Download
Mobile App

android apple
signal

December 26, 2024 3:33 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीर बाल दिवस पर साहिबजादों की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हमें अपने राष्ट्र की अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है।
  • सरकार ने बच्चों के पोषण और समग्र कल्याण में सुधार के लिए सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान शुरू किया।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया।
  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • भारत 2004 में आज ही के दिन दक्षिण भारतीय तट पर आई त्‍सुनामी की 20वीं बरसी पर पीडि़तों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
  • और क्रिकेट में, ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्‍त होने तक 6 विकेट पर 311 रन बनाए।

 

————————————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत के लोकतंत्र की व्‍यापकता गुरूओं की शिक्षा, साहिबजादों के बलिदान और देश की एकता के मूल मंत्र पर आधारित है।

 

आज नई दिल्‍ली में भारत मंडपम में वीर बाल दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरूओं की परंपरा ने हमें सबको समान आदर के साथ देखने की शिक्षा दी है और देश का संविधान भी हमें इसी विचार के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वीर साहिबजादों का जीवन हमें सिखाता है कि देश की अखंडता और विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

 

वीर बाल दिवस का ये वर्ष और भी खास है। ये वर्ष भारतीय गणतंत्र की स्थापना का, हमारे संविधान का 75वां वर्ष है। इस 75वें वर्ष में देश का हर नागरिक वीर साहिबजादों से राष्‍ट्र की एकता, अखंडता के लिए काम करने की प्रेरणा ले रहा है। आज भारत जिस सशक्त लोकतंत्र पर गर्व करता है, उसकी नींव में साहिबजादों की वीरता है।

 

श्री मोदी ने कहा कि संविधान लोगों को देश की संप्रभुता और एकता को सबसे ऊपर रखने के सिद्धांत की सीख देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह बहुत छोटे थे मगर उनका साहस आकाश से भी ऊंचा था।

 

उन्‍होंने कहा कि आज वीर बाल दिवस हमें सिखाता है कि कोई भी परिस्थिति कितनी भी कठिन क्‍यों ना हो देश और उसके हितों से बड़ी नहीं हो सकती। श्री मोदी ने कहा कि इतिहास में और वर्तमान में भी युवा ऊर्जा ने भारत की प्रगति में बड़ी भूमिका अदा की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वतंत्रता संग्राम से लेकर 21वीं सदी के जन आंदोलनों तक देश के युवा ने हर क्रांति में योगदान किया है।

 

भारत के युवा ने हर क्रांति में अपना योगदान दिया है। आप जैसे युवाओं की शक्ति के कारण ही आज पूरा विश्व भारत को आशा और अपेक्षाओं के साथ देख रहा है। आज भारत में स्‍टार्टअप से साइंस तक, स्‍पॉर्ट्स से एंटरप्रेन्योरशिप तक युवा शक्ति नई क्रांति कर रही है और इसीलिए हमारी पॉलिसी में भी युवाओं को शक्ति देना सरकार का सबसे बड़ा फोकस है।

 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का भी शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्‍य पोषण संबंधी सेवाओं को मजबूती से लागू करना और इस कार्य में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर पोषण व्‍यवस्‍था मजबूत करना है। लगभग साढे तीन हजार बच्‍चों और प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय बाल पुरस्‍कार से पुरस्‍कृत बालकों ने अन्‍य गणमान्‍य लोगों के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया।

 

————————————

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहेबजादों की वीरता और बलिदान को स्कूली पाठ्यक्रम में सम्मलित किया जाएगा। वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले हमारा समाज बाल दिवस किसी और दिन मनाने की ग़लती करता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 दिसंबर को बाल दिवस मनाने की घोषणा कर इस ग़लती को सुधारा है।

 

आज 26 दिसंबर गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान दिवस है, शहादत उनकी हुई है। मैं अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि भी अर्पित करता हूं और इसकी भावना के हिसाब से शिक्षक हूं। बाल दिवस तो यही होना चाहिए। यह घटना हम सबको संदेश देती है कि देश के नागरिक इकट्ठा रहें। देश भक्ति का ज्‍वार हमेशा इसी प्रकार उमड़ता-घुमड़ता रहे और कीमत कोई भी चुकाना पड़े, लेकिन देश का सम्‍मान, स्‍वाभिमान नीचे न गिरे।

 

————————————

 

देश आज शहीद उधम सिंह को उनकी 125वीं जयंती पर याद कर रहा है। उनका जन्‍म वर्ष 1899 में आज ही के दिन अविभाजित भारत के पंजाब के सुनाम गांव में हुआ था। उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने के लिये पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’डायर की हत्या की थी।

 

————————————

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज वीर बाल दिवस पर नई दिल्ली में असाधारण उपलब्धियों के लिए 17 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इन बच्चों को कला-संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा, खेल और पर्यावरण के क्षेत्र में विशिष्ठ उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने साहिबजादों की बहादुरी और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह दिन श्री गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों के बलिदान और साहस का सम्मान करने करने का दिन है।

 

राष्ट्रपति ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां देश के सभी नागरिकों को प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और अवसर प्रदान करना देश की परंपरा का हिस्सा रहा है।

 

अपने देश के बच्चों के लिए आदर्श प्रस्तुत किए हैं। किसी ने अपनी जान जोखिम में डालकर बहादुरी के साथ लोगों की जान बचाई। किसी ने मेडिकल कंडीशन के बावजूद दिव्यांगजनों की सहायता के लिए कार्य किए हैं। किसी ने खेलकूद अथवा कला के क्षेत्र में असाधारण व्‍यवधान दिया है, तो किसी ने देश प्रेम का आदर्श प्रस्‍तुत किया है। देश प्रेम की भावना ही बच्चों को और राष्ट्र हित के लिए समर्पित होने के मार्ग पर ले जाती है।

 

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में खेल के क्षेत्र में पुरस्कार पाने वाले गोल्‍डी ने प्रसन्नता प्रकट की।

 

मैं गोल्‍डी कुमारी, बिहार, बक्तियार पुर से आई हू्ं। मुझे आज प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय बाल पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया है। मैं महामहिम राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री के बहुत-बहुत धन्‍यवाद देता हूं। मैं टेन्‍थ क्‍लॉस की स्‍टूडेंट्स हूं और मैं एक एथलीट हूं। मैं जेवलीन और शॉर्टपुट थ्रो करती हूं। मैं बहुत ज्‍यादा अपने आपको प्राउड फिल करती हूं कि मैंने अपने देश के लिए प्राउड फिल करवाया। मेरा सपना है कि हम ओलम्पिक तक जाएं। अपने देश को़ अपने नागरिक को, अपने फैमिली को प्राउड फिल करवाएं। 

 

————————————

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 58 लाख स्वामित्व संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर 10 राज्यों और दो केन्‍द्रशासित प्रदेशों के लगभग 50 हज़ार गांवों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से  स्वामित्व संपत्ति कार्ड वितरित किए जाएंगे।

 

जिन राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों को स्‍वामित्‍व सम्‍पत्ति कार्ड वितरित किए जाएंगे, उनमें छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। इस कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के अंतर्गत दो करोड़ से अधिक संपत्ति कार्ड तैयार करना और एक ही दिन में 58 लाख से अधिक कार्ड वितरित करना बड़ी उपलब्धि होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री चयनित लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर 24 अप्रैल, 2020 यह स्वामित्व योजना शुरू की थी। इस योजना का उद्देश्य ड्रोन और भौगोलिक सूचना प्रणाली-जी.आई.एस. तकनीक से गांवों में संपत्ति मालिकों को स्वामित्व का रिकॉर्ड प्रदान करना है। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

————————————

 

भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस की कर्नाटक इकाई पर आरोप लगाया कि उसने अपने सोशल मीडिया पर भारत का खंडित मानचित्र साझा किया है जिसमें अस्‍काई चीन और पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर को शामिल नहीं किया गया है। यह मानचित्र बेलगावी में आयोजित कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक से साझा किया गया। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अतीत में भी यह काम करती रही है और अब यह स्‍पष्‍ट हो चुका है कि कांग्रेस का उन शक्तियों से संबंध है जो भारत को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं।

 

————————————

 

दिल्ली में विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी ने आज कांग्रेस पर आगामी चुनावों में भाजपा को जीत दिलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पार्टी नेता संजय सिंह ने नई दिल्ली में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता अजय माकन की कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री माकन ने श्री केजरीवाल को देशद्रोही कहा जो आपत्तिजनक है और कांग्रेस पार्टी को उनके खिलाफ 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करनी चाहिए।

 

————————————

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कल जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जाएंगे। उपराष्ट्रपति जम्मू में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री धनखड़ माता वैष्णो देवी मंदिर और भैरों बाबा मंदिर भी जाएंगे।

 

————————————

 

केरल सरकार ने प्रख्‍यात मलयालम लेखक एम.टी. वासुदेवन नायर के निधन पर आज और कल राजकीय शोक की घोषणा की है। उनका कल रात निधन हो गया था। वे 90 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

 

राष्‍ट्रपति ने उनके निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि एम टी वासुदेवन नायर के निधन के साथ साहित्‍य की दुनिया निर्धन हो गई है। उन्‍होंने कहा कि नायर की लेखनी में ग्रामीण भारत का सजीव चित्रण होता था।

 

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नायर की रचनाओं ने ग्रामीण भारत का जीवंत चित्रण किया, जिससे भारत की साहित्यिक और सिनेमाई विरासत समृद्ध हुई।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि एम टी वासुदेवन नायर मलयालम सिनेमा और साहित्‍य के सर्वाधिक सम्‍मानित व्‍यक्ति थे। उन्‍होंने कहा कि नायर ने मौन और वंचित लोगों को आवाज दी।

 

उनका अन्तिम संस्‍कार आज शाम कोझिकोड में किया जाएगा।

 

————————————

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस महीने की 27 और 28 तारीख को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात और मध्य प्रदेश में गरज के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

 

————————————

 

26 दिसम्‍बर 2004 को दक्षिण भारत के तट पर आई सुनामी की आज 20वीं बरसी है। इस त्‍सुनामी में तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में हजारों लोगों की मौत हो गई थी। एक रिपोर्ट-

 

नौ दशमलव एक तीव्रता वाले भूमिगत भूकंप से आई ये सुनामी इतिहास में सर्वाधिक घातक प्राकृतिक आपदाओं में से एक थी, जिसने भारत समेत लगभग एक दर्जन देशों में हजारों लोगों की जान ले ली।  तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि ने मरीना बीच सुनामी पुनर्वास बस्तियों का दौरा किया। श्री रवि उन रिश्तेदारों से मिले जिन्होंने त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोया है और उनके साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। कुड्डालोर, विल्‍लुपुरम, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, कन्‍याकुमारी, तूतीकोरिन के तटीय जिलों में भी लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। विशाल सुनामी लहरों के प्रकोप से हुई तबाही में तमिलनाडु सबसे अधिक प्रभावित राज्य था, जिसमें आठ हजार लोगों की जान चली गई और लगभग एक लाख बीस हजार से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा था। समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।

 

————————————

 

मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 311 रन बना लिए हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। पहली बार टेस्‍ट खेल रहे सैम कोंस्टास ने शानदार 60 रन बनाए। उस्मान ख़्वाजा ने 57, मानर्स लाबुशेन ने 72 और स्टीव स्मिथ ने नाबाद 68 रन की पारी खेली। दोनों टीमों ने पांच मैचों की सीरीज में एक-एक मैच जीता है।

 

————————————

 

38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल रैली का आयोजन आज से शुरू हो रहा है। यह रैली हल्द्वानी से शुरू होकर पैंतीस दिनों में तीन हजार आठ सौ तेईस किलोमीटर का सफर तय करेगी और राज्य के सभी तेरह जिलों के निन्यानवे स्थानों पर जाएगी। इस रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय खेलों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

 

————————————

 

हॉकी इंडिया लीग कल से ओडिशा के राउरकेला में शुरू हो रही है। उद्घाटन मैच दिल्ली एस.जी.पाइपर्स और गोनासिका के बीच बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

 

पुरुष लीग का मुकाबला दो चरणों में होगा। पहला चरण 28 दिसम्बर से 18 जनवरी तक और दूसरा चरण 19 जनवरी से शुरू होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 31 जनवरी और फाइनल पहली फरवरी को होगा।

 

————————————

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज दोपहर एक बजे  औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 342 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में सूचकांक 350 का स्तर भी पार कर गया।

 

————————————

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीर बाल दिवस पर साहिबजादों की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हमें अपने राष्ट्र की अखंडता को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है।
  • सरकार ने बच्चों के पोषण और समग्र कल्याण में सुधार के लिए सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान शुरू किया।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया।
  • मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि और बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।
  • भारत 2004 में आज ही के दिन दक्षिण भारतीय तट पर आई त्‍सुनामी के 20वीं बरसी पर पीडि़तों को श्रद्धांजलि दे रहा है।
  • और क्रिकेट में, ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्‍त होने तक 6 विकेट पर 311 रन बनाए।

 

————————————