Download
Mobile App

android apple
signal

December 24, 2024 3:31 PM

printer

दोपहर समाचार

 

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अर्थशास्त्रियों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठक की।

  • केन्‍द्र सरकार ने 15वें वित्‍त आयोग अनुदान के अंतर्गत उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश में ग्रामीण विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।

  • केन्‍द्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और नियामक अधिकारियों से उपभोक्ता अधिकारों के लिए उचित तौर-तरीकों को प्रोत्‍साहन देने के वास्‍ते मिलकर काम करने का आग्रह किया।

  • मौसम विभाग के महानिदेशक ने कहा- मौसम का सटीक पूर्वानुमान पिछले दस वर्षों में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

  • फ्रांस के प्रधानमंत्री फ्रेंकोइस बायरू ने पिछले मंत्रिमंडल के पतन के बाद नई सरकार की घोषणा की।

  • वडोदरा में महिला क्रिकेट में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच जारी।

*************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में नीति आयोग में वरिष्ठ अर्थशास्त्रियों के साथ बजट-पूर्व परामर्श में भाग लिया। बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, नीति आयोग के मुख्‍य कार्यकारी अध्‍यक्ष बी.वी.आर. सुब्रमण्यम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

केंद्रीय बजट वर्ष 2025-26 के लिए बजट-पूर्व परामर्श की शुरुआत इस महीने की 6 तारीख को  हुई थी। केंद्रीय वित्त मंत्री ने विभिन्न राज्यों के वित्त मंत्रियों, किसान संघों, अर्थशास्त्रियों और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के साथ परामर्श किया था। केंद्रीय वित्त मंत्री आगामी पहली फरवरी को लोकसभा में वर्ष 2025-26 का बजट पेश कर सकती हैं।

*************************

गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो- एनसीआरबी के साथ तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। श्री शाह ने एनसीआरबी से अंतर-संचालनीय आपराधिक न्याय प्रणाली –आईसीजेएस 2.0 में नए आपराधिक कानूनों के पूर्ण कार्यान्वयन की सुविधा प्रदान करने को कहा।

*************************

केन्‍द्र सरकार ने 15वें वित्‍त आयोग अनुदान के तहत उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश में ग्रामीण विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है। पंचायती राज मंत्रालय ने कहा है कि उत्तरप्रदेश के लिए एक हजार 598 करोड़ रुपये से अधिक और आंध्रप्रदेश के लिए 446 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। एक रिपोर्ट…


इस राशि का उपयोग पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों द्वारा स्थान विशेष की जरूरतों के लिए किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ग्रामीण स्थानीय शासन के परिदृश्य को बदलने के लिए पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों को सीधे अनुदान प्रदान कर रही है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के परिवर्तनकारी दृष्टिकोण के अनुरूप है। दीपेंद्र कुमार के साथ सकलेन अखतर आकाशवाणी समाचार कक्ष, दिल्‍ली।

*************************

एक राष्ट्र एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक अगले महीने की 8 तारीख को होगी। उनतालीस सदस्यीय समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल हैं। समिति अगले संसद सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। एक रिपोर्ट –


समिति में भाजपा नेता पीपी चौधरी, अनुराग सिंह ठाकुर और पुरुषोत्तमभाई रूपाला, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और मनीष तिवारी, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, एनसीपी-शरद पवार की सुप्रिया सुले और लोकसभा से अन्य सदस्य शामिल हैं। राज्यसभा से भाजपा के घनश्याम तिवाडी, भुवनेश्वर कलिता और के. लक्ष्मण, कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला और मुकुल बालकृष्ण वासनिक और जेडीयू के संजय कुमार झा तथा वाईएसआर कांग्रेस के वी. विजयसाई रेड्डी और अन्य संसदीय समिति के सदस्य हैं। इन विधेयकों को आधिकारिक तौर पर संविधान (एक सौ उनतीसवां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 नाम दिया गया है। सकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, विशाल शर्मा।

*************************

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीनों में स्मार्टफोन का निर्यात मूल्य एक लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना-पीएलआई के कारण देश में स्मार्टफोन निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

*************************

आज राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस मनाया जा रहा है। हर साल 24 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह दिवस प्रत्‍येक उपभोक्‍ता के अधिकार और उत्तरदायित्‍व के महत्‍व को उजागर करता है। इसी दिन उपभोक्‍ता संरक्षण अधिनियम, 1986 लागू हुआ था। इस वर्ष का विषय है – वर्चुअल सुनवाई और उपभोक्ता न्याय तक डिजिटल पहुंच।

*************************

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर केंद्रीय उपभोक्ता कार्य मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने आज वर्चुअल माध्यम से कई पहलों की शुरुआत की। इनका उद्देश्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न की पहचान करना और उपभोक्ताओं को सशक्त बनाना है। श्री जोशी ने उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न की पहचान करने के लिए जागो ग्राहक जागो ऐप, जागृति ऐप और जागृति डैशबोर्ड शुरू किया। ‘जागो ग्राहक जागो ऐप’ उपभोक्ता की ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सभी यूआरएल के बारे में आवश्यक ई-कॉमर्स जानकारी प्रदान करेगा और असुरक्षित यूआरएल के बारे में सचेत करेगा।

श्री प्रल्‍हाद जोशी ने उपभोक्ता के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सशक्त बनाने की सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। श्री जोशी ने सभी हितधारकों, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, नागरिक समाज और नियामक अधिकारियों से उचित तौर तरीकों और उपभोक्ता अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।

*************************

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए बिहार में कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव डॉक्टर एन. श्रवण कुमार ने आकाशवाणी से बातचीत में उपभोक्ताओं से किसी भी सामान की खरीद करने पर रसीद लेने की अपील की है।


ग्राहकों को मैं ये भी कहना चाहूंगा कि
कोई भी आप मार्केट से वस्‍तु खरीद रहे हैं या कोई सेवा प्राप्‍त कर रहे हैं, आपको बिल जरूर लेना चाहिए, उसके बारे में कंप्लीट जानकारी होना चाहिए। ये कोशिश किया जाए की जो आईएसआई मार्क है, हॉल मार्क है या ग्रोमार्क है, तो इस तरह का कुछ प्रोपर्ली जो स्‍टैंडर्ड आइटम्स है उसी को ही लेने का प्रयास होना चाहिए और जो सामान खरीदा जा रहा है या सेवा प्राप्‍त किया जा रहा है उसका कोई एक्‍सपाइरी डेट तो नहीं है या एक्‍सपाइरी है तो कब है। उसके बारे में भी जानकारी होना चाहिए।

डॉक्टर कुमार ने उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की शिकायत और सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाईन नम्बर पर सम्पर्क करने की सलाह दी है।


भारत सरकार के स्‍तर पर एक हेल्‍पलाइन नम्‍बर दिया हुआ है। वो नम्‍बर है 1915 (उन्नीस पन्द्रह) ये नम्‍बर पर देश के 17 भाषाओं में ये सुविधा उपलब्‍ध है। तो आप जो भी समस्‍या को बताएंगे तो उसको तुरंत संबंधित एजेंसी के साथ बात करके आपको राहत पहुंचाने के लिए भी वो व्‍यवस्‍था है।

*************************

केंद्र सरकार ने यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम- उल्फा को गैरकानूनी संगठन घोषित करने के लिए पर्याप्‍त कारणों की जांच के वास्‍ते गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम न्यायाधिकरण का गठन किया है। न्यायाधिकरण इसके गुटों, शाखाओं और अग्रणी संगठनों की भी जांच करेगा।

 


गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति माइकल जोथानखुमा न्यायाधिकरण के अध्यक्ष होंगे। इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उल्फा पर प्रतिबंध को पांच साल के लिए बढ़ा दिया था। मंत्रालय ने संगठन की आपराधिक गतिविधियों, जबरन वसूली और भारत से अलग होने के उद्देश्य से लगातार संलिप्तता का हवाला दिया। संगठन पर पहली बार 1990 में प्रतिबंध लगाया गया था और तब से प्रतिबंध को समय-समय पर बढ़ाया जाता रहा हैसकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, जया भारती।

*************************

दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध प्रवासन में शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने कहा कि इस मामले में शामिल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पांच बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस उपायुक्‍त ने कहा कि आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट के माध्यम से नकली दस्तावेज तैयार किये, जिससे बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से देश में रह सकें।

*************************

तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन संध्या थिएटर भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए आज पुलिस के सामने पेश हुए। उन्हें कल एक नोटिस जारी कर जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया था। यह  नोटिस उन खबरों के बीच आया है कि पुलिस उनकी अंतरिम जमानत रद्द करने के लिए उच्च न्यायालय जाने पर विचार कर रही है। अर्जुन को 13 दिसम्‍बर को गिरफ्तार किया गया था।

*************************

     
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया आज गुजरात के वड़ोदरा में माई भारत गुड गवर्नेंस पद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 8 किलोमीटर की यह यात्रा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही है।

*************************

पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की सौवीं जयन्‍ती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल मध्‍यप्रदेश जाएंगे। वे खजुराहो में विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।

 

प्रधानमंत्री केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना है।

*************************

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल का कल शाम मुंबई में 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। फिल्‍म निर्माता श्‍याम बेनेगल की एक फिल्‍म अधूरी रह गई है, जिसे राजस्‍थान में बनाया जा रहा था।

श्याम बेनेगल के कैमरा ने राजस्थान को हमेशा एक नए कोण से देखा। प्रसिद्ध लेखक विजयदान देथा की लोककथा पर आधारित कहानी को लेकर साल 1975 में उन्होंने बनायी फिल्म चरणदास चोर, जिसे प्रसिद्ध नाट्यकर्मी हबीब तनवीर ने मंचित भी किया। जोधपुर को केन्द्र में रखकर साल 2001 में जुबैदा फिल्म रची, जिसने राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किया।1990 में प्रदेश के लिए उन्होंने एक डॉक्यूमेंट्री बनाई जिसका नाम था अबोड ऑफ किंग्स। बहुत ख्यात नाम फ्रेंच ओपेरा कारमेन का रूपान्तरण चमकी चमेली श्री बेनेगल बना रहे थे। इसकी पृष्ठभूमि के लिए उन्होंने राजस्थान के सीमावर्ती इलाके को चुना, लेकिन ये संगीतमय फिल्म अधूरी रह गई। अगर ये फिल्म पूरी होती तो प्रदेश की लोक संस्कृति और संगीत की झलक इसमें जरूर मिलती। समाचार कक्ष से मैं माधुरी वशिष्ठ।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रसिद्ध फिल्‍म निर्माता श्‍याम बेनेगल के निधन पर शोक जताया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में श्‍याम बेनेगल की फिल्‍मों में कहानी पेश करने के तरीके की प्रशंसा की।

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन और महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने भी श्याम बेनेगल के निधन पर दुख व्यक्त किया। 

*************************

मौसम विभाग का सटीक पूर्वानुमान पिछले दस वर्षों में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गई है। संवाददाताओं से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि मूसलाधार वर्षा का सटीक पूर्वानुमान भी 60 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया है। उन्‍होंने मौसम विभाग के बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्‍लेख किया।

*************************

नववर्ष और क्रिसमस से पहले हिमाचल प्रदेश के शिमला और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो गये हैं। शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली और डलहौजी जैसी जगहों पर पर्यटक बर्फबारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

*************************

अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में आज रात क्रिसमस समारोह के लिए उत्सव की तैयारी जोरो पर है। ईटानगर की सड़कें रंग-बिरंगी रोशनी और क्रिसमस ट्री से सजी हुई हैं।

*************************

दुबई में भी क्रिसमस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रतिष्ठित स्थानों और बाजारों में रौनक बढ गई हैं।

*************************

फ्रांस के प्रधानमंत्री फ्रेंकोइस बायरू ने नई सरकार की घोषणा की है। पूर्व प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स और एलिजाबेथ बोर्न को भी नए मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। जीन-नोएल बैरोट, यूरोप मामले और विदेश मंत्री और सेबेस्टियन लेकॉर्नू रक्षा मंत्री के प्रमुख पद पर बने रहेंगे।

*************************

नेपाल सरकार ने म्यांमार, थाईलैंड, कंबोडिया और लाओस की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के लिए तीन सूत्री यात्रा परामर्श जारी किया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने नागरिकों से रोजगार के संबंध में इन देशों की यात्रा करते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

*************************

 

महिला क्रिकेट में भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय मैच वडोदरा में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 13 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 91 रन बना लिए हैं।

*************************

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में अर्थशास्त्रियों के साथ बजट-पूर्व परामर्श बैठक की।

  • केन्‍द्र सरकार ने 15वें वित्‍त आयोग अनुदान के अंतर्गत उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश में ग्रामीण विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की।

  • केन्‍द्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और नियामक अधिकारियों से उपभोक्ता अधिकारों के लिए उचित तौर-तरीकों को प्रोत्‍साहन देने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।

  • मौसम विभाग के महानिदेशक ने कहा- मौसम का सटीक पूर्वानुमान पिछले दस वर्षों में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

  • फ्रांस के प्रधानमंत्री फ्रेंकोइस बायरू ने पिछले मंत्रिमंडल के पतन के बाद नई सरकार की घोषणा की।

  • वडोदरा में महिला क्रिकेट में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच जारी। 

*************************