Download
Mobile App

android apple
signal

January 6, 2025 3:22 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और तेलंगाना में महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारतीय रेलवे का विकास बहुत महत्वपूर्ण है।
  • कर्नाटक में शिशुओं में एचएमपी वायरस के दो मामले सामने आये केंद्र स्थिति की निगरानी कर रहा है।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में ट्रेड यूनियनों और अन्य हितधारकों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की।
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पंचायतों से अनुसूचित जनजातियों की महिला प्रतिनिधियों को सशक्त बनाने के लिए पंचायत से संसद कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन किया।
  • उत्तर और पूर्वी भारत में शीतलहर की स्थिति जारी। कोहरे के कारण कई शहरों में ट्रेन और उड़ान सेवाएं प्रभावित।
  • और स्क्वैश में, अनाहत सिंह ने बर्मिंघम में ब्रिटिश जूनियर ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।

 

——————————————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्‍यम से विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी को और बढ़ावा देने के लिए नए जम्मू रेलवे मंडल का उद्घाटन किया। उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू रेलवे डिवीजन के निर्माण से जम्‍मू-कश्‍मीर और आसपास के क्षेत्र को महत्‍वपूर्ण लाभ होगा और यहां के लोगों की लम्‍बे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। इसमें पठानकोट- जम्मू – उधमपुर – श्रीनगर – बारामूला, भोगपुर सिरवाल – पठानकोट, बटाला – पठानकोट और पठानकोट से जोगिंदर नगर खंड शामिल हैं। इससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे, बुनियादी ढांचे का विकास होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास होगा।

 

यह नए डिवीजन नई रेल टर्मिनल भारतीय रेलवे को 21वीं सदी की आधुनिक रेलवे बनाने में अहम योगदान देंगे इनसे देश में आर्थिक समृद्धि का इको सिस्टम डेवलप करने में मदद मिलेगी रेलवे के संचालन में मदद मिलेगी निवेश के ज्यादा मौके बनेंगे और नई नौकरियों का सृजन भी होगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना में चर्लापल्ली न्यू टर्मिनल स्टेशन का भी उद्घाटन किया और पूर्वी तट रेलवे के रायगडा रेलवे डिवीजन भवन की आधारशिला रखी। मेडचल-मलकाजगिरी जिले में चर्लापल्ली न्यू टर्मिनल स्टेशन को लगभग 413 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे प्रवेश के प्रबंध के साथ एक नए कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित किया गया है।

 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना और ओडिशा में रेल बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के शुभारंभ से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इन क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक विकास में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि पिछला दशक भारतीय रेलवे के प्रत्यक्ष परिवर्तन का दशक रहा है और इसने देश की छवि को बदल दिया है। श्री मोदी ने कहा कि आज भारत रेलवे लाइनों के 100 प्रतिशत विद्युतीकरण के करीब है। 

 

इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू रेलवे डिवीजन के निर्माण से जम्मू-कश्मीर में नई सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

 

जम्‍मू से श्रीनगर रेल प्रोजेक्‍ट कम्‍पलीट हो गया है। फाइनल टेस्टिंग एवं इंस्‍पेक्‍शन अभी चल रहा है। वर्षो से सपनो को जो सजोया था, वह जल्‍दी ही सच होगा। जम्‍मू डिवीजन के शुभारंभ से जम्‍मू और कश्‍मीर में नई सुविधाएं विकसित होंगी। एसेंशियल गुड्स के ट्रांसपोर्टेंशन के लिए नए टर्मिनल बनाएं जाएंगे। शिक्षा, टूरिज्‍म, हेल्‍थ-केयर के लिए यात्राएं आसान होंगी। नई रेल सर्विसिस आरंभ होगी।

 

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अन्य ने भी इस अवसर पर संबोधित किया।    

 

——————————————

 

चीन में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस-एचएमपीवी के फैलने की चिंताओं के बीच, कर्नाटक में भी एचएमपीवी के दो मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने एचएमपीवी के दो मामलों का पता लगाया है।

 

इन तीन महीने की एक बच्ची और आठ महीने का एक बच्‍चा वायरस से संक्रमित पाया गया है। दोनों का उपचार जारी है। दोनों मरीजों में से किसी ने अंतर्राष्‍ट्रीय यात्रा नहीं की थी। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा है कि एचएमपीवी पहले से ही भारत सहित दुनिया भर में फैल चुका है। कई देशों में लोगों में श्वसन संबंधी बीमारियों के मामले सामने आए हैं। आईसीएमआर के मुताबिक देश में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी या श्वसन बीमारी के मामलों में कोई असामान्य वृद्धि नहीं हुई है। चीन में एचएमपीवी के बढ़ते मामलों के बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन चीन की स्थिति के बारे में समय-समय पर ताजा जानकारी दे रहा है। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष आकर्षिता सिंह।

 

——————————————

 

कर्नाटक के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बेंगलुरु में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस-एचएमपीवी के दो मामलों का पता चलने के बाद विभाग के अधिकारियों की एक बैठक बुलाई है। मीडिया को संबोधित करते हुए श्री गुंडू राव ने कहा कि वे आईसीएमआर के संपर्क में हैं और संक्रामक वायरस पर नज़र रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

 

——————————————

 

विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर और अमेरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन के बीच आज नई दिल्‍ली में बैठक हुई। बैठक के दौरान द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। सोशल मीडिया पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि वह भारत-अमेरीका के बीच घनिष्ठ तथा मजबूत साझेदारी बनाने में जेक सुलिवन के व्यक्तिगत योगदान की सराहना करते हैं।

 

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी आज अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से मुलाकात करेंगे।

 

——————————————

 

केन्‍द्रीय वित्‍त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्‍ली में हितधारकों और व्यापार संघों के प्रतिनिधियों के साथ आठवीं बजट पूर्व सलाहकार बैठक की अध्‍यक्षता की। बैठक केन्‍द्रीय बजट 2025-26 पेश करने से पहले आयोजित की गई।

 

बैठक में केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍यमंत्री पंकज चौधरी के अलावा वित्‍त, निवेश और सार्वजनिक परिसम्‍पत्ति प्रबंधन विभाग, आर्थिक कार्य विभाग तथा श्रम मंत्रालय के सचिवों सहित मुख्‍य आर्थिक सलाहकार ने भाग लिया।

 

——————————————

 

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने आज नई दिल्‍ली में पंचायत से संसद कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में बीस राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों की पंचायतीराज संस्‍थाओं से चुनी गई करीब पांच सौ महिला प्रतिनिधि भाग ले रही हैं। इस अवसर पर श्री ओम बिरला ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं गांवों के विकास की दिशा में काम कर रही हैं और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार कर रही हैं।

 

पंचायत राज के माध्यम से गांव के विकास के साथ हम आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत की विरासत उसकी संस्कृति में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है। हमारे लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण संस्था पंचायत राज के अंदर आपके नेतृत्व से उन जनजाति क्षेत्र के अंदर सामाजिक, आर्थिक विकास महिलाओं को स्‍वावलम्‍बन बनाने में भी आपका बहुत बड़ा योगदान है।

 

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में पंचायतों से जुड़ी महिलाएं अहम भूमिका निभाएंगी।

 

इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें भी एक अवसर मिलता है कि हम पंचायत से लेकर सीधे पार्लियामेंट तक चीजों को वह समझे और कैसे योजनाओं का यह कार्य करने हैं, इसके बारे में भी बहुत सारी चीजों के जानकारी भी मिलती है।

 

——————————————

 

बिहार में जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर को बीपीएससी विवाद के संबंध में आज पटना में गिरफ्तार कर लिया गया। आज तडके पटना में पुलिस ने किशोर और उनके समर्थकों को गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के स्‍थान से जबरन हटा दिया। किशोर को गिरफ्तारी के बाद पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान भेज दिया गया है।

 

पटना के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर कानून का उल्लंघन कर रहे थे और इससे पहले गांधी मैदान में निषिद्ध क्षेत्र खाली करने के लिए उन्हें नोटिस दिया गया था। जन सुराज नेता और उनके कुछ समर्थकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

 

आज सुबह गिरफ्तारी की गई है और उनके साथ लगभग 43 लोगों को हम लोगों ने डिटेन किया है और 15 गाड़ियां सीज हुई है और सबका वेरिफिकेशन हो रहा है अभी तक 43 में से लगभग 30 लोगों का वेरिफिकेशन हुआ है जिसमें से पांच लोग मात्र पटना से हैं और सभी कार्यकर्ता है पार्टी विशेष के और बाकी विभिन्न जिलों से हैं और आगे जो नियमानुसार कार्यवाही होगी उसको हम लोग करेंगे।

 

——————————————

 

मध्‍यप्रदेश उच्‍च न्‍यायालय धार जिले के पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड का कचरा जलाने के मामले की सुनवाई अब 18 फरवरी को करेगा।

 

मध्य प्रदेश उच्‍च न्‍यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत और न्‍यायाधीश विवेक जैन की खंडपीठ ने इस मामले में दायर याचिका पर आज सुनवाई की। सरकार ने उच्‍च न्‍यायालय से छह सप्‍ताह का और समय मांगा था, जिसे न्‍यायालय ने स्वीकार कर लिया। यह याचिका इंदौर के एमजीएम एलुमनाई एसोसिएशन ने दायर की थी।

 

——————————————

 

उत्तर और पूर्वी भारत में लगातार चौथे दिन शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, तापमान में गिरावट आई है और घने कोहरे के कारण कई शहरों में दृश्यता कम हो गई। इससे ट्रेन और फ्लाइट के अवागमन पर असर पड़ा है। जम्मू और कश्मीर में ताज़ा बर्फबारी ने पूरे कश्मीर क्षेत्र में शीत लहर को और तेज़ कर दिया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…

 

गाजीपुर बनिहाल के बीच राजमार्ग पर जमा बर्फ हटाए दिए जाने के बाद श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन जारी है। श्रीनगर कारगिल रोड वाहन यातायात के लिए बंद है। प्रशासन ने जनता पर्यटकों और ट्रांसपोर्टों से किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बचने के लिए जारी एडवाइजरी में दिए गए निर्देशों के अनुसार सहयोग करने का आग्रह किया है। तारीक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

पश्चिम बंगाल में, खराब दृश्यता के कारण आज कोलकाता हवाई अड्डे पर लगभग 60 उड़ानें प्रभावित हुईं। झारखंड सरकार ने पूर्वी राज्य में शीतलहर के मद्देनजर 7 से 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। बिहार सरकार ने भी कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 11 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। हरियाणा और पंजाब में कल कई स्थानों पर ठंड का प्रकोप जारी रहा।

 

दिल्ली के कुछ हिस्सों में आज सवेरे गरज के साथ बारिश हुई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात और रेल परिचालन प्रभावित हुआ।

 

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज और बिजली के साथ तेज बारिश का अनुमान लगाया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में अगले 2 दिनों तक रात और सुबह के समय घना कोहरा हो सकता है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन हजार तीन सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

——————————————

 

सिखों के 10वें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब में सभी गुरुद्वारों को सजाया गया है। इस अवसर पर देश-विदेश से श्रद्धालु अमृतसर में हरमंदिर साहिब, स्वर्ण मंदिर में मत्था टेक रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देशवासियों को गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। बिहार में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 358वां प्रकाश पर्व आज पटना साहिब में पारंपरिक हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

 

——————————————

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “सर्दी का मौसम और ठण्‍ड से बचाव” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर. के. जेनामणि और एम्स, दिल्ली के मेडिसिन विभाग के पूर्व एचओडी डॉ. एस. के. शर्मा चर्चा में शामिल होंगे। श्रोता टेलीफोन नंबर 01123 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।

 

——————————————

 

भारत की अनाहत सिंह ब्रिटिश जूनियर ओपन स्‍क्‍वैश टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। 17 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों के एकल खिताब के लिए इंग्‍लैंड के बर्मिंघम में अनाहत ने सेमीफाइनल में मिस्र की रूकैय्या साल‍ेम को तीन-एक से पराजित किया। फाइनल में अनाहत का सामना मिस्र की मलिका एल. काराक्‍सी से होगा।

 

——————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और तेलंगाना में महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारतीय रेलवे का विकास बहुत महत्वपूर्ण है।
  • कर्नाटक में शिशुओं में एचएमपी वायरस के दो मामले सामने आये केंद्र स्थिति की निगरानी कर रहा है।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में ट्रेड यूनियनों और अन्य हितधारकों के साथ बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्यक्षता की।
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पंचायतों से अनुसूचित जनजातियों की महिला प्रतिनिधियों को सशक्त बनाने के लिए पंचायत से संसद कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन किया।
  • उत्तर और पूर्वी भारत में शीतलहर की स्थिति जारी। कोहरे के कारण कई शहरों में ट्रेन और उड़ान सेवाएं प्रभावित।
  • और स्क्वैश में, अनाहत सिंह ने बर्मिंघम में ब्रिटिश जूनियर ओपन के फाइनल में प्रवेश किया।

 

——————————————