Download
Mobile App

android apple
signal

January 9, 2025 3:29 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भुबनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्‍होंने 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की निर्णायक भूमिका पर जोर दिया।
  • प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के लिए विशेष पर्यटक ट्रेन प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।
  • केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तपेदिक को समाप्‍त करने के लिए सौ दिन का अभियान चलाने को कहा।
  • प्रयागराज में सोमवार से शुरू होने वाले महाकुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में।
  • अमरीका में लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी भीषण आग में पांच लोगों की मौत। हजारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
  • और न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत के युकी भांबरी और फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी की जोडी एएसबी क्लासिक टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में पहुंची।

 

————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्‍ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की निर्णायक भूमिका है। श्री मोदी ओडिशा के भुबनेश्‍वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने वैश्विक विकास और भारत की विकास यात्रा में प्रवासी भारतीयों की महत्‍वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। उन्‍होंने विश्‍वभर में देश के राजदूतों के रूप में भारतीय प्रवासियों की सेवाओं को उजागर किया।

 

भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत न केवल ‘लोकतंत्र की जननी’ है, बल्कि लोकतंत्र हमारी जीवन शैली में समाहित है।

 

हम सिर्फ मदर ऑफ डेमोक्रेसी ही नहीं हैं, बल्कि डेमोक्रेसी हमारी लाइफ का हि‍स्‍सा है। हमें डायवर्सिटी सिखानी नहीं पड़ती, हमारा जीवन ही डायवर्सिटी से चलता है। इसलिए भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां की सोसायटी के साथ जुड़ जाते हैं और इन सबके साथ ही हमारे दिल में भारत भी धड़कता रहता है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सभी क्षेत्रों में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन कर रहा है और जल्‍द ही प्रवासी भारतीय एयरक्राफ्ट बनाने में ‘मेड इन इंडिया’ कार्यक्रम में योगदान करेंगे। 

 

आज भारत का हर सेक्‍टर आसमान की उंचाई छूने के लिए आगे बढ़ रहा है। रिन्‍यूऐबल एनर्जी हो, एविऐशन ईकोसिस्‍टम हो, इलेक्ट्रिक मोबेलिटी हो, मेट्रो का विशाल नेटवर्क हो, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्‍ट हो, भारत की प्रगति की गति सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। आज भारत मेड इन इंडिया फाइटर जैट बना रहा है। ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बना रहा है और वो दिन भी दूर नहीं जब आप इसी मेन इन इंडिया प्‍लेन से ही प्रवासी भारतीय दिवस मनाने भारत आएंगे।   

 

प्रधानमंत्री ने भारत की युवा आबादी के महत्‍व पर भी प्रकाश डाला। उन्‍होंने कहा कि सरकार का मुख्‍य जोर देश के युवाओं के कौशल को उन्‍नत बनाने और उनकी क्षमता का बेहतर उपयोग करने पर है।

 

आने वाले कई दशकों तक भारत दुनिया का सबसे यंग और स्किल पोपुलेशन वाला देश बना रहेगा। दुनिया के अनेक देश अब भारत के स्किल यूथ का दोनों हाथों से स्‍वागत कर रहे हैं। ऐसे में भारत सरकार का भी प्रयास है कि कोई भी भारतीय विदेश जाएं वो बेहतरीन स्किल के साथ ही जाएं।    

 

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कई प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि 1915 में इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी लंबे समय तक विदेश में रहने के बाद भारत लौटे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ ही दिनों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारत में जीवंत त्योहारों का समय है, जहां प्रयागराज में आगामी महाकुंभ से लेकर मकर संक्रांति, लोहड़ी, पोंगल और माघ बिहू तक कई पर्व मनाए जाएंगे।

 

इस अवसर पर, प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रवासी भारतीयों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन, प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस की उद्घाटन यात्रा को भी हरी झंडी दिखाई। दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली यह ट्रेन तीन सप्ताह तक भारतीय प्रवासियों को देश भर के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर ले जाएगी।

 

कार्यक्रम में बोलते हुए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया कि ओडिशा में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की मेजबानी नरेंद्र मोदी सरकार की “पूर्वोदय” नीति को दर्शाती है, जो पूर्वी भारत के विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि चाहे वह तकनीक हो, पर्यटन हो, व्यापार हो या निवेश हो, वे जिस दोतरफा प्रवाह को संभव बनाते हैं, वह अमूल्य है। उन्होंने कहा कि भारत में लोगों को ध्यान में रखकर किए जाने वाले बदलावों से प्रवासी भारतीयों को भी लाभ मिलता है।

 

मुख्य अतिथि त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू ने भी कार्यक्रम को अपने वीडियो संदेश से संबोधित किया।

 

इस वर्ष के प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का विषय है ‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’।       राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल भुबनेश्वर में सम्मेलन के समापन समारोह में भाग लेंगी।

 

————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों में बसे भारतीय समुदायों के साथ भारत के संबंधों को नए सिरे से परिभाषित किया है। यह बात यूएस-इंडिया कम्‍प्‍युनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. भरत बरई ने एक दैनिक अखबार में लिखे आलेख में कही है। एक रिपोर्ट –

 

डॉ. भरत बरई ने कहा कि ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’, कुवैत में ‘हला मोदी’ और महाद्वीपों के कई अन्य कार्यक्रमों ने प्रधानमंत्री के प्रवासी भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव को उजागर किया है। डॉ. बरई ने प्रवासी भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों के साथ प्रधानमंत्री के गहरे संबंधों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2014 में न्यूयॉर्क शहर के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भारत माता की जय के नारों ने, भारत की प्रवासी कूटनीति में बडा बदलाव किया है। उन्‍होंने कहा कि लंदन के वेम्बली स्टेडियम में आयोजित सभा और सिडनी प्रवासी जैसे कार्यक्रमों ने भारत के वैश्विक प्रभाव को प्रदर्शित किया, जहां ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस ने श्री मोदी को ‘द बॉस’ की उपाधि दी थी। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

————————————-

 

गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अनुरोध किया है कि वे देश से तपेदिक रोग समाप्त करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता के तहत जेलों और सुधार संस्थानों में क्षय-रोग उन्मूलन के लिए 100-दिन का अभियान शुरू करें। मंत्रालय ने एक पत्र के जरिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जांच शिविर आयोजित करने और सभी जेलों में तपेदिक रोग से संबधित सूचना, शिक्षा और संचार सामग्री प्रदर्शित करने को कहा है।

 

————————————-

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में महाकुंभ को समर्पित आकाशवाणी और दूरदर्शन के दो विशेष गीतों का लोकार्पण किया। आकाशवाणी की विशेष संगीत रचना और गीतात्मक प्रस्तुति महाकुंभ के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व का परिचायक है। इस गीत को रतन प्रसन्ना ने गाया है और संगीत संतोष नाहर और रतन प्रसन्ना का है। दूरदर्शन द्वारा निर्मित थीम गीत “महाकुंभ है” को पद्मश्री कैलाश खेर ने गाया है।

 

————————————-

 

उत्तर प्रदेश के अस्थायी जिले, महाकुंभ नगर में महाकुंभ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम प्रयागराज में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। हमारे संवाददाता ओम अवस्‍थी ने बताया है कि मेले में बडी संख्‍या में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

 

तेरह जनवरी से शुरू हो रहे सनातन संस्कृति के सबसे बड़े आयोजन महाकुंभ में 45 दिनों में करीब 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। ऐसे में श्रद्धालुओं को एक बेहतरीन आध्यात्मिक अनुभव देने के लिए सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। महाकुंभ में आने वाले भक्त आसानी से संगम में स्नान कर सकें, इसके लिए संगम क्षेत्र के प्रमुख घाटों को नए सिरे से विकसित किया गया है। मेला अधिकारी अभिनव पाठक ने बताया कि संगम तट पर गंगा और यमुना के किनारे सात पक्के घाट बनाए गए हैं। इनमें गंगा नदी के दशाश्वमेध घाट, काली घाट, छतनाग घाट समेत यमुना नदी के किला घाट, सरस्वती घाट, मोरी घाट और महेवा घाट शामिल हैं। सभी घाटों पर चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। हर घाट पर डमरु, त्रिशूल जैसे अलग-अलग प्रतीक चिन्ह लगाए गए हैं, ताकि घाटों को लोग आसानी से पहचान सकें। इसके अलावा लोगों की सुरक्षा के लिए वॉच टावर लगाए गए हैं। सुरक्षित स्नान के लिए वॉटर बैरिकेडिंग के साथ जल पुलिस को भी तैनात किया गया है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

 

————————————-

 

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज राष्‍ट्रीय राजधानी में पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति की एक बैठक में हिस्‍सा लिया। यह बैठक दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित की गई थी। बैठक में दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।

 

————————————-

 

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में समर्थन दे रहे पार्टियों का धन्‍यवाद दिया। 

 

दिल्‍ली का चुनाव आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच में है। ये इंडिया गठबंधन का चुनाव नहीं है। जो भी हमें समर्थन मिल रहा है, मैं उन सभी पार्टीयों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। वो हमें समर्थन दे रहे हैं। ममता दीदी ने समर्थन दिया और अखिलेश जी ने समर्थन दिया। इसमें मीडिया में ही देखा है कि शायद ठाकरे जी की पार्टी भी शायद समर्थन दे रही है। मैं सब लोगों का शुक्रियादा करता हूं जो-जो हमें आशीर्वाद दे रहे हैं, जो-जो हमें समर्थन दे रहे हैं।     

 

आम आदमी पार्टी के संयोजक ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली के जाट समुदाय को केंद्र की ओ बी सी सूची में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने चिंता जताई कि केंद्र सरकार की संस्थाएं दिल्ली के जाट समुदाय को आरक्षण नहीं देती हैं, उन्‍होंने इसे अन्याय करार दिया।

 

इस बीच, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए पहले भी कई बार हाथ मिलाया है।

 

जांच एजेंसी के पास चली गई लेकिन उसी बिल्डिंग में इतना दिन तक अरविंद केजरीवाल जी थे। बात इस समय जो साजिश कर रहे हैं ये लोग लगातार किसी तरह टीवी के पर्दे पर आते रहे हैं। उन्‍होंने तो पूरी दिल्‍ली को लूट लिया। उन्‍होंने तो दिल्‍ली का, बच्‍चों का जीवन लूट लिया गंदा पानी पिलाके 21 हजार लोगों को मौत बांट दिया। उन लोगों ने पोल्‍यूशन देके सबकी सांसों का आपातकाल लगा दिया। बुजुर्गों का पेंशन लूट लिया। लूटने में तो ये बहुत माहिर हैं।

 

————————————-

 

असम के दीमा हसाओ जिले में उमरंगसो कोयला खदान में फंसे आठ श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नौसेना के गोताखोरों ने अत्‍याधुनिक तकनीक की मदद से बचाव अभियान चलाया है।

 

भारतीय नौसेना के बचाव टीम ने रिमोर्ट ऑपरेटिंग वाहनों का उपयोग करके खदान सुरंग में गहन निरीक्षण के बाद आज सुबह बचाव अभियान फिर से शुरू किया, लेकिन अभी तक किसी भी जीवित बसे व्यक्ति का पता नहीं चल पाया है। बचाव अभियान के देखरेख कर रहे असम पुलिस के विशेष डीजीपी हरमीत सिंह ने बताया कि सुरंग से पानी निकालने का काम पूरा हो गया है, लेकिन विभिन्न चैनलों से सुरंग में पानी आ रहा है। खोज अब खदान में गहराई तक घुसने पर ध्‍यान केन्द्रित कर रही है ताकि श्रमिकों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। अमीनुल हक जवादर, आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।

 

————————————-

 

आंध्र प्रदेश सरकार ने कल तिरुपति में भगदड़ में मरने वालों के निकट संबंधी को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राज्य के कई मंत्रियों ने तिरुपति में अस्पताल का दौरा किया और घायलों की मुफ्त चिकित्सा का आश्वासन दिया है। यह हादसा दस से बारह जनवरी को बैकुंठ एकादशी दर्शन के लिए टोकन जारी करने वाले काउंटर पर हुआ। भगदड़ में घायल हुए चालीस लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

 

————————————-

 

अमरीका में, कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स के कस्‍बों में लगी भीषण आग से पांच लोग मारे गए हैं और हजारों इमारतें जलकर खाक हो गईं। हजारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के कारण निवर्तमान अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इटली की अपनी विदेश यात्रा रद्द कर दी।

 

————————————-

 

भारत के युकी भांबरी और फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी की जोडी ने आज न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में एएसबी क्लासिक टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्‍होंने र्क्‍वाटर फाइनल में लॉयड ग्लासपूल और जूलियन कैश की जोड़ी को 3-6, 6-4 और 12-10 से हराया।

 

————————————-

 

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण शीत लहर जारी है। घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में ट्रेन और हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं।

 

————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्‍होंने 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की निर्णायक भूमिका पर जोर दिया।
  • प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के लिए विशेष पर्यटक ट्रेन प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।
  • केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से तपेदिक को समाप्‍त करने के लिए सौ दिन का अभियान चलाने को कहा।
  • प्रयागराज में सोमवार से शुरू होने वाले महाकुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में।
  • अमरीका में लॉस एंजिल्स के जंगल में लगी भीषण आग में पांच लोगों की मौत हो गई है। हजारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
  • और न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारत के युकी भांबरी और फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी की जोडी एएसबी क्लासिक टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष डबल्‍स के सेमीफाइनल में पहुंची।

 

————————————-