Download
Mobile App

android apple
signal

January 7, 2025 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम पर निर्वाचन आयोग का संवाददाता सम्‍मेलन नई दिल्‍ली में जारी।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा- इससे अंतर्राष्‍ट्रीय जांच व्‍यवस्‍था में भारत के नये युग की शुरूआत होगी।

  • नेपाल-तिब्बत सीमा पर आज सवेरे आए भूकंप से कम से कम 53 लोगों की मौत, इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर सात दशमलव एक मापी गई।

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से एच एम पी वी वायरस के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने का अनुरोध किया, कहा- घबराने की कोई आवश्‍यकता नहीं।

  • असम में कोयला खदान में फंसे मजदूरों को बचाने का अभियान जारी।

  • बैडमिन्‍टन में कुआलालंपुर में महिला डबल्‍स में भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी मलेशिया सुपर थाउजेंड टूर्नामेंट के राउंड ऑफ सिक्‍स्टीन में पहुंची।

——

निर्वाचन आयोग दिल्‍ली विधानसभा चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर रहा है। इस समय मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त राजीव कुमार  संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे हैं।

  70 सदस्‍यों वाली दिल्‍ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्‍त हो रहा है।

 

दिल्‍ली में एक करोड 55 लाख से अधिक  मतदाता पंजीकृत है जिनमें 83 लाख से अधिक पुरूष  और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं। पिछले दो महीनों में 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के बीच 52 हजार से अधिक मतदाता जुड़ चुके हैं। दिल्‍ली के निवार्चन कार्यालय के अनुसार पिछले महीने की 16 तारीख से अब तक पांच लाख एक हजार से अधिक नए नामांकन प्राप्‍त हो चुके हैं। इस बीच राजधानी में राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं। सत्‍तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने सारे उम्‍मीदवारों की घोषणा कर दी है जबकि भाजपा ने अब तक 29 प्रत्‍याशी घोषित किए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने उम्‍मीदवारों की तीसरी सूची जारी करते हुए 48 प्रत्‍याशी अब तक घोषित कर दिए हैं।

——

गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई द्वारा विकसित भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ किया। भारतपोल पोर्टल का उद्देश्य इंटरपोल के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सहायता के लिए सभी अनुरोधों पर कार्रवाई को सुव्यवस्थित करना है, जिसमें रेड नोटिस और अन्य इंटरपोल नोटिस जारी करना शामिल है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि  भारतपोल अंतर्राष्ट्रीय जांच को नए युग में ले जाएगा।

 

भारत पोल हमारे देश के अंतर्राष्‍ट्रीय इन्‍वेस्टिगेशन को एक अलग युग में ले जाने वाली एक शुरूआत है। एक प्रकार से अब तक इंटरपोल के साथ काम करने के लिए एक ही एजेंसी नामित थी सीबीआई। मगर भारत पोल की संरचना होने के साथ भारत की हर एजेंसी हर राज्‍य की पुलिस अपने आप को बहुत सरलता के साथ इंटरपोल के साथ कनेक्‍ट कर पाएगी और सीधा गति अपने इन्‍वेस्टिगेशन को देने में उनको बहुत सहायता होगी।

 

श्री शाह ने  कहा कि इससे आतंकवाद से संबंधित अपराधों और मादक पदार्थों, हथियारों तथा मानव तस्करी से संबंधित मामलों से निपटने में सहायता मिलेगी।

 

सबसे बड़ा फायदा अंतर्राष्‍ट्रीय डेटा के उपयोग के बारे में। उन्‍नीस प्रकार के डेटा बेस जो इंटरपोल के हैं वो आज हमारे पास उपलब्‍ध होंगे। एनालिसिस कर कर क्राइम रोकने की हमारी सिस्‍टम खड़ी करने के लिए भी उपलब्‍ध होंगे और अपराधियों को पकड़ने के लिए भी उपलब्‍ध होंगे और साइबर अपराध की नई चुनौतियों को भी एक स्‍पीड के साथ इसे हम आगे ले जा सकते हैं।

 

इस अवसर पर श्री शाह ने 35 सीबीआई अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस पदक प्रदान

किए, इन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक और जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के पदक से सम्मानित किया गया है।

 

——

 

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा है कि ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस – एचएमपीवी से जनता के लिए चिंता का कोई कारण नहीं है।  राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक वचुर्अल बैठक के दौरान, स्वास्थ्य सचिव ने यह बात कही।

 

स्वास्थ्य सचिव ने भारत में श्वसन संबंधी बीमारियों की वर्तमान स्थिति और उनके प्रबंधन के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों के साथ-साथ एचएमपीवी मामलों की स्थिति की समीक्षा की। सचिव ने राज्यों को इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण की निगरानी को मजबूत करने की सलाह दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि देश श्वसन संबंधी बीमारी के मामलों में किसी भी संभावित वृद्धि के लिए अच्छी तरह से तैयार है। राज्यों को सूचना, शिक्षा और संचार के साथ-साथ वायरस के फैलाव की रोकथाम के संबंध में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की सलाह भी दी गई।

 

——

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि एचएमपीवी नया वायरस नहीं है और इसको लेकर चिंता करने की कोई आवश्‍यकता नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश में कहा कि देश की स्वास्थ्य प्रणालियाँ और निगरानी नेटवर्क सतर्क हैं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी चुनौती से तत्‍काल निपटने की तैयारी सुनिश्चित की जा रही है।

——

गुजरात में एचएमपीवी का एक पॉजिटिव मामला सामने आया है। इलाज के लिए राजस्थान के डूंगरपुर से अहमदाबाद आए दो महीने के बच्चे का एचएमपीवी सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। बच्चे का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं।

—–

महाराष्ट्र में भी दो मामलों की पहचान की गई है। इनमें एक सात वर्षीय और दूसरा 13 वर्षीय बच्चे के संक्रमित होने का मामला है।

——

नेपाल सहित तीन देशों में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में सभी लोगों से सावधान और सचेत रहने का अनुरोध किया है।

 

आज सुबह छह बजकर पचास मिनट में काठमांडू घाटी में तेज भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप का केंद्र तिब्बत का डिंग्ये काउंटी है जहां से सात दशमलव एक रिक्‍टर के झटके महसूस हुए थे। भूकंप के झटके सोलुखुंबू, ओखलडुंगा, खोतांग, संखुवासभा, भोजपुर और तराई तक महसूस हुए। सलेरी के स्‍थानीय लोगों के अनुसार सोलुखुंबू में कोई क्षति नहीं हुई है। सोलुखुंबू तिब्‍बत की सीमा पर स्थित है।

——

इस भूकंप में कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई और 62 घायल हो गए। रिक्‍टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता सात दशमलव एक मापी गई। भूकंप का केंद्र नेपाल सीमा के पास तिब्बत के ज़िज़ांग में था।

भूकंप से बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किये गये। बिहार के कुछ हिस्सों में तेज झटके महसूस किए गए, जिससे घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

——

असम सरकार ने दिमा हसाओ जिले के उमरांगसो की एक खदान में फंसे खनिकों के बचाव में सहायता के लिए नौसेना के गोताखारों को तैनात करने का अनुरोध किया है। 300 फुट गहरी खदान में पानी भर जाने के बाद खनिक ‘रैट-होल’ कोयला खदान के अंदर फंस गए हैं। सेना ने राज्‍य आपदा मोचन बल और राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल के साथ संयुक्‍त रूप से बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

 


सेना ने खनिकों को बचाने के लिए आवश्यक उपकरणों से लैस गोताखोरों, इंजीनियरों और अन्य प्रशिक्षित कर्मियों से युक्त एक विशेष राहत कार्य बल जुटाया और सुबह लगभग साढे़ छह बजे साइट पर पहुंचे। चल रहे बचाव कार्य को मदद करने के लिए असम राइफल्‍स और इंजीनियर्स तट फोर्स की अतिरिक्‍त टीम रस्‍ते में है। असम सरकार के सूत्रों के मुताबिक जमीन से तीन शव देखे गए हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उन्हें निकाला नहीं जा सका है। 2014 में नेशनल ग्रीन ट्राब्‍यूनल द्वारा प्रतिबंध के बावजूद, असम में अवैध रूप से रैट होल खनन जारी हैं।

——

 

केन्‍द्रीय सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों की बैठक की अध्‍यक्षता की। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री गडकरी ने कहा कि यह वार्षिक आयोजन केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के बीच तालमेल बढाने तथा राष्‍ट्रीय प्रगति के लिए महत्‍वपूर्ण नीतिगत मामलों और समन्वित रणनीतियों को आगे बढाने के तरीकों पर चर्चा का महत्‍वपूर्ण मंच है।

——

विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस जयशंकर इस वर्ष के प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में भाग लेने के लिए भुवनेश्वर पहुंच गये हैं। 18वां प्रवासी भारतीय दिवस समारोह कल से तीन दिनों तक ओडिशा की राजधानी भुवनेश्‍वर में आयोजित किया जाएगा।  प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बृहस्‍पतिवार को प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

——-

इस्पात मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग  पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इस्पात उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की परिवर्तनकारी क्षमता का पता लगाना था। इस अवसर पर इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पोंड्रिक ने नवीनतम उपकरणों को अपनाने पर भी जोर दिया।

——-

तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री एम के स्‍टॉलिन ने विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग – यूजीसी की नेट परीक्षाओं की तारीखें बदलने के लिए केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान से फिर से अपील की है। अपने पत्र में मुख्‍यमंत्री ने कहा है कि राज्‍य में इस महीने की 13 से 16 तारीख तक पोंगल मनाया जाएगा जिसके लिए राज्‍य सरकार ने छुट्टी घोषित की है। श्री स्‍टॉलिन ने कहा कि पोंगल के सांस्‍कृतिक महत्‍व को देखते हुए आवेदकों के लिए परीक्षा में भाग लेना कठिन होगा। उन्‍होंने परीक्षा की तारीखों पर तत्‍काल पुर्नविचार करने का अनुरोध किया।

——-

दिल्ली के किसानों ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। बाद में श्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ, राष्ट्रीय राजधानी में किसानों को नहीं मिल पा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखा है

——

वायुसेना अध्‍यक्ष एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक विकसित करने और घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र की वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रमुख भूमिका होगी।

 

—–

बैडमिंटन में, कुआलालंपुर में मलेशिया सुपर 1000 टूर्नामेंट के महिला डबल्‍स में भारत की जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने थाईलैंड की ओर्निचा जोंगसाथपोर्नपर्न और सुकिता सुवाचाई को सीधे सेटों में हराकर राउंड ऑफ सिक्‍सटीन में प्रवेश किया। पुरुष सिंगल्‍स में, लक्ष्य सेन, प्रियांशु राजावत और प्रणय एच.एस आज राउंड ऑफ थर्टी टू में प्रतिस्पर्धा करेंगे। 

——

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में शीत लहर जारी रहने का अनुमान वयक्त किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में कल तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

—–

मौसम विभाग ने इस महीने की 10 तारीख तक जम्मू-कश्मीर में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कश्मीर में 40 दिनों की कठोर सर्दी “चिल्लई कलां” जारी है।

——


अंत में मुख्य समाचार

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम पर निर्वाचन आयोग का संवाददाता सम्‍मेलन नई दिल्‍ली में जारी।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ किया। उन्‍होंने कहा- इससे अंतर्राष्‍ट्रीय जांच व्‍यवस्‍था में भारत के नये युग की शुरूआत होगी।

  • नेपाल-तिब्बत सीमा पर आज सवेरे आए भूकंप से कम से कम 53 लोगों की मौत, इसकी तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर सात दशमलव एक मापी गई।

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से एच एम पी वी वायरस के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने का अनुरोध किया, कहा- घबराने की कोई आवश्‍यकता नहीं।

  • असम में कोयला खदान में फंसे मजदूरों को बचाने का अभियान जारी।

  • बैडमिन्‍टन में कुआलालंपुर में महिला डबल्‍स में भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी मलेशिया सुपर थाउजेंड टूर्नामेंट के राउंड ऑफ सिक्‍स्टीन में पहुंची।