Download
Mobile App

android apple
signal

December 30, 2024 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • इसरो आज रात श्रीहरिकोटा से कक्षा में अंतरिक्ष यान को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया दर्शाने के लिए दो उपग्रह प्रक्षेपित करेगा।
  • भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 700 बिलियन अमरीकी डॉलर के आंकडे को पार कर विश्‍व में चौथे स्थान पर पहुंचा।
  • पंजाब और बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में कपूरथला से 30 बंधुआ मजदूरों को बचाया गया।
  • मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान व्‍यक्‍त किया। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कल तक शीत लहर की स्थिति जारी रहेगी।
  • और खलों में, मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रन से हराया।
  • और हॉकी इंडिया लीग में आज शाम राउरकेला में उत्‍तर प्रदेश रुद्राज़ का मुकाबला वेदांता कलिंगा लांसर्स से होगा।

 

——

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो आज रात नौ बजकर 58 मिनट पर श्री हरिकोटा से दो उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। ये उपग्रह कक्षा में अंतरिक्ष यान की डॉकिंग-अनडॉकिंग यानि जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया को दर्शायेंगे। प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी60 और दोनों उपग्रह – एसडीएक्‍स-01 और एसडीएक्‍स-02 को 476 किलोमीटर की कक्षा में स्‍थापित करेगा और स्‍पेस डॉकिंग की प्रायोगिक प्रक्रिया पूरी करेगा। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

स्‍पेडेक्‍स स्‍पेस डॉकिंग प्रयोग की सफलता के बाद भारत एक ऐसा चौथा देश बन जाएगा जिसको एक क्षमता होगी कि वह उपग्रह को निर्धारित कक्षा में पहुंचाकर उसे स्थिर रख सके। भविष्य में भारत चंद्रमा या अन्य ग्रह को गगन यान पहुंचाने के लिए यह टेक्नोलॉजी मददगार होगी। भारतीय अंतरिक्ष केंद्र बनने के बाद गगन यान उपग्रह द्वारा यहां ठहर पाने के लिए टेक्नोलॉजी आवश्‍यक होगी। अपने आवश्यकता के अनुसार उपग्रह को अंतरिक्ष में रोके रखना और दो उपग्रहों के बीच समन्‍वय रखना इस मिशन का मुख्य उद्देश्य है, सुधींद्र आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।

 

——

 

भारत का विदेशी मुद्रा भण्‍डार असाधारण वृद्धि दर्ज करते हुए सात सौ बिलियन अमरीकी डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। इससे भारत विश्‍व में चौथे स्‍थान पर पहुंच गया है। 2014 से 2024 के दशक में कुल प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश लगभग 709 बिलियन डॉलर का हुआ था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वैश्विक प्रतिस्‍पर्धी सूचकांक में 2014 के 71वें स्‍थान से छलांग लगाते हुए भारत 2018 में 39वें स्‍थान पर पहुंच गया। यह बुनियादी ढांचा, बाजार के आकार और नवाचार में वृद्धि को दर्शाता है।

 

भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्‍द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देश ने लॉजिस्टिक्स से लेकर नवाचार, सुरक्षा और साइबर सुरक्षा तक के क्षेत्रों में काफी प्रगति की है। 2015 और 2018 के बीच ईज ऑफ डूइंग बिजनेस इंडेक्स में, 42 रैंक की बढोतरी दर्ज की है जिसने भारत को निवेश के लिए अनुकूल गंतव्य के रूप में स्थापित किया है। इस साल, भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कच्चा इस्पात उत्पादक बन गया। इसके अलावा भारत ने मोबाइल फोन के उत्पादन में भी वैश्विक स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है और यह एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरा है। वहीं, भारत के शिक्षा क्षेत्र भी उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग: एशिया 2025 के अनुसार, भारत अब सात संस्थान, एशिया के शीर्ष 100 संस्‍थानों में अपना स्‍थान बना चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

——

 

केन्‍द्रीय वित्‍त और कॉरपोरेट कार्यमंत्री निर्मला सीतारामन ने आगामी आम बजट-2025-26 के मद्देनजर आज नई दिल्‍ली में पांचवीं बजट पूर्व परामर्श बैठक की अध्‍यक्षता की। इस बैठक में वित्‍त, निवेश और सार्वजनिक परिसम्‍पत्ति प्रबंधन, आर्थिक कार्य सहित कई विभागों के सचिव, उद्योग और आंतरिक व्‍यापार संवर्धन विभाग तथा केन्‍द्र सरकार के मुख्‍य आर्थिक सलाहकार भी शामिल हुए।

 

वित्‍त वर्ष 2025-26 के लिए केन्‍द्रीय बजट पहली फरवरी 2025 को संसद में पेश किये जाने की आशा है। यह वित्‍तमंत्री सीतारामन का लगातार आठवां बजट होगा।

 

——

 

गृहमंत्री अमित शाह आज एक दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे आसुरा में श्री धर्मपुर तीर्थ स्थित श्रीमद् राजचन्‍द्र आश्रम के वार्षिक समारोह में शामिल होंगे और राज सभागृह में महाभिषेक आयोजन में भाग लेंगे।

 

——

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज से कतर की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्‍मद बिन अब्‍दुल रहमान बिन जसीम अल थानी के साथ बैठक करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों को राजनीतिक, व्‍यापारिक, निवेश, ऊर्जा, सुरक्षा, सांस्‍कृतिक और लोगों के बीच संपर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्‍न पहलुओं की समीक्षा का अवसर मिलेगा। इसके अलावा परस्‍पर हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्‍ट्रीय मुद्दों पर भी विचार विमर्श होगा।

 

—–

पंजाब में, बिहार और पंजाब पुलिस के संयुक्त दलों ने कपूरथला से बचपन बचाओ आंदोलन नामक एक गैर सरकारी संगठन के सदस्यों के साथ मिलकर 30 बंधुआ मजदूरों को बचाया है। पीड़ितों को बंधक बनाने वाले दो ठेकेदार अभी फरार हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नाबालिगों में से एक के परिजन ने सीतामढ़ी जिले के पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार इन बचाए गए लोगों में से आठ नेपाल के और 22 बिहार के सीतामढ़ी जिले के बताए गए हैं। पुलिस टीम का नेतृत्व करने वाले डीएसपी दीप करण ने आकाशवाणी को बताया..

 

बिहार के सीतामढ़ी जिला में दो एफआइआर दर्ज है जो कि बाल मजदूरी के संबंध में है, जिसके संबंध में कल बिहार पुलिस ने सदर कपूरथला पुलिस की फोर्स के साथ कुछ रेड किये जिसमें 11 बच्चों को बरामद किया गया। उन बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर बोर्ड के पेश करने के बाद उनको अपने घर पहुंचने में मदद की जाएगी। जो ठेकेदार इनको यहां पर लाने के लिए जिम्मेदार थे उनकी तलाश अभी जा रही है।

 

नाबालिकों की उम्र 12 से 16 साल के बीच है राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार जालंधर।

 

——

 

पंजाब में किसानों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर कई जगहों पर किए गए बंद के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात बाधित रहा और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। किसानों ने कई सड़कों पर धरना दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

 

——

 

इस बीच, भारतीय रेलवे ने दो सौ से ज्‍यादा ट्रेने रद्द कर दी है। यूनियन ने आज सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक बंद का आह्वान किया है। रद्द की गई ट्रेनों में दिल्ली और पंजाब के बीच चलने वाली शताब्दी और वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा भी कई ट्रेनें शामिल हैं। उत्तर रेलवे के अनुसार 13 ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

 

——

 

तेलंगाना विधानसभा ने आज पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक विशेष सत्र में आज विधायकों ने केन्‍द्र को डॉ0 मनमोहन‍ सिंह को भारत रत्‍न से सम्‍मानित किये जाने का आग्रह किया। उन्‍होंने अलग तेलंगाना राज्‍य के गठन में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए हैदराबाद में डॉ0 मनमोहन सिंह की प्रतिमा स्‍थापित करने का एकजुट संकल्‍प लिया। विधायकों ने इसके लिए सरकार के प्रस्‍ताव को समर्थन दिया।

 

   ——

 

अमरीका के पूर्व राष्‍ट्रपति जिम्‍मी कार्टर का कल सौ वर्ष की आयु में जॉर्जिया के प्लेन्स स्थित उनके निवास पर निधन हो गया। वे मेलेनोमा त्वचा कैंसर से पीड़ित थे। श्री कार्टर भारत की यात्रा करने वाले तीसरे अमरीकी राष्ट्रपति थे। उनका कार्यकाल 1977 से 1981 तक रहा। उन्हें 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जिमी कार्टर के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि वे एक महान दूरदर्शी राजनेता थे। जिन्‍होंने भारत-अमरीका के संबंधों को आगे बढ़ाया।

 

——

 

मुंबई की भारतीय नौसेना बाल विद्यालय की छात्रा काम्‍या कार्तिकेयन ने 17 साल की उम्र में दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला पर्वतारोही बनने का गौरव हासिल किया है। वे सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़ने वाली सबसे कम उम्र की महिला बन गई है। एक रिपोर्ट…

 

काम्‍या ने 24 दिसम्‍बर को चिली के मानक समयानुसार शाम पांच बजकर बीस मिनट पर अंटार्कटिका की माउंट विंसेंट चोटी पर पहुंचकर सेवन समिट का लक्ष्‍य प्राप्‍त कर लिया। इस यात्रा में उनके साथ पिता कमांडर कार्तिकेयन भी शमिल रहे। मुंबई के नौसेना बाल विद्यालय की साहसी छात्रा इससे पहले अफ्रीका, यूरोप, ऑस्‍ट्रेलिया, दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमरीका और एशिया के माउंट एवरेस्‍ट पर चढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। वहीं, उन्‍होंने अंटार्कटिका की 16 हजार पचास फीट ऊंची चोटी पर विजय प्राप्‍त की है। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

——

 

राष्‍ट्रीय कैडेट कौर-एन.सी.सी. गणतंत्र दिवस शिविर-2025 आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड ग्राउंड में सर्व धर्म पूजा के साथ शुरू हुआ। एक महीने तक चलने वाले शिविर में सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के कुल दो हजार 361 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। 917 बालिका कैडेटों के साथ, इस वर्ष के शिविर में सबसे अधिक बालिका कैडेट भाग लेंगी।

 

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 114 कैडेट और उत्तर पूर्व क्षेत्र से 178 कैडेट हैं। शिविर में मित्र देशों के 14 कैडेट और अधिकारी भाग ले रहे हैं। गणतंत्र दिवस शिविर का मूल उद्देश्य भाग लेने वाले कैडेटों में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व गुणों की गहरी भावना को पैदा करना है। यह वार्षिक कार्यक्रम कैडेटों को प्रशिक्षण, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने और सामाजिक सेवा पहलों में भाग लेने के लिए बहुमूल्य अवसर प्रदान करता है।

 

——

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “आपदा से निपटने की प्रभावी तैयारियां” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा के लिए  हमारे स्‍टूडियो में मौजूद रहेंगे- राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन। आमंत्रित विशेषज्ञ से कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन तैयारियों से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं।

 

श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।

 

——

खेल खबरों के साथ हैं आकर्षिता सिंह।

क्रिकेट में मेलबर्न में बॉर्डर गावस्‍कर ट्राफी के चौथे टेस्‍ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत को 184 रन से हरा दिया। इस हार के बावजूद भारत के विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप में पहुंचने की उम्‍मीद बरकरार है। 340 रन के लक्ष्‍य के जवाब में भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 155 रन पर सिमट गई। विवादित आउट करार दिये जाने से पहले भारत की ओर से एकमात्र खिलाडी यशस्‍वी जायसवाल ने सबसे अधिक 84 रन बनाए। कमिंस को श्रेष्‍ठ बल्‍लेबाजी और गेंदबाजी करने के लिए प्‍लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया है। उन्‍होंने 49 रन बनाए और पहली पारी में तीन विकेट लिये। इससे पहले ऑस्‍ट्रेलिया की टीम आज सुबह दूसरी पारी में नौ विकेट पर 234 रन पर आउट हो गई। ऑस्‍ट्रेलिया अब पांच मैचों की श्रृंखला में दो-एक की बढ़त बना चुका है। राउरकेला में हॉकी इंडिया लीग में उत्‍तर प्रदेश रुद्रास का मुकाबला वेदांत कलिंगा लांसर्स से होगा। ये मैच रात सवा आठ बजे से खेला जाएगा।

 

——

 

लद्दाख में प्रशासन आइस हॉकी को बढ़ावा देने पर ध्‍यान केन्द्रित कर रहा है। इसका उद्देश्‍य केन्‍द्रशासित प्रदेश को इस तरह के खेल का केन्‍द्र बनाना है। इसी श्रृंखला के हिस्‍से के रूप में लेह में सीईसी आइस हॉकी चैंपियनशिप का 18वां संस्‍करण इस महीने की 28 तारीख से आयोजित किया गया है। इस श्रृंखला के तीसरे दिन आज तीन मैच खेले जाएंगे।

 

——

 

पहाड़ों पर बर्फबारी से पूरे उत्‍तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

 

——

 

वहीं, जम्मू और कश्मीर भीषण ठंड की चपेट में है। कश्‍मीर घाटी में न्यूनतम तापमान शून्‍य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार कल रात कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और अधिक बर्फबारी होने की संभावना है, जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट पर है।

 

संभागीय प्रशासन पूरे कश्मीर क्षेत्र में बर्फ हटाने बिजली और पानी की आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित आवश्यक सेवाएं प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठा रहा है। जनता को किसी भी असुविधा से सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न विभागों के बीच तालमेल के साथ सभी स्तरों पर निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। तारीख राथर आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।

 

——

 

लद्दाख में शनिवार को बर्फबारी और पिछले चौबीस घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद आज सूरज निकला जिससे लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि, सुबह और रात के समय शीतलहर जारी है और पूरा केंद्र शासित प्रदेश में शून्य से नीचे तापमान है। भारत-चीन सीमा पर स्थित न्योमा आज लद्दाख का तीसरा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 21 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 

——

 

मौसम विभाग ने आज और कल भी जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ठंड और शीत लहर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्‍टर सोमा सेन रॉय ने कहा कि आज पश्चिमोत्‍तर भारत में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और तटीय तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है।

 

पहाडी क्षेत्र में दो दिन तक कोल्‍ड डे कंडीशन रहेंगे। बाकी कोल्‍ड डेज़ में क्‍लाउड का लेयर पूरा नोर्थ इंडिया पर बने हुए हैं। हमारा कोल्‍ड डे कंडिशन साढे चार डिग्री से कम न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम है। पंजाब में जम्मू कश्मीर में, हरियाणा में, उत्तर प्रदेश में वेस्‍ट उत्तर प्रदेश में, राजस्थान में और मध्य प्रदेश में।

 

 वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री की गिरावट हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। महाराष्‍ट्र में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

 

——

 

बम्‍बई शेयर बाजार में आज गिरावट का रूख है। सेंसेक्स 349 अंक गिरकर 78 हजार 350 पर आ गया। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 50 अंक की गिरावट के साथ 23 हजार 704 पर था।

 

——

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • इसरो आज रात श्रीहरिकोटा से कक्षा में अंतरिक्ष यान को जोड़ने और अलग करने की प्रक्रिया दर्शाने के लिए दो उपग्रह प्रक्षेपित करेगा।
  • भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 700 बिलियन अमरीकी डॉलर के आंकडे को पार कर विश्‍व में चौथे स्थान पर पहुंचा।
  • पंजाब और बिहार पुलिस के संयुक्त अभियान में कपूरथला से 30 बंधुआ मजदूरों को बचाया गया।
  • मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूरे उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान व्‍यक्‍त किया। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कल तक शीत लहर की स्थिति जारी रहेगी।
  • मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रन से हराया।
  • और हॉकी इंडिया लीग में आज शाम राउरकेला में उत्‍तर प्रदेश रुद्राज़ का मुकाबला वेदांता कलिंगा लांसर्स से होगा।

 

——