Download
Mobile App

android apple
signal

January 5, 2025 3:18 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्ली में साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत कॉरिडोर सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

 

  • सरकार ने कहा- डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमों के मसौदे का उद्देश्य डिजिटल निजी डेटा की सुरक्षा के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करना है।

 

  • स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की चीन में फैले एचएमपी वायरस पर कड़ी नजर। मंत्रालय ने लोगों से कहा – घबराए नहीं, सावधानी बरते।

 

  • छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गये।

 

  • पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 3-1 से जीती।

 

********************

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज दिल्‍ली में बारह हजार दो सौ करोड़ रूपए से अधिक की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखीं। उन्‍होंने साहिबाबाद और न्‍यू अशोक नगर के बीच 46 अरब रूपए की लागत से तैयार किए गए तेरह किलोमीटर लंबे दिल्‍ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद, आरआरटीएस स्‍टेशन से न्‍यू अशोक नगर, आरआरटीएस स्‍टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की और स्‍कूली बच्‍चों के साथ बातचीत की। श्री मोदी ने जनकपुरी और कृष्‍णा पार्क के बीच दिल्‍ली मेट्रो फेज़-4 के दो दशमलव आठ किलोमीटर लंबे खंड का भी उद्घाटन किया। इस पर बारह अरब रूपए की लागत आई है। इसके अतिरिक्‍त प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्‍ली मेट्रो चरण-चार के अंतर्गत साढ़े 26 किलोमीटर लंबे रिठाला-कुंडली खंड का शिलान्‍यास भी किया। यह कॉरिडोर दिल्‍ली में रिठाला को हरियाणा में नत्‍थूपुर-कुंडली से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री इस समय दिल्‍ली के रोहिणी इलाके के जापनी पार्क में एक रैली को संबोधित कर रहे है।

 

श्री मोदी नई दिल्‍ली के रोहिणी इलाके में केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्‍थान के अत्‍याधुनिक भवन की भी आधारशिला रखेंगे। यह कैंपस अत्‍याधुनिक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल और चिकित्‍सा ढांचा उपलब्‍ध कराएगा।

 

********************

 

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा डिजिटल निजी डेटा संरक्षण नियमों का मसौदा जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य नागरिकों के निजी डेटा की सुरक्षा के अधिकारों की रक्षा करना है। एक रिपोर्ट-

 

सरकार ने कहा है कि यह नियम तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था में नागरिकों को सशक्त बनाने के लिए बनाए गए हैं। इसमें डाटा के अनअधिकृत उपयोग डिजिटल नुकसान और व्यक्तिगत डेटा उल्लंघन जैसी विशेष चुनौतियों के समाधान का भी प्रावधान है। नियम नागरिकों को उनके डेटा पर अधिक नियंत्रण देकर उन्हें सशक्त बनाते हैं। शिकायत निवारण जैसे प्रावधान भी डिजिटल प्लेटफार्म में विश्वास बढ़ाते हैं। नागरिक जुड़व के महत्व को देखते हुए सरकार ने एक व्यापक जागरूकता अभियान की भी योजना बनाई है। यह पहल नागरिकों को नए ढाचे के तहत उनके अधिकारों और जिम्मेदारियां के बारे में शिक्षित करेगी जिससे डाटा जिम्मेदारी की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा साथ ही डिजिटल व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाते हैं। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

********************

 

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा है कि वह पिछले कुछ हफ्तों में चीन में फैले एचएमपी वायरस पर कड़ी निगरानी रख रहा है। मंत्रालय ने लोगों को भी सावधानी बरतने को भी कहा है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद – आईसीएमआर एचएमपी वायरस के परीक्षण के लिए प्रयोगशालाओं की संख्‍या में वृद्धि करेगी और समूचे वर्ष के दौरान इस वायरस की प्रवृत्तियों पर निगरानी सुनिश्चित करेगी। एक रिपोर्ट –

 

मंत्रालय ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए नई दिल्‍ली में स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं महानिदेशक की अध्‍यक्षता में संयुक्‍त निगरानी समूह की बैठक बुलाई। स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल ने लोगों को आश्‍वस्‍त किया है कि वर्तमान स्थिति में घबराने की कोई आवश्‍यकता नहीं है और लोगों को सामान्‍य सावधानियां बरतने की आवश्‍यकता है। संयुक्‍त निगरानी समूह ने कहा कि आईसीएमआर और आईडीएसपी नेटवर्कों के जरिए इन्‍फ्लुएंजा जैसी बीमारी और इन्‍फ्लुएंजा के लिए श्‍वसन संबंधी गंभीर बीमारी को लेकर निगरानी प्रणाली भारत में पहले से मौजूद है। समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।

 

********************

 

छत्‍तीसगढ़ में आज सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम चार माओवादी मारे गए। इस मुठभेड़ में एक सुरक्षाकर्मी शहीद हो गया। मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए है। घटनास्‍थल से ए के-47 और सेल्‍फ लोडिंग राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद भी बरामद किया गया है। अंतिम समाचार मिलने तक क्षेत्र में गोलीबारी और तलाशी अभियान जारी था। 

 

********************

 

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पद्दार तहसील के ग्वार मसू इलाके में एक वाहन के सड़क से फिसलने के बाद पहाड़ी से लुढ़ककर नदी में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई है और दो लापता हैं। जिला प्रशासन द्वारा बचाव अभियान जारी है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा कि वे किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर के संपर्क में हैं और घटना के बारे में अपडेट प्राप्त कर रहे हैं।

 

********************

 

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने कहा है कि कोई भी देश तब तक आगे नहीं बढ सकता, जब तक कि उसके नागरिक राष्‍ट्रवाद के प्रति पूरी तरह स‍मर्पित न हों। दिल्‍ली में एन सी सी गणतंत्र दिवस शिविर 2025 में श्री धनखड ने कहा कि भारत के विकास के लिए राष्‍ट्रवाद, संगठन और राष्‍ट्र प्रथम दृष्टिकोण की आवश्‍यकता है। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि देश का बदलाव पांच बुनियादी सिद्धांतों पर निर्भर है।

 

प्रत्येक नागरिक को प्रगति का पथ प्रदर्शक बनाते हैं और यह पंच प्राण हमारे समाज के रगों में बहते हुए एक अजय राष्ट्रवादी भावना का निर्माण करते हैं। जो व्यक्तिगत जिम्मेवारी पारंपरिक मूल्य और पर्यावरण चेतना और सांस्कृतिक गौरव एकता और आत्मनिर्भरता की ओर यात्रा को ले जाते हैं।

 

********************

 

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण, नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का निरीक्षण किया। ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश में पहला है और देश की सबसे बड़ी फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं में से एक है। इस अवसर पर केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री जोशी ने कहा कि यह एक अनूठी परियोजना है और इसे देश के कई स्थानों शुरू पर किया जा सकता है।

 

भारत विश्व के लीडर बन रहे हैं रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में तो इसलिए यह प्रोजेक्ट जो है ये तो अपने आप में एक अनोखिक प्रोजेक्ट है और बड़ी मात्रा में ये जो इधर बिजली उत्पादन हो रहा है ऐसे इधर से दिल्ली मेट्रो को भी बिजली दे रहा है।

 

********************

 

नई दिल्‍ली के भारत मण्‍डपम में छह दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्‍सव चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल इसका उद्घाटन किया था। राष्‍ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक -नाबार्ड के अध्‍यक्ष शाजी के वी ने बताया कि वित्‍तीय सेवाएं विभाग और नाबार्ड संयुक्‍त रूप से ग्रामीण भारत महोत्‍सव का आयोजन कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि इसके माध्‍यम से ग्रामीण भारत की उद्यमिता की भावना और सांस्‍कृतिक धरोहर का प्रदर्शन किया जा रहा है।

 

********************

 

उत्‍तरप्रदेश सरकार स्‍पेन में अंतरराष्‍ट्रीय पर्यटन मेले में महाकुंभ का प्रचार करेगी। पर्यटन मेले में महाकुंभ को सांस्कृतिक विरासत के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा और इसके आध्यात्मिक, ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक महत्व पर बल दिया जाएगा। इस भव्‍य कार्यक्रम के लिए दुनिया भर के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा और उत्तरप्रदेश के अन्य पर्यटन आकर्षणों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

 

********************

 

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए, गंगा और यमुना नदियों में बड़ी संख्या में जल पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन जवानों को अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरणों से भी लैस किया गया है।

 

जल पुलिस ने अब तक करीब 2500 जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तटों पर तैनात कर दिए हैं। तीन जल पुलिस स्टेशन बनाए गए हैं। तटों की सुरक्षा की मॉनिटरिंग जल पुलिस के कंट्रोल रूम से की जा रही है जबकि पूरे मेला क्षेत्र में 17 जल पुलिस सब कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। मेले की शुरुआत से पहले सुरक्षा में और इजाफा किया जाएगा। करीब 1300 जल पुलिस के जवान और तैनात किए जाएंगे। 8 किलोमीटर क्षेत्र में डीप वाटर बैरीकेडिंग की गई है। दो फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन बनाए गए हैं। जहां किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए जवानों की तैनाती कर दी गई है। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए चार वाटर एंबुलेंस की तैनात कर दी गई है। जो तत्काल राहत पहुंचाने में सक्षम है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनउ।

 

********************

 

इस बीच, रेलवे ने कुंभ मेले के लिए 13 हज़ार रेलगाड़ियां चला ने का फैसला किया है। इनमें 3 हज़ार विशेष रेलगाड़ियां होंगी। ये रेलगाड़ियां महाकुंभ के दौरान 50 से अधिक दिनों तक चलेंगी। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ इस महीने की 13 तारीख़ से 26 फरवरी तक चलेगा।

 

********************

 

गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे पर आज तटरक्षक बल के एक अत्‍याधुनिक हल्‍के हेलीकॉप्‍टर के दुर्घटनाग्रस्‍त होने से तीन लोगों की मृत्‍यु हो गई। प्रारंभिक खबरों के अनुसार एक सामान्‍य प्रशिक्षण उडान के दौरान यह दुर्घटना हुई।

 

********************

 

भारत और बांग्‍लादेश आज 185 मछुआरों और कुछ मछली पकड़ने वाली नौकाओं का आदान-प्रदान करेंगे, जो एक दूसरे के यहां पकड़ी गयी थीं। बांग्‍लादेश 95 भारतीय मछुआरों को भारतीय अधिकारियों को सौंपने पर सहमत हो गया है। इसी प्रक्रिया में भारत ने भी अपने यहां हिरासत में लिए गए 90 बांग्‍लादेशी मछुआरों को छोड़ने पर सहमति व्‍यक्‍त की है।

 

********************

 

खेल खबरों के साथ हैं करिश्मा।

 

सिडनी में ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत को छह विकेट से हराकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी तीन-एक से जीत ली है। आज तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। मैच के तीसरे दिन आज भारत ने अपने कल के स्कोर 6 विकेट पर 141 रन से आगे खेलना शुरू किया और उसमे मात्र 16 रन जोड़कर पूरी टीम 157 पर आउट हो गई। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के लिए क्वालीफाई कर गई है। सुमित नागपाल न्यूजीलैंड में चल रहे एसबी क्लासिक टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स में मुख्य दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने आज सुबह फाइनल क्वालीफाइंग दौर में एड्रियन मेनारिनो को हराया। हॉकी इंडिया लीग में आज वेदांत कलिंगा लांसर्स का मुकाबला सूरमा हॉकी क्लब से होगा। यह मैच शाम 6:15 से खेला जाएगा। एक अन्य मैच तमिलनाडु ड्रैगंस और यूपी रुद्रास के बीच होगा।

 

********************

 

मौसम:

 

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज हल्की वर्षा और बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है।

 

********************

 

जम्मू-कश्मीर में ठंड का कहर अब भी जारी है और बादल छाए हुए हैं।

 

श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों छोर से वाहनों का अवागमन जारी है। मुगल रोड लगातार आठवें रोज भी यातायात के लिए बंद है। आम लोगों और पर्यटकों को यात्रा के दौरान सावधानी बरतने के अलावा संवेदनशील इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने का आग्रह किया गया है। तारीक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन भी प्रभावित हुआ है।

 

********************

 

उत्‍तराखंड में आज राज्‍य के अधिकतर जिलों में मौसम साफ है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि अगले 36 घंटों में उत्‍तरकाशी सहित राज्‍य के ऊंचाई वाले स्‍थानों में वर्षा होने या बर्फ गिरने की आशंका है।

 

मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के मद्देनजर उत्तरकाशी और प्रदेश की ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए सभी जिला प्रशासन को अगले 36 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने कल के लिए टिहरी, पौड़ी, देहरादून और हरिद्वार जिले में कहीं कहीं पर आकाशी बिजली गिरने की संभावना जताई है। वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में आज खाना कोहरा छाए रह सकता है साथी ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की संभावना को देखते हुए पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रूकने की सलाह दी गई है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

********************

 

इधर, दिल्‍ली में आज सुबह घने कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से कई उडानें स्‍थगित करनी पड़ीं। यात्रियों को उडानों की जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

 

********************

 

बिहार में दसवें और अंतिम सिख गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के 358वें जन्‍मोत्‍सव के दूसरे दिन आज कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पटना शहर में तख्‍त श्री हरमंदिर साहिब खालसा पंथ के संस्‍थापक गुरू गोविंद सिंह जी महाराज का जन्‍म स्‍थान है।

 

********************

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दिल्ली में साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत कॉरिडोर सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

 

  • सरकार ने कहा- डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण नियमों के मसौदे का उद्देश्य डिजिटल निजी डेटा की  सुरक्षा के लिए एक मजबूत ढांचा तैयार करना है।

 

  • स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की चीन में फैले एचएमपी वायरस पर कड़ी नजर। मंत्रालय ने लोगों से कहा – घबराए नहीं, सावधानी बरते।

 

  • छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गये।

 

  • पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 3-1 से जीती।

 

********************