मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रामीण लोगों को सम्मानजनक जीवन देने की सरकार की प्राथमिकता दोहराई। श्री मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में छह दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव का उद्घाटन किया।
- भारतीय स्टेट बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत की ग्रामीण गरीबी पिछले वित्त वर्ष में घटकर 4 दशमलव आठ छह प्रतिशत हो गई जो वर्ष 2011-12 में 25 दशमलव सात प्रतिशत थी।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
- गुरु गोबिंद सिंह की 358वीं जयंती पर प्रकाश उत्सव पटना में शुरू।
- उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी, मौसम विभाग ने रात के समय घना कोहरा छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया।
- सिडनी में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में, भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में 6 विकेट पर 141 रन बनाए। उसकी कुल बढत 145 रन हुई।
——-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांवों को विकास और अवसरों के जीवंत केन्द्रों में बदलकर ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने के सरकार के दृष्टिकोण पर बल दिया है। श्री मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में ग्रामीण भारत महोत्सव के उद्घाटन समारोह के दौरान कहा कि गांवों के लोगों को सशक्त बनाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
गांव के लोगों को गरिमा पूर्ण जीवन देना यह मेरी सरकार की प्राथमिकता है। हमारा विजन है, भारत के गांव के लोग सशक्त बने, उन्हें पलायन न करना पड़े और इसलिए हमने गांव-गांव में मूलभूत सुविधाओं की गारंटी का अभियान चलाया।
ग्रामीण भारत महोत्सव 9 जनवरी तक चलेगा। इसका विषय है- विकसित भारत 2047 के लिए आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत का निर्माण और सिद्धांत-गांव बढ़े तो देश बढ़े हैं।
श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के इरादों, नीतियों और निर्णयों से ग्रामीण भारत में नई ऊर्जा आ रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को 2025-26 तक एक और वर्ष के लिए जारी रखने को मंजूरी दे दी है। श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत अब तक तीन लाख करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।
हमारा मकसद है कि गांव के लोगों को, गांव में ही ज्यादा से ज्यादा आर्थिक मदद मिले। खेती भी कर पाए, रोजगार-स्वरोजगार के नए मौके भी बने। इसी सोच के साथ पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को करीब 3 लाख करोड रुपए की आर्थिक मदद दी गई है।
श्री मोदी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल-जीवन मिशन सहित सरकार के प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करना है। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
माननीय प्रधानमंत्री जी आपके डायरेक्शन को लेकर के हम ग्रामीण क्षेत्र उन्नति के लिए काम कर रहे हैं। आप चार वर्ग बोल रहे हैं – गरीब, युवा, किसान और नारी उनके आर्थिक प्रगति के लिए आपने बहुत कम कर रहे हैं।
महोत्सव में जीवंत प्रस्तुतियों और प्रदर्शनियों के माध्यम से भारत की समृद्ध धरोहर का प्रदर्शन किया जा रहा है।
——-
भारत में वित्त वर्ष 2011-12 में ग्रामीण गरीबी दर 25 दशमलव सात प्रतिशत थी, जो कि वित्त वर्ष 2023-24 में उल्लेखनीय रूप से घटकर चार दशमलव 86 प्रतिशत हो गई है। एक रिपोर्ट-
भारतीय स्टेट बैंक के उपभोग व्यय सर्वेक्षण पर शोध के अनुसार पिछले बारह वर्षों में शहरी गरीबी 13 दशमलव सात प्रतिशत से घटकर चार दशमलव शून्य नौ प्रतिशत हो गई है। वहीं समग्र स्तर पर भारत में गरीबी की दर अब चार प्रतिशत से चार दशमलव पांच प्रतिशत के बीच हो सकती है। ग्रामीण और शहरी मासिक प्रति व्यक्ति उपभोग व्यय के बीच का अंतर अब 69 दशमलव सात प्रतिशत तक कम हो गया है। यह सुधार प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास, किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण आजीविका में उल्लेखनीय सुधार जैसी सरकारी पहलों के कारण है। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
——-
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आज 29 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पार्टी के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि पार्टी नेता रमेश बिधूड़ी दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ कालकाजी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रमुख सतीश उपाध्याय मालवीय नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे और पूर्व आप नेता कैलाश गहलोत, जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं, बिजवासन सीट से चुनाव लड़ेंगे। अरविंदर सिंह लवली गांधी नगर सीट से जबकि भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा को राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। विजेंद्र गुप्ता रोहिणी विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
——-
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को वित्तीय घाटे में धकेलने का आरोप लगाया है। पार्टी प्रवक्ता डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी ने नई दिल्ली में कहा कि पिछले दस वर्ष में दिल्ली की वित्तीय स्थिति लगातार बिगड़ रही है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय लघु बचत कोष से दस हजार करोड़ रूपये उधार लेने का आम आदमी पार्टी का फैसला चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह वर्ष 2024-25 पहला वर्ष होने जा रहा है जब दिल्ली घाटे की तरफ बढ़ रहा है। वर्तमान फाइनेंशियल ईयर के लिए दिल्ली सरकार ने नेशनल स्मॉल सेविंग फंड एनएसएसएफ से 10000 करोड रुपए का ऋण लेने के लिए पत्रावली बुक की है।
——-
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार ने उचित नीतिगत रूपरेखा के साथ शहरी विकास की गति तेज की है। उन्होंने नई दिल्ली के लक्ष्मीबाई नगर में कामकाजी महिलाओं के हॉस्टल सुषमा भवन का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। श्री शाह ने मोतीबाग में वर्चुअल रूप से एक पशु चिकित्सा केन्द्र का भी उद्घाटन किया। उन्होंने पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज के महत्वपूर्ण योगदानों का स्मरण करते हुए उन्हें पार्टी के महानतम नेताओं में से एक बताया।
श्री शाह ने राष्ट्रीय स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत निकटवर्ती गांवों को शहरों में बदलने का उल्लेख किया। श्री शाह ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसपर दिल्ली को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर मुख्यमंत्री रहते हुए अपने आवास पर आलीशान सुविधाओं के लिए कथित तौर पर भारी रकम खर्च करने के लिए उन पर निशाना साधा।
——-
विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ ने आज नई दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ के महासचिव एस के रूंगटा ने कहा कि ब्रेल को सभी के लिए सुलभ बनाने के लिए तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए।
मैं सभी युवा साथियों से यही आग्रह करूंगा कि हम अपने ब्रेल में अपने आप को निपुण बनाते रहे इसका अधिक से अधिक उपयोग करते हुए चाहे हम अपने कार्य स्थल पर हो या हम छात्रों या हम अध्यापक हो ब्रेल के माध्यम से ही अपने कार्य का निष्पादन करें।
विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर देशभर में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए ब्रेल पठन, ब्रेल लेखन और वाद-विवाद जैसी विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
ब्रेल लेखन प्रणाली के आविष्कारक लुई ब्रेल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में हर साल 4 जनवरी को विश्व ब्रेल दिवस मनाया जाता है।
——-
सिखों के 10वें और अंतिम गुरु श्री गुरू गोबिंद सिंह की 358वीं जयंती पर तीन दिवसीय प्रकाश उत्सव आज से पटना शहर के तख्त श्री हरिमंदिर साहिब में शुरू हुआ। यह स्थान खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह का जन्म स्थान है। प्रकाश उत्सव प्रभातफेरी निकालने के साथ शुरू हुआ। आज रात नौ बजे भजन-कीर्तन सत्र का आयोजन होगा। प्रकाश पर्व के दूसरे दिन विशाल नगर कीर्तन आयोजित किया जाएगा, जो तख्त श्री हरमंदिर साहब में सम्पन्न होगा।
——-
पंजाब के अमृतसर में, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने श्री हरमंदिर साहिब के परिसर में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी को समर्पित एक नगर कीर्तन निकाला। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए।
——-
अजमेर में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भेजी चादर चढ़ाई गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने 813वें उर्स के मौके पर दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाई। श्री रिजिजू ने बताया कि उन्होंने बुलंद दरवाजे से प्रधानमंत्री का संदेश पढ़ा।
चादर के साथ-साथ मोदी जी का जो संदेश पत्र को हमने पढ़ा है और प्रधानमंत्री जी ने संदेश में हमारे जो इस दरगाह से जो संदेश दुनिया में जाता है उसको कायम रखने के लिए एक जुट होकर के पूरा हमारा हिंदुस्तान देश भाईचारा के साथ हर एक पंत, हर एक धर्म, एक साथ, देश के लिए समाज के लिए विश्व शांति के लिए काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि ख्वाजा साहब के कल्याणकारी विचारों ने पूरी दुनिया पर प्रभाव डाला है। दुनिया भर के लोगों के बीच प्रेम और सद्भाव फैलाने वाले सूफी संत में गहरी आस्था है। श्री रिजिजू ने जायरीन के लिए दरगाह वेब पोर्टल और गरीब नवाज ऐप भी लॉन्च किया।
——-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्तुत कर रहा हैा आज हम पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर नजर डालेंगे।
पूर्वोत्तर क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं के लिए लगभग 1970 करोड रुपए की कुल 86 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है पिछले साल की शुरुआत में मंत्रालय ने पारंपरिक कलाओं शिल्पो और संस्कृतियों को एक जीवनशास्ञ के नीचे मिश्रित करते हुए पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध विविधता को प्रदर्शित करने के लिए अमृत महोत्सव का आयोजन किया था 2024 का मुख्य आकर्षण पहले अष्ट लक्ष्मी महोत्सव था जो पूर्वोत्तर भारत के जीवन कपड़ा क्षेत्र पर्यटन के अवसरों पारंपरिक शिल्प कौशल और विशिष्ट भौगोलिक संकेत टैग वाले उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया था। पूर्वोत्तर क्षेत्र के किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए कृषि वस्तु की कनेक्ट एप भी लॉन्च किया गया। सुमित शाह के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——-
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि सरकार शैक्षणिक अवसंरचना को और बेहतर बनाने के लिए अधिक धनराशि उपलब्ध कराएगी। आज दिल्ली विश्वविद्यालय में समर्पण समारोह का उद्घाटन करते हुए उन्होंने यह बात कही। कार्यक्रम के दौरान श्री प्रधान ने सशक्त बेटी और ई-दृष्टि परियोजनाओं का शुभारम्भ किया।
——-
कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने आज पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के फुलिया में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की और छात्रों से बातचीत भी की। श्री सिंह ने एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत पौधारोपण भी किया।
——-
हमास ने इस बात की पुष्टि की है कि गज़ा पट्टी में पूर्ण संघर्ष विराम का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कतर के दोहा में इस्राइल के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत शुरू हो गई है। एक विज्ञप्ति में हमास ने बताया कि ताजा दौर की वार्ता, व्यापक और अस्थायी संघर्ष विराम तथा गज़ा से इस्राइली सैनिकों की वापसी पर केन्द्रित रहेगी। विस्थापित फलीस्तीनियों की सुरक्षित और त्वरित वापसी भी वार्ता का लक्ष्य है।
——-
मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति का पूर्वानुमान लगाया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और सिक्किम में आज रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना व्यक्त की गई है।
——-
मौसम विभाग ने जम्मू और कश्मीर में आज देर रात से लेकर सोमवार सुबह तक भारी बर्फबारी का अनुमान लगाया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन जारी है, जबकि श्रीनगर से कारगिल की और यातायात भी जारी है। सुबह दो उड़ाने रद्द कर दी गई, जबकि श्रीनगर हवाई अड्डे से उड़ान संचालन अभी जारी है। पर्यटकों, यात्रियों, और ट्रांसपोर्टों को सलाह दी गई है कि वे यातायात सलाह के अनुसार अपनी अंतर जिला यात्रा और पर्यटन स्थलों की यात्रा की योजना बनाएं। प्रशासन ने पूरे जम्मू कश्मीर में किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए उपयुक्त आकस्मिक मंसूबे बनाए हैं। तारिक राथेर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
——-
इधर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 385 दर्ज किया गया।
——-
खेल खबरों के साथ हैं- मुकेश कुमार बल।
सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी क्रिकेट श्रृंखला के निर्णायक पांचवे और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 141 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर भारत ने 145 रन की बढत हासिल कर ली है। हॉकी इंडिया लीग में आज श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला दिल्ली एसजी पाइपर्स से होगा। एक अन्य मुकाबले में हैदराबाद तूफान का सामना गोनासिका से होगा। उधर, टेनिस में, भारत के सुमित नागल ने आज ऑकलैंड में एएसबी क्लासिक टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स क्वालीफायर में न्यूजीलैंड के अलेक्जेंडर क्लिंटचारोव को हरा दिया। कल अन्तिम क्वालीफाइंग मुकाबले में उनका सामना फ्रांस के एड्रियन मानारिनो से होगा।
——-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्रामीण लोगों को सम्मानजनक जीवन देने की अपनी सरकार की प्राथमिकता दोहराई। श्री मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में छह दिवसीय ग्रामीण भारत महोत्सव का उद्घाटन किया।
- भारतीय स्टेट बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भारत की ग्रामीण गरीबी पिछले वित्त वर्ष में घटकर 4 दशमलव आठ छह प्रतिशत हो गई जो वर्ष 2011-12 में 25 दशमलव सात प्रतिशत थी।
- भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की।
- गुरु गोबिंद सिंह की 358वीं जयंती पर प्रकाश उत्सव पटना में शुरू।
- उत्तर भारत में भीषण शीतलहर जारी, मौसम विभाग ने रात के समय घना कोहरा छाये रहने का अनुमान व्यक्त किया।
- सिडनी में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में, भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में 6 विकेट पर 141 रन बना लिए हैं। उसकी कुल बढत 145 रन हुई।
——-