस प्रौद्योगिकी का उपयोग करने वाला चौथा देश बन गया है। एक रिपोर्ट –

भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। आज इसरो द्वारा  अंतरिक्ष में अपने दो सेटेलाइट्स को साथ जोड़ने में सफलता प्राप्‍त हुई है। इसरो द्वारा देश के विकसित भारतीय डॉकिंग सिस्टम ने अपना काम बहुखूबी निभाया है। इस सफलता के बाद इसरो आगे आने मिशन्स पर काम करने का मार्ग खुल गया है। चंद्रयान-4 और भारतीय स्‍पेस स्‍टेशन कार्यक्रम के लिए डॉकिंग सिस्‍टम का होना आवयश्‍यक है। इस कार्यक्रम द्वारा इसरो ने नए सेंसर और पावर ट्रांसफर टेक्‍नोलॉजी को अपनाया था। आगे आने वाले दिनों में इसरो दोनों उपग्रह को अलग कर कर दो साल के लिए उसका उपयोग विभिन्‍न अनुसंधान के लिए कार्य में लाएगा। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

————————————–

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्‍ट्रपति भवन में सिंगापुर के राष्‍ट्रपति थर्मन शणमुगरत्‍नम का आधिकारिक स्‍वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भी उपस्थित थे। मीडिया को संबोधित करते हुए सिंगापुर के राष्‍ट्रपति थर्मन शणमुगरत्‍नम ने कहा कि भारत और सिंगापुर डिजिटल क्षेत्र और सतत विकास में नई संभावनाएं तलाश रहे हैं।

श्री शणमुगरत्‍नम ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर महीने में प्रधानमंत्री मोदी की सिंगापुर यात्रा के दौरान घोषित एक व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी के लिए संबंधों को प्रगाढ़ करने के साथ-साथ, सिंगापुर भारत के साथ अब नई संभावनाओं की खोज कर रहा है। दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी, सेमीकंडक्‍टर में सहयोग, विनिर्माण और औद्योगिक पार्कों और नए उद्योगों में कौशल उन्‍नयन की खोज जैसी नई पहलों की संभावनाओं का पता लगा रहे हैं।

राष्‍ट्रपति थर्मन ने कहा कि व्‍यवसाय, रक्षा और कौशल में दोनों देशों के संबंध कई वर्षों से सक्रिय रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि भारत 1965 में सिंगापुर की स्वतंत्रता को मान्यता देने वाले पहले कुछ देशों में से एक था। तब से दोनों देशों के बीच के संबंध सुदृढ़ हुए हैं। सिंगापुर, भारत में सबसे ज्‍यादा निवेश करने वाले देशों में शामिल है।

राष्‍ट्रपति थर्मन आज शाम राष्‍ट्रपति भवन में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ विचार विमर्श करेंगे। राष्‍ट्रपति मुर्मु उनके सम्‍मान में भोज की मेजबानी करेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भी सिंगापुर के राष्‍ट्रपति के साथ मुलाकात करेंगे। राष्‍ट्रपति थर्मन कल से इस महीने की 18 तारीख तक ओडिशा की यात्रा पर रहेंगे।

 

————————————–

 

गृहमंत्री अमित शाह आज मुम्‍बई, चेन्‍नई, कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद, कोच्चि और अहमदाबाद हवाई अड्डों पर फास्‍ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्‍टेड ट्रैवलर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इससे यात्रियों को विश्‍वस्‍तरीय प्रवासन सुविधाएं उपलब्‍ध होंगी और अंतर्राष्‍ट्रीय यात्रा निर्बाध और सुरक्षित बनेगी।

गृह मंत्रालय के अनुसार आवेदकों को एफ टी आई टी टी पी डॉट एम एच ए डॉट जी ओ वी पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। यह व्‍यवस्‍था देश के 21 प्रमुख हवाई अड्डों पर लागू की जाएगी।

 

————————————–

 

इज़राइल और हमास ने गजा युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते पर सहमति व्यक्त की है। क़तर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी के साथ बैठकों के बाद दोनों पक्ष समझौते पर राज़ी  हुए। यह समझौता रविवार से शुरू होगा और 42 दिन चलेगा। क़तर के प्रधानमंत्री अल-थानी ने कहा कि इससे इजरायली बंदियों की रिहाई सुनिश्चित होगी और गजा के लिए मानवीय सहायता बढ़ेगी।

 

————————————–

 

भारत ने गजा में बंधकों की रिहाई और संघर्ष विराम के समझौते की घोषणा का स्‍वागत किया है। विदेश मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि यह समझौता गजा के लोगों के लिए मानवीय सहायता की सुरक्षित और सतत आपूर्ति को बढ़ावा देगा। मंत्रालय ने कहा कि भारत ने सभी बंधकों की रिहाई, संघर्ष विराम और संवाद के मार्ग का आह्वान किया है।

 

————————————–

 

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आई ई डी विस्फोट में केन्‍द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सी आर पी एफ के दो जवान घायल हो गए। यह घटना बासागुड़ा इलाके में उस समय हुई जब सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन पर थी। घायल जवानों को वहां से निकाला गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बतार्ई जा रही है।

 

————————————–

 

पश्चिम बंगाल में कल उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज सुधारगृह जाते समय दो पुलिस कर्मियों को कथित तौर पर जांच से गुजर रहे एक आरोपी ने घायल कर दिया। सज्‍जाद आलम नामक आरोपी ने पुलिस से उनका हथियार छीनकर उनपर गोली चला दी। अपराध स्‍थल बिहार सीमा के निकट होने के कारण पश्चिम बंगाल पुलिस ने बिहार पुलिस को अलर्ट कर दिया है।

 

————————————–

 

अभिनेता सैफ अली खान अब स्थिर हैं और वे खतरे से बाहर हैं। लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उन्हें रात 2 बजे उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट के कारण भर्ती कराया गया था,  कल रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से वार किया था। सर्जरी के माध्यम से रीढ़ की हड्डी के तरल पदार्थ के रिसाव को रोक दिया गया। उनके बाएं हाथ और गर्दन की दो अन्य चोटों पर भी प्लास्टिक सर्जरी की गई। पुलिस ने बताया है कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और दस जांच दल उसका पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए काम कर रही हैं।

 

————————————–

 

न्‍यायाधीश के. विनोद चंद्रन ने आज उच्‍चतम न्‍यायालय के न्‍यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने जस्टिस चंद्रन को शपथ दिलाई। केंद्र ने सोमवार को सर्वोच्‍च न्‍यायायलय कॉलेजियम की सिफारिश पर पटना उच्‍च न्‍यायालय के चीफ न्‍यायाधीश ने न्‍यायाधीश चंद्रन की उच्‍चतम न्‍यायालय में नियुक्ति को मंजूरी दी थी। न्‍यायाधीश चंद्रन केरल उच्‍च न्‍यायालय में भी न्‍यायाधीश रह चुके हैं।

 

————————————–

 

पूर्व सेना प्रमुख और केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल विजय कुमार सिंह ने आज दिन में 11 बजे आइजोल स्थित राजभवन के गोलाकार लॉन में मिजोरम के 25वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई ने जनरल सिंह को पद की शपथ दिलाई।

 

————————————–

 

आज भारत स्टार्टअप इंडिया की नौवीं वर्षगांठ मना रहा है। सोशल मीडिया पोस्‍ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने देश में स्टार्टअप की संस्कृति को प्रोत्साहन दिया है। इस परिवर्तनकारी पहल ने पिछले नौ वर्षों में अनगिनत युवाओं को सशक्त बनाया है और उनके नवोन्मेषी विचारों को सफल स्टार्टअप में बदला है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार की नीतियों ने ‘कारोबारी सुगमता’ पर ध्यान केंद्रित किया है, संसाधनों तक अधिक पहुंच सुनिश्चित की है और हर मोड़ पर स्टार्टअप का समर्थन किया है। उन्‍होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम की सफलता दर्शाती है कि आज देश गतिशील, आत्मविश्वासी और भविष्य के लिए तैयार है।

देश ने स्‍टार्टअप इंडिया अभियान शुरू किया, तो देश के युवाओं ने दिखा दिया कि वो क्‍या कुछ कर सकते हैं। आज भारत दुनिया का तीसरा बड़ा स्‍टार्टअप ईको सिस्‍टम है।  

 

————————————–

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने में केवल एक दिन बचा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस के कई प्रमुख उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

दिल्‍ली के विभिन्‍न विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल करने से पहले रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही कई उम्मीदवार धार्मिक स्थलों पर जाकर ईश्‍वर का आशीर्वाद ले रहे हैं। कल नामांकन का आखिरी दिन है। इस बीच, तीनों प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए शहर में अपने स्टार प्रचारकों को उतारना शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज शहर के सीलमपुर और घोंडा इलाके में रोड शो करेंगे। वहीं भाजपा ओर से अर्जुन राम मेघवाल, भागीरथ चौधरी, अनुराग सिंह ठाकुर, संजीव बालियान, मनोज तिवारी, रवि किशन और अनिल बलूनी सहित अन्य वरिष्ठ नेता अलगअलग विधानसभाओं से भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ मौजूद हैं। कांग्रेस की ओर से पार्टी नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वादा किया कि अगर कांग्रेस दिल्‍ली की सत्ता में आती है, तो लोगों को पांच सौ रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराएगी। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

————————————–

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज वायु प्रदूषण, स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ शहर में कथित शराब घोटाले के मुद्दे पर दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर अनियमितताओं का आरोप जारी रखा। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने विश्वास व्‍यक्‍त किया कि दिल्‍ली के लोग इस विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करेंगे।

इस बीच, आम आदमी पार्टी ने फिर आरोप लगाया है कि दिल्ली शराब घोटाला उसके नेता अरविंद केजरीवाल और अन्य को निशाना बनाने के लिए रचा गया था। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने आरोप लगाया कि इस मामले में श्री केजरीवाल और कुछ अन्य आप नेताओं की गिरफ्तारियां अवैध थीं।

उधर, कांग्रेस ने आज दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए वादों का एक और सेट जारी किया। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस के सत्ता में आने पर पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर और तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया।

 

————————————–

 

और अब ख़बरें कुम्‍भ से…

प्रयागराज का महाकुंभ संस्कृति और आध्यात्मिकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की सशक्त पहचान बन रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रयागराज इस महीने की 31 तारीख को हरित महाकुंभ की मेजबानी करेगा।

हरित महाकुंभ में देशभर से एक हजार से अधिक पर्यावरण और जल संरक्षण कार्यकर्ताओं को एक मंच प्रदान करेगा, जहां वे प्रकृति, पर्यावरण, जल और स्‍वच्‍छता से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विशेषज्ञ प्रकृति के पांच तत्वों के संतुलन को बनाए रखने और लोगों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के बारे में अपने अनुभव और जानकारी साझा करेंगे। इसके अतिरिक्‍त पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के बारे में महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के तरीकों के साथसाथ इन प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियानों पर चर्चा की जाएगी। वहीं मेला प्रशासन महाकुंभ नगर क्षेत्र में प्लास्टिक और थर्माकॉल की बजाय  कुल्हड़, दोना और पत्तल जैसे पर्यावरण अनुकुल सामग्री को बढावा दे रहा है। वहीं सौर ऊर्जा को उपयोग और वाहन जैसे पर्यावरण अनुकूल परिवहन महाकुंभ 2025 की अन्य विशेषताएं हैं। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, महाकुंभ नगर, प्रयागराज।

 

————————————–

 

ऑस्‍ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत के एन. श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के उनके जोड़ीदार मिगुएल एंजेल रेयेस-वारेला दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। इस जोड़ी ने आज सुबह पुरूष डबल्‍स के पहले दौर के मुकाबले में कजाकिस्‍तान के अलेक्सांद्र नेदोवेसोव और नीदरलैंड्स के रॉबिन हासे की जोड़ी को हराया।

 

————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • स्‍पेडेक्‍स मिशन के तहत दो उपग्रहों की डॉकिंग प्रक्रिया के साथ भारत ने इतिहास रचा; यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन।
  • भारत दौरे पर आए आज सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम ने कहा, दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी की नई राह पर हैं।
  • भारत ने इज़राइल-हमास युद्धविराम और बंधक-मुक्ति समझौते का स्वागत किया और कहा, समझौते से गजा में मानवीय सहायता की निरंतर आपूर्ति संभव होगी।
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख उम्मीदवार आज अपना नामांकन दाखिल कर रहे हैं।  
  • और, ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में, भारत के एन. श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के खिलाड़ी, पुरूष डब्‍ल्‍स प्रतियोगिता के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।

 

————————————–