मुख्य समाचार:
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने स्पैडेक्स कार्यक्रम के अंतर्गत दो उपग्रहों को डॉकिंग से पहले तीन मीटर की दूरी पर लाने में सफलता प्राप्त की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 में युवाओं को प्रेरित करने वाली कई गतिविधियों में भाग लिया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ के दौरान तीन माओवादी मारे गए।
- स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में आज राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है।
- महिला हॉकी इंडिया लीग में दिल्ली एसजी पाइपर्स का मुकाबला आज शाम रांची में ओडिशा वारियर्स से होगा।
************
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने डॉकिंग से पहले स्पैडेक्स कार्यक्रम के तहत अपने दो उपग्रहों को स्थिर करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। इसरो ने चेसर और टारगेट उपग्रहों को सुरक्षित दूरी पर ले जाने से पहले उन्हें तीन मीटर की दूरी पर लाने में सफलता प्राप्त की।
इसरो ने उपग्रहों में लगे कैमरों द्वारा ली गई तस्वीरों को साझा की हैं। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने ट्वीट किया है कि डेटा का विश्लेषण करने के बाद ही डॉकिंग प्रक्रिया की जाएगी। इस मिशन के लिए इसरो द्वारा विकसित सभी सेंसर्स की डॉकिंग प्रयोगों से पहले पूरी तरह से जांच और परीक्षण किया जाएगा। डॉकिंग के बाद, दोनों उपग्रहों को एक ही अंतरिक्षयान के रूप में नियंत्रित किया जाएगा। डॉकिंग सफल है या नहीं, यह जांचने के लिए एक उपग्रह से दूसरे उपग्रह में बिजली स्थानांतरित की जाएगी। इसके बाद दोनों उपग्रहों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने के लिए ऑनडॉक किया जाएगा। अमरीका, रूस और चीन के बाद यह उपलब्धि प्राप्त करने वाला भारत चौथा देश बनेगा। बेंगलुरू से सुधीन्द्रा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।
************
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 में हिस्सा ले रहे हैं। श्री मोदी ने एक प्रदर्शनी का दौरा किया और कुछ युवाओं से बातचीत की, जिन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत के बारे में अपने-अपने लक्ष्य प्रस्तुत किये।
इन प्रस्तुतियों में भारत की सर्वाधिक ज्वलंत चुनौतियों के बारे में नए विचार और समाधान दर्शाए गए थे। श्री मोदी राष्ट्र के भावी नेताओं को प्रेरित और प्रोत्साहित करने तथा उनके सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी देशभर से आए तीन हजार गतिशील युवा नेताओं से मिलेंगे। प्रधानमंत्री उनके साथ दोपहर का भोजन करेंगे और उन्हें अपने विचार, अनुभव और आकांक्षाएं प्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री के साथ साझा करने के अवसर प्रदान करेंगे। वे इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा दस विषयों पर लिखे गए उत्कृष्ट निबंधों के एक संकलन का विमोचन भी करेंगे। विकसित भारत संवाद, युवाओं को देश के भविष्य के बारे में अपने विचारों से, नीति–निर्माताओं और राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय विभूतियों को सीधे अवगत कराने का अवसर प्रदान करता है। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
************
विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर अमरीका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। श्री ट्रम्प अमरीका के 47वें राष्ट्रपति होंगे। उन्हें इस महीने की 20 तारीख को शपथ दिलाई जाएंगी। अपनी यात्रा के दौरान डॉ जयशंकर नई सरकार के प्रतिनिधियों और कार्यक्रम में भाग लेने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी भेट करेंगे।
************
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह कल पुणे में मेगा उद्यमिता विकास सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। एक रिपोर्ट-
कार्यक्रम के दौरान, श्री सिंह 545 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 40 पशुधन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य पशुधन क्षेत्र की क्षमता को उजागर करने के लिए नीति निर्माताओं, महासंघों, सहकारी समितियों, उद्योग संघों, उद्यमियों और वित्तीय संस्थानों को एकजुट करना है। यह कार्यक्रम हितधारकों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने, उसका समाधान साझा करने और क्षेत्र के विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करता है। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
************
छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गये। इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में तलाशी अभियान पर थी। ऑपरेशन के दौरान आज सुबह मुठभेड़ हो गई। सुरक्षा बलों ने मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में श्री केजरीवाल ने वायु प्रदूषण कम करने, यमुना को स्वच्छ बनाने, सहित दस गारंटियां दी थीं, लेकिन एक भी पूरी नहीं की।
उधर, श्री केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर दिल्ली के झुग्गी झोपड़ी के निवासियों को धोखा देने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई तो ये सभी मलिन बस्तियों को ध्वस्त कर देंगे।
आज मैं दिल्ली के झुग्गीवालों को कहना चाहता हूं, अगर बीजेपी को वोट दे दिया, एक–एक झुग्गी के इन्होंने प्रोजेक्ट बना रखे हैं, सारी प्लानिंग कर रखी है इन्होंने, किसी को नहीं छोड़ने वाले। ये षडयंत्र पूरी दिल्ली का है।
**********
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने आज विधानसभा चुनाव के लिए लोगों से धन से जुटाने की शुरुआत की। आज नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए सुश्री आतिशी ने कहा कि पार्टी की पूरी राजनीतिक यात्रा के दौरान लोगों ने ईमानदार राजनीति का समर्थन करने के लिए अंशदान किया। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सहयोग देने की अपील की।
इस क्राउडफंडिंग कैम्पेन का मकसद है कि जो 40 लाख रुपये मुझे चाहिए अपनी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ने के लिए मेरी आज दिल्ली के लोगों से, देशभर के लोगों से अपील है क्राउडफंडिंग कैम्पेन में मुझे स्पोर्ट करें।
उधर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल केवल चुनावी वादे कर लोगों को गुमराह करते हैं।
उन्होंने सिर्फ लोगों को धोखा देने का काम किया। हर बार आते है, चुनावी वादे करते है चले जाते हैं। ये इनको भड़काने का काम करते हैं, इनको डराने का काम करते हैं कि झुग्गी तोड़ दी जाएगी, ये कर दी जाएगी। मोदी की गारंटी है हर गरीब की छत पक्की होगी, हर गरीब को पक्का मकान मिलेगा।
************
कांग्रेस ने कहा है कि दिल्ली में अगर उसकी सरकार बनती है तो युवा उडान योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजधानी के युवाओं को अध्येतावृति प्रदान की जाएगी। आज योजना का शुभारंभ करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली के लोग कांग्रेस को सेवा का अवसर देंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत हर महीने साढे आठ हजार रूपये दिए जाएंगे।
************
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में पहले अंतर्राष्ट्रीय उत्तराखंडी प्रवासी सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री धामी ने कहा कि सम्मेलन के दौरान आयोजित सत्रों में सामने आए विचार और संदेश देश और विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडी भाइयों और बहनों तक पहुचेंगे। श्री धामी ने इस सम्मेलन को संस्कृति और भावनाओं के जुडाव का एक अनूठा उत्सव बताया।
हमने सभी प्रवासियों से ये अनुरोध किया था कि वो आए अपने–अपने पैतृक स्थानों पर, अपने गांव को गोद लें और उसमें बड़ी संख्या में आज देश और दुनिया के लोगों ने लगभग 30 लोगों ने अभी तक इस काम को आगे बढ़ा दिया है।
************
खबरें महाकुंभ से
आस्था और मानवता के सबसे बड़े संगम महाकुंभ की शुरुआत कल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होगी। इस भव्य आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाकुंभ में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज शाम कलाग्राम का उद्घाटन करेंगे। एक रिपोर्ट-
कला ग्राम, कला संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है इसे प्रयागराज के नाग वासिकी क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि में तैयार किया गया है। कला ग्राम संस्कृति, शिल्प कला और विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से भारत की समृद्धि विरासत को प्रदर्शित करेगा। इसमें अनुभूति मंडपम और अविरल शाश्वत कुंभ प्रवर्तनी जोन भी है। अगले 45 दिनों में कला ग्राम में 14,000 से ज्यादा कलाकार अपने–अपने कला को प्रदर्शित करेंगे। वहीं, आगंतुक फूड जोन में भारत के सात्विक जायके देशभर के प्रमाणिक व्यंजनों और प्रयागराज के स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। अनुपम मिश्रा के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
************
आज पूरा देश राष्ट्रीय युवा दिवस मना रहा है। एक रिपोर्ट-
आज महान आध्यात्मिक गुरू, दार्शनिक और चिंतक स्वामी विवेकानंद की जयंती है। इस दिन को देश राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाता है। स्वामी विवेकानंद को पूरा विश्व वर्ष 1893 में शिकॉगो की धर्म संसद में दिए गए उनके ऐतिहासिक भाषण के लिए याद करता है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सन्देश साझा करते कहा कि आज के युग में युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन से सीख लेने की जरुरत है।
एक सोशल मीडिया पर पोस्ट में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश का महान आध्यात्मिक संदेश पश्चिमी जगत में प्रचारित किया और भारत के लोगों के बीच नया आत्मविश्वास पैदा किया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 1893 में शिकॉगो धर्म संसद के दौरान भारत की आध्यात्मिकता का परचम लहराया देश के समावेशी लोकाचार को अभिव्यक्त किया। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
************
इस अवसर पर भोपाल के शौर्य स्मारक पर एक अनोखी रंगोली बनाई गई है। राज्य सरकार ने बताया कि यह विश्व की सबसे बड़ी थ्री-डी रंगोली है। इंदौर की कलाकार शिखा शर्मा जोशी और उनकी टीम को इसे बनाने में 48 घंटे का समय लगा।
************
मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शीत लहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में रात और सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घना कोहरा छाया रहेगा। तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में अगले पांच दिनों में गरज के साथ तेज वर्षा और बिजली चमकने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ, मध्यप्रदेश और तटवर्ती आन्ध्र प्रदेश में अगले दो-तीन दिन तक गरज के साथ छीटें पडने और बिजली चमकने का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालियाई क्षेत्र में आज वर्षा और हिमपात होने की आशंका है।
************
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घने कोहरे से दृश्यता कम होने के कारण कई रेलगाडि़यां देरी से चल रही हैं। यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचे।
************
अमरीका के लॉस एंजेलिस में फैली जंगल की आग से मृतकों की संख्या बढकर 16 हो गई है। पांच लोगों की मौत पेलिसाडेस में हुई, जबकि 11 लोग ईटन में मारे गए। ईटन, हर्स्ट, कैनेथ और पेलिसाडेस के लगभग 38 हजार 276 एकड क्षेत्र में आग फैली हुई है। आग से 12 हजार से अधिक मकान और अन्य ढांचे नष्ट हो गए हैं। एक लाख से अधिक लोगों को इन इलाकों से निकाला गया है।
************
महिला हॉकी इंडिया लीग में, दिल्ली एस जी पाइपर्स और ओडिशा वारियर्स के बीच आज प्रतियोगिता का उदघाटन मैच रांची में खेला जाएगा।
************
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा एकदिवसीय महिला क्रिकेट मैच गुजरात के राजकोट में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए ताजा समाचार मिलने तक 48वें ओवर में तीन विकेट पर 344 रन बना लिये थे।
***********
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने स्पैडेक्स कार्यक्रम के अंतर्गत दो उपग्रहों को डॉकिंग से पहले तीन मीटर की दूरी पर लाने में सफलता प्राप्त की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 में युवाओं को प्रेरित करने वाली कई गतिविधियों में भाग लिया।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए।
- स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में आज राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है।
- महिला हॉकी इंडिया लीग में दिल्ली एसजी पाइपर्स का मुकाबला आज शाम रांची में ओडिशा वारियर्स से होगा
***********