Download
Mobile App

android apple
signal

December 31, 2024 3:42 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्पैडेक्स मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना की। उन्‍होंने कहा- आने वाले साल में भारत गगनयान मिशन के अंतर्गत महिला रोबोट को अंतरिक्ष में भेजने के लिए तैयार।

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने कहा- क्वाड हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण शक्ति। 

  • सरकार ने यमन में भारतीय नर्स को मौत की सज़ा सुनाए जाने के मामले में हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

  • देशभर में लोग नए साल 2025 के स्वागत के लिए तैयार। पुलिस ने शांतिपूर्ण जश्‍न के लिए सुरक्षा व्‍यवस्‍था कड़ी की।

  • हॉकी इंडिया लीग में आज शाम राउरकेला में दिल्ली एसजी पाइपर्स का सामना हैदराबाद तूफान से। 

******************************

केन्‍द्रीय परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि वर्ष 2024, भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। नई दिल्ली में आज मीडिया को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 का पहला दिन एक्सपोसैट के प्रक्षेपण के साथ शुरू हुआ, और फिर आदित्य एल वन मिशन को उसकी लक्षित हेलो कक्षा में स्थापित किया गया। इसके बाद अगस्त में पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया और कल इसरो द्वारा स्पैडेक्स मिशन शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गगनयान मिशन के लिए भी कई परीक्षण हुए हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि परीक्षण लगभग पूरे हो चुके हैं और अगले वर्ष किसी भी समय एक महिला रोबोट के साथ इसकी ड्रेस रिहर्सल होगी।  

 

श्री सिंह ने कहा कि ​​डॉकिंग तकनीक के लिए स्पैडेक्स मिशन भारत द्वारा किए गए पहले प्रयोगों में से एक है। अंतरिक्ष डॉकिंग प्रणाली का उपयोग गगनयान और भारत के अंतरिक्ष स्टेशन कार्यक्रम के बाद के चरणों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के मंत्र के अनुरूप है। डॉ. सिंह ने स्‍पैडेक्‍स मिशन की सफलता से एक बार फिर देश को गौरवान्वित करने के लिए टीम इसरो को बधाई दी।

******************************

इससे पहले, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने कल रात स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट- स्पेडेक्स मिशन का सफल प्रक्षेपण किया। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो के पीएसएलवी-सी60 रॉकेट को दो अंतरिक्षयानों के साथ प्रक्षेपित किया गया। इस रॉकेट ने एसडीएक्‍स-01 यानी चेज़र और एसडीएक्‍स-02 यानी कि टारगेट नाम के दो उपग्रहों को पृथ्वी की निचली कक्षा में सफलतापूर्वक स्‍थापित कर दिया। यह दोनों उपग्रह अगले दस दिन के दौरान अंतरिक्ष में संयुक्‍त करने के लिए आगे बढ़ाए जाएंगे।

******************************

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने कहा कि क्‍वाड हिन्‍द- प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए एक महत्‍वपूर्ण शक्ति के रूप में खड़ा है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में डॉ. जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया, ऑस्‍ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेनी वोंग और अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ मिलकर इस क्षेत्र की आवश्‍यकता पूरी करने की वचनबद्धता दोहराई।

 

क्‍वाड की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर क्‍वाड के विदेश मंत्रियों के एक संयुक्‍त वक्‍तव्‍य में कहा गया है कि आपदा से निपटने की आपातकालीन व्‍यवस्‍था का कार्य अब एक पूर्ण साझेदारी में परिवर्तित हो चुका है। वक्‍तव्‍य में कहा गया है कि क्‍वाड के देश अब हिन्‍द-प्रशांत के साझेदारों के साथ एकजुट होकर काम करेंगे। क्‍वाड के देश जलवायु परिवर्तन, कैंसर और महामारियों के साथ लड़ने से लेकर गुणवत्‍तापूर्ण अवसंरचना, आतंकवाद से निपटने के प्रयासों और साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने जैसी जटिल चुनौतियों पर भी ध्‍यान केंद्रित कर रहे हैं।

******************************

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत सरकार यमन में रहने वाली भारतीय नर्स निमिशा प्रिया को यमन सरकार द्वारा सुनाई गई मौत की सज़ा के मामले में हर संभव मदद कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार यमन की घटना से अवगत है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय को पता है कि प्रिया का परिवार उचित विकल्पों पर विचार कर रहा है। मीडिया रिपोट्स के अनुसार, सुश्री प्रिया केरल की रहने वाली हैं और यमन में हत्या के मामले में दोषी हैं।

******************************

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पंजाब सरकार को किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल को चिकित्सा सहायता उपलब्‍ध कराने के लिए आज अतिरिक्त समय दे दिया। न्यायमूर्ति सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की अवकाश पीठ ने राज्य सरकार के अनुरोध पर यह आदेश दिया और सुनवाई 2 जनवरी तक टाल दी है। पीठ दल्लेवाल को अस्पताल ले जाने की दो दिन की समय सीमा समाप्त होने के बाद पंजाब सरकार के खिलाफ अवमानना ​​याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

******************************

भारतीय जनता पार्टी -भाजपा द्वारा आम आदमी पार्टी को निशाना बनाते हुए पोस्‍टर लगाए जाने के कारण विधानसभा चुनाव से पहले दिल्‍ली में राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। शहर में आम आदमी पार्टी पर भ्रष्‍टाचार और कुशासन का आरोप लगाते हुए दिल्‍ली-भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्‍टर लगाए गए हैं। भाजपा ने वायु प्रदूषण, कथित खराब स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं, जल की समस्‍या और अन्‍य मुद्दों पर दिल्‍ली की सत्‍तारूढ़ पार्टी की निंदा की है।

 

भाजपा नेता ने आज शुरू होने वाली पुजारियों और ग्रंथियों की योजना को लेकर भी आम आदमी पार्टी की आलोचना की।

 

दिल्‍ली में आम आदमी पार्टी के शासन पर कांग्रेस भी लगातार उंगलियां उठा रही है। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में पार्टी के वरिष्‍ठ नेता संदीप दीक्षित ने यमुना नदी को साफ करने के आम आदमी पार्टी के वायदे की निंदा की।

******************************

पश्चिम बंगाल में कोलकाता में केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने नकली औषधियों के विरूद्ध त्‍वरित कार्रवाई करके छह करोड़ साठ लाख रूपए की औषधि जब्‍त की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन तथा औषधि नियंत्रण प्रशासन ने कोलकाता में एक संयुक्‍त छापेमारी की थी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

 

ये सभी औषधियां कैंसर, मधुमेह और अन्‍य खर्चीले चिकित्‍सीय उपचारों से संबंधित हैं। एक वक्‍तव्‍य में बताया गया है कि सभी औषधियों पर आयरलैंड, तुर्किए, अमरीका और बांग्‍लादेश सहित विभिन्‍न देशों में निर्मित किए जाने के रूप में लेबल किया गया है।

******************************

आकाशवाणी समाचार विशेष वर्षांत श्रृंखला में वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्‍तुत कर रहा है। आज हम गृह मंत्रालय की कुछ महत्‍वपूर्ण गतिविधियों और उपलब्धियों पर नजर डालते हैं।

 

गृह मंत्रालय ने सभी के लिए न्याय की सुगमता सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कल्पना के अनुसार एक सुरक्षित भारत बनाने के लिए ऐतिहासिक सुधार शुरू किए हैं। मंत्रालय ने नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए हैं। जैसे योगांतरकारी सुधारो का मार्ग प्रशस्त हुआ और भारत के संविधान में निहित नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित करने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए गए। गृह मंत्रालय ने इस वर्ष देश में तीन नए आपराधिक कानून लागू किए। इनमें भारतीय न्याय संहिताभारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम शामिल है। नए कानून त्‍वरित सुनवाई के साथ-साथ पीडि़त को न्‍याय प्रदान करने पर केंद्रित है, जहां सजा की वजह न्‍याय को प्राथमिकता दी गई है। गृह मंत्रालय ने सुरक्षा, महिला अधिकार और हाशिये के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए भी कई खास पहल की है। इस वर्ष मार्च में लागू हुए नागरिकता संशोधन अधिनियम, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के पीड़ित हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदायों के अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता प्रदान करता है। मोदी सरकार अपने बहुआयामी दृष्टिकोण से आतंकवाद मुक्‍त जम्‍मू-कश्मीर के निर्माण की ओर अग्रसर है। विधानसभा और लोकसभा में जम्मू-कश्मीर के लोगों की अभूतपूर्व भागीदारी लोकतंत्र में उनकी आस्था को एक बार फिर दर्शाया है। इस वर्ष सुरक्षा बलों ने वामपंथी उग्रवाद पर अंकुश लगाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों ने 287 नक्सलियों को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया और करीब एक हजार नक्‍‍सलियों को गिरफ्तार किया। वामपंथ उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में मरने वालों की संख्‍या चार दशकों में पहली बार सौ से नीचे आई है। भानु प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******************************

पिछले दस वर्षों में मेक इन इंडिया पहल ने राष्‍ट्र निर्माण के प्रयासों में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 25 सितंबर 2014 में यह पहल शुरू की थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस योजना ने भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्‍य का एक ऐतिहासिक दशक पूरा कर लिया है।

 

मेक इन इंडिया कार्यक्रम का उद्देश्य विनिर्माण क्षेत्र को पुनर्जीवित करना रोजगार सृजन को बढ़ाना और स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देकर देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। अब मेक इन इंडिया के दूसरे चरण में 27 क्षेत्रों को शामिल किया गया है। यह कार्यक्रम महत्‍वपूर्ण उपलब्धियों और नए जोश के साथ बढ़ रहा है, जिससे वैश्विक विनिर्माण परिदृश्‍य में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में भारत की स्थिति मजबूत हुई है। मेक इन इंडिया ने जहां 2014-15 में 45 बिलियन डॉलर से अधिक की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लाया। वही 2021-22 में लगभग 85 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लाया। अप्रैल 2014 और मार्च 2024 के बीच भारत ने 667 बिलियन से अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित किया, जो पिछले 24 वर्षों में प्राप्त कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का लगभग 67 प्रतिशत है। 2024 में अपनी शुरुआत के एक दशक बाद मेक इन इंडिया, भारत की सबसे प्रभावशाली आर्थिक पहलों में से एक के रूप में उभरा है। विनिर्माण क्षेत्र में सफलता से लेकर डिजिटल मेक इन इंडिया लचीलेपन, नवाचार और प्रकृति का प्रतीक बन गया है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******************************

भारतीय रिजर्व बैंक की ताजा वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट के अनुसार, भारत के बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है और सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियाँ- जीएनपीए सितंबर 2024 में कुल अग्रिम के 2 दशमलव छह प्रतिशत तक कम हो गई है। यह पिछले 12 वर्षों में सबसे कम है। इस अवधि के दौरान शुद्ध एनपीए अनुपात लगभग शून्‍य दशमलव छह प्रतिशत रहा है।

******************************

देशभर में नववर्ष 2025 के स्‍वागत के लिए तैयारियां जीरो पर हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। दिल्‍ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लोग नव वर्ष 2025 का स्‍वागत करने के लिए तैयार हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राजधानी में इसके लिए काफी तैयारियां की गई हैं।

 

दिल्ली पुलिस शहर के लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। पुलिस द्वारा किसी भी अपनी घटना को रोकने के लिए प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे और पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती सहित विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने बताया कि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के निकास द्वार आज रात 9 बजे बंद कर दिए जाएंगे हालांकि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से आखिरी ट्रेन रवाना होने तक यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने बताया कि राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गन्‍तव्‍य वाले क्‍यूआर कोड़ टिकट भी आज रात 8 बजे से डीएमआरसी के मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी नहीं किए जाएंगे। बाकी सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं नियमित समय सारणी के अनुसार चलती रहेगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने नववर्ष की संध्या पर यातायात को सुगम बनाने के लिए एक परामर्श भी जारी किया है। यातायात पुलिस के अनुसार आज रात 8 बजे के बाद कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल में बिना पास के किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुमीत साहा के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

******************************

दिल्‍ली यातायात पुलिस के अपर आयुक्‍त दिनेश कुमार गुप्‍ता ने दिल्‍ली पुलिस की जानकारी के आधार पर बताया है कि नववर्ष समारोह के मद्देनजर परामर्श जारी किया गया है।

 

नया साल के न्‍यू ईयर सेलिब्रेशंस में ट्रैफिक में बड़ा एलिब्रेट सा एक प्लान बनाया है और हमने इसमें एडवाइजरी भी इशू करी है, जैसे कनॉट प्‍लेस के एरिया में 8 बजे के बाद गाड़ियों का कोई भी मूवमेंट नहीं होने देंगे। रजिस्‍टर्ड मूवमेंट अलाउड होगा और जो भी मूवमेंट 8 बजे के बाद अगर है तो कुछ लिमिटेड स्‍टीकर्स दिए गए हैं गाड़ियों को, क्‍योंकि एंटर्स वगैरहा पार्टी या फंक्शंस है, उनका न्‍यू ईअर सेलिब्रेशंस है उनकी तरफ से हमने स्‍टीकर्स इशू करवाए गए हैं, उन्‍हीं गाड़ियों को हम अंदर करेंगे, जिससे कि हमारा ट्रैफिक कंजक्‍शन ना हो।

******************************

इस बीच मुंबई और नवी मुंबई पुलिस ने भी नववर्ष समारोह के लिए सुरक्षा और शांति बनाए रखने के उद्देश्‍य से कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की है। नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त मिलिंद भांबरे ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने 15 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

******************************

हमारे संवाददाता ने बताया है कि उत्तराखंड भी नववर्ष के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है।

 

उत्तराखंड में नये साल के जश्न को मनाने के लिये पर्यटकों के पहुंचने का क्रम जारी है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पर्यटकों का आना और भी बढ़ गया है। राज्य के प्रमुख हिल स्टेशनों जैसे नैनीताल, मसूरी, धनोल्टी, औली, टिहरी और अल्मोड़ा में सैलानियों की भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पर्यटकों के आगमन से उनके व्यापार में तेजी आई है। इस बीच, प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़े उपाय किए हैं। मसूरी में विशेष यातायात योजना लागू की गई है। नैनीताल जिले में ही नये साल के मौके पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। आज सुबह 9 बजे से कल रात 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

******************************

महाकुंभ मेला 2025 के दौरान तीन हजार विशेष रेलगाडियां चलाई जाएंगी। जिनमें से 560 रेलगाडियां प्रयागराज में बनाए रिंग रेल मार्ग पर चलेंगी। महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होगा।

******************************

मौसम विभाग ने आज ओडिशा, असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड और त्रिपुरा में घने कोहरे का अनुमान लगाया है। अगले 2 से 3 दिन तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भी इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है।

इस बीच रेलवे ने जानकारी दी है कि कोहरे के कारण लगभग 30 रेलगाडियां देरी से चल रही हैं।

******************************

वहीं हिमाचल प्रदेश में पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है। राज्य के आदिवासी इलाकों समेत कई जगहों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

******************************

लद्दाख में आज ठंड और बढ़ गई है, खराब मौसम तथा बादल छाए रहने के कारण लोग बाहर जाने से बच रहे हैं।

******************************

हॉकी इंडिया लीग में आज दिल्‍ली एस जी पाइपर्स का मुकाबला राउरकेला में हैदराबाद तूफान्‍स के साथ होगा। यह मैच रात सवा आठ बजे से शुरू होगा।

******************************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्पैडेक्स मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना की। उन्‍होंने कहा- आने वाले साल में भारत गगनयान मिशन के अंतर्गत महिला रोबोट को अंतरिक्ष में भेजने के लिए तैयार।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- क्वाड हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण शक्ति। 

  • सरकार ने यमन में भारतीय नर्स को मौत की सजा सुनाए जाने के मामले में हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

  • देशभर में लोग नए साल 2025 के स्वागत के लिए तैयार। पुलिस ने शांतिपूर्ण जश्‍न के लिए सुरक्षा व्‍यवस्‍था कड़ी की।

  • हॉकी इंडिया लीग में आज शाम राउरकेला में दिल्ली एसजी पाइपर्स का सामना हैदराबाद तूफान से होगा।  

******************************