मुख्य समाचार:-
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन समारोह को संबांधित करेंगी।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा- लैंगिक समानता और महिला विकास भारत की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अभिन्न अंग हैं।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी।
- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले में 13 माओवादियों ने समर्पण किया।
- अमेरिका में लॉस एंजिल्स के कुछ हिस्सों में लगी आग में कम से कम दस लोगों की मौत।
- राजकोट में तीन मैचों की एकदिवसीय महिला क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में आयरलैंड ने भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
****
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी का कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कुम्भवाणी चैनल दूर-दराज के गांवों तक महाकुम्भ की आध्यात्मिक संदेश को प्रसारित करेगा।
लोक संस्था, लोक संस्कृति को आम जन तक पहुंचाने के लिए हमारे पास जो सबसे पहले वो एक माध्यम था वो आकाशवाणी का दूरदराज के क्षेत्रों में जहां पर कनेक्टिविटी के इशू होते हैं वहां पर बहुत सारे ऐसे चैलेंजिस थे उन चैलेंजिस को ध्यान में रखते हुए प्रसार भारती के एफ एम चैनल ने कोकोवाणी के नाम पर इस विशेष एफएम चैनल को यहां पे शुभारंभ करने की कार्यवाही प्रारंभ की है। मैं इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रसार भारती को हृदय से धन्यवाद देता हूं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ एकता का संदेश फैलाता है।
जो महाकुंभ है वो केवल एक आयोजन नहीं है बल्कि गौरव और गर्व का एक महा समागम है। यहां ना पंथ का भेद है, ना जाति का भेद है। सभी पंथ और संप्रदाय एक साथ आस्था की डुबकी लगाकर प्रयागराज के माध्यम से सनातन धर्म के प्रति इस संदेश को प्रदेश और पूरी दुनिया तक ले कर जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कुम्भ मंगल धुन का भी शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन वर्चुअली शामिल हुए और इस रेडियो चैनल के प्रसारण के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सहगल ने कहा कि प्रसार भारती ने दूरदर्शन और आकाशवाणी के जरिए महाकुम्भ के सीधे प्रसारण के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।
आज कुंभवाणी का विशेष एफ एम चैनल लॉन्च किया माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ जी ने शुरू किया है। इस आयोजन को जन–जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है और प्रसार भारती के जो विभिन्न अंग हैं जैसे आकाशवाणी अपना एफ एम चैनल के माध्यम से हमारा मीडियम वेव चैनल है। इसके साथ–साथ डी डी नेशनल, डी डी इंडिया और डी डी न्यूज़ ये तीनों चैनल लगातार कुंभ को अब से लेकर फरवरी के आखिर तक कवर करते रहेंगे।
कुंभवाणी चैनल के माध्यम से अमृत स्नान की लाइव कमेंट्री प्रसारित की जाएगी। –
इस अवसर पर प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़, दूरदर्शन की महानिदेशक कंचन प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। एक रिपोर्ट
“आकाशवाणी का कुंभवाणी चैनल आज से 26 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 5 बजकर 55 मिनट से रात्रि के दस बजकर पांच मिनट तक महाकुंभ की हर गतिविधि पर आधारित कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। यह कार्यक्रम 103 दशमलव पांच मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी पर उपलब्ध रहेंगे। इनमें विशेष कुंभ समाचार, महाकुंभ की हर महत्वपूर्ण गतिविधि पर आंखों देखा हाल भारत की सांस्कृति की विरासत पर विशेष कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा नमस्कार प्रयागराज, संगम तट से लाइव टॉक शो, श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य परामर्श, यात्रा से जुड़ी जानकारी, खोया–पाया और स्वच्छता जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। कुंभवाणी चैनल न्यूज़ऑनएयर ऐप और वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हैं। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।”
****
प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक किया जा रहा है। पौष पूर्णिमा पर पवित्र अमृत स्नान के साथ महाकुंभ आरंभ होगा और महाशिवरात्रि के दिन अंतिम अमृत स्नान के साथ यह संपन्न होगा।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भुवनेश्वर के जनता मैदान में आज शाम आयोजित 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में शामिल होने के लिए वहां पहुंच गई हैं। सम्मेलन में उनका स्वागत केंद्रीय विदेश मंत्री डॉक्टर सुबह्मण्यम जयशंकर और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हाथ से बुनी हुई साड़ियों, जटिल फ़िलिग्री के काम और अन्य पारंपरिक उत्कृष्ट कलाओं का प्रदर्शन करने वाले ओडिशा मंडप सहित विभिन्न मंडपों का दौरा किया। इन मंडप का उद्देश्य विश्व के दर्शकों के समक्ष ओडिशा की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन करना और अपने कलाकारों तथा शिल्पकारों को प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रपति आज 75 देशों के इस सम्मेलन में भागीदारी करने वाले प्रवासी भारतीयों को समापन सत्र में सम्बोधित करेंगी। वे प्रवासी भारतीयों के विशिष्ट सदस्यों को उनके क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रवासी भारतीय सम्मान भी प्रदान करेंगी। तीन दिन के 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आज अंतिम दिन है। भुबनेश्वर से प्रकाश दास की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।
****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहम्ण्यम जयशंकर ने कहा है कि जब तक मानव जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं की जाती तब तक पूर्ण विकास के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता। श्री जयशंकर ने कहा कि लैंगिक समानता और महिला विकास भारत की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अभिन्न अंग है। भुवनेश्वर में आज प्रवासी भारतीय दिवस के चौथे सत्र की अध्यक्षता करते हुए उन्होने यह बात कही। इस अवसर पर उन्होनें प्रवासी दिवस : महिला नेतृत्व और प्रभाव का जश्न – नारी शक्ति विषय पर चर्चा करते हुए महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। आज 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आखिरी दिन है।
****
सऊदी अरब के जानेमाने भारतीय चिकित्सक डॉ. सैयद अनवर खुर्शीद को प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा, जो भारत सरकार द्वारा प्रवासी भारतीयों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। यह पुरस्कार स्वास्थ्य देखभाल, सामुदायिक कल्याण और भारत और सऊदी अरब के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा।
****
दिल्ली विधानसभा चुनावों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस अधिसूचना के जारी होने के साथ ही 70 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17 जनवरी तक उम्मीदवार अपना नामांकन भर सकते हैं।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 जनवरी है। मतदान पांच फरवरी और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि बीस जनवरी है। मतदान पांच फरवरी और मतगणना आठ फरवरी को होगी। दिल्ली में 83 लाख से अधिक पुरुष और 71 लाख से अधिक महिला मतदाताओं को मिलाकर कुल एक करोड़ पचपन लाख से अधिक मतदाता हैं। सत्तारूढ आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी में सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर दी है। वहीं भाजपा ने अब तक अपने 29 उम्मीदवारों और कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों की घोषणा की है। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की सम्भावना है। भूपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
****
भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने आज पूर्वांचली मतदाताओं को लेकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर पूर्वांचली लोगों को फर्जी मतदाता बताने का आरोप लगाया।
दिल्ली का विकास रोक कर जितना खजाना आपने दिल्ली का लूटना था लूट चुके हैं। लेकिन कम से कम दिल्ली का सौहार्द्ध मत मिटाना। दिल्ली पूरे देश का कल्चर है, दिल्ली सबकी है लेकिन जिस तरह से कल आपने हमारे पूर्वांचल के भाई–बहनों को फर्जी वोटर कह कर पूरे पूर्वांचल समाज का जो नाम खराब किया है वो बेहद निंदनीय है।
आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर मतदाता सूची से पूर्वांचली लोगों के नाम हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि वे चुनाव आयोग के पास शिकायत करने गए थे कि भाजपा रोहिंग्या के नाम पर पूर्वांचली मतदाताओं के वोट काट रही है।
रोहिंग्या का बहाना बना के पूरी दिल्ली के अंदर भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचलियों के और दलितों के वोट कटवा रही है। ये खुद ही जे पी नड्डा साहब ने संसद के अंदर कबूल किया था कि हम पूर्वांचली और दलितों के वोट कटवा रहे हैं।
इस बीच, भाजपा सदस्यों ने पूर्वांचली मतदाताओं के खिलाफ श्री केजरीवाल की कथित टिप्पणी के विरोध में आज नई दिल्ली में अशोक रोड से अरविंद केजरीवाल के आवास तक पूर्वांचल सम्मान मार्च निकाला।
पूर्वांचली वोटरों को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच तीखी बयानबाजी के बीच कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने दिल्ली के विकास में पूर्वांचल के लोगों के योगदान की सराहना की।
आज जो दिल्ली का विकसित स्वरूप है, प्रगति से भरा स्वरूप है, भारत की राजधानी है, इसमें खून–पसीना पूर्वांचलियों ने बहुत बहाया है उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वालों ने। मैं उनकी प्रशंसा करता हूं, भारतीय जनता पार्टी और केजरीवाल जी से कहना चाहता हूं कि इनको गाली देना बंद करो, ये उचित नहीं है अगर आप दोनों गाली देते हों पूर्वांचल के लोगों को तो ये पाप है।
****
ओडिशा के पूर्व राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भारतीय जनता पार्टी में दोबारा शामिल होकर सक्रिय राजनीति में वापसी की। वे रांची में पार्टी के मुख्यालय में भाजपा में शामिल हो गए।
****
केन्द्रीय रेलवे और सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मध्यम और कम आय वाले लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने वाली नई अमृत भारत रेलगाडियां जल्द शुरू की जाएंगी। चेन्नई में आज एकीकृत कोच कारखाने-आई.सी.एफ. के फर्निशिंग शेड में मीडिया से बातचीत के दौरान श्री वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना देश के हर नागरिक को विश्व स्तरीय सुविधा प्रदान करने की है।
ये वर्जन टू है अमृत भारत ट्रेन का। पूरी की पूरी अमृत भारत ट्रेन हमारे साधारण नागरिकों के लिए बनाई गई है। जनरल कोच में वही फैसिलिटीज़ हैं जो फैसिलिटी किसी प्रीमियम ट्रेन में होती है। उसमें कई फीचर्स नए देखेंगे। छोटी से छोटी चीजों का भी ध्यान रखा गया जैसे इसमें ये नंबर सपोर्ट है। तो हर चीज का बारीकी से ध्यान रखा गया है। मोदी जी का सबका साथ, सबका विकास का बहुत स्पष्ट मंत्र है। और उसी पे हम सब काम करते हैं। और इसमें हर एक वर्ग के लिए अच्छी सुविधाएं हों, वैसा हमेशा प्रयास है।
****
केन्द्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि भारत प्रभावशाली सरकारी नीतियों और पहलों के कारण 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्री मुरुगन ने आज कोल्लम के अवनीशवरम में ए.पी.पी.एम. वोकेशनल उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुगाथा सूक्ष्म वनम का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।
****
छत्तीसगढ़ में मुंगेली जिले में कल शाम संयंत्र की चिमनी ढह गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब 5 लोग घायल हो गए। घटना जिले के सारागांव इलाके में स्थित एक प्लांट में हुई। मलबे में करीब 3 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। मुंगेली के कलेक्टर राहुल देव ने बताया कि बचाव अभियान जोरों से चल रहा है।
****
राष्ट्रीय कैडेट कोर–एनसीसी के महानिदेशक, लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने आज नई दिल्ली में विचार और नवाचार प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह मंच युवा कैडेटों को अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने में सहायता उपलब्ध कराएगा।
पिछले एक साल से हम केडिट्स को आइडिया इनोवेशन और स्टार्टअप के बारे में जानकारी दे रहे थे और उसके अंदर से तकरीबन ढाई सौ से ज्यादा केडिट्स के जो आइडिया इनोवेशन स्टेट डाइरेक्टरेट के अंदर कंपटीशन हुआ है। और उसमें से तकरीबन पचास आइडिया इनोवेशन इधर आए हैं। यहां पर हमारे पास ज्यूरी है पैनल है जो इनको जज करेंगे और हम भी इनको सपोर्ट करेंगे।
****
अमरीका में, लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी अनियंत्रित आग में दस लोगों की मृत्यु हो गई है। लगातार बढ़ती आग को देखते हुए लॉस एंजिल्स काउंटी के लगभग एक लाख 80 हज़ार लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया गया है।
****
महिला क्रिकेट में भारत और आयरलैंड के बीच राजकोट में खेले जा रहे तीन मैचों की एकदिवसीय श्रंखला का पहले मैच में आयरलैंड ने भारत को जीत के लिेए 239 रन का लक्ष्य दिया है। आयरलैंड की गैबी लुईस ने सर्वाधिक 92 रन बनाए।
****
दिल्ली और आसपास के इलाकों में घने कोहरे के कारण प्रयागराज एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और श्रमशक्ति एक्सप्रेस सहित दिल्ली आने वाली लगभग 26 रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के कुंभवाणी चैनल का शुभारंभ किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन समारोह को संबांधित करेंगी।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा- लैंगिक समानता और महिला विकास भारत की विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का अभिन्न अंग हैं।
- दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी।
- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले में 13 माओवादियों ने समर्पण किया।
- अमेरिका में लॉस एंजिल्स के कुछ हिस्सों में लगी आग में कम से कम दस लोगों की मौत।
- राजकोट में तीन मैचों की एकदिवसीय महिला क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में आयरलैंड ने भारत को जीत के लिए 239 रन का लक्ष्य दिया।
****