Download
Mobile App

android apple
signal

April 11, 2024 6:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत और चीन के बीच स्‍थाई और शान्तिपूर्ण संबंध दोनों देशों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र और विश्‍व के लिए भी महत्‍वपूर्ण।
  • प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- केन्‍द्र की राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्ष में देश को अधिक मजबूत बनाया।
  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में एक आतंकी ढेर।
  • देशभर में ईद-उल-फित्र हर्षोल्‍लास के साथ मनाई जा रही है
  • और, मुंबई में आज शाम आईपीएल क्रिकेट में, मुबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और चीन के बीच असामान्‍य सम्‍बन्‍धों को दूर करने के लिये दोनों देशों के सीमा मुद्दों का तत्‍काल समाधान करने की आवश्‍यकता है। उन्‍होंने कहा कि भारत और चीन के बीच स्‍थाई और शांतिपूर्ण सम्‍बन्‍ध न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि समूचे क्षेत्र और विश्‍व के लिए महत्‍वपूर्ण हैं। एक साक्षात्‍कार में प्रधानमंत्री ने आशा व्‍यक्‍त की कि राजनयिक और सैन्‍य स्‍तर पर सकारात्‍मक और रचनात्‍मक बातचीत के माध्‍यम से दोनों देश सीमा पर शांति और स्थिरता बहाल करने में सक्षम होंगे। श्री मोदी ने भारतीय लोकतंत्र के बारे में कहा कि देश में मतदाओं की लगातार बढती भागीदारी लोकतंत्र के प्रति लोगों के विश्‍वास का बडा प्रमाण है। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व में सबसे बडे लोकतंत्र के रूप में वर्ष 2019 के आम चुनाव में 60 करोड से अधिक लोगों ने मतदान किया था। श्री मोदी ने कहा कि इस बार के चुनाव में देश के 97 करोड से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। उन्‍होंने कहा कि देशभर में दस लाख से अधिक मतदान केन्‍द्र बनाए जाएंगे।

*******

लोकसभा चुनाव का प्रचार तेज हो गया है। पहले चरण में 19 अप्रैल और दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

*******

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड के 90 प्रतिशत परिवारों को नल से जल की सुविधा प्रदान की है। आज ऋषिकेश में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है जिसने भारत को पिछले दस वर्षों में अधिक मजबूत बनाया है।

आज भारत में मजबूत सरकार है इसलिए भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। ये मजबूत सरकार ही है जिसने सात दशक बाद जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म करने का साहस किया।

उनकी सरकार ने सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना लागू की है। उन्‍होंने कहा कि केन्‍द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सैनिकों के जीवन की रक्षा करने के लिए उन्‍हें भारत में ही बने बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्‍ध कराये हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आधुनिक राइफल से लेकर लडाकू विमान और विमान वाहक पोत देश में ही बनाए जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि सीमवर्ती गांवों का प्राथमिकता के आधार पर विकास किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ को जोडने के लिए नौ सौ किलोमीटर लंबे राजमार्ग का निर्माण हो रहा है।

*******

श्री मोदी आज राजस्‍थान के करौली में भी रैली को संबोधित करेंगे। रैली को विजय शंखनाद सभा नाम दिया गया है। उधर, कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी भी आज राजस्‍थान में बीकानेर के अनूपगढ और जोधपुर के फलौदी में जनसभाएं करेंगे। दोनों दलों के कई अन्‍य वरिष्‍ठ नेता भी प्रचार करेंगे।

*******

मध्‍य प्रदेश में केन्‍द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह और राजनाथ सिंह कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी के नेता भी प्रचार में जुटे हैं।

*******

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों की सूची जारी की है। डॉ. कल्याण काले को महाराष्‍ट्र में जालना से और डॉ. शोभा दिनेश बच्छाव को धुले से उम्‍मीदवार बनाया गया है।

*******

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए आज एक उम्‍मीदवार की घोषणा की। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भदोही लोकसभा सीट से डॉक्‍टर विनोद कुमार बिंद को प्रत्याशी बनाया है।

*******

गुजरात कांग्रेस के पूर्व नेता रोहन गुप्‍ता आज भाजपा में शामिल हो गये। नई दिल्‍ली में पार्टी मुख्‍यालय में भाजपा महासचिव विनोद तावडे और पार्टी नेता हरदीप सिंह पुरी की उपस्थित में रोहन गुप्ता को पार्टी में शामिल किया गया। श्री गुप्‍ता ने 22 मार्च को कांग्रेस से इस्‍तीफा दे दिया था।

*******

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए अधि‍सूचना कल जारी होगी। इस‍ चरण में दस राज्‍यों और दो केन्‍द्र शासित प्रदेशों की 94 लोकसभा सीटों के लिए 7 मई को मतदान होगा। मध्‍य प्रदेश के बेतुल निर्वाचन क्षेत्र की अधिसूचना भी कल जारी की जाएगी। इस संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे चरण में मतदान होना था, लेकिन बहुजन समाज पार्टी के उम्‍मीदवार के निधन के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। इस चरण में 19 अप्रैल तक नामांकन भरे जा सकते हैं।

*******

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आठ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें धार्मिक रूप से महत्‍वपूर्ण मथुरा निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है। ब्‍योरा हमारे संवाददाता से…

मथुरा लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा सीट आती हैं। इसमें छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा और बलदेव विधानसभा शामिल हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 19 लाख 23 हजार 263 मतदाता हैं। इनमें 10 लाख 28 हजार 840 पुरुष मतदाता, 8 लाख 94 हजार 362 महिला मतदाता और 61 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा की हेमा मालिनी ने जीत हासिल की थी। उन्हें 6 लाख 71 हजार 293 वोट मिले थे, जबकि आरएलडी के कुंवर नरेन्द्र सिंह 3 लाख 77 हजार 822 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं कांग्रेस के महेश पाठक 28 हजार 84 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर थे। इस बार आरएलडी, भाजपा के साथ गठबंधन में है और कांग्रेससपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इस सीट पर बसपा ने रिटायर्ड आईआरएस अधिकारी सुरेश सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। सपाकांग्रेस गठबंधन से इस सीट पर कांग्रेस ने मुकेश धनगर को प्रत्याशी बनाया है। इस हाई प्रोफाइल सीट के लिए सभी पार्टियों ने प्रचार तेज कर दिया है। इस सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। आकाशवाणी समाचार के लिए ओम अवस्थी।

*******

एक ऐसे देश की कल्‍पना कीजिए जिसे हाल ही आजादी मिली हो और वह अब भी सम्राज्‍यवाद और विभाजन के झटकों से जूझ रहा है, ऐसे माहोल में उस देश के पहले आम चुनाव कैसे हुए होंगे। आइये हम ऐसे लोकतंत्र के उदय के बारे में बात करते हैं।

वर्ष 1951-52 में पहले आम चुनाव के बाद भारत ने अपनी लोकतांत्रिक यात्रा के दौरान कई अहम पड़ाव देखें। 25 अक्टूबर 1951 से 21 फरवरी 1952 तक चल पहले आम चुनाव को भारत की बड़ी लोकतांत्रिक उपलब्धि के तौर पर जाना जाता है। देश के पहले मुख्य चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन के नेतृत्व में हुए इन चुनाव ने भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली का आधार बुना जिनमे जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की खास भूमिका रही। पहले आम चुनाव के आयोजन में करीब 10 करोड़ 45 लख रुपए की लागत आई थी। तमाम बढ़ाओ के बावजूद 68 चरणों में लगभग दो लाख मतदान केद्रों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई जिनमें से 27000 से अधिक केंद्र महिलाओं के लिए थे। इस चुनाव में लगभग 53 पार्टियों और 533 निर्दलीय उम्मीदवारों ने 479 सीटों के लिए चुनाव लड़ा था। उस समय भारत की कुल आबादी लगभग 36 करोड़ थी जिनमें से 17 करोड़ 32 लाख लोग वोट देने के योग्य थे। हिमाचल प्रदेश के चीनी गांव भारत के पहले आम चुनाव का सबसे पहले मत डाला गया था। इस चुनाव में 35 दशमलव 7 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पहले नंबर भी रही वहीं कम्युनिस्ट पार्टी दूसरे और सोशलिस्ट पार्टी तीसरे स्थान पर रही। अर्पित चौधरी की रिपोर्ट के साथ आदर्श कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

*******

जम्‍मू-कश्‍मीर के पुलवामा जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया है कि सुरक्षा बलों ने आतंकियों की मौजूदगी के बारे में गुप्‍त सूचना मिलने पर राजपोरा इलाके में फ्रास्सीपोरा गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। आतंकियों की गोलीबारी का सुरक्षा बलों ने मुंहतोड जवाब दिया। गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया। मारे गये आतंकी की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि घटनास्‍थल से हथियार, गोली बारूद और कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली है।

*******

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहां शेख पर लगे जबरन वसूली, भूमि अतिक्रमण और यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच करने का आदेश दिया है। न्‍यायालय ने कहा कि संदेशखाली में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। राज्य सरकार को जांच के लिए ब्‍यूरो को पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। शाहजहाँ शेख और उसके सहयोगी संदेशखाली मामलों में मुख्य आरोपी हैं।

*******

देशभर में आज ईद-उल-फितर मनायी जा रही है। लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को ईद-उल-फित्र और जनजातीय समुदाय के पर्व सरहुल की शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि ईद-उल-फित्र खुशियां बांटने का त्‍यौहार है और यह एकता, सद्भाव तथा भाईचारे की भावना बढाता है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि सरहुल पर्व नववर्ष के आगमन का प्रतीक है और यह प्रकृति के लिए प्रेम तथा सम्‍मान का संदेश देता है। उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

*******

राजस्‍थान में गणगौर का त्‍यौहार पारंपरिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। इस  अवसर पर जयपुर सहित पूरे राज्‍य में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महात्‍मा ज्‍योति बा फुले की जयंती पर श्रद्धाजंलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि महात्‍मा फुले एक दूरदर्शी समाज सुधारक थे। उन्‍होंने अपना पूरा जीवन अन्‍याय से लडने और समानता को बढावा देने में समर्पित कर दिया। उनके विचार असंख्‍य लोगों को आत्‍मबल प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महात्‍मा फुले के अथक प्रयासों ने समाज पर एक अमिट छाप छोडी है।

*******

तेलंगाना और मध्‍य प्रदेश में ईद का त्‍यौहार श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ईदगाह और अन्‍य मस्जिदों में नमाज अदा की गई।

मध्यप्रदेश में ईद उल फितर का पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भोपाल में सबसे पहली ईदगाह पर नमाज अदा की गई। शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी ने ईदगाह पर सैकड़ों लोगों को नमाज़ अदा कराई। ईदगाह के बाद शहर और प्रदेश की अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इस दौरान देश और प्रदेश में अमन चैन की दुआ मांगी गई और लोगों ने परस्पर गले मिलकर एकदूसरे को ईद की मुबारक बाद दी। नमाज के बाद ईदगाह में एकत्रित लोगों को संबोधित करते हुए शहर काज़ी ने हिंदू मुस्लिम समुदाय की एकता पर जोर देते हुए गैर मुस्लिम लोगों से मेलमिलाप पर बल दिया। मध्यप्रदेश के बाजारों में कल से ही ईद की रौनक नजर आ रही है और लोग देर रात तक ईद की खरीददारी करते देखे गए। संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार भोपाल।

*******

बांग्लादेश में ईद-उल-फित्र का त्‍योहार हर्षोल्‍लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर राजधानी ढाका के राष्ट्रीय ईदगाह मैदान और अन्य स्थानों पर पारंपरिक तरीके से नमाज अदा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को लिखे एक पत्र में भारत की जनता और सरकार की ओर से बांग्लादेश के लोगों को ईद-उल-फित्र की मुबारकबाद दी।

*******

मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे मुंबई इंडियंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। कल रात जयपुर में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हरा दिया।

*******

मौसम विभाग ने महाराष्‍ट्र और मध्‍य प्रदेश के कई हिस्‍सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक मध्‍य प्रदेश, छत्तीसगढ और मध्‍य महाराष्‍ट्र में आंधी और बिजली के साथ वर्षा होगी और पचास किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलेगी। अगले पांच दिनों में दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक और पु्द्दुचेरी में भी इसी तरह का मौसम रहेगा। पूर्वी भारत के कई हिस्‍सों में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत और चीन के बीच स्‍थाई और शान्तिपूर्ण संबंध दोनों देशों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र और विश्‍व के लिए भी महत्‍वपूर्ण।
  • प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- केन्‍द्र की राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार ने पिछले दस वर्ष में देश को अधिक मजबूत बनाया।
  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में एक आतंकी ढेर।
  • देशभर में ईद-उल-फित्र हर्षोल्‍लास के साथ मनाई जा रही है।
  • और, मुंबई में आज शाम आईपीएल क्रिकेट में, मुबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से।
  • *******