Download
Mobile App

android apple
signal

January 15, 2025 3:35 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत विस्‍तारवाद नहीं बल्कि विकास की भावना के साथ काम करता है। उन्‍होंने नौ सेना के अग्रिम पंक्ति के तीन नए युद्धपोत राष्‍ट्र को समर्पित किए।
  • 77वें सेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संकट और आपदाओं के दौरान भारतीय सेना के मानवीय कार्यों की सराहना की।
  • ‘मेक इन इंडिया’ पहल के साथ जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में हाइमटेक्स्टिल 2025 में भारतीय पैवेलियन की शुरूआत।
  • मौसम विभाग ने अत्‍यधिक घने कोहरे के कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, कई उड़ानों में विलंब।
  • और, महिला क्रिकेट में, भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच गुजरात के राजकोट में खेला जा रहा है।

 

———————————-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत विस्तारवाद नहीं बल्कि विकास की भावना से काम करता है। उन्होंने कहा कि भारत ने सदैव खुले, सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन किया है। श्री मोदी ने आज मुंबई में नौसेना गोदी में तीन प्रमुख नौसैनिक युद्धपोतों आईएनएस सूरत, आईएनएस नीलगिरि और आईएनएस वाघशीर का लोकार्पण किया।

 

आज मुझे इस क्‍लास की छठवीं सबमैरीन बागशीर को कमीशन करने का सौभाग्‍य मिला है। ये नए फ्रंटियर प्‍लेटफॉर्म भारत की सुरक्षा और प्रगति दोनों को नया सामर्थ्‍य देंगे। आज भारत पूरे विश्‍व और खासकर ग्‍लोबल साउथ में एक भरोसेमंद और जिम्‍मेदार साथी के रूप में पहचाना जा रहा है। भारत विस्‍तारवाद नहीं, भारत विकासवाद की भावना से काम करता है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन भारत की समुद्री विरासत, नौसेना के गौरवशाली इतिहास और आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि तीनों अग्रणी युद्धपोत भारत में बने हैं। श्री मोदी ने सभी हितधारकों को बधाई दी।

 

आज भारत की समुद्री विरासत नेवी के गौरवशाली इतिहास और आत्‍मनिर्भर भारत अभियान के लिए भी बहुत बड़ा दिन है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने भारत में नौसेना को नया सामर्थ्‍य दिया था। नया विजन दिया था। आज उनकी इस पावन धरती पर 21वीं सदी की नेवी को सशक्‍त करने की तरफ हम एक बहुत बड़ा कदम उठा रहे हैं।   

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे पहले कार्रवाई करने वाले देश के रूप में उभरा है। इससे भारत, भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल में वैश्विक भरोसा बढ़ा है।

 

प्रधानमंत्री ने मेक इन इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने के लिए सशस्त्र बलों को बधाई दी।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह वर्ष रक्षा क्षेत्र के लिए ‘सुधारों का वर्ष’ है और इस वर्ष के अंत तक रक्षा क्षेत्र कई सुधारों को लागू करेगा।

 

हमने रक्षा मंत्रालय में 2025 को ईयर ऑफ रिफॉर्म सुनिश्चित किया है। इसके अंतर्गत हमने रक्षा मंत्रालय तथा तीनों सेनाओं ने जो भी जरूरी रिफॉर्म्स हैं उनके ऊपर कार्य करने का संकल्‍प लिया है। मुझे विश्‍वास है कि इस साल के अंत तक हम रक्षा क्षेत्र में कई रिफॉर्म्‍स को लागू कर चुके होंगे, जो भारत के रक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।        

 

———————————-

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज़ से मुलाक़ात की। डॉक्‍टर जयशंकर स्‍पेन की दो दिन की यात्रा पर हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट में डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति सांचेज़ की भारत की सफल यात्रा को याद करते हुए दीर्घकालिक साझेदारी की पुष्टि की। उन्होंने स्पेन के राष्ट्रपति को मैड्रिड में हुई चर्चा और दोनों देशों के आपसी वार्ता में हुई प्रगति की जानकारी दी।

 

———————————-

 

सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्‍नम अपनी पांच दिन की राजकीय यात्रा पर कल रात नई दिल्‍ली पहुंचे। दिल्ली हवाई अड्डे पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति थरमन के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। सिंगापुर के राष्ट्रपति के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है। सिंगापुर के राष्‍ट्रपति कल राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करेंगे। उनका प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर से भी मिलने का कार्यक्रम है।

 

———————————-

 

वस्‍त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल को प्रमुख रणनीति बताया है। यह पहल भारत को एक प्रतिस्पर्धी विनिर्माण केंद्र के रूप में तैयार करने में सहायता कर रही है। श्री सिंह ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में हाइम टेक्टिल 2025 में भारत मण्‍डप का उद्घाटन किया। उन्‍होंने पिछले 10 वर्षों में भारत की विकास गाथा और बढ़ते प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर बल दिया। जर्मनी के निर्माताओं के भारत में निवेश और मशीनरी का उत्पादन करने से दोनों देशों को फायदा होगा।  

 

———————————-

 

सतहत्‍तरवां थल सेना दिवस आज गर्व और उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है।

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने इस अवसर पर सैन्‍य कर्मियों और पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में सेना की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्‍लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र मातृभूमि की सेवा में उनके द्वारा दिए गए बलिदान को कृतज्ञता के साथ याद करता है। उन्‍होंने संकट और आपदाओं के दौरान भारतीय सेना के मानवीय कार्यों की सराहना की।

 

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार विभिन्न सुधारों और आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है तथा सशस्त्र बलों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। अपने संदेश में जनरल चौहान ने कहा कि यह दिन भारतीय सेना के अटूट समर्पण और साहस का प्रतीक है।

 

———————————-

 

सरकार ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सी.आई.एस.एफ. की दो नई रिजर्व बटालियन बनाने को मंजूरी दी है। इससे बटालियनों की कुल संख्या 13 से बढ़कर 15 हो जाएगी। गृह मंत्रालय ने कहा है कि  नई बटालियन में विभिन्न रैंकों के लगभग एक हजार पच्चीस सुरक्षाकर्मी शामिल होंगे और इसका नेतृत्व  वरिष्ठ कमांडेंट स्तर का अधिकारी करेगा।

 

———————————-

 

गृहमंत्री अमित शाह कल मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलोर, हैदराबाद, कोचीन और अहमदाबाद हवाई अड्डों पर ‘फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन- ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम’ का उद्घाटन करेंगे। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय आव्रजन सुविधाएं मिलेंगी तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रा सहज और सुरक्षित होगी।

 

———————————-

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज प्रमुख नेता नामांकन भर रहे हैं। आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी नेता प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से पर्चे भरे। भाजपा नेता सतीश उपाध्याय ने भी मालवीय नगर सीट से नामांकन दाखिल किया। भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से अपना पर्चा भरा। श्री बिधूड़ी मुख्‍यमंत्री आतिशी के खिलाफ मैदान में हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद श्री केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी पिछले 10 वर्षों में किए गए कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास दिल्‍ली के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट जीतने का विश्वास व्‍यक्‍त किया।

 

———————————-

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज नई दिल्ली में पार्टी के नए मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।

 

श्री खरगे ने कहा कि पार्टी का नया मुख्यालय लोकतंत्र, राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्षता, समावेशी विकास और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर निर्मित किया गया है।

 

———————————-

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में काशी तमिल संगमम के तीसरे चरण और केटीएस पोर्टल का शुभारंभ किया। श्री प्रधान ने कहा कि इस वर्ष काशी तमिल संगमम 15 से 24  फरवरी तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 दिवसीय कार्यक्रम में एक हजार दो सौ प्रतिनिधि, शिल्‍पकार और नवप्रवर्तक शामिल होंगे।

 

इसके मुख्‍य कार्यक्रम स्‍थल काशी के नमो घाट अयोध्‍या पिछले वर्षों के भांति भी प्रतिनिधि जाएंगे और प्रयागराज भी जाएंगे। लेकिन इस बार की विशेषता यह होने वाली है, इस बार काशी-तमिल संगमम कुंभ के बैकग्राउंड पर होगा कुंभ के अंदर होगा।

 

———————————-

 

और अब खबरें महाकुम्‍भ से –

 

महाकुंभ 2025 भारत और विश्‍व के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम के रूप में स्‍थापित हो गया है। यह दुनिया के लाखों लोगों को आकर्षित करने वाला वैश्विक सांस्कृतिक आयोजन भी बन गया है। मानवता की अमूर्त विरासत के रूप में नामित, महाकुंभ सनातन संस्कृति के सार का प्रतिनिधित्व करता है और इसने दुनिया भर में जिज्ञासा बढाई है। एक रिपोर्ट –

 

महाकुंभ 2025 ने दुनियाभर में उत्‍सुकता जगाई है। विभिन्न महाद्वीपों के लोग सक्रिय रूप से इस भव्य आयोजन के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं, इसके महत्व को समझने और इसकी आध्यात्मिक जीवंतता में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। इस वैश्विक जिज्ञासा को पूरा करने के लिए, सरकार ने महाकुंभ 2025 को डिजिटल महाकुंभ के रूप में प्रस्तुत किया है। इस पहल का केंद्रबिंदु आधिकारिक वेबसाइट kumbh.gov.in है जो महाकुंभ के सभी पहलुओं पर व्यापक जानकारी प्रदान करती है। इस बार 15 लाख से ज्‍यादा विदेशी सेलानियों का महाकुंभ में आने का अनुमान है। महाकुंभ में डुबकी लगाने वाले ब्राजील के फ्रांसिस्को ने कहा, भारत दुनिया का आध्यात्मिक हृदय है।

 

इस वर्ष, जब करोड़ों लोग त्रिवेणी संगम पर एकत्रित हों रहे हैं तो एक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में महाकुंभ मेले का महत्‍व फिर से स्‍पष्‍ट हो गया। यहां प्राचीन अनुष्ठान और आधुनिक आकांक्षाएं जीवन और दिव्यता के उत्सव में एक साथ आती हैं। आनंद कुमार के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, महाकुंभ नगर, प्रयागराज।

 

———————————-

 

उत्तर रेलवे ने महाकुंभ मेला 2025 में जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन, कटरा और प्रयागराज के बीच तीन विशेष रेलगाडियां चलाने की घोषणा की है। एक रिपोर्ट-

 

पहली रेलगाडी 24 जनवरी को सुबह तीन बजकर पचास मिनट पर कटरा स्टेशन से रवाना होगी और 25 जनवरी को प्रयागराज से वापस आएगी। अगली दो रेलगाडियां 7 और 14 फरवरी को चलेंगी। ये दोनों रेलगाडियां अगले दिन सवेरे चार बजकर पच्‍चीस मिनट पर प्रयागराज पहुंचेंगी। ये रेलगाडियां 8 और 15 फरवरी को प्रयागराज से शाम सात बजकर तीस मिनट पर रवाना होगी और रात 10 बजे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। जम्‍मू से गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।  

 

———————————-

 

मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई स्थानों पर अत्‍यधिक घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्‍ली में आज घना कोहरा और कम दृश्यता रही, जिससे उड़ान और रेल परिचालन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 9 बजे दिल्ली की दृश्यता कम होकर शून्य मीटर हो गई। एक रिपोर्ट-

 

घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 रेलगाडि़यां चार घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इनमें गोरखधाम एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, श्रम शक्ति, अयोध्या, तेलंगाना़, महाबोधि और गोंडवाना एक्सप्रेस रेलगाडियां शामिल हैं। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों में देरी की सूचना मिली है। यात्रियों को यात्रा से पहले उड़ानों और रेलगाडि़यों की समय की जांच करने की सलाह दी गई है। सुमित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से डेविड शर्मा।

 

———————————-

 

मौसम विभाग ने आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गरजने के साथ तूफान की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

———————————-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तिरुवल्लुवर दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध तमिल कवि तिरुवल्लुवर को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि तिरुवल्लुवर की कविताएँ तमिल संस्कृति और देश की दार्शनिक विरासत का सार हैं।

 

———————————-

 

महिला क्रिकेट में भारत और आयरलैंड के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला का फाइनल और अंतिम मैच आज गुजरात के राजकोट में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 48वें ओवर में चार विकेट पर 417 रन बना लिए हैं।

 

———————————-

 

खो खो विश्‍व कप में भारतीय महिला टीम का मुकाबला आज शाम नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ईरान से होगा। इसके बाद, भारतीय पुरुष टीम का सामना पेरू से होगा। यह मैच रात सवा आठ बजे से खेला जाएगा। 

 

———————————-

 

बैडमिंटन में भारत की अनुपमा उपाध्याय आज नई दिल्ली में इंडिया ओपन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने पहले दौर में रक्षिता रामराज को हराया।

 

भारतीय शटलर मालविका बंसोड़ का मुकाबला आज दोपहर चीन की हान यू से होगा। वहीं, पुरुष सिेंगल्‍स में शटलर लक्ष्य सेन, एच.एस. प्रणय और प्रियांशु राजावत भी आज अपने अपने मुकाबले खेलेंगे।

 

———————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत विस्‍तारवाद नहीं बल्कि विकास की भावना के साथ काम करता है। उन्‍होंने नौ सेना के अग्रिम पंक्ति के तीन नए युद्धपोत राष्‍ट्र को समर्पित किए।
  • 77वें सेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संकट और आपदाओं के दौरान भारतीय सेना के मानवीय कार्यों की सराहना की।
  • ‘मेक इन इंडिया’ पहल के साथ जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में हाइमटेक्स्टिल 2025 में भारतीय पैवेलियन की शुरूआत।
  • मौसम विभाग ने अत्‍यधिक घने कोहरे के कारण दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, कई उड़ानों में विलंब।
  • और, महिला क्रिकेट में, भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का तीसरा और अंतिम एकदिवसीय मैच गुजरात के राजकोट में खेला जा रहा है।

 

———————————-