मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। कहा-राष्ट्रीय राजधानी के लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य जारी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बेंगलुरु में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुईं।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी से असम के लिए कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। तीन रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और आकाशवाणी कोकराझार में 10 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया।
- उत्तर भारत में घना कोहरा और शीतलहर जारी। कोहरे के कारण विमान और रेलगाड़ियों की आवाजाही बाधित।
- सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें तथा अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 185 रन पर सिमटी।
*********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री इस समय जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। आइये सुनते हैं।
श्री मोदी राष्ट्रीय राजधानी के अशोक विहार में झुग्गी बस्तियों के निवासियों के लिए लगभग 1700 नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन किया और पात्र लाभार्थियों को चाबियाँ सौंपीं। इस परियोजना का उद्देश्य झुग्गी बस्तियों में रह रहने वाले लोगों को उचित सुख-सुविधाओं से युक्त बेहतर और स्वस्थ रहने का माहौल प्रदान करना है।
इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं- नौरोजी नगर में विश्व व्यापार केंद्र और सरोजिनी नगर में जनरल पूल आवासीय आवास टाइप-II क्वार्टर का भी शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने द्वारका में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के एकीकृत कार्यालय परिसर और दिल्ली विश्वविद्यालय में 600 करोड़ रुपये से अधिक की तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में पूर्वी परिसर में अकादमिक ब्लॉक और द्वारका में पश्चिमी परिसर में अकादमिक ब्लॉक की आधारशिला रखी। श्री मोदी ने नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला भी रखी।
बाद में लोगों को संबोधित करते हुए सभी को नववर्ष 2025 की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष भारत के लिए वैश्विक मंचों पर नई उपलब्ध्यिों का वर्ष होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दिल्ली के छात्रों को दिल्ली में ही बेहतरीन शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराये जाए।
*********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बेंगलुरु में, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान- निमहांस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। इस अवसर पर उन्होंने एक नए मनोचिकित्सा ब्लॉक, केंद्रीय प्रयोगशाला परिसर और छात्रावास भवन का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाएं हरेक क्षेत्र में आगे बढ रही हैं और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए निमहंस को बधाई दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने स्ट्रोक के इलाज, आत्महत्याओं को रोकने और मादक द्रव्यों के सेवन से पीड़ित लोगों की मदद करने में निमहंस के योगदान की सराहना की।
*********
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में द्वीप विकास एजेंसी की सातवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अंडमान और निकोबार के उपराज्यपाल देवेन्द्र कुमार जोशी, लक्षद्वीप प्रशासक प्रफुल्ल पटेल, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 2017 में स्थापित द्वीप विकास एजेंसी देश में द्वीपों के समग्र विकास पर केंद्रित है।
*********
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला खलील के बीच आज नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। अपने उद्घाटन भाषण में डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया है। उन्होंने दोहराया कि भारत हमेशा मालदीव के साथ खड़ा है और देश ने मालदीव के लिए आवश्यक वस्तुओं के निर्यात को सुविधाजनक बनाया है।
*********
केंद्रीय रेल तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज गुवाहाटी से तीन रेलगाड़ियों गुवाहाटी-न्यू लखीमपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस, न्यू बोंगाईगांव-गुवाहाटी पैसेंजर ट्रेन और तिनसुकिया-नाहरलागुन एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने असम में कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
श्री वैष्णव ने आकाशवाणी कोकराझार में 10 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन से वर्चुअली नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी डीम्ड यूनिवर्सिटी का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर वैष्णव ने कहा-
मोदी जी ने लुक ईस्ट पॉलिसी को बदला एक्ट ईस्ट में और एक एक्ट ईस्ट के कारण बहुत बड़ा इन्वेस्टमेंट नॉर्थ ईस्ट के लिए आया। मैं पूरे अष्टलक्ष्मी स्टेटस का अगर कहूं तो जहां 2013-14 में 24000 करोड़ रूपीस का बजट था, 2024 25 में 5 गुना बढ़ के 125000 करोड़ का अष्टलक्ष्मी स्टेट के लिए बजट है।
श्री. वैष्णव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए लुक ईस्ट पॉलिसी को एक्ट ईस्ट पॉलिसी में बदल दिया और अब इस क्षेत्र में बेहतर निवेश हो रहा है। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ भी उपस्थित थे।
*********
तमिलनाडु में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी डीएमके सांसद कथिर आनंद के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी कर रहे हैं। कथिर आनंद राज्य मंत्री और डीएमके पार्टी के वरिष्ठ नेता दुरई मुरुगन के बेटे हैं। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी मंत्री के सहयोगी पुंचोलाई के परिसरों की भी तलाशी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई 2019 में कर चोरी के सिलसिले में की जा रही हैं।
*********
पंजाब में कैदियों को शिक्षित कर उन्हे रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए 15 शिक्षकों को स्थायी रूप से नियुक्त किया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि शिक्षक न केवल कैदियों को बल्कि उनके बच्चों को भी पढ़ाएंगे।
कैपिटल मंत्री लालजीत भुल्लर ने बताया कि विभाग के शिक्षा दांत प्रोजेक्ट के तहत करीब 2200 कैदी विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रम में नामांकित है। इस महीने जनवरी में 513 कैदियों को इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर और दर्जी इत्यादि कोर्सेज में कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पाठ्यक्रम पंजाब कौशल विकास मिशन द्वारा संचालित किए जाएंगे। जेल विभाग ने वर्ष 2024-25 के दौरान तीन हजार 70 कैदियों को विभिन्न कौशल में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है। अब तक 1600 से अधिक कैदियों को विभिन्न कौशल कैसे जूट बैग बनाने, सॉफ्टवेयर बनाने, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर कोर्स और डेयरी फार्मिंग के अलावा कई अन्य पाठ्यक्रमों में सिखलाई दी जा चुकी है। इन प्रशिक्षित कैदियों को प्रमाण-पत्र भी जारी किए जाते हैं, ताकि जेल से रिहा होने के बाद उन्हें अपनी जिंदगी अच्छे से बिताने के लिए रोजगार मिल सके। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
*********
ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने आज सुबह भुवनेश्वर में राजभवन में शपथ ली। ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति चरधारी शरण सिंह ने उन्हें राज्य के 27वें राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई।
*********
पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने आज इम्फाल स्थित राजभवन आयोजित एक समारोह में मणिपुर के राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
*********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्तुत कर रहा हैा आज हम अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों पर नजर डालेंगे।
केंद्र सरकार ने पिछले साल अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए कई कारगर कदम उठाए हैं। पिछले वर्ष जुलाई में लोक संवर्धन पर्व मनाया गया, जिसमें पूरे भारत के अल्पसंख्यक कारीगरों की स्वदेशी कला शिल्प और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों के 162 कारिगरों द्वारा बनाए गए विभिन्न राज्यों के 70 से अधिक उत्कृष्ट हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा अल्पसंख्यक समुदायों के बीच पिछड़े वर्गों के सामाजिक आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए अल्पसंख्यक मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास और वित्त निगम की स्थापना की गई, जिसने इस वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक 1.84 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 765 करोड रुपए का रियाल इंडियन जारी किया है। मंत्रालय ने हज पर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए हर सुविधा आप भी लॉन्च किया भानु प्रताप सिंह आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*********
गणतंत्र दिवस शिविर 2025 में राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाली नौ सौ 17 बालिका कैडेटों सहित दो हजार तीन सौ से अधिक कैडेट भाग लेंगे। नई दिल्ली में आज आकाशवाणी से विशेष बातचीत करते हुए एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह ने कहा कि इस सिलसिले में आयोजित होने वाले शिविर का औपचारिक उद्घाटन 5 जनवरी को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे।
*********
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनके देश में हिरासत में लिए गए 95 भारतीय मछुआरों और भारत में हिरासत में लिए गए 90 बांग्लादेशी मछुआरों की पारस्परिक प्रत्यावर्तन प्रक्रिया कल से शुरू हुई। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
बांग्लादेश के विदेश सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने गुरुवार को ढाका में संवाददाताओं से कहा कि यदि औपचारिकताएं तय कार्यक्रम के अनुसार हुईं, तो मछुआरों का आदान-प्रदान रविवार को होगा। बांग्लादेश की बागेरहाट और पटुआखली जिला जेलों में बंद 95 भारतीय मछुआरों/चालक दल के सदस्यों को गुरुवार को रिहा कर दिया गया है। इसके अलावा, बांग्लादेश में हिरासत में ली गई छह भारतीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं और भारत में हिरासत में ली गई दो बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं का भी दोनों तटरक्षकों के बीच आदान-प्रदान किया जाएगा। बांग्लादेश के अधिकारियों ने अक्टूबर और नवंबर 2024 के दौरान बांग्लादेश जल क्षेत्र के अंदर कुल 95 भारतीय मछुआरों और छह मछली पकड़ने वाली नौकाओं को हिरासत में लिया था। नवलसंग परमार, आकाशवाणी समाचार, ढाका।
*********
देश के उत्तरी भाग में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से कई विमानों और रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण लगभग 50 उड़ानों में देरी हुई।
दिल्ली आने वाली करीब 24 ट्रेन 5 घंटे तक की देरी से चल रही ।है उत्तर रेलवे के सभी पांच मंडलों के 292 स्टेशनों पर घना कोर छाया हुआ है जिसकी वजह से आज दृश्यता 30 मीटर से 50 मीटर के बीच पहुंच गई। कम दृश्यता और घने कोहरे के कारण गोरखधाम एक्सप्रेस फराह का एक्सप्रेस कालिंदी एक्सप्रेस श्रम शक्ति एक्सप्रेस महाबोधि एक्सप्रेस मालवा एक्सप्रेस यूपी संपर्क क्रांति और अयोध्या एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें देरी से चल रही है। रेलवे ने यात्रियों को हिदायत दी है कि मैं ट्रेनों में चढ़ने से पहले सही समय की जानकारी लें। वहीं दिल्ली हवाई अड्डे पर भी कई विमान देरी से उड़ान भर रहे हैं। खासकर बी विमान जो कैटेगरी के अनुरूप नहीं है यात्रियों को विमान के उड़ान भरने की सही जानकारी हासिल करने के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की भी सलाह दी गई है। उपेंद्र सिंह के साथ अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*********
इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन तक उत्तरी, पूर्वी और मध्य भारत में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। समूचे उत्तर भारत में शीतलहर और कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है।
*********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के उर्स पर लोगों को बधाई दी है। उन्होंने सभी के जीवन में प्रसन्नता और शांति की कामना की है। अल्पसंख्यक कार्यमंत्री किरेन रिजिजू कल अजमेर शरीफ में श्री मोदी की ओर से चादर चढाएंगे।
*********
समाज सुधारक सवित्रीबाई फुले की आज जंयती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। एक सोशल मीडिया पर पोस्ट में प्रधानमंत्री ने सवित्रीबाई फुले को महिला सशक्तिकरण की सूत्रधार और शिक्षा तथा सामाजिक सुधार के क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत और मार्गदर्शक बताया।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रानी वेलु नाचियार को उनकी जंयती पर श्रद्धांजलि दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि रानी वेलु नाचियार ने औपनिवेशिक शासन के विरूद्ध लडाई में अतुलनीय प्रक्रम और रण्नीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
*********
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉडर्र-गावस्कर ट्रॉफी का पांचवां तथा अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच सिडनी में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहली पारी में भारत ने सभी विकेट खोकर 185 रन बनाए हैं और आज का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में एक विकेट पर 9 रन बना लिये थे। मेजबान टीम अभी भी 176 रन पीछे है।
*********
हॉकी इंडिया लीग में आज तमिलनाडु ड्रैगन्स का मुकाबला वेदांता कलिंगा लैंसर्स से होगा। यह मैच रात सवा 8 बजे से खेला जाएगा।
*********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। कहा-राष्ट्रीय राजधानी के लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य जारी।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बेंगलुरु में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुईं।
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुवाहाटी से असम के लिए कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। तीन रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और आकाशवाणी कोकराझार में 10 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन किया।
- उत्तर भारत में घना कोहरा और शीतलहर जारी। कोहरे के कारण विमान और रेलगाड़ियों की आवाजाही बाधित।
- सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें तथा अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 185 रन पर सिमटी।
*********