मुख्य समाचार:-
• सरकार ने डिजिटल ज्ञान संसाधनों तक निर्बाध पहुंच के लिए आज “वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन” योजना शुरू की।
• रक्षा मंत्रालय ने युद्ध की तैयारी और तकनीकी प्रगति को बढ़ाने के लिए वर्ष 2025 को ‘सुधारों का वर्ष’ घोषित किया।
• दुनिया भर में नव वर्ष 2025 का स्वागत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया।
• मौसम विभाग ने देश के उत्तरी भागों में शीत लहर की संभावना व्यक्त की।
• हॉकी इंडिया लीग में आज शाम ओडिशा के राउरकेला में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से होगा।
******************************
सरकार ने आज से वन नेशन वन ससब्सक्रिप्शन-ओएनओएस योजना की शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिंगल सब्सक्रिप्शन प्लेटफार्म के तहत शोधपत्रों, जरनलों और शैक्षिक सामग्री सहित व्यापक डिजिटल ज्ञान संसाधनों तक निर्बाध पहुंच उपलब्ध कराना है। इस योजना से अलग-अलग जगह सब्सक्रिप्शन लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ज्ञान सबको सुलभ होगा।
विश्वविद्यालयों और आईआईटी सहित सरकारी सहायता प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थानों के एक करोड 80 लाख विद्यार्थियों को इस पहल के अंग के रूप में दुनिया भर के शीर्ष जरनल में प्रकाशित शोध पत्रों को देखने की सुविधा मिलेगी। प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद ने बताया कि योजना तीन चरणों में लागू होगी।
फेज-वन में हमने सारी रिसर्च सैंट्रल और स्टेट गवर्मेंट की जितनी रिसर्च इन्स्टीट्यूट, यूनिवर्सिटीज़, कॉलेजिस सबको मिलाया। उसको एक्सपीरियंस करके हम फेज-टू में हमारी जो प्राइवेट यूनिवर्सिटीज़ और कॉलेजिस हैं उनको हम देखेंगे कि कैसे मिलाया जाए फेज टू में और फेज-थ्री जब होगा कि जब आपके कोई भी नागरिक देश का अगर वो नॉलेज को एक्सिस करना चाहता है कर पाए तो वो फेज-थ्री होगा। तो पहले तीन साल हमने फेज-वन किया है उसके बाद फेज-टू और उसके बाद फेज-थ्री।
केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने पिछले वर्ष 25 नवम्बर को वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन योजना को स्वीकृति दी थी। मंत्रिमंडल के फैसले के दौरान केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने योजना के बारे में विस्तार से बताया था। उन्होंने बताया कि ओएनओएस योजना के तहत तीन वर्ष की अवधि के लिए छह हजार करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। यह चुनिंदा उत्कृष्ट ओपन एक्सेस जर्नलों में प्रकाशन के वास्ते लाभार्थी लेखकों के लिए सालाना एक सौ पचास करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता भी उपलब्ध कराएगी।
एक अच्छा जनरल की एक्सेस कितनी कम रहती इसलिए प्रधानमंत्री जी ने इसको एक नए स्वरूप में डाला है कि क्यों ना हम सभी यूनिवर्सिटी अपने रिसोर्सिस को पूल कर लें, कॉमन कर लें। कॉमन करके जितने विश्व प्रसिद्ध जनरल हैं उन सबको खरीदें उनका सब्सक्रिप्शन करें और उसके बाद में देशभर में जितने भी हमारे एजुकेशनल इन्स्टीट्यूशंस हैं उन सब में वो उपलब्ध हो जाएं। इट्स ए वेरी इंट्रेस्टिंग थॉट एंड दिस इज़ लेट टू द सिक्स थाउजेंड करोड़, प्रोग्राम फॉर वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन।
******************************
रक्षा मंत्रालय ने रक्षा क्षेत्र में मौजूदा और भावी सुधारों को प्रोत्साहन देने के लिए 2025 को सुधारों का वर्ष घोषित किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कल रक्षा मंत्रालय के सभी सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में रक्षा क्षेत्र की प्रमुख योजनाओं, परियोजनाओं और सुधारों की प्रगति की समीक्षा की गई।
श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि सुधारों का वर्ष सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण की यात्रा में क्रांतिकारी कदम होगा। उन्होंने ये भी कहा कि इससे देश की रक्षा तैयारियों में अभूतपूर्व प्रगति की बुनियाद पड़ेगी।
इन सुधारों का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि सशस्त्र बलों को परिवर्तित करके प्रौद्योगिकी के लिहाज से उन्नत, बहुक्षेत्रीय समेकित अभियानों के लिए तैयार रहने में सक्षम बना दिया जाए। यह लक्ष्य हासिल करने के लिए कई क्षेत्रों की पहचान की गई है, जिन पर 2025 के दौरान मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा। इन क्षेत्रों में रक्षा विर्निर्माण को प्रोत्साहन, बुनियादी ढांचे में सुधार, खरीद प्रक्रियाओं में वृद्धि और कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई, ड्रोन और साइबर युद्ध नीतियों जैसी उभरती प्रौद्योगिकी के एकीकरण के क्षेत्र में प्रगति शामिल हैं।
******************************
भारतीय नौसेना इस महीने की 15 तारीख को मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड पर देश में निर्मित युद्धपोत नीलगिरी, सूरत और वाघशीर को कमीशन करने जा रही है। ये तीन युद्धपोत भारतीय नौसेना की युद्धक तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये युद्धपोत रक्षा आत्मनिर्भरता और स्वदेशी पोत निर्माण के क्षेत्र में देश की अतुलनीय प्रगति को दर्शायेंगे।
युद्धपोत नीलगिरी खुफिया सुविधाओं और विश्व स्तरीय प्रौद्योगिकी से सुसज्जित है। सूरत युद्धपोत डिजाइन और क्षमताओं में मजबूत वृद्धि को दर्शाता है।
वाघशीर विश्व की अत्यधिक शांत और बहुमुखी डीजल-इलैक्ट्रिक पनडुब्बियों में से एक है।
भारतीय नौसेना के अनुसार इन तीनों नौसैनिक युद्धक मंचों का निर्माण और डिजाइन मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड में किया गया है। यह देश की बढती आत्मनिर्भरता का एक प्रमाण है।
******************************
भारत का अवसंरचना उत्पादन नवम्बर में चार महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। अवसंरचना उत्पादन का देश के औद्योगिक उत्पादन में योगदान लगभग चालीस प्रतिशत है। नवम्बर के दौरान आठ प्रमुख क्षेत्रों में से छह में वृद्धि के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई। सीमेंट, कोयले, इस्पात, विद्युत, रिफाइनरी उत्पादों और उवर्रक के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि देखी गई।
वाणिज्य उद्योग मंत्रालय के अंतरिम आंकड़ों के अनुसार नवम्बर में आठ प्रमुख उद्योगों का सूचकांक चार दशमलव तीन प्रतिशत बढ़ गया। यह अक्टूबर की तुलना में तीन दशमलव सात प्रतिशत अधिक है। कोयला उत्पादन साढ़े सात प्रतिशत, पैट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन दो दशमलव नौ प्रतिशत, उवर्रक दो प्रतिशत, इस्पात चार दशमलव आठ प्रतिशत और सीमेंट उत्पादन 13 प्रतिशत बढ़ गया। इस महीने बिजली उत्पादन तीन दशमलव आठ प्रतिशत बढ़ा। इस बीच, पिछले वर्ष के नवम्बर की तुलना में इस बार कच्चे तेल का उत्पादन दो दशमलव एक प्रतिशत संकुचित हुआ और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में एक दशमलव नौ प्रतिशत की गिरावट देखी गई। आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में सीमेंट, कोयले, कच्चे तेल, विद्युत, उवर्रक, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद और इस्पात के उत्पादन के संयुक्त और अलग-अलग प्रदर्शन को मापा जाता है।
******************************
विश्व में धूमधाम, उत्साह, आतिशबाजी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खुशी के साथ नववर्ष का स्वागत किया गया।
सबसे पहले प्रशान्त क्षेत्र के किरीबति में नववर्ष का स्वागत किया गया। नववर्ष का स्वागत समारोह अमरीकी समोआ में सबसे आखिर में आयोजित किया गया।
सिडनी से लंदन तक नववर्ष को आशा और आकांक्षाओं के साथ मनाया गया।
दुबई में विश्व के सबसे ऊंचे स्काईस्क्रैपर बुर्जखलीफा पर नववर्ष के स्वागत के लिए भव्य आतिशबाजी और रोशनी की गई।
लंदन में कड़कड़ाती ठंड के बीच टेम्स नदी के तट पर शानदार आतिशबाजी की हुई।
अमरीका, कनाडा, ब्राजील, अर्जेंटीना और बरमूडा में नव वर्ष के समारोह शुरू हो गए हैं।
भारत पारंपरिक हर्षोल्लास और धार्मिक भावना के साथ नए वर्ष का स्वागत कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नए साल के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने नागरिकों से उज्जवल भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने नव वर्ष को देश की गणतंत्र यात्रा में महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि यह वर्ष हमारे संविधान की शताब्दी की अंतिम तिमाही में प्रवेश का प्रतीक है।
नए साल में नागरिकों के शानदार स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि यह साल सभी के जीवन में नए अवसर, सफलता और अनंत खुशियां लाएगा।
राजधानी दिल्ली में बिरला मंदिर और झंडेवाला सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह की आरती में शामिल होने और देवी देवताओं का आशीर्वाद लेने के लिए लोग उमड़ रहे हैं।
******************************
मुंबई में प्रशासन ने नए वर्ष के उत्सव को हर्षोल्लास से मनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं। मरीन ड्राइव, जुहू बीच और गेटवे ऑफ इंडिया सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई।
इस अवसर पर अमृतसर में देश-विदेश से आए अनेक भक्तों ने श्री हरमिंदर साहिब के दर्शन किए और अपने तथा राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
वहीं, केरल में नृत्य, संगीत और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ पूरे राज्य में नए साल का जश्न मनाया गया।
******************************
महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव में आज 207वां शौर्य दिवस मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि विजयस्तंभ को नमन करने के लिए राज्य से और राज्य के बाहर से भी लाखों अनुयायी एकत्र हुए हैं।
207वें शौर्य दिवस के अवसर पर लाखों लोग विजयस्तंभ को नमन करने के लिए एकत्र आए हैं। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने भी आज विजयस्तंभ को वंदन किया। महाराष्ट्र के पुणे जिले का कोरेगांव भीमा गांव एक जनवरी, 1818 को भीमा नदी के तट पर लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई के लिए जाना जाता है। यह लड़ाई ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और पेशवाओं के बीच हुई थी और यह तीसरे एंग्लो-मराठा युद्ध का हिस्सा थी, जिसने पेशवा शासन के अंत को चिह्नित किया। इसके बाद, ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भारत के अधिकांश हिस्से पर नियंत्रण हासिल कर लिया। एक जनवरी, 1927 में, भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने इस विजय स्तंभ का दौरा किया और इसे सलामी दी।
******************************
महाकुम्भ मेला विश्व के सबसे बडे आध्यात्मिक समारोह के रूप में मनाया जाता है। यह मेला आस्था, संस्कृति और प्राचीन परंपरा का असाधारण उत्सव है। यह पवित्र उत्सव 12 वर्षो के अंतराल पर मनाया जाता है।
इस वर्ष प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। इस बार के महाकुंभ मेले में भक्ति और नवाचार का एक अद्वितीय मेल देखने को मिलेगा। मेले में अनुमानित 45 करोड श्रद्धालु आ सकते हैं, जिन्हें सुरक्षित और अच्छी अनुभूति प्रदान करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस वर्ष के कुंभ को उत्कृष्ट बनाने के लिए विश्व स्तरीय प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जा रहा है। डिजिटल भूमि आवंटन, 360 डिग्री के वर्चुअल रियलिटी स्टॉल और गूगल पर भौगोलिक सूचना प्रणाली आधारित नक्शे श्रद्धालुओं की भागीदारी को निर्बाध बनाएंगे। इस मेले में प्रयाग महात्मयम और समुद्र मंथन की पौराणिक कथाएं सुनाने वाले दो हजार ड्रोन के साथ एक शानदार ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा।
******************************
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर लोगों से किये गये वायदे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता डॉ0 सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के कई इलाके गर्मी के दौरान पानी के संकट का सामना करते रहे।
डॉ0 त्रिवेदी ने कहा कि आज की राजनीति में सभी राजनीतिक दल विश्वसनीयता के संकट की चुनौती का सामना कर रहे हैं।
******************************
पंजाब में लोगों को सुगम स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने एंड्राइड मोबाइल ऐप जारी किया है। इसका नाम स्टेट हैल्थ एजेंसी पंजाब रखा गया है।
इस डिजिटल प्लेटफार्म के उपयोग से लोग अपने मोबाइल फोन पर आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के लिए पात्रता की जांच आसानी से कर सकते हैं।
******************************
श्रीलंका की नौसेना द्वारा एक वर्ष पहले गिरफ्तार किये गए बीस मछुआरों को आज रिहा कर दिया गया। ये मछुआरे कोलम्बो से एक विमान से चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरे, जहां उनका स्वागत अधिकारियों ने किया। इन मछुआरों की रिहाई केन्द्र और राज्य सरकारों के हस्तक्षेप के बाद हुई है।
******************************
मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शीत लहर का अनुमान व्यक्त किया है। हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा।
******************************
वर्ष 2024 ने विभिन्न विषयों में ऐतिहासिक उपलब्धियों की एक श्रृंखला द्वारा चिह्नित, एक वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में भारत को मजबूत किया है।
खेलों में भारत की उल्लेखनीय सफलता पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए गए निरंतर प्रयासों का भी परिणाम है, जिसमें खेलो इंडिया जैसी ऐतिहासिक पहल शामिल है, जो जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के लिए बनाई गई है और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS), जो शीर्ष एथलीटों को विश्व स्तरीय सहायता प्रदान करती है। 2036 में भारत में ओलंपिक और पैरालिंपिक खेलों की मेजबानी करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारतीय ओलंपिक संघ ने आधिकारिक तौर पर नवंबर में, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के भावी मेजबान आयोग को एक आशय प्रस्तुत किया, जिसमें इस प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन के लिए भारत की दावेदारी प्रस्तुत की गई। वर्ष 2024 भारत की खेल यात्रा के लिए एक परिवर्तनकारी वर्ष साबित हुआ। पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए 470 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया। मनु भाकर ने ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया। स्वप्निल कुसाले ने निशानेबाजी में तीसरा पदक जीतकर ओलंपिक के एक ही संस्करण में किसी खेल में भारत का सबसे ज्यादा पदक जीता। नीरज चोपड़ा सबसे सफल व्यक्तिगत ओलंपियन बन गए। भारत का अब तक का सबसे सफल पैरालंपिक अभियान 2024 पेरिस खेलों में हुआ, जहाँ भारतीय एथलीटों ने रिकॉर्ड तोड़ 29 पदक हासिल करते हुए एक असाधारण उपलब्धि हासिल की। शतरंज में, गुकेश डी. सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन बने।
******************************
हॉकी इंडिया लीग में आज शाम ओडिशा के राउरकेला में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से होगा।
हैदराबाद तूफ़ान ने कल ओडिसा के राउरकेला में दिल्ली SG पाइपर्स को शूट-आउट में 5-4 से हराकर बोनस अंक हासिल किया। दोनों टीमें निर्धारित समय तक 2-2 गोल के बराबरी पर थीं।
******************************
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक 208 अंक बढ़कर 78 हजार 347 पर आ गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 46 अंक बढ़कर 23 हजार 691 पर रहा।
******************************
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
• सरकार ने डिजिटल ज्ञान संसाधनों तक निर्बाध पहुंच के लिए आज “वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन” योजना शुरू की।
• रक्षा मंत्रालय ने युद्ध की तैयारी और तकनीकी प्रगति को बढ़ाने के लिए वर्ष 2025 को ‘सुधारों का वर्ष’ घोषित किया।
• दुनिया भर में नव वर्ष 2025 का स्वागत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया।
• मौसम विभाग ने देश के उत्तरी भागों में शीत लहर की संभावना व्यक्त की है।
• हॉकी इंडिया लीग में आज शाम ओडिशा के राउरकेला में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला टीम गोनासिका से होगा।
******************************