मुख्य समाचार:-
- गृह मंत्री अमित शाह ने देश में मादक पदार्थ की समस्या से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।
- अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य समारोह शुरू।
- असम में, दीमा हसाओ में बाढ़ग्रस्त कोयला खदान से बचाव दल ने एक और शव निकाला।
- उत्तरी राज्यों में भीषण शीत लहर की स्थिति जारी; लद्दाख में तापमान में गिरावट, जोजिला में तापमान शून्य से 31 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
- मलेशिया सुपर थाउजेंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी कुआलालंपुर में डब्ल्स युगल सेमीफाइनल खेलेगी।
*************
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि वर्ष 2024 में 16 हजार नौ सौ करोड़ रूपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये गये हैं। यह स्वाधीनता के बाद सबसे बड़ा आंकड़ा है। नई दिल्ली में आज मादक पदार्थ तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए श्री शाह ने कहा कि लगभग 24 लाख किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किये गये, जबकि पिछले दस वर्ष में 56 हजार आठ सौ करोड़ रूपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट किये गये हैं।
लगभग एक लाख किलोग्राम मादक द्रव्य पदार्थ जिसका मूल्य 86 सौ करोड़ रूपये है उसको अगले सप्ताह 10 दिन के अंदर जलाया जाएगा और मैं मानता हूं कि इससे यह मिनिस्ट्रीकरण से एक मजबूत संदेश जनता के बीच में जाने वाला है। इसके और संकल्पवान प्रयास वर्ष 2025 में हमारे होंगे।
कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री ने ड्रग डिस्पोजल पखवाड़ा और सभी राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों के लिए मानस-2 हेल्पलाइन के विस्तार का उद्घाटन किया। श्री शाह ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की भोपाल क्षेत्रीय इकाई के नये कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन किया। ड्रग डिस्पोजल पखवाड़ा अभियान आज से शुरू होकर 25 जनवरी तक चलेगा। इस अवधि के दौरान दो हजार 411 करोड़ रूपये मूल्य के कुल 44 हजार 792 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा।
*************
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर तीन दिवसीय प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव आज से शुरू हुआ। इस अवसर पर श्रीराम मंदिर को 50 क्विंटल से ज्यादा फूलों से सजाया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि रामलला का पंचामृत और सरयू जल से अभिषेक किया गया और 56 पकवानों का प्रसाद चढ़ाया गया और महाआरती भी की गई।
रामनगरी में उत्साह है, उल्लास है, जय श्री राम की चारों तरफ गुंज है। रामलला के भविष्य राम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान होने की यह पहली वर्षगांठ है। इसलिए देश दुनिया से भक्त रामलला के दरबार में पहुंचे हैं। इस खास मौके पर रामलला सोने और चांदी से कड़े पीतांबर को धारण कर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव का शुभारंभ किया। प्रतिष्ठा द्वादशी उत्सव के दौरान तीनों दिन 6 लाख श्री राम बीज मंत्र का जाप कर 21 वैदिक आचार्य माहौल को धार्मिकता से सराबोर करेंगे, साथ ही रोज शाम 6 बजे से 9 बजे तक भगवान रामलला का बधाई गान होगा। इसके अलावा अंगद टीले पर रोजाना राम कथा प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिनमें आम लोग शामिल हो सकेंगे। प्रथम वर्षगांठ के कार्यक्रम को देखते हुए तीनों दिन दर्शन के लिए किसी भी तरह के पास नहीं बनाए जाएंगे, साथ अधिक से अधिक लोग रामलला के दर्शन कर सकें इसके लिए दूरदर्शन पर लाइव प्रसारण किया जा रहा है। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
****************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह मंदिर सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष के बाद बना है। उन्होंने इसे हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान विरासत बताया।
****************
प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के लिए सिर्फ दो दिन शेष रह गए हैं। तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए परिवहन के विभिन्न साधनों के माध्यम से शहर तक पहुंचने की विशेष व्यवस्था की गई है। एक रिपोर्ट-
भारतीय रेलवे ने प्रयागराज आने–जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और कुशल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। अमृत स्नान के लिए बड़ी संख्या में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे तीन हजार 300 विशेष रेलगाडी सहित 10 हजार से अधिक रेलगाडियां चला रहा है। भीड को नियत्रिंत करने के लिए विशेष उपाय भी किए गए हैं, जिसमें अनारक्षित यात्रियों के लिए स्टेशनों पर रंग–कोडित प्रतीक्षा और होल्डिंग क्षेत्र शामिल हैं। भारी भीड़ को संभालने के लिए, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सात हजार से अधिक बसों की सेवा उपलब्ध करा रहा है, जिनमें 350 से ज्यादा शटल बसें विशेष रूप से मेला क्षेत्र में आवागमन करेगी। सामान्यत: तीर्थ यात्री बस और रेलगाड़ी से आवागमन करते हैं। इस बार विमानन सेवा भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। एयरलाइंस प्रयागराज के लिए उड़ानें बढ़ा रही हैं और महाकुंभ की अवधि के लिए नए शहरों को जोड़ा जा रहा है। नई उड़ानों के जुड़ने से प्रयागराज से महाकुंभ के दौरान 25 प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क हो जाएगा।
———
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय युवा दिवस पर कल दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद में तीन हजार युवा नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। नई दिल्ली में विकसित भारत युवा नेता संवाद के पहले दिन केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ0 मनसुख मांडविया ने कहा कि यह कार्यक्रम बिना राजनीतिक सम्पर्क के राजनीति में एक लाख युवाओं को शामिल करने संबंधी प्रधानमंत्री के स्वाधीनता दिवस के आह्वान के अनुरूप है।
आज विकसित भारत यंग डायलॉग का प्रारंभ हुआ है मुझे खुशी है 23 लाख युवाओं में से चुन के तीन हजार युवा विकसित भारत यंग डायलॉग में पार्टिसिपेंट कर रहे हैं देश के जाने–माने डोमेन एक्सपट्र्स उसका मेंटरिंग कर रहे हैं देश के तीन हजार यूथ ब्रेनस्टॉर्मिंग कर रहे हैं और 12 तारीख कल ये युवा, युवाओं की विचार का विकसित भारत कैसा होना चाहिए इस विषय पर प्रधानमंत्री जी के सामने अलग–अलग 10 प्रेजेंटेशन रखेंगे।
*************
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि परीक्षाओं और साक्षात्कारों के संचालन में पारदर्शिता और सार्वजनिक जवाबदेही न केवल निष्पक्ष होनी चाहिए बल्कि निष्पक्ष भी दिखनी चाहिए। आज बेंगलुरु में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के 25वें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि नौकरशाही हमारी संवैधानिक दृष्टि की संरक्षक है।
*************
भारत प्रमुख रक्षा निर्यात का केंद्र बन रहा है यह लगभग 100 देशों को घरेलू स्तर पर निर्मित रक्षा उपकरण बेच रहा है। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग के रक्षा निवेश और कॉरिडोर सेल के उप महानिदेशक, अखिलेश कुमार मिश्रा ने कल अगरतला में लोकल टू फोकल: फोकस एमएसएमई पर एक दिवसीय जागरूकता सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही।
****************
केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ0 जितेन्द्र सिंह ने जम्मू में एक क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र की स्थापना की घोषणा की है। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि इससे जम्मू कश्मीर में मौसम विभाग की सेवाओं को बढावा मिलेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र इस क्षेत्र में आपदा तैयारियों और जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने के प्रयासों को बढावा देगा। श्री सिंह ने कहा कि यह नया केन्द्र जम्मू क्षेत्र के भौगोलिक तथा जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने में सुविधा प्रदान करेगा। यह केन्द्र देश में सटीक और समय पर मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने में मौसम विभाग के मिशन में योगदान करेगा।
*************
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 2026 में राष्ट्रमण्डल देशों की संसदों के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन में भारत की मेजबानी करने की घोषणा की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी कार्यक्रम महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों को संबोधित करने संबंधी अर्थपूर्ण संवाद और सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ावा देगा।
*************
कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को आईटीसी रत्नदीपा में भारत-श्रीलंका साझेदारी पर पहले उच्चस्तरीय गोलमेज साझेदारी सम्मेलन की मेजबानी की। इस सम्मेलन ने द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ़ करने संबंधी अवसरों को तलाशने की दिशा में नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और परामर्शदाताओं को एक मंच प्रदान किया।
*************
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है। भाजपा ने आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के तहत कथित भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए एक अभियान गीत लॉन्च किया। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने न केवल दिल्ली को धोखा दिया है बल्कि अपने नागरिकों का भी अहित किया है।
दिल्ली में अरविंद केजरीवाल एक आपदा की तरह टूट पड़े हैं। दिल्ली वालों को लूटना एक तरह से निगल जाना और हर विभाग में जिस तरह से चोरी और लोगों को धोखा देने का काम किया है। यह एक तरह से आपदा ही है और वो खुद क्योंकि आपदा के सुल्तान है, आजम है, जिन्होंने पूरे सिस्टम को खराब करने की कोशिश किया तो दिल्ली तो इस आपदा से मुक्ति चाहती है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि कई भाजपा नेताओं ने अपने पते पर कई वोट पंजीकृत कराने के लिए आवेदन जमा किए हैं।
चुनाव आयोग की आंख में धूल झोंक कर भारतीय जनता पार्टी और इनके केंद्रीय मंत्री से लेकर सांसद तक चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उनके साथ चुनावी घोटाला और फ्रॉड कर रहे हैं।
*************
असम दीमा हसोआ जिले के उमरांगसो में बाढग्रस्त कोयला खदान त्रासदी के लगभग एक सौ 44 घंटे बाद बचाव दल ने आज सुबह खदान से तीन शव निकाले। कोयला श्रमिक सोमवार की सुबह दीमा हसाओ जिले के उमरांगसो में कोयला खदान में अचानक पानी भर जाने के बाद फंस गए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पांच मजदूर अब भी लापता हैं।
लगभग 144 घंटे के बाद बचाव दल ने आज सुबह उमरांगसो में बाढ ग्रस्त कोयला खदान से एक और शव निकाला। और उसकी पहचान असम के लिजान मगर के रूप में की गई है। इस त्रासदी के संबंध में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी किया गया है। एक खदान का ब्लॉक धारक है और दूसरा हनान लस्कर, जो श्रमिकों की भागीदारी और भुगतान की देखरेख के लिए ज़िम्मेदार था। अमीनुल हक जवादर आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
*************
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम 14 जनवरी से 18 जनवरी तक भारत दौरे पर आने वाले हैं। यह दस वर्षों में सिंगापुर के किसी भी राष्ट्रपति की पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी। शनमुगरत्नम की राजकीय यात्रा भारत और सिंगापुर के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ की प्रतीक भी बनेगी।
*************
उत्तर पश्चिम भारत में घने कोहरे के कारण अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण कल तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। लद्दाख में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई जबकि, जोजिला में तापमान शून्य से 31 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन ने कहा कि आज पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का भी अनुमान लगाया है। इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे की स्थिति के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे के कारण कई ट्रेन और उड़ानों की सेवाएं बाधित हो गई हैं। दिल्ली आने वाली करीब 26 ट्रेनें नौ से दस घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इस बीच, दिल्ली हवाई अड्डे ने कहा है कि हवाई अड्डे पर कम दृश्यता की प्रक्रिया अभी भी जारी है। हालांकि, उड़ान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्डिंग से पहले अपनी ट्रेन और उड़ानों की नवीनतम स्थिति की जांच कर लें
*************
एचडीएफसी के पूर्व चेयरमैन दीपक पारेख ने 2025 के लिए भारत की अनुमानित विकास दर छह दशमलव चार प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई है, जो वैश्विक औसत से दोगुना है। इंडियन पीपुल्स फोरम: बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल-यूएई द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘इंडियाज रोडमैप टू 2030’ को संबोधित करते हुए श्री पारेख ने कहा कि वित्तीय वर्ष की दूसरी छमाही में विकास दर बढ़कर छह दशमलव सात प्रतिशत होने की उम्मीद है।
*************
गणतंत्र दिवस परेड 2025 में नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर जम्मू-कश्मीर से सात विशेष अतिथियों को परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। आकाशवाणी जम्मू संवाददाता ने बताया है कि वे देश भर से आमंत्रित दस हजार विशेष अतिथियों में से हैं।
*************
मलेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आज कुआलालंपुर में भारत के सात्विक साईराज रैंकीरेडी और चिराग शेट्टी की जोडी का सामना दक्षिण कोरिया की स्यो स्यूंग जी और किम वोन हो से होगा।
*************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- गृह मंत्री अमित शाह ने देश में मादक पदार्थ की समस्या से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से ठोस प्रयास करने का आह्वान किया।
- अयोध्या में राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य समारोह शुरू।
- असम में, दीमा हसाओ में बाढ़ग्रस्त कोयला खदान से बचाव दल ने एक और शव निकाला।
- उत्तरी राज्यों में भीषण शीत लहर की स्थिति जारी; लद्दाख में तापमान में गिरावट, जोजिला में तापमान शून्य से 31 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
- मलेशिया सुपर थाउजेंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी कुआलालंपुर में डबल्स युगल सेमीफाइनल खेलेगी।
*************