Download
Mobile App

android apple
signal

January 14, 2025 3:45 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मिशन मौसम का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा- यह मिशन देश को मौसम की हर स्थिति से निपटने में सक्षम और क्‍लाइमेट -स्मार्ट बनाने की भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

 

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत की वैश्विक साख बढ रही है और यह चुनौतीपूर्ण समय में सार्थक सहायता प्रदान कर रहा है।

 

  • मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्यौहार पारंपरिक उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं; महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान दोपहर 12 बजे तक एक करोड़ 60 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।

 

  • अमरीका के लॉस एंजिल्स में जंगल में लगी आग से कम से कम 25 लोगों की मृत्‍यु और हजारों लोगों को वहां से निकालने का आदेश दिया गया। 

 

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में भारत के रोहन बोपन्ना तथा उनके कोलंबियाई जोड़ीदार पुरुष डबल्‍स के पहले दौर में बाहर।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश को मौसम की हर स्थिति से निपटने में सक्षम और क्‍लाइमेट स्मार्ट राष्ट्र बनाने के लिए मिशन मौसम का आज शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय मौसम विभाग के 150वें स्थापना दिवस पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन मौसम एक स्थायी और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्र के निर्माण की दिशा में भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

 

मौसम विभाग की विश्‍वसनीयता भी पहले से कई ज्‍यादा बढ़ी है। भविष्‍य में भारत मौसम की हर परिस्थिति के लिए तैयार रहे। भारत एक क्‍लाइमेट स्‍मार्ट राष्‍ट्र बनें इसके लिए हमने मिशन मौसम भी लॉन्‍च किया है। मिशन मौसम सस्‍टेनेबल फ्यूचर और फ्यूचर रेडियस को लेकर भारत की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

 

प्रधानमंत्री ने विभाग की डेढ सौ वर्ष की यात्रा की प्रशंसा करते हुए इसे देश में आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी का एक गौरवशाली अध्याय बताया।

 

आईएमडी ने इन डेढ़ सौ वर्षों में ना केवल करोड़ों भारतीयों की सेवा की है बल्कि भारत की वैज्ञानिक यात्रा का भी प्रतीक बना है। इन उपलब्धियों पर आज डाक टिकट और विशेष कोइन भी रिलीज किया गया है। 2047 में जब देश आजादी के सौ साल मनाएगा तब भारतीय मौसम विभाग का स्‍वरूप क्‍या होगा इसके लिए विजन डॉक्‍यूमेंट भी जारी हुआ है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘सभी के लिए पूर्व चेतावनी’ पहल देश की 90 प्रतिशत से अधिक आबादी को सूचना देती है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगले दस दिनों की मौसम संबंधी जानकारी किसी भी समय प्राप्त कर सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वास्तविक समय की मौसम संबंधी नवीन जानकारी से कृषि तथा समुद्री अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की मौसम संबंधी प्रगति ने देश की आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ किया है।

 

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश की मौसम पूर्वानुमान क्षमताओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में पूर्वानुमान की सटीकता में 50 प्रतिशत सुधार हुआ है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौसम विभाग के डेढ सौ वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक सिक्का भी जारी किया। उन्होंने आईएमडी विज़न-2047 दस्तावेज़ भी जारी किया। इसमें मौसम पूर्वानुमान, मौसम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन की समस्‍या से निपटने की योजनाएँ शामिल हैं।

 

मिशन मौसम का उद्देश्‍य अत्याधुनिक मौसम निगरानी तकनीक और प्रणाली विकसित करना है। इस पहल में उच्च-रिज़ॉल्यूशन वायुमंडलीय अवलोकन शामिल है। इसमें अत्‍याधुनिक रडार और उपग्रह तथा उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटर की व्‍यवस्‍था है।

 

—-

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि विश्‍व में बढ़ती वैश्विक साख और चुनौतीपूर्ण समय में सार्थक सहायता प्रदान करने की भारत में अनूठी क्षमता है। डॉक्‍टर जयशंकर ने स्पेन में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए वैश्विक मंच पर भारत के “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के दृष्टिकोण पर बल दिया।

 

आज दुनिया में तनाव इतना ज्‍यादा है अलग-अलग संघर्ष हो रहे हैं, युद्ध भी हो रहा है दो दफा। इट इज ए वेरी पोलराइज़ वर्ल्‍ड सो इन ए पोलराइज्‍ड वर्ल्‍ड दियर इज ए कंट्री विच इज एबल टू जो हम अपने यहां कहते थे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्‍वास, वी आर एक्‍चुअली एबल टू टेक इट इन टू द वर्ल्‍ड एज वेल, देट इज समथिंग विच स्‍लोली-स्‍लोली अदर नेशन्‍स

 

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और स्पेन के संबंध शीर्ष पर हैं।

 

—-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि सांख्यिकी उपकरण और मात्रात्मक तकनीक, नीतिगत निर्णयों के लिए अनुभव प्रदान करके प्रभावी शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रपति ने आज राष्ट्रपति भवन में भारतीय सांख्यिकी सेवा-आईएसएस के परिवीक्षार्थियों के एक समूह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

 

—-

 

वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन किया। श्री गोयल ने कहा कि बोर्ड, हल्दी किसानों के कल्याण, हल्दी की बेहतर किस्मों के विकास और निर्यात को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश में हल्दी की 30 किस्मों में से कई किस्‍मों को जीआई टैग भी मिला है।  

 

पांच वर्षों से ये डिमांड थी कि‍ टरमरिक के ऊपर विशेष ध्‍यान देना चाहिए। अलग बोर्ड बनाना चाहिए। चालीस वर्षों के परिश्रम के बाद यह सपना साकार हुआ है। मैं सभी हल्‍दी किसानों को हल्‍दी को प्रोसेस करने वाले कर्मचारियों को, उद्योग जगत को, और हमारे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देता हूं। ये जो नया टरमरिक बोर्ड बना है ये आगे चल के आपके काम में बढत करने का एक काम करेगा।

 

—-

 

मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्‍यौहार आज पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। यह त्‍यौहार फसल कटाई के मौसम और कृतज्ञता तथा एकजुटता की भावना का प्रतीक हैं।

 

मकर संक्रांति पर लोगों ने गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों में डुबकी लगाई।

 

उत्तराखंड में श्रद्धालु, पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि पवित्र स्नान के लिये राज्य के विभिन्न स्थानों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है।

 

मकर सक्रांति के अवसर पर हरिद्वार के गंगा घाटों से लेकर बागेश्वर और उत्तरकाशी के पवित्र स्थलों तक, आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। तड़के से ही हरिद्वार में गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हजारों भक्तों ने गंगा स्नान कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और मंदिरों में पूजा-अर्चना की। इस बीच, कुमाऊं क्षेत्र के बागेश्वर में ऐतिहासिक उत्तरायणी मेले ने श्रद्धा, संस्कृति और इतिहास का अद्भुत संगम पेश किया। उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट पर भी आस्था की छटा देखते ही बन रही है। कड़ाके की ठंड के बावजूद आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई देव डोलियां गंगा स्नान के लिए पहुंचीं। कुमाऊं मंडल में मकर संक्रांति के अवसर पर पारंपरिक घुघुतिया पर्व भी धूमधाम से मनाया गया। उत्तराखंड में मकर संक्रांति का यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठानों का नहीं, बल्कि लोक संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक है।साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून

 

तमिलनाडु में पोंगल का त्यौहार पूरे उत्‍साह के साथ मनाया जा रहा है। लोग मिट्टी के बर्तनों में पारंपरिक मीठा पकवान, पोंगल बना रहे हैं।

 

असम में माघ बिहू या भोगाली बिहू पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुजरात और पश्चिमी भारत के अन्य हिस्सों में, पतंगों का त्यौहार उत्तरायण हर्षोल्‍लास  के साथ मनाया जा रहा है।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों को मकर संक्रांति, पोंगल, माघ बिहू और उत्तरायण की शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने कहा कि ये त्यौहार सभी के जीवन में सफलता और खुशियाँ लाएँगे।

 

आज सूर्य धनु से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। सूर्य धीरे-धीरे उत्‍तर की ओर नॉर्थवर्ड शिफ्ट होता है। भारतीय परंपरा में इसे उत्‍तरायण कहा जाता है। खेतीबाड़ी के लिए तैयारियां शुरू हो जाती हैं और इसलिए यह दिन भारतीय परंपरा में इतना अहम माना गया है। भिन्‍न-भिन्‍न सांस्‍कृतिक रंगों में इसे सेलिब्रेट किया जा रहा है। मैं इस अवसर पर सभी देशवासियों को मकर संक्रांति से जुड़े अनेक विविध पर्वों की भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

 

—-

 

राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी- एनटीए ने कल होने वाली यूजीसी-नेट परीक्षा दिसंबर 2024 स्थगित कर दी है। एजेंसी ने कहा कि उसे 15 जनवरी को पोंगल, मकर संक्रांति और अन्य त्योहारों के कारण परीक्षा स्थगित करने के लिए अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा की नई तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। एनटीए ने बताया है कि 16 जनवरी को होने वाली परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी।

 

—-

 

खबरें महाकुंभ से-

 

प्रयागराज के महाकुंभ में मकर संक्रांति अमृत स्नान के दौरान आज दोपहर 12 बजे तक एक करोड़ 60 लाख से ज़्यादा लोगों ने त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाई है। अनुष्ठान सुचारू रूप से चल रहे हैं। लाखों श्रद्धालु और संत अमृत स्नान में शामिल हो रहे हैं। पवित्र स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किए। परंपरा को कायम रखते हुए उन्होंने दान-पुण्य भी किय। सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा आरती में भी हिस्सा लिया।

 

महासंगम की ताजा जानकारी के लिए बात करते हैं मेला स्‍थल पर मौजूद हमारे संवाददाता आनंद कुमार से—–

 

प्रश्‍न- आनंद आज प्रमुख स्नान हो रहा है। अब तक कितने अखाडों ने स्नान कर लिया है?..

 

आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर महाकुंभ में संगम के सभी घाटों पर देश की प्राचीन संस्‍कृति और परंपरा का भी अद्भुत नजारा देखने को मिला। महाकुंभ के आज दूसरे दिन साधु संत, श्रद्धालु और तीथयात्री संगम के तट पर बने घाटों पर अमृत स्‍नान में भाग लिया। यह सिलसिला लगातार जारी है। आज के दिन अखाड़ों द्वारा किया जाने वाला स्‍नान आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। कुल 13 अखाडों में सबसे पहले महानिर्वाणी पंचायती अखाड़ा ने स्‍नान किया। इस अखाडे के साथ श्री शंभू पंचायती अखाडे ने भी पवित्र स्‍नान किया। इसके अलावा निरंजनी अखाडा, पंचायती अखाडा आनंद और सन्‍यासी अखाडा ने भी निर्धारित समय पर स्‍नान किया। सबसे अंत में पंचायती निर्मल अखाडा द्वारा पवित्र स्‍नान किया जाएगा। अखाडों की शोभा यात्रा निर्धारित मार्ग से संगम के त्रिवेणी में पहुंच रही है। पूरा मार्ग मंत्र और जयघोष से गुंजायमान हो रहा है।

 

धन्‍यवाद आनंद

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्‍होंने राष्‍ट्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

 

—-

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि राष्‍ट्र की रक्षा में वीर सैनिकों का योगदान अविस्मरणीय है, जिसने देश के गौरवशाली इतिहास और परंपरा को अक्षुण्ण रखा है। वे आज नागपुर में भारतीय वायु सेना के रखरखाव कमान मुख्यालय में 9वें सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

 

श्री गडकरी ने विश्व शांति और अहिंसा की स्थापना के लिए तीनों रक्षा बलों के महत्व का भी उल्‍लेख किया।

 

हमें डिफेंस में स्‍वयं पूर्ण बनना है, ताकतवान बनना है, रिसर्च एंड डेवलेपमेंट के साथ दुनिया के आगे निकलना है और अधिकारवादी और विस्‍तारवादी दृष्टिकोण से नहीं। हम किसी की जमीन हड़पना नहीं चाहते, हम किसी देश को अधिकारवाद से उसके ऊपर नियंत्रित नहीं करना चाहते और जिस प्रकार से भगतदगीता में भगवान कृष्‍ण ने कहा था कि दुर्बल है, अनाथ है, अन्‍याय जिन पर होता है उनका रक्षण करना मेरा कर्तव्‍य है, मेरी जिम्‍मेदारी है। यही इतिहास, संस्‍कृति और विरासत हमारी प्रेरणा है।

 

—-

 

अमरीका में लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी आग के कारण 92 हजार से अधिक लोगों को निकालने का आदेश दिया गया है। अन्‍य 89 हजार लोगों को निकासी की चेतावनी दी गई है। इस घटना में 25 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 12 लोग लापता हैं।

 

—-

 

रोहन बोपन्‍ना और कोलम्बिया के निकोलस बेरियनटोस को आस्‍ट्रेलियन ओपन टेनिस के पुरूष डबल्‍स के पहले दौर में हार का सामना करना पडा है। भारतीय और कोलम्बियाई जोडी को स्‍पेन के पेड्रो मार्टिनेज और जौम मुनर की जोडी ने आज एक घंटा 54 मिनट तक चले मुकाबले में 7-5, 7-6 से हराया।   

 

—-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने मिशन मौसम का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा- यह मिशन देश को मौसम की हर स्थिति से निपटने में सक्षम और क्‍लाइमेट -स्मार्ट बनाने की भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

 

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- भारत की वैश्विक साख बढ रही है और यह चुनौतीपूर्ण समय में सार्थक सहायता प्रदान कर रहा है।

 

  • मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू और उत्तरायण के त्यौहार पारंपरिक उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं; महाकुंभ में अमृत स्नान के दौरान दोपहर 12 बजे तक एक करोड़ 60 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।

 

  • अमरीका के लॉस एंजिल्स में जंगल में लगी आग से कम से कम 25 लोगों की मृत्‍यु हुई और हजारों लोगों को वहां से निकालने का आदेश दिया गया है। 

 

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में भारत के रोहन बोपन्ना और उनके कोलंबियाई जोड़ीदार पुरुष डबल्‍स के पहले दौर में बाहर।

 

—-