मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना की आधारशिला रखी।
- राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मना रहा है।
- केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दस हजार से अधिक प्राथमिक कृषि, सहकारी समितियों, डेयरी और मत्स्य पालन सहकारी समितियों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- ईसा मसीह के जन्म दिवस पर आज दुनियाभर में क्रिसमस मनाया जा रहा है।
- भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा – इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के दौरान प्रवासी भारतीय द्वारा भेजी गई धनराशि बढ़कर रिकॉर्ड लगभग बारह अरब डॉलर तक पहुंची।
- कजाकिस्तान में विमान दुर्घटना में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका।
——
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए सुशासन सिर्फ एक दिवसीय कार्यक्रम न होकर इसकी सरकारों की पहचान है। अन्य दलों की सरकारों के साथ भाजपा की सरकारों की तुलना का आह्वान करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने सुशासन के लिए हर मानक पर हमेशा कड़ी मेहनत की है। भाजपा की सरकारें लोगों के प्रति समर्पित रही हैं। प्रधानमंत्री ने आज मध्य प्रदेश के खजुराहो में केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी को जोड़ने वाली देश की पहली महत्वाकांक्षी और बहुउद्देश्यीय परियोजना की आधारशिला रखने के बाद यह बात कही। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित हुआ है। उनकी जयंती को प्रत्येक वर्ष सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की यादों को साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अटल जी सुशासन और सुसेवा के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहे हैं।
अटल जी की जयंती का यह पर्व सुसशासन की, सुसेवा की हमारी प्रेरणा का भी पर्व है। थोड़ी देर पहले जब मैं अटल जी की स्मृति में डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी कर रहा था तो अनेक पुरानी बातें मन में चल रही थीं। बरसों, बरसों तक उन्होंने मुझ जैसे अनेक कार्यकर्ताओं को सिखाया है, संस्कारी किया है। देश के विकास में अटल जी का योगदान अमिट रहेगा।
प्रधानमंत्री ने देश की पहली ओकांरेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का भी उद्घाटन किया।
एमपी में विकास को एक नई गति मिली है। आज भी यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। आज ऐतिहासिक केन बेतवा लिंक परियोजना, गौधन बांध का शिलान्यास भी हुआ है। ओंकारेश्वर प्लॉटिंग सोलर प्लांट का भी लोकार्पण हुआ है और यह मध्यप्रदेश का पहला प्लॉटिंग प्लान है। मैं इन परियोजनाओं के लिए एमपी के लोगों को ढेर सारी बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री ने एक हजार एक सौ अटल ग्राम सुशासन भवनों का भूमि पूजन किया। श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में एक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया।
इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटिल भी उपस्थित थे।
—–
राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवीं जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
“हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता मिटाता हूं…” गीत नया गाता हूं, गीत नया गाता हूं
यह पंक्तियां हैं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जिन्होंने देश को नई दिशा दी। 25 दिसम्बर 1924 को ग्वालियर में जन्मे अटल जी का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण की मिसाल है। वे तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे और उनके नेतृत्व में देश ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, और कूटनीतिक प्रयासों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। अटल जी का दृष्टिकोण हमेशा दूरगामी था। उनकी लाहौर बस यात्रा ने यह संदेश दिया कि संवाद और शांति से बड़ी कोई ताकत नहीं, लेकिन जब करगिल युद्ध जैसे संकट आए, तो उन्होंने निर्णायक और साहसिक नेतृत्व दिखाया। 1977 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अटल जी ने हिंदी में अपना ऐतिहासिक भाषण दिया। यह भाषण न केवल भारत के गौरव को बढ़ाने वाला था, बल्कि हिंदी भाषा को वैश्विक मंच पर मान्यता दिलाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ। उन्होंने अपने भाषण में कहा
भारत में सदा से हमारा इस धारणा में विश्वास रहा है कि सारा संसार एक परिवार है। अनेकानेक प्रयत्नों और कष्टों के बाद संयुक्त राष्ट्र के रूप में इस स्वप्न के अब साकार होने की संभावना है।
अटल जी ऐसे नेता थे जिन्होंने अपने विरोधियों का भी सम्मान अर्जित किया। 16 अगस्त 2018 को उनके निधन ने पूरे देश को शोकाकुल कर दिया, लेकिन उनका जीवन और विचार हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। समाचार कक्ष से करिश्मा। कविता….
राजधानी दिल्ली में श्री वाजपेयी की समाधि सदैव अटल पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी उन्हें श्रद्धाजलि अर्पित की।
—–
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि श्री वाजपेयी एक महान राजनेता थे, जो आज भी अनगिनत लोगों के प्रेरणा-स्रोत हैं। श्री वाजपेयी को एक सौवीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत को 21वीं सदी में ले जाने के लिए राष्ट्र, अटलजी का सदैव आभारी रहेगा। अख़बारों में अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री वाजपेयी के नेतृत्व में स्वर्ण चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को लागू किया गया तथा दिल्ली मेट्रो के लिए व्यापक कार्य किए गए।
—–
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सुशासन और जन कल्याण के प्रति पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का समर्पण भावी पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
—–
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के महान विचारक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश की प्रतिष्ठा, सेवा और विकास के लिए समर्पित कर दिया। श्री सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि ”श्री वाजपेयी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”
आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ग्रोथ रेट 8.4 पर्सेंट उस समय पर पहुंची थी। इसकी सर्वत्र सराहना होती है। उनके गवर्नन्स के लिए मानते हैं सुशासन कि किस लक्ष्य तक हासिल किया जा सकता है ये अटल जी ने करके दिखाया है।
—–
सुशासन दिवस के अवसर पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने नई दिल्ली में राष्ट्रपर्व वेबसाइट और ऐप की शुरूआत की। श्री सिंह ने कहा कि वेबसाइट पर गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस समारोह, बीटिंग रिट्रीट और झांकी जैसे राष्ट्रीय आयोजनों से जुड़ी जानकारी लोगों को मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी खास आयोजन के लिए टिकट, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शिक्षाविद्, समाज सुधारक और स्वाधीनता सेनानी पंडित मदन मोहन मालवीय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय का देश के लिए योगदान हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
—–
सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में दस हजार से अधिक नवनिर्मित बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि, डेयरी और मत्स्य-पालन सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एक रिपोर्ट…
सहकारिता मंत्री राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन में नवगठित सहकारिता समितियों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र, रु-पे किसान क्रेडिट कार्ड और माइक्रो एटीएम भी वितरित करेंगे। इससे पंचायतों में क्रेडिट सुविधा उपलब्ध होगी, वित्तीय समावेशन को बढावा मिलेगा और ग्रामीणों के लिए योजनाओं का लाभ उठाना आसान होगा। नई प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी संस्थानों के विकास में सहायक होंगी। इनमें क्रेडिट सोसाइटी, डेयरी सहकारिता और मत्स्य-पालन सहकारी समितियां शामिल हैं। ये समितियां वित्तीय सेवाएं देंगी और ग्रामीण समुदायों के लिए साथ मिलकर काम करने का मंच भी उपलब्ध कराएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहकार से समृद्धि परिकल्पना को साकार करने के लिए श्री शाह ने अगले पांच वर्षों में देश के हर पंचायत में एक सहकारी संस्था स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। आनंद और दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मुकेश कुमार बल।
——
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के नई दिल्ली में आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेताओं की बैठक जारी है। बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरपु, भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह और स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल उपस्थित हैं। बैठक का उद्देश्य गठबंधन सहयोगियों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
——
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉक्टर एल. मुरुगन झारखंड के दौरे पर हैं। उन्होंने आज पलामू के डाल्टनगंज में आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्रों का दौरा किया।
श्री मुरुगन ने आकाशवाणी से अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आकाशवाणी रेडियो एंड दूरदर्शन का आगे लेके जाने के लिए हमारा सरकार बहुत काम कर रहे हैं। इसमें बाइंड के अंतर्गत वो इन्फ्रास्ट्रक्चर्स डेवलपमेंट एंड प्रोग्राम्स कन्टेन्ट क्रिएशन, कन्टेन्ट इकोनॉमी के लिए हम बहुत आगे काम कर रहे हैं।
—-
नीति आयोग के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अमिताभ कांत ने कहा है कि भारत में 2047 तक 30 ट्रिलियन अमरीकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता है। यह लक्ष्य विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा देकर हासिल किया जा सकता है। उन्होंने पटना के राजभवन में सुशासन दिवस के अवसर पर कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनने के लिए अपने राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद को नौ गुना, प्रति व्यक्ति आय को आठ गुना और विनिर्माण क्षमता को 16 गुना बढ़ाना होगा।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को स्वामित्व योजना के अंतर्गत 50 लाख से ज़्यादा संपत्ति कार्ड वितरित करेंगे। वे योजना के लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे।
पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ड्रोन निरीक्षण के ज़रिए करीब तीन लाख 17 हज़ार गांवों का निरीक्षण किया गया है।
इस देश की ग्रामीण जनता के लिए, उनको मालिकाना हक दिलाने के लिए स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया था। इसके द्वारा रिहायशी जमीन का सर्वे किया जाता है और आज की तारीख में तीन लाख 44 हजार गांवों को जो हमने लक्ष्य के हिसाब से लिया था, उसमें से तीन लाख 17 हजार गांवों में ड्रोन के द्वारा सर्वे का काम पूरा हो गया है। 27 तारीख को माननीय प्रधानमंत्री जी पचास लाख से ज्यादा प्रोपर्टी कार्ड का वितरण करेंगे और ये एक मील का पत्थर है।
—–
चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से अक्टूबर में अप्रवासी भारतीयों द्वारा भेजी गई धनराशि लगभग 12 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। रिजर्व बैंक के अनुसार यह राशि पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान जमा छह अरब 10 करोड़ डॉलर की राशि से लगभग दोगुनी है। पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान यह 143 अरब डॉलर से अधिक थी।
——
ईसा मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में दुनिया भर में क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गिरजाघरों की भव्य सजावट की गई है और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
—–
महाराष्ट्र और गोवा में क्रिसमस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
—–
केरल और नागालैंड में भी क्रिसमस की धूम है। केरल में सड़कों और घरों की रंगबिरंगी सजावट की गई है।
—–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
——
कजाकिस्तान में अक्ताऊ हवाई अड्डे के निकट आज एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। अजरबैजान एयरलाइंस के इस विमान पर 67 यात्री और चालक दल के 5 सदस्य सवार थे। यह विमान अजरबैजान के बाकू से रूस के ग्रोंजनी जा रहा था।
——
मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भीषण शीतलहर की आशंका व्यक्त की है।
——
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है, आज दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक, 337 रहा।
—-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना की आधारशिला रखी।
- राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मना रहा है।
- केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दस हजार से अधिक प्राथमिक कृषि, सहकारी समितियों, डेयरी और मत्स्य पालन सहकारी समितियों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
- ईसा मसीह के जन्म दिवस पर आज दुनियाभर में क्रिसमस मनाया जा रहा है।
- भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा – इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के दौरान प्रवासी भारतीय द्वारा भेजी गई धनराशि बढ़कर रिकॉर्ड लगभग बारह अरब डॉलर तक पहुंची।
- कजाकिस्तान में विमान दुर्घटना में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका।
—-