मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 71 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कहा- पिछले डेढ़ साल में करीब दस लाख सरकारी नौकरियां दी गईं।
- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में आज सुबह उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में खालिस्तान समर्थक, तीन आतंकवादी मारे गए।
- देश के विकास में किसानों के योगदान को मान्यता देने के लिए आज देश भर में किसान दिवस मनाया जा रहा है।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमरीकी श्रीराम कृष्णन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर व्हाइट हाउस का वरिष्ठ नीति सलाहकार नियुक्त किया।
- और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत भीषण शीत लहर की चपेट में।
*************************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले डेढ़ वर्ष में देश के लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करायी गई है। उन्होंने आज वीडियो कांफ्रेंन्स के माध्यम से 71 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये रोजगार पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराये जा रहे हैं और नवनियुक्तकर्मी समर्पण और सत्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष से देश के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थाओं में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को सशक्त बना रहे हैं और उनकी संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं।
भारत के युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा का भरपूर उपयोग हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। रोजगार मेलों के जरिए हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले दस वर्षों से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थाओं में सरकारी नौकरी देने का अभियान चल रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार की नीतियों और निर्णयों के कारण ग्रामीण भारत में रोजगार और स्वरोजगार के नये अवसर निर्मित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने मातृभाषाओं में शिक्षा और परीक्षा की अनुमति देकर तथा 13 भाषाओं में भर्ती परीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के जरिये ग्रामीण युवाओं और सीमांत समुदायों की भाषायी बाधाएं भी हटाई हैं। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि देश की नीतियां और निर्णय अपने प्रतिभावान युवाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी अनेक योजनाएं शुरू की हैं
आज जब एक युवा अपना स्टार्टअप शुरू करने का फैसला करता है, तो उससे एक पूरा इकोसिस्टम अपने साथ सहयोग के लिए मिलता है। आज स्पोर्ट्स में ट्रेनिंग से लेकर टूर्नामेंट तक, हर कदम पर युवाओं के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं बन रही हैं। आज कितने ही सेक्टर्स में हम कम्पलीट ट्रांसफोर्मेशन देख रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक नागरिक को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए बीमा शक्ति योजना शुरू की है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के असंख्य अवसर उपलब्ध कराये हैं। उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी, लखपति दीदी और बैंक सखी योजना जैसे प्रयासों से भी कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध हो रहे हैं।
इस अवसर पर कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के राज्य मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि 71 हजार में से लगभग 50 हजार नियुक्तियां अर्द्ध सैनिक बलों में की गई हैं। उन्होंने कहा कि कुल नियुक्तियों में से लगभग 21 हजार नियुक्ति पत्र अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को वितरित किए गए हैं।
71 हजार नियुक्तियों में से 20 हजार 901 नियुक्तियां ओबीसी समाज में की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 11 हजार 355 शेड्यूल कास्ट केटिगरी में हैं और छह हजार 862 शेड्यूल ट्राइब में।
हमारे संवाददाता ने कुछ नवनियुक्त युवाओं से बात की। इन्होंने नियुक्ति पत्र मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया।
कुमारी नीलम, आज रोजगार मेले के अवसर में शामिल होकर मुझे अत्यंत गौरवान्वित महसूस हो रहा है और मैं इसके लिए माननीय प्रधानमंत्री जी और उनकी सरकार के लिए आभारी रहूंगी जिनकी प्रतिनिधित्व में भारतीयों को इतने रोजगार देखने के लिए मिले हैं जितने पहले कभी किसी सरकार में नहीं मिले हैं।
मेरा नाम कुलदीप सिंह है और आज इस रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र प्राप्त कर मैं बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुझे और मेरे परिवार को एक सुखद याद दी है जो हमेशा मुझे याद रहेगी।
*************************
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ लल्लन सिंह ने आज कहा कि विभिन्न स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले से एनडीए शासन में केन्द्र सरकार की 10 लाख सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता का पता चलता है।
*************************
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय रोज़गार मेले को संबोधित करते हुए नवनियुक्त युवाओं से समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा करने का आग्रह किया।
*************************
पंजाब के जालंधर में सीमा सुरक्षा बल -बीएसएफ के फ्रंटियर मुख्यालय में रोज़गार मेला आयोजित किया गया।
*************************
प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में क्रिसमस समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत के कैथोलिक बिशप सम्मेलन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। समारोह में श्री मोदी चर्च के कार्डिनल और बिशप सहित ईसाई समुदाय के प्रमुख लोगों से बातचीत करेंगे।
*************************
उत्तर प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के साथ मुठभेड़ में आज पीलीभीत जिले में तीन खालिस्तानी आतंकी मारे गए। माना जा रहा है कि ये आंतकी 19 दिसंबर को पंजाब के गुरदासपुर जिले में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में खालिस्तानी आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी और मुठभेड शुरू हो गई। मुठभेड में आतंकी गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पूरनपुर अस्पताल भेजा गया। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने मीडिया को बताया कि ये तीनों आरोपी खालिस्तान कमांडो फोर्स नामक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े थे।
*************************
देश के विकास में किसानों के योगदान को मान्यता देने के लिए आज देश भर में किसान दिवस मनाया जा रहा है।
आज पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती है। यह दिवस राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन राष्ट्र की प्रगति में किसानों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को नई दिल्ली में किसान घाट पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर श्री धनखड़ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
2001 में किसान दिवस की शुरूआत की गई। और एक ऐसे महापुरूष के नाम पर जिसने अपना जीवन किसान और ग्रामीण विकास के साथ राष्ट्र विकास को समर्पित किया।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि हमें चौधरी साहब को भारत रत्न से सम्मानित करने का अवसर मिला।
ये हमारी सरकार का सौभाग्य है कि हमें इसी साल चौधरी साहब को भारत रत्न से सम्मानित करने का अवसर मिला। मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
सरकार ने किसानों की भूमिका को महत्व देते हुए उनके सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए अनेक पहल की है। इन योजनाओं के अंतर्गत किसानों को वित्तीय सुरक्षा, जोखिम कम करने के उपाय और दीर्घावधि सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*************************
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि सरकार ने पिछले 10 वर्ष में कचरे से संपदा बनाने की नयी व्यवस्था तैयार की है। उन्होंने आज नई दिल्ली में सुशासन की परिपाटियों पर राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्धाटन के अवसर पर यह बात कही।
डॉक्टर सिंह ने स्कूलों में स्वच्छ शौचालय सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों के महत्व पर बल दिया।
*************************
नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी वी आर सुब्रमण्यम ने कहा है कि भारत को ऐसे क्रांतिकारी कदम उठाने की आवश्यकता है, जहां प्रशासनिक निर्णय आंकडों पर आधारित हों और उनके प्रभाव का आकलन किया जाए। उन्होंने आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में सांख्यिकी सलाहकारों की दूसरी समीक्षा बैठक के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही। श्री सुब्रमण्यम ने कहा कि सरकार के प्रत्येक स्तर पर आंकडे बहुत महत्वपूर्ण हैं और आंकडों के विश्लेषण के आधार पर ही निर्णय लिये जाने चाहिए।
*************************
भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली सरकार के खिलाफ आरोपपत्र जारी किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर, दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेन्द्र सचदेवा और अन्य नेताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार पर कुशासन और लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए दस्तावेज जारी किया।
श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने झूठे वादे किए और दिल्ली के लोगों को गुमराह किया। उन्होंने श्री केजरीवाल पर पूर्वांचल के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। श्री ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की जनता आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को हराएगी।
एक ऐसी सरकार है जो आई भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली करने के लिए थी और भ्रष्टाचार युक्त शासन देने का काम किया है। जिसके आठ मंत्री, एक सांसद और 15 विधायक जेल जा चुके हैं। कोविड के समय हमने एक बात तो देखी थी कि वर्क फ्रॉम होम तो चला था, वर्क फ्रॉम जेल मॉडल अरविन्द केजरीवाल ने देश को दे दिया है।
श्री केजरीवाल ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा के पास उनके खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है।
*************************
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प ने भारतीय मूल के अमरीकी उद्यमी श्रीराम कृष्णन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता-ए आई पर व्हाइट हाउस की नीति का वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया है। कृष्णन डेविड साक्स के साथ मिलकर काम करेंगे, जिन्हें व्हाइट हाउस का ए आई और किप्टो प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इस घोषणा के बाद कृष्णन ने सोशल मीडिया पर श्री ट्रम्प के प्रति आभार प्रकट किया।
कृष्णन का जन्म चेन्नई में हुआ था। स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद वह अमरीका चले गये।
*************************
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “सरकार का अटल नवाचार मिशन: भारत के नवाचार और उद्यमिता परितंत्र को मजबूती” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में नीति आयोग में अटल नवाचार मिशन के निदेशक डॉ. चिंतन वैष्णव भाग लेंगे।
श्रोता कार्यक्रम के दौरान अटल नवाचार मिशन से जुड़े प्रश्न टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
*************************
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 329 अंक बढ़कर 78 हजार तीन सौ 71 पर पहुंच गया, जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 121 अंक बढ़कर 23 हजार सात सौ नौ पर पहुंच गया है।
*************************
देश के विभिन्न भागों में शीतलहर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत भीषण शीत लहर की चपेट में है। एक रिपोर्ट –
उत्तर भारत में शीत लहर का प्रभाव देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी ठंड और तेज बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में झरने और नदियों में बर्फ जम गई हैं। श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान माइनस चार दशमलव छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में घना कोहरा छाया हुआ है। राजस्थान में भी तेज शीतलहर का प्रभाव जारी है। इस बीच, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई और घना कोहरा छाया रहा। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी है। लद्दाख में 27 से 29 दिसंबर के बीच कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
*************************
दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज दोपहर 1 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 था।
*************************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 71 हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कहा- पिछले डेढ़ साल में करीब दस लाख सरकारी नौकरियां दी गईं।
- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में आज सुबह उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में खालिस्तान समर्थक, तीन आतंकवादी मारे गए।
- देश के विकास में किसानों के योगदान को मान्यता देने के लिए आज देश भर में किसान दिवस मनाया जा रहा है।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय-अमरीकी श्रीराम कृष्णन को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर व्हाइट हाउस का वरिष्ठ नीति सलाहकार नियुक्त किया।
- पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत भीषण शीत लहर की चपेट में है।
*************************