मुख्य समाचार:-
- ओडिशा के भुवनेश्वर में अठारहवां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन शुरू। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने युवाओं को भारत की प्रगति का निर्णायक कारक बताया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम आंध्र प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- एक राष्ट्र एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक नई दिल्ली में शुरू।
- बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का पासपोर्ट रद्द किया।
- भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रेस्टो मलेशिया ओपन बैडमिंटन के मिक्स्ड डब्ल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
———————————
18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन आज सवेरे ओडिसा के भुबनेश्वर में शुरू हुआ। इसमें 75 देशों से आये लगभग छह हजार प्रवासी भारतीय हिस्सा ले रहे हैं। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में लोग ओडिसा की समृद्ध संस्कृति और विरासत से भी परिचित होंगे। सम्मेलन की शुरूआत युवा प्रवासी दिवस कार्यक्रम से हुई। विदेशी मंत्री एस जयशंकर ने युवा प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री जयशंकर ने कहा है कि भारत आधुनिक, समावेशी और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए दीर्घकालिक चुनौतियों का समाधान करने की राह पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुसार प्रौद्योगिकी और परंपरा इस राह पर आगे बढ़ने का मंत्र है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत ने अमृतकाल में ‘विकसित भारत’ की दिशा में यात्रा अभी शुरू की है।
एक रिपोर्ट-
इस सम्मेलन को वैश्विक भारतीय समुदाय के साथ भारतीय संबंधों का जश्न मनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे और इसमें कई तरह की गतिविधियां शामिल होंगी जो भारत के विकास और वैश्विक स्तर पर इसकी पहचान बनाने में प्रवासी भारतीयों के योगदान को उजागर करेगी। त्रिनिडाड और टोबेगो के राष्ट्रपति क्रिस्टिन कार्ला कांगलू इस संस्करण में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मेलन में वर्चुअल रूप से भाग लेगी। जिसका आयोजन विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान विषय पर किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।
सम्मेलन की थीम है – विकसित भारत के लिए प्रवासी समुदाय का योगदान।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। वे विशाखापत्तनम के निकट पुदिमदका में एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड की अत्याधुनिक हरित हाईड्रोजन केंद्र परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह राष्ट्रीय हरित हाईड्रोजन मिशन के अंतर्गत पहला हरित हाईड्रोजन केंद्र होगा। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी क्षेत्रीय प्रगति को बढावा देने और एक लाख से अधिक रोजगार सृजित करने की संभावना वाली बुनियादी परियोजनाओं के उद्घाटन तथा शिलान्यास के लिए आज शाम विशाखापत्तनम पहुंचेंगे। वे आन्ध्र इंजीनियरिंग कॉलेज विश्वविद्यालय मैदान में जनसभा को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू और उप-मुख्यमंत्री के. पवन कल्याण के साथ रोड शो करेंगे। जून 2024 में आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली आंध्र प्रदेश यात्रा है। वे एनटीपीसी ग्रीन हाईड्रोजन प्रोजेक्ट के अलावा 19 हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का भी शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं में विशाखापत्तनम में दक्षिण तटवर्ती रेलवे मुख्यालय की आधारशिला रखा जाना भी शामिल है। श्री मोदी अनकापल्ली जिले के नक्कापल्ली में औषधि उद्यान और तिरूपति जिले में चेन्नई, बंगलूरू औद्योगिक गलियारे के तहत कृष्णापत्तनम औद्योगिक क्षेत्र की भी आधारशिला रखेंगे। विशाखापत्तनम से श्रीसांई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से कनक लता।
———————————
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मालदीव के रक्षा मंत्री मोहम्मद घासन मौमून ने आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने प्रशिक्षण, नियमित सैन्य अभ्यास और रक्षा परियोजनाओं सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। मालदीव के रक्षा मंत्री भारत की तीन दिन की यात्रा पर हैं। इस दौरान वे गोवा और मुंबई भी जाएंगे।
———————————
एक राष्ट्र एक चुनाव से जुड़े दो विधेयकों पर संयुक्त संसदीय समिति-जेपीसी की पहली बैठक नई दिल्ली में जारी है। विधेयकों को आधिकारिक तौर पर 129वां संविधान संशोधन विधेयक-2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून-संशोधन विधेयक-2024 नाम दिया गया है।
संवाददाताओं से बातचीत में समिति के अध्यक्ष भाजपा सांसद पी पी चौधरी ने कहा कि आज पहले दिन संबंधित मंत्रालय इस बारे में सिर्फ जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि समिति सभी हितधारकों के विचार जानेगी और उसके आधार पर आगे बढ़ने का फैसला करेगी।
हम प्रयास करेंगे कि सारे स्टेक होल्डर्स हैं, जिसकी ओपिनियन, जिसकी राय बहुत अहम है, चाहे वो लीगल एक्सपर्ट हों या सिविल सोसायटी से हों, चाहे जुडिसियरी से हों, अलग-अलग क्षेत्र से, पॉलिटिकल पार्टीज़ हों, क्या हम सबको सुनें, सबकी राय लें और उस राय को लेने के बाद जो पार्लियामेंट में हमें बिल दिया है, उसको हम ओपन माइंड से उसको एग्जामिन करेंगे।
———————————
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कल नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों के साथ सड़क सुरक्षा पर बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 66 प्रतिशत मौतें 18 से 34 आयु वर्ग के लोगों की हुई है।
सबसे पहले प्रायोरेटी रोड सेफ्टी के लिए थी और रोड सेफ्टी में 2024 का जो ये आ रहा है उसमें एक लाख 80 हजार मौते हुई हैं। तीस हजार लोगों की मौते जो हैं वो हेलमेट न पहनने के कारण हुई हैं। हमारे स्कूल और कॉलेज के सामने एगजिस्ट एंट्री प्वाइंट में उसकी ठीक व्यवस्था न होने के कारण दस हजार बच्चों की मौते हुई हैं। हमारे स्कूल के लिए जो ऑटो रिक्शा है और जो मिनी बस है उसके बारे में भी हमने नियम बनाया है ताकि इसके बड़े प्रमाण प्रमोटिव हुए हैं।
श्री गडकरी ने कहा कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत सरकार दुर्घटना पीड़ितों को अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता प्रदान करेगी।
जब एक्सीडेंट होता है तो हमने एक नई स्कीम शुरू की है। कैशलैस ट्रीटमेंट और एक्सीडेंट होने के बाद तुरंत 24 घंटे के अंदर जैसे पुलिस में इनफॉरमेशन जाएगी तो डॉक्टर जो होगा उसको वो जो पेशेंट एडमिट होगा उसको सात दिन तक ट्रीटमेंट का खर्चा या मैग्जीमम अप टू डेढ़ लाख रुपये हम तुरंत देंगे उसकी ट्रीटमेंट के लिए बाद में हिट और रन विक्टिम जो है उसमें में भी मृत्यु होती है तो हम दो लाख रुपये देंगे।
———————————
केंद्र ने श्री वी. नारायणन को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो का नया अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग का सचिव नियुक्त किया है। वे 14 जनवरी को कार्यभार ग्रहण करेंगे। वे इसरो के मौजूदा अध्यक्ष एस. सोमनाथ का स्थान लेंगे। श्री नारायणन अभी केरल के वलियामाला में इसरो के द्रव प्रणोदन प्रणाली केंद्र- एलपीएससी के निदेशक हैं। उन्होंने भविष्य में होने वाले मिशन की जानकारी दी।
———————————
असम में दिमा हसाओ जिले के उमरांगसो में अवैध कोयला खदान में फंसे हुए खनिकों को बचाने के लिए गहन खोज और बचाव अभियान जारी है। सोमवार को उमरांगसो के थ्री किलो में अवैध रैट होल कोयला खदान में सौ फीट से ज्यादा पानी भर गया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार ने बचाव अभियान में सेना और अर्धसैनिक बलों की मदद के लिए नौसेना के गोताखोरों की सहायता मांगी।
21 पैरा गोताखोरों ने 48 घंटे से अधिक समय के बाद आज सुबह बाढ़ग्रस्त खदान से फंसे कोयला खनिकों में से एक का शव निकाला। सेना, नौसेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान तेज कर दिया है। भारतीय नौसेना ने अत्यधिक प्रशिक्षित क्लीयरेंस गोताखोरों को तैनात किया है, जो गहराई में गोता लगाने और पुनर्प्राप्ति कार्यों और पानी के भीतर दूर से संचालित वाहनों का उपयोग करने में कुशल हैं। अमीनुल हक जवादर, आकाशवाणी समाचार गुवाहाटी।
———————————
दिल्ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल के आवास पर कथित बेहद खर्च के मुद्दे पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी भाजपा के बीच संघर्ष तेज हो गया है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने इस आरोप को खारिज कर दिया है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास में सभी तरह की उच्च सुविधाओं के लिए जनता का पैसा खर्च किया गया है।
इस बीच, कांग्रेस ने सत्ता में आने पर शहर में लोगों की सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल के लिए 25 लाख रुपये तक का कैशलेस बीमा देने का वादा किया है। बहुजन समाज पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की है।
———————————
मराठी भाषा को सरकारी संकल्प जारी कर आज आधिकारिक तौर पर शास्त्रीय भाषा का दर्जा दे दिया गया है। महाराष्ट्र के मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत ने दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की।
श्री सामंत ने कहा कि यह महाराष्ट्र के लोगों और विश्व के मराठी भाषी लोगों के लिए एक सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को इसके लिए धन्यवाद दिया।
———————————
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए महाकुंभ क्षेत्र में 7 हजार ग्रामीण बसें और तीन सौ 50 शटल बसें लगायी जाएंगी। तत्काल मदद के लिए टोल-फ्री नंबर 18001802877 और व्हाट्सएप नंबर 9415049606 से जानकारी ले सकते हैं।
———————————
वायुसेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर-एन.सी.सी. के गणतंत्र दिवस शिविर में शामिल हुए। श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि एन.सी.सी. देश को एकजुट करने में सराहनीय काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एन.सी.सी. में युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
———————————
बांग्लादेश के आव्रजन तथा पासपोर्ट विभाग ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित 97 लोगों के पासपोर्ट रद्द कर दिए हैं, क्योंकि वे लोगों को जबरन गायब करने और जुलाई में हुई हत्याओं में कथित रूप से शामिल थे।
मुख्य सलाहकार के प्रेस उप सचिव अबुल कलाम आज़ाद ने कल शाम ढाका में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
न्यायाधिकरण ने अधिकारियों को शेख हसीना और अन्य को गिरफ्तार कर 12 फरवरी तक पेश करने का आदेश दिया।
———————————
बांग्लादेश में एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित आठ लोगों को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश-बीजीबी ने दिनाजपुर में बीरमपुर सीमा पर भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के प्रयास में हिरासत में ले लिया। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार कानूनी प्रक्रियाओं के बाद, इन लोगों को कल दिनाजपुर की अदालत में पेश किया गया।
———————————
बैडमिंटन में शीर्ष भारतीय खिलाडी एच एस प्रणय मलेशिया ओपन के पुरुष सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने कनाडा के ब्रायन यांग को 21-12, 17-21 और 21-15 से हराया। प्री-क्वार्टर फाइनल में कल उनका मुकाबला चीन के शी फेंग ली से होगा। और खेल खबरों के साथ हैं करिश्मा –
हॉकी इंडिया लीग में आज शाम छह बजे टीम गोनासिका का मुकाबला तमिलनाडु ड्रैगन के साथ होगा। यूपी रूद्राज़ और हैदराबाद तूफान्स के बीच मैच रात सवा आठ बजे शुरू होगा। कल वेदांता कलिंगा लाउंसर्स श्राची रार बंगाल टाइगर्स को छह-शून्य से हराकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। बैडमिंटन में भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा कास्त्रो की जोड़ी आज सुबह कुआलालंपुर में मलेशिया ओपन के मिक्स्ड डबल्स प्री-क्वार्टर फाइनल्स में पहुंच गई है। इस शीर्ष जोड़ी ने पहले दौर में दक्षिण कोरिया के सुंग ह्यून को और हये वोन इओम को 21-13 और 21-14 से हराया। भारतीय जोड़ी का सामना कल चीन के ची झांग और जिंग चेंग से होगा। आध्या वरियाथ और सतीश करुणाकरण की जोड़ी भी मिक्स्ड डबल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। उन्होंने आज सुबह राउंड ऑफ 32 में अमृता प्रमुथेश और अशीथ सूर्या की जोड़ी हराया। महिला डबल्स में भारत की रितुपंडा पांडा और स्वेतापर्णा पांडा की जोड़ी टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गई।
———————————
उत्तर भारत में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में दिन के समय ठंड का अनुमान व्यक्त किया है।
देश के उत्तरी क्षेत्र में घने कोहरे के कारण कईं रेलगाडि़यों और उडानों की आवाजाही पर असर पड़ा है। दिल्ली आने वाली लगभग 30 रेलगाडि़यां आज चार से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं।
———————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- ओडिशा के भुवनेश्वर में अठारहवां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन शुरू। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने युवाओं को भारत की प्रगति का निर्णायक कारक बताया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम आंध्र प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
- एक राष्ट्र एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक नई दिल्ली में शुरू।
- बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का पासपोर्ट रद्द किया।
- भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रेस्टो मलेशिया ओपन बैडमिंटन के मिक्स्ड डब्ल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
———————————