Download
Mobile App

android apple
signal

January 2, 2025 3:19 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दूर-दराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
  • उत्‍तर भारत में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित।
  • भारत ने भूकंप प्रभावित वानुअतु को राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण प्रयासों में सहायता के लिए पांच लाख अमरीकी डॉलर की राहत सहायता की घोषणा की।
  • मोंटेनेग्रो में गोलीबारी की घटना में दो बच्चों सहित 10 लोगों की मौत। अमेरिका में न्यूयॉर्क के क्वींस में एक नाइट क्लब के बाहर गोलीबारी में 11 लोग घायल।
  • गणतंत्र दिवस परेड 2025 और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री शुरू।
  • और, हॉकी इंडिया लीग में, राउरकेला में आज सूरमा हॉकी क्लब का मुकाबला यूपी रुद्राज़ से होगा।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्‍ट्र में दूरदराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के राज्‍य सरकार के प्रयासों की सराहना की है। श्री मोदी ने कहा कि इन प्रयासों से निश्चित रूप से जीवन सुगमता को बढ़ावा मिलेगा और तीव्र प्रगति का मार्ग प्रशस्‍त होगा। उन्‍होंने विशेष रूप से गढ़चिरौली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बधाई दी।

 

इन क्षेत्रों में कल 11 नक्‍सलियों ने मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस के समक्ष आत्‍मसमर्पण किया था। श्री फडणवीस ने कहा कि अधिक संख्‍या में माओवादियों के हथियार डालने और और नए लोगों को अपने गिरोह में शामिल करने में उनकी विफलता को देखते हुए महाराष्‍ट्र जल्‍द ही नक्‍सल समस्‍या से मुक्‍त हो जाएगा। मुख्‍यमंत्री ने जिले में वांगेतुरी-गार्देवदा-गट्टा-अहेरी मार्ग पर महाराष्‍ट्र राज्‍य परिवहन निगम की 32 किलोमीटर लंबी गट्टा-गार्देवदा–वांगेतुरी सड़क का उद्घाटन भी किया।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि डिजिटल कॉमर्स के लिए ओपन नेटवर्क-ओ.एन.डी.सी. ने छोटे व्‍यापारियों के सशक्तिकरण और ई-कॉमर्स के क्षेत्र में क्रांति लाने में महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि विकास और खुशहाली बढ़ाने में ओएनडीसी महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ओएनडीसी ने पिछले तीन वर्षों में असंख्‍य उपलब्धियां हासिल की है और व्‍यापारियों, विशेष रूप से लघु उद्यमियों के सशक्तिकरण में मदद की है।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री कल दिल्‍ली में विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। वे राष्‍ट्रीय राजधानी के अशोक विहार में झुग्‍गी झोपड़ी बस्तियों के निवासियों के लिए करीब एक हजार सात सौ नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन करेंगे और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौपेंगे।

 

श्री मोदी शहर में दो नगर पुनर्विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

 

———————————–

 

गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में ‘‘जम्मू कश्मीर एंड लद्दाख: थ्रू द एजेस’’ पुस्तक का विमोचन करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस पुस्तक को सात खंडों में प्रस्तुत किया गया है और इसमें तीन हजार वर्षों से अधिक के इतिहास का संकलन है।

 

———————————–

 

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्‍टर वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि सरकार घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। आज नई दिल्ली में विमुक्त, घुमंतू और अर्ध घुमंतू समुदायों के कल्याण पर एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्‍होंने इस दिशा में राज्यों से केंद्र के साथ सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों के पास उचित दस्तावेजों की कमी के कारण उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है।    

 

———————————–

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पर किसानों के लिए लाभकारी केंद्र की योजनाओं को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया है। श्री चौहान ने मुख्‍यमंत्री आतिशी को पत्र लिखकर कहा कि वे किसानों के हित में निर्णय लेने में विफल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक दशक तक सत्ता में रहने के बावजूद किसानों से किए वादों को पूरा नहीं किया। उन्‍होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसानों के हित में निर्णय लेना चाहिए और केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करके किसानों को राहत देनी चाहिए।

 

———————————–

 

बिहार में नवनियुक्त राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने आज राज्य के 42वें राज्यपाल के रूप में पद की शपथ ली। पटना के राजभवन में आयोजित एक समारोह में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।

 

उधर, बिहार के पूर्व राज्‍यपाल राजेन्‍द्र विश्‍वनाथ आर्लेकर ने आज केरल के 23वें राज्‍यपाल के रूप में शपथ ली।

 

———————————–

 

भारत ने दक्षिणी प्रशांत महासागर में स्थित वानुआतु में 5 लाख अमरीकी डॉलर की तत्काल राहत सहायता की घोषणा की है। 17 नवंबर को दक्षिण प्रशांत महासागर में वानुआतु तट के पास 7 दशमलव 4 तीव्रता का भूकंप आया था। इससे बड़ी तबाही और जानमाल की हानि हुई थी। भारत ने इस आपदा से हुए नुकसान के लिए वानुअतु सरकार और लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और संकट के इस समय में हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

 

———————————–

 

बंगलादेश में चट्टोग्राम की एक अदालत ने आज चिन्‍मय कृष्‍णादास ब्रह्मचारी की जमानत याचिका रद्द कर दी। बंगलादेश सम्मिलिता सनातनी जागरण जोट के प्रवक्‍ता और इस्‍कॉन के पूर्व पुजारी चिन्‍मय कृष्‍णादास को पिछले वर्ष 25 नवम्‍बर को ढाका हवाई अड्डे से देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस समय वे जेल में हैं।

 

भारत के गृह मंत्रालय ने चिन्‍मय दास की गिरफ्तारी पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए बंगलादेश सरकार से कहा है कि वे अल्‍पसंख्‍यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

 

ब्रिटेन के सांसदों ने भी चिन्‍मय दास की गिरफ्तारी और बंगलादेश के हिन्‍दू अल्‍पसंख्‍यकों के खिलाफ हिंसक गतिविधियों पर चिंता व्‍यक्‍त की है।

 

———————————–

 

दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने अपनी एमनेस्टी सुविधा के सफल संचालन की घोषणा की है। यह सुविधा एक सितंबर 2024 से शुरू की गई थी। वाणिज्य दूतावास और अल अवीर के केंद्रों के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात-यू.ए.ई. में नियमित वीज़ा प्राप्‍त करने के इच्छुक 15 हजार से अधिक भारतीय नागरिकों को व्यापक सहायता प्रदान की गई।

 

———————————–

 

भारत ने म्यांमां के साथ सीमा पर नौ किलोमीटर से अधिक की बाड़ लगाने का काम पूरा कर लिया है। बाड़ के समानांतर सड़क बनाने का काम अभी चल रहा है। मणिपुर के मोरेह में बाड़ लगाने का काम पूरा हो गया है। भारत और म्यांमां के बीच एक हजार 643 किलोमीटर लंबी सीमा है जो अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम राज्‍यों से होकर गुजरती है।

 

———————————–

 

जम्मू-कश्मीर में, रेलवे सुरक्षा आयुक्त इस महीने की 7 और 8 तारीख को कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल संपर्क पूरा करने के प्रयास के हिस्‍से के रूप में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल सम्‍पर्क के अंतर्गत कटरा-रियासी खंड का अंतिम निरीक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जम्मू रेलवे डिवीजन का इस महीने की 6 तारीख को नई दिल्ली से वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।

 

———————————–

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कई परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए दिल्ली एनसीआर में सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से सेंट्रल विस्टा को मेट्रो लाइन के माध्यम से जोड़ने का अनुरोध किया है जो यात्रियों की सेवा कर सके और यातायात की भीड़ को कम कर सके।

 

सेंट्रल विस्‍टा को भी मेट्रो से जोड़ना चाहिए, ताकि जो ऑफिसर्स, कर्मचारी और सभी स्‍टाफ है, उन लोगों को भी सहूलियत हो और दिल्‍ली में जो ऑफिस आवर्स में आने का और ऑफिस से वापस जाने का जो जाम दिल्‍ली में लगता है, जिससे प्रदूषण भी होता है, उससे निजात मिल सके।     

   

पार्टी के एक अन्य नेता मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी पर राष्ट्रीय राजधानी में विकास की कमी का आरोप लगाया।

 

हम डेवलपमेंट में विश्‍वास करते हैं, मगर दुर्भाग्‍य से हम यह डेवलपमेंट भी विपरीत परिस्थिति में कर रहे हैं। दिल्‍ली में एक ऐसी सरकार है जिसका आधार ही झूठ है और लूट है। उसके बाद भी पीछे भी हमने, आपने देखा चाहे वो द्वारिका एक्‍सप्रेस हो, एन एच-24 हो, प्रगति मैदान का टनल हो, मेट्रो की जाल हो, तो हमारा यह उद्देश्‍य है कि हम लोग भी उनके नकारात्‍मक सोच को छोड़कर करके हम थोड़ा आगे बढ़े।  

 

———————————–

 

दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवास में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो बांग्लादेशी नागरिकों और दो भारतीय मददगारों को गिरफ्तार किया है। दक्षिणी दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्‍त संजय कुमार जैन ने बताया कि पिछले एक महीने में 12 बांग्लादेशियों को निर्वासित किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से फर्जी दस्‍तावेज बरामद हुए हैं।

 

बंग्‍लादेशी इमीग्रेंट को लाने वाला रैकिट बस्‍ट किया है। इससे पहले दो रैकेट बस्‍ट किए गए थे। इस रैकिट में हमने अब तक दो बंग्‍लादेशी और दो इंडियन लोगों को गिरफ्तार किया है। दो बंग्‍लादेशी जो हैं वो हसबैण्‍डवाइफ हैं। इनका नाम बिलाल हुसैन और खान है। इसके अलावा दो हमने जो इंडियन पकड़े हैं उसमें एक नाम अमिलुइस्‍लाम है जो मेघालय असम का रहने वाला है और दूसरा आशीष मेहरा जो गुडगांव का रहने वाला है।  

 

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रह रहे अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

 

———————————–

 

पंजाब में, पुलिस की साइबर अपराध डिवीजन हेल्‍पलाइन पर वर्ष 2024 के दौरान वित्‍तीय धोखाधड़ी की 35 हजार शिकायतें मिलीं। इनमें चार सौ 76 करोड रूपये से अधिक की धोखाधडी के मामले शामिल हैं।

 

———————————–

 

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के तांदी गांव में कल शाम हुए भीषण अग्निकांड की एक घटना में 17 रिहायशी मकान जलकर नष्‍ट हो गए हैं। इस घटना में करोड़ों रूपये की संपति को नुकसान पहुंचा है। एक रिपोर्ट-

 

अग्निकांड की घटना में छह गौशालाएं और देवता का एक भंडार भी जलकर राख हो गया है। दमकल कर्मियों सहित स्थानीय लोगों को आग पर काबू पाने पर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मगर लोगों के काष्ठकुणी शैली में बने घर देखते ही देखते राख के ढेर में तबदील हो गए। प्रदेश में चल रही शीतलहर के बीच प्रभावित परिवार ठंड में ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा फौरी राहत के तौर पर प्रभावित परिवारों को कंबल व तिरपाल बांटे गए हैं। आग के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। प्रभा शर्मा आकाशवाणी समाचार शिमला।

 

———————————–

 

आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में आपके लिए वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्‍तुत कर रहा है। आज, हम इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर नज़र डालेंगे।

 

केन्‍द्र सरकार ने 2024 में डिजिटल प्रणाली को मजबूत करने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई पहल की है। भारत के डिजिटल ईको सिस्‍टम में खरीद के लिए गवर्नमेंट ईमार्केट प्‍लेस जेम्‍स, सरकारी सेवाओं के लिए उमंग, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा के लिए ईसंजीवनी और न्‍याय के लिए ईकोर्ट्स की शुरुआत की गई। इसके अलावा यूपीआई ने कई बैंक खातों को एक ही मोबाइल एप्‍लीकेशन में एकीकृत कर देश के भुगतान प्रणाली में क्रांति ला दी है। पिछले साल जून तक यूपीआई के माध्‍यम से 24 हजार करोड़ से अधिक के वित्‍तीय लेनदेन की सुविधा प्रदान की गई। वहीं, साइबर सुरक्षित भारत पहल के तहत इलेक्‍ट्रोनिक्‍स और आईटी मंत्रालय साइबर खतरों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। इसके अलावा डीजी लॉकर के माध्‍यम से भौतिक दस्‍तावेजों के उपयोग को कम करने में मदद मिली है और एजेंसियों के बीच ईदस्‍तावेजों के आदानप्रदान को सक्षम बनाया है। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।  

 

———————————–

 

यूरोपीय देश मॉंटेग्रो में एक बंदूकधारी ने कल दक्षिणी शहर सेटिनजे में गोलीबारी कर 10 लोगों को मार दिया। यह हमला स्थानीय समयानुसार शाम साढ़े पांच बजे बाजिस गांव में शुरू हुआ। मरने वालों में 10 और 13 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं।

 

हमलावर को पकड़ने के लिये तलाश अभियान के दौरान 45 वर्षीय एक संदिग्ध ने पुलिस से घिर जाने पर स्वयं को गोली मार ली।

 

मॉंटेग्रो सरकार ने आज से तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

 

———————————–

 

अमरीका के न्यूयॉर्क में कल रात एक नाइट क्लब के बाहर गोलीबारी में 11 लोग घायल हो गए। गोलीबारी जमैका के अमज़ुरा नाइट क्लब के निकट रात 11 बजकर बीस मिनट के आसपास हुई। पिछले 24 घंटों के भीतर अमरीका में इस तरह की यह तीसरी घटना है।

 

———————————–

 

देश के उत्तरी क्षेत्र में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से कई रेलगाडियों की आवाजाही पर असर पड़ा है। रेलवे के अनुसार, दिल्ली आने वाली 43 रेलगाडियां पांच घंटे तक की देरी से चल रही हैं।

 

———————————–

 

मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमालय की तराई वाले पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कल तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की सम्‍भावना है।

 

———————————–

 

गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू हो गई है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि टिकट सेना भवन, शास्त्री भवन, जंतर-मंतर, प्रगति मैदान और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से मूल फोटो पहचान पत्र दिखाकर खरीदे जा सकते हैं।

 

———————————–

 

हॉकी इंडिया लीग में आज ओडिसा के राउरकेला में सुरमा हॉकी क्लब का मुकाबला यूपी रुद्रास से होगा। यह मैच बिरसामुंडा हॉकी स्टेडियम में सवा आठ बजे शुरू होगा।

 

———————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दूर-दराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
  • उत्‍तर भारत में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित।
  • भारत ने भूकंप प्रभावित वानुअतु को राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण प्रयासों में सहायता के लिए पांच लाख अमरीकी डॉलर की राहत सहायता की घोषणा की।
  • मोंटेनेग्रो में गोलीबारी की घटना में दो बच्चों सहित 10 लोगों की मौत। अमेरिका में न्यूयॉर्क के क्वींस में एक नाइट क्लब के बाहर गोलीबारी में 11 लोग घायल।
  • गणतंत्र दिवस परेड 2025 और बीटिंग रिट्रीट के लिए टिकटों की बिक्री शुरू।
  • और, हॉकी इंडिया लीग में, राउरकेला में आज सूरमा हॉकी क्लब का मुकाबला यूपी रुद्राज़ से होगा।

 

———————————–